Sunday, July 19, 2026
Home Blog Page 804

राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन होंगे एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार

नई दिल्ली।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) एनडीए ने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को एनडीए ने उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।

सूत्रों के मुताबिक यह निर्णय रविवार को हुई एक अहम बैठक में लिया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल हुए। सभी की सहमति से राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगाई गई।

सी.पी. राधाकृष्णन भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और संगठन में उनकी लंबी पारी रही है। वह 2023 से महाराष्ट्र के राज्यपाल के तौर पर कार्यरत हैं। राजनीति में उन्हें साफ-सुथरी छवि और संगठनात्मक मजबूती के लिए जाना जाता है।

एनडीए द्वारा राधाकृष्णन का नाम घोषित किए जाने के बाद अब चुनावी प्रक्रिया और रोचक हो गई है। माना जा रहा है कि भाजपा और सहयोगी दलों के पास पर्याप्त संख्या बल है, जिससे उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही है।

गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा प्रशासन अलर्ट

एडीएम ने किया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)l लगातार बारिश और बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद जनपद में नदियों का जलस्तर बढ़ा है। हालात पर नज़र रखने के लिए रविवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर व राजस्व स्टाफ ने नागरिया मोड़, सुभाषनगर, सहवेगपुर, ककरा, अजीजगंज टाम और बाईपास गर्रा पुल का निरीक्षण किया। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 14 और 15 अगस्त को दूनी बैराज से 40 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के चलते गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा है। वर्तमान में गर्रा नदी का जलस्तर 147.300 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 148.800 मीटर पर है। यानी नदी का जलस्तर फिलहाल लगभग 1.5 मीटर नीचे है। बीती रात 12 बजे के बाद से जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार धीमी हुई है। वहीं, खन्नौत नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान से 1.700 मीटर नीचे है। एडीएम ने बताया कि इस समय गर्रा नदी का पानी तिलहर तहसील के खुदागंज क्षेत्र के चित्आबोधि और बुनड्डा गांव में बढ़ रहा है, हालांकि बिसलपुर और पीलीभीत क्षेत्र में पानी घटने लगा है। तहसील सदर के किसी भी गांव में अभी तक बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है। उन्होंने कहा कि कल रात से ही सभी अधिकारी, राजस्व स्टाफ और आपदा मित्र विभिन्न स्थानों पर सक्रिय ड्यूटी पर हैं। गंगा नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है, जबकि रामगंगा नदी में हल्की वृद्धि दर्ज की गई है। तहसील कलान में बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक 1300 राशन किट और तहसील जलालाबाद के कसारी गांव में 500 राहत किट वितरित की गई हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 40 नावें और 12 मोटरबोट लगातार संचालित है। राहत शिविर और बाढ़ चौकियां सक्रिय है। एसडीआरएफ और पीएसी फ्लड टीम मौके पर तैनात है। प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी और समन्वय जारी है। एडीएम अरविंद कुमार ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और चौबीसों घंटे निगरानी जारी है।

बलिया में 21 अक्तूबर के स्थान पर 19 अगस्त को स्थानीय अवकाश

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l जिलाधिकारी मंगला प्रसाद ने आदेश जारी कर बताया है कि पूर्व में स्वीकृत 21 अक्टूबर 2025 (कार्तिक अमावस्या) का स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया गया है। अब उस दिन सभी राजकीय कार्यालय एवं शिक्षण संस्थान खुले रहेंगे।
इसके स्थान पर 19 अगस्त 2025 (बलिया बलिदान दिवस) को पूरे जनपद में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में आदेश की प्रतिलिपि जनपद न्यायाधीश, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं विभागाध्यक्षों को भेजी गई है।

यूपी के युवक ने प्रेमजाल में फंसाई नयागांव की युवती, पंजाब ले जाकर की हत्या

गोपालगंज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)।भोरे थाना क्षेत्र के नयागांव की 22 वर्षीय युवती मुस्कान कुमारी की प्रेम संबंधों के चलते दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, उसे यूपी निवासी युवक ने पहले अपने प्रेमजाल में फंसाया, फिर शादी का झांसा देकर घर से भगा ले गया और पंजाब ले जाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

कैसे हुआ घटनाक्रम? नयागांव निवासी मोती चंद्र राम की पुत्री मुस्कान कुमारी का प्रेम संबंध पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के खामपार थाना क्षेत्र के निशानिया पैकोली गांव निवासी अमित गोंड से था। दोनों चोरी-छुपे मिला करते थे। जब परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो विवाह की बातचीत शुरू हुई, लेकिन अमित के पिता शत्रुघ्न गोंड ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद अमित ने मुस्कान को अपने साथ भगा लिया। कुछ समय बाद वह मुस्कान के मायके में भी रहने लगा। करीब 15 दिन पहले दोनों पंजाब चले गए। इसी बीच शनिवार को पंजाब के लुधियाना से सूचना आई कि मुस्कान की हत्या कर दी गई है और आरोपी अमित वहां से फरार हो गया है।

परिजनों में कोहराम लुधियाना पुलिस ने फोन कर युवती के परिजनों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मां शांति देवी अन्य परिजनों संग शव लेने के लिए लुधियाना रवाना हो गई हैं। पूरे गांव में गम का माहौल है और लोग तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं।

कई सवालों के बीच जांच जारी गांव के लोग कयास लगा रहे हैं कि आखिर मुस्कान की हत्या किस वजह से की गई? क्या उस पर शादी का दबाव बनाने के कारण हत्या कर दी गई, या फिर किसी और वजह से उसकी जान ली गई? इन तमाम सवालों का जवाब अब पंजाब पुलिस की जांच से ही मिलेगा।

न्याय की गुहार परिजन रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। वहीं गांव के लोग इस घटना को प्रेम संबंधों के गलत अंजाम से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

मासिक बैठक मे बूथों को मजबूत करने पर दिया गया जोर

पार्टी हित मे उत्तम कार्य करे कार्यकर्ता-अवधेश चौधरी

बरहज /देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। रविवार को समाजवादी पार्टी का विधानसभा क्षेत्र बरहज की मासिक बैठक विधानसभा अध्यक्ष राम बहादुर यादव की अध्यक्षता में की गई, जिसमें पार्टी हित और बूथों की मजबूती के बारे में विचार विमर्श करते हुए सभी सेक्टर प्रभारीयों से सुझाव प्राप्त किया गया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष अवधेश चौधरी द्वारा सभी सेक्टर प्रभारी गण को उनके द्वारा किये जा रहे कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि सभी लोगों द्वारा पार्टी हित में उत्तम कार्य किया जा रहा है। आगे उन्होंने सभी से अपील किया की सभी लोग मतदाता सूची में नाम बढ़ाने पर जोर दें तथा मतदाता सूची के आधार पर अपने-अपने बूथ का जातीय जनगणना कराके आगामी मासिक बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, तथा सभी सेक्टर में पीडीए की मीटिंग करके लोगों को भारतीय जनता पार्टी के द्वारा किये जा रहे वोट चोरी व गलत नीतियों के विषय मे आम जनमानस को बता कर उनको जागरूक करे। सभी लोग इस कार्य के लिए जमीन आसमान एक कर दे,
ताकि 27 के चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बन सके। जनता भाजपा को उखाड़ फेकने के लिए आमादा है, सिर्फ हम सभी लोगो को उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का संकल्प लेना होगा।
बैठक में मुख्य रूप गेना लाल यादव, पूर्व विधायक स्वामीनाथ यादव, बेचू लाल चौधरी, गोपी यादव, गजानंद विश्वकर्मा, मुरली मनोहर जायसवाल,वीरेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र चौधरी, एचपी यादव, रामनरेश यादव, रणवीर यादव, मनोज यादव, मंजनाथ यादव, अमरजीत यादव, राजन मिश्रा एवं जयप्रकाश सिंह आदि लोग मौजूद थे।

79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर क्विज प्रतियोगिता एवं डिजिटल एल्बम प्रतियोगिता

“टीचर्स ऑफ बिहार” द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में शिक्षकों ने बढ़ चढ़कर लिया हिस्सा

पटना (राष्ट्र की परम्परा)। देश की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी “टीचर्स ऑफ बिहार” ने देश की आजादी के 79 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरकारी विद्यालय के शिक्षकों के लिए दो प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की। स्वतंत्रता दिवस 2025 एक्सक्लूसिव क्विज प्रतियोगिता जोकि 15 और 16 अगस्त को आयोजित किया गया में 5200 से ज्यादा शिक्षकों ने भाग लिया, जिन्हें टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई.शिवेंद्र प्रकाश सुमन के संयुक्त हस्ताक्षर युक्त डिजिटल प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं दूसरी ओर डिजिटल एल्बम प्रतियोगिता 15 अगस्त से 19 अगस्त तक चलेगी जिसमें शिक्षकों को अपने विद्यालय के स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर खींची गई फोटो या वीडियो को टीचर्स ऑफ बिहार के फेसबुक ग्रुप पर पोस्ट करना है। फाउंडर शिव कुमार ने बताया कि इस माह के अंत में सभी बेहतरीन फोटो और वीडियो को “टीचर्स ऑफ बिहार डिजिटल एल्बम” में शामिल किया जाएगा तथा हमारे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया जाएगा। प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवं प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने बताया कि टीचर्स ऑफ बिहार सरकारी विद्यालय के शिक्षकों एवं छात्रों के लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है। टीचर्स ऑफ बिहार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं शैक्षिक बेहतरी के लिए विगत छह वर्षों से निःस्वार्थ भाव से काम कर रही है जिसका परिणाम है कि बिहार ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों के शिक्षक भी टीचर्स ऑफ बिहार के साथ जुड़ रहे हैं।

सड़क दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल, वाराणसी रेफर

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर–बालूपुर मार्ग पर हरदिया गांव स्थित हनुमान मंदिर के निकट शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चक भड़िकरा गाँव निवासी 23 वर्षीय डब्लू मनियर से डीजे बजाकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह हरदिया हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला चिकित्सालय में भी डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर पाई और उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया। वर्तमान में युवक का वहां इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि युवक अभी भी बेहोशी की हालत में है और स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

घर मे घुसे युवक को परिजनों ने पकड़ा

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के गांग किशोर गांव (घुरी बाबा के टोला) में शनिवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक घर में घुसते पकड़ा गया। परिजनों के अनुसार, 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे परिवार श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पूजन कर रहा था। इसी दौरान सहेंद्र यादव किसी कार्य से छत पर गया तो उसने देखा कि कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति मौजूद है। पूछने पर युवक ने डंडे से वार करने की कोशिश की, लेकिन सुरेंद्र ने साहस दिखाकर उसे पकड़ लिया। शोर सुनते ही परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और युवक को रस्सी से बांधकर सुरक्षित कर लिया गया। घटना की सूचना तुरंत 112 नंबर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने पकड़े गए युवक ने अपना नाम प्रियांसू यादव उर्फ भुट्टटी, निवासी नेमा का टोला बताया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह पड़ोसी अजय यादव के मकान की छत के सहारे घर में घुसा था। उसके साथ आए अन्य लोग मौके से फरार हो गए। आरोप है कि पकड़ा गया युवक पुलिस के सामने भी परिवार को गोली मारने की धमकी देता रहा। परिजनों ने उसका वीडियो भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पीड़ित गिरिजेश यादव ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई और परिवार की जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
इस संबंध में हल्का दारोगा शकील अहमद ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है पीड़ित पक्ष ने पीआरबी को सूचना दिया गया मौके पर पहुच कर पीआरबी द्वारा युवक को थाने लाया गया है । मामले की जांच की जा रही है।

जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जनपद को मिली तीन सौगातें

थाना मटेरा के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन के कार्य संचालन हुआ प्रारम्भ

नवीनीकृत कानूनगोपुरा पुलिस चौकी का डीएम व एसपी ने किया उद्घाटन

‘श्री सिद्धनाथ महादेव पुलिस चौकी’ के नाम से जानी जायेगी कानूगोपुरा पुलिस चौकी

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर q अक्षय त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह की उपस्थिति में नवनिर्मित थाना मटेरा के प्रशासनिक भवन में कार्य सरकार प्रारम्भ किया गया। उल्लेखनीय है कि थाना मटेरा के बहुप्रतीक्षित नवनिर्मित प्रशासनिक का लोकार्पण मुख्यमंत्री, द्वारा दस जून को किया जा चुका है जिसमें प्रशासनिक कार्यों का संचालन प्रारम्भ किया गया है। ग्राम गौरा धनौली स्थित थाना मटेरा के नवनिर्मित प्रशासनिक, आवासीय भवन में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित तीन मंजिला भवन का निर्माण पीडब्ल्यूडी द्वारा किया गया है जिसमें महिला हेल्पडेस्क, महिला सम्मान कक्ष, दिवसाधिकारी कक्ष, थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, पुरुष वमहिला लॉकअप, मालखाना, शस्त्रागार, सभा कक्ष, थाना प्रभारी,हेड मुहर्रिर आवास, महिला विश्राम कक्ष, बैरक, मेस, आवासीय भवन व महिला, पुरुष आगंतुक शौचालय आदि का निर्माण किया गया है। निर्मित थाना परिसर में समुचित पार्किंग व्यवस्था मौजूद है। थाना परिसर मे वृक्षारोपण कर परिसर को हरा-भरा बनाया जा रहा है। साथ ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा महामंडलेश्वर सिद्धनाथ मंदिर स्वामी रवि गिरी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना कर कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित जीर्णाेद्धारित पुलिस चौकी कानूनगो पुरा का उद्घाटन करते हुए चौकी का नामकरण सिद्धनाथ महादेव पुलिस चौकी’ के रूप में किया गया।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह द्वारा संभ्रांत जनों की उपस्थिति में विधि विधान से पूजा अर्चना कर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए महिला थाना प्रभारी नानपारा द्वारा फीता कटवाकर नवनिर्मित प्रशासनिक कक्ष का उद्घाटन किया गया। नवनिर्मित प्रशासनिक कक्ष से जनसुनवाई में मदद मिलेगी तथा महिला थाना की कार्यक्षमता और भी बढ़ेगी तथा महिलाओं से संबन्धित प्रकरणों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अन्य उच्चाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं पुलिस बल के अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कनियारीपुर में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त ग्रामीणों में आक्रोश

कोपागंज/मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कनियारीपुर में बीती रात्रि अराजक तत्वों ने सड़क किनारे स्थापित अंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह होते ही घटना की जानकारी फैलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए और आक्रोश व्यक्त किया। सूचना पाकर थाना अध्यक्ष रविंद्र नाथ राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा की जगह नई प्रतिमा लगाई जाए, हार्ड मास्क लाइट और सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाए, ताकि बार-बार होने वाली इस तरह की घटनाओं की निगरानी हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि यह आठवीं बार है, जब अंबेडकर प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया। इससे पहले 27 मार्च 2024 और 5 दिसंबर 2019 के अलावा पांच अन्य अवसरों पर भी प्रतिमा क्षतिग्रस्त की जा चुकी है। जिला पंचायत सदस्य एवं समाजसेवी जितेंद्र गोयल ने पुलिस को तहरीर देकर अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं थाना अध्यक्ष रविंद्र नाथ राय ने तत्काल प्रतिमा की मरम्मत करवाकर लोगों को शांत कराया।

वृद्ध का गला घोंट कर मारने का प्रयास

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बांसडीह रोड परिखरा में जमीन के चिन्हांकन के दौरान हुई कहासुनी में वृद्ध का गला घोंट कर मारने के प्रयास में पुलिस ने घायल की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गांव के पारसनाथ वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वे अपनी जमीन पर अपने पट्टीदार के साथ फीता लगाकर चिन्हांकन कर रहे थे। तभी बगल की आराजी के मालिक राजकिशोर वर्मा व गुलाब वर्मा वहां पहूंचे और जमीन नापने की बात को लेकर गालियां देने लगे। इसका विरोध करने पर उन दोनों लोगों द्वारा मुझे वहीं खेत मे पटक दिया गया और राजकिशोर ने मेरे गले मे गमछा डालकर उसे कस दिया। जिससे मेरी सांस रुक गयी और मैं बेहोश हो गया। मुझे मरा जानकर वे मुझे छोड़कर चले गए। इस दौरान वहां पंहुचे मेरे घरवाले मुझे किसी तरह होश में ले आये। लेकिन इसके बाद मेरा गला इतनी बुरी तरह कस दिया गया था। कि मैं पानी भी नही पी पा रहा हूं। मामले में पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय पाल ने बताया कि प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहें हैं।

डीएम की सख्ती का दिखने लगा असर, भारत नेपाल सीमा पर ज़ब्त की गई 70 बोरी उर्वरक

चार आटो हुए सीज़, अभियुक्तों को भेजा गया जेल

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। कृषि विभाग की सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस व एसएसबी संयुक्त टीम द्वारा लौकाही क्षेत्र में गश्त के दौरान लखीमपुर खीरी से लाकर बहराइच के ज़रिए नेपाल भेजने की फिराक में ड्राइवर सहित चार ऑटो तथा चारो आटो पर लदी हुई 70 बोरी उर्वरक को जब्त करने की कार्यवाही की गई है। चारों आटो ड्राइवर लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। ड्राइवर द्वारा बताया गया कि यह उर्वरक लखीमपुर खीरी से लायी जा रही थी। पुलिस द्वारा चारों आटो को सीज़ करने के साथ-साथ सभी चारों अभियुक्तों को जेल में भेज दिया गया है।यह जानकारी देते हुए जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद के कृषकों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने के उद्देश्य से कृषि, पुलिस व एसएसबी टीम के समन्वय से हुई कार्रवाई में 70 बोरी उर्वरक को सीज़ किया गया है। डॉ. यादव ने बताया कि डीएम के अनुमोदनोपरान्त थाना मोतीपुर में सभी अभियुक्तों के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है साथ ही बरामद उर्वरक को जब्त करने की कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार पुलिस व एसएसबी की टीमें लगातार सीमा पर नजर रख रही है तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थित उर्वरक दुकानों के स्टाक व बिक्री की नियमित जांच की जा रही है। पुराना स्टॉक खत्म होने पर ही दूसरी खाद की आपूर्ति की जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि वह आवश्यकतानुसार ही यूरिया क्रय करें। थाना मोतीपुर क्षेत्र में अवांछित गतिविधियों की अधिक संभावना को देखते हुए लगातार छापामारी की कार्यवाही जारी रहेगी। दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि ई पास मशीन के साथ ही नियमानुसार खाद की बिक्री करें। गाइडलाइन के विपरीत पाए जाने पर संबन्धित पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा। उन्होंने बताया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज होने से अवांछित कार्य में सम्मिलित व्यक्तियों में हड़कंप मच गया है।

चुनाव आयोग के लिए सभी समान : मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट कहा कि चुनाव आयोग पूरी तरह निष्पक्ष है और किसी भी राजनीतिक दल के साथ भेदभाव करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि “हर राजनीतिक दल का जन्म निर्वाचन आयोग में पंजीकरण से होता है, ऐसे में आयोग उनके साथ पक्षपात कैसे कर सकता है? निर्वाचन आयोग के लिए न तो सत्तापक्ष होता है और न ही विपक्ष, बल्कि सभी समान हैं।”

ज्ञानेश कुमार ने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक को मतदाता बनना चाहिए और लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कानूनन सभी राजनीतिक दल आयोग में पंजीकृत होते हैं, इसलिए आयोग का दायित्व है कि वह सबके साथ समान व्यवहार करे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि आयोग के दरवाजे हमेशा सभी के लिए खुले हैं। उन्होंने बताया कि बूथ स्तर पर मतदाता, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर पारदर्शी तरीके से सत्यापन कर रहे हैं। इसके लिए हस्ताक्षर और वीडियो प्रशंसापत्र भी एकत्र किए जा रहे हैं।

उन्होंने चिंता जताई कि कई बार राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष और उनके द्वारा नामित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा सत्यापित दस्तावेज या तो उनके राज्य या राष्ट्रीय नेताओं तक नहीं पहुंचते हैं, या फिर उन्हें अनदेखा करके भ्रामक सूचनाएँ फैलाई जाती हैं।

ज्ञानेश कुमार ने भरोसा दिलाया कि निर्वाचन आयोग बिहार के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान को पूरी तरह सफल बनाने के लिए कदम-दर-कदम प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “जब बिहार के सात करोड़ से अधिक मतदाता आयोग के साथ खड़े हैं, तो न तो आयोग की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लगाया जा सकता है और न ही मतदाताओं की निष्ठा पर।”

27 वर्षीय किरण मौर्य ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में शनिवार की रात एक दर्दनाक घटना घटित हुई। गांव की रहने वाली 27 वर्षीय किरण मौर्य ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, किरण अपने पति सनोज मौर्य के साथ कमरे में सोई हुई थी। रात करीब दो बजे वह दूसरे कमरे में चली गई। सुबह लगभग चार बजे जब पति की नींद खुली तो उसने पत्नी को पंखे से साड़ी के सहारे लटका पाया। यह देखकर वह जोर-जोर से चीखने लगा। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था और यह मामला कई बार थाने तक भी पहुंच चुका था। हर बार पुलिस ने दोनों को समझौते के आधार पर घर भेज दिया था।बघटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। किरण की मौत से उसके दो छोटे बच्चों की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

राहुल गांधी ने शुरू की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’, BJP पर चुनाव चोरी का आरोप

सासाराम/पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को बिहार के सासाराम से अपनी ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्र सरकार पर तीखे हमले बोले।

जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “पूरे देश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव चुराए जा रहे हैं।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ताज़ा साज़िश बिहार में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के बहाने चुनाव को प्रभावित करने की है। राहुल ने कहा – “हम उन्हें यह चुनाव नहीं चुराने देंगे। अब पूरा देश जान चुका है कि चुनाव आयोग क्या कर रहा है। पहले लोगों को यह नहीं पता था कि वोट कैसे चुराए जा रहे हैं, लेकिन हमने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए यह सच्चाई उजागर कर दी है।”

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सही मायनों में जाति जनगणना नहीं करवाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक सत्ता में आने पर सही जाति जनगणना सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि “हम वोट चोरी पर रोक लगाएंगे और SIR की सच्चाई जनता के सामने रखेंगे।”

इस अवसर पर राहुल गांधी ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के प्रति आभार जताते हुए कहा – “डॉक्टर की सलाह के बावजूद यहां आने के लिए लालू जी का दिल से शुक्रिया।”

इसी कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा – “वह बहुत खतरनाक आदमी हैं। जब तक आप उन्हें सत्ता से नहीं हटाएंगे, आपके वोट, अधिकार, आज़ादी और यहां तक कि संविधान भी सुरक्षित नहीं रहेगा।”

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार से शुरू हुई यह यात्रा आगामी विधानसभा चुनावों से पहले महागठबंधन (INDIA ब्लॉक) की ताकत और एकजुटता दिखाने की कोशिश है। इस अभियान के जरिए जनता को संगठित करने और भाजपा सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति भी साफ नज़र आ रही है।