Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 795

सीएम आवास के बाहर युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। मंगलवार को राजधानी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान 32 वर्षीय शैलेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से औरैया जिले के निवासी हैं और फिलहाल नोएडा में रहते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, शैलेंद्र यादव लंबे समय से प्रॉपर्टी विवाद से जूझ रहे थे। इसी तनाव के चलते वे लखनऊ आए और मुख्यमंत्री आवास के सामने गले में फंदा डालकर पेड़ से लटकने की कोशिश की।

मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए शैलेंद्र को तुरंत पकड़ लिया और बड़ी अनहोनी को टाल दिया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में शैलेंद्र ने स्वीकार किया कि वे संपत्ति विवाद से परेशान होकर यह कदम उठाने को मजबूर हुए। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

मुख्य सचिव शशिप्रकाश गोयल स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर, एपीसी दीपक कुमार को मिला अतिरिक्त प्रभार

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)उत्तर प्रदेश शासन में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। प्रदेश के मुख्य सचिव शशिप्रकाश गोयल स्वास्थ्य कारणों से छुट्टी पर चले गए हैं। सूत्रों के अनुसार, वे स्वास्थ्यगत समस्याओं के चलते अवकाश पर गए हैं।

सरकार ने उनके छुट्टी पर जाने के दौरान अग्रिम आदेशों तक मुख्य सचिव समेत उनके अधीनस्थ समस्त विभागों का कार्यभार कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) दीपक कुमार को सौंप दिया है। अब श्री दीपक कुमार मुख्य सचिव की जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपनी वर्तमान जिम्मेदारी भी निभाएंगे।

प्रशासनिक हलकों में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, क्योंकि मुख्य सचिव राज्य शासन के सबसे बड़े नौकरशाह होते हैं और मुख्यमंत्री के साथ नीति-निर्धारण व फैसलों में सीधा योगदान देते हैं। अब अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे एपीसी दीपक कुमार से शासन-प्रशासन की निरंतरता बनाए रखने की उम्मीद जताई जा रही है।

मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार R P सिंह हटाए गए, अंजना सिरोही को अतिरिक्त प्रभार

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद् में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश अंकित कुमार अग्रवाल (IAS, 2012 बैच) ने मंगलवार को आदेश जारी करते हुए मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार R P सिंह को हटाया है।

उनकी जगह बरेली में तैनात उपनिदेशक अंजना सिरोही को मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार का अतिरिक्त चार्ज सौंपा गया है।

इस बदलाव के बाद विभागीय पोर्टल पर भी अपडेट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्तर प्रदेश सरकार का प्रशासनिक सुधार: 20 PPS अधिकारी IPS में पदोन्नत — सूची

लखनऊ, (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) उत्तर प्रदेश शासन ने प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के 20 अनुभवी अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) कैडर में प्रमोट करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। यह पदोन्नति सोमवार (13 अगस्त 2025) को गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना द्वारा आधिकारिक रूप से घोषित की गई है।

प्रमोशन से जुड़े मुख्य तथ्य: यह निर्णय Departmental Promotion Committee (DPC) की सिफारिशों, सेवा रिकॉर्ड, वरिष्ठता और उत्कृष्ट कार्यप्रदर्शन पर आधारित है ।गृह मंत्रालय द्वारा सूची जारी करने के बाद अब राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों और पदस्थापना के अनुरूप शीघ्र तैनात करेगी।

प्रमोशन सूची: 20 PPS से IPS बने अधिकारी

  1. अनिल कुमार
  2. संजय कुमार
  3. बृजेश कुमार गौतम
  4. आनंद कुमार
  5. ममता रानी चौधरी
  6. अशोक कुमार
  7. शैलेंद्र कुमार सिंह
  8. अनिल कुमार झा
  9. अतुल कुमार श्रीवास्तव
  10. ओम प्रकाश सिंह
  11. अजीजुल हक
  12. नरेंद्र प्रताप सिंह
  13. डॉ. प्रवीण रंजन सिंह
  14. विनय कुमार सिंह
  15. संजीव कुमार बाजपेयी
  16. निहारिका शर्मा
  17. त्रिगुण बिसेन
  18. सर्वेश कुमार मिश्रा
  19. संजय राय
  20. ओम प्रकाश सिंह

भ्रष्टाचार के आरोपों पर एसडीएम सदर राकेश कुमार सिंह हटाए गए

औरैया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों और एक वायरल वीडियो के मद्देनज़र जिलाधिकारी इंद्रमणि त्रिपाठी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम सदर, औरैया राकेश कुमार सिंह को पद से हटा दिया है।

जिला मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्हें जिला मुख्यालय कार्यालय से अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर अजय कुमार वर्मा को नया एसडीएम सदर, औरैया बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, राकेश कुमार सिंह का एक वीडियो 15 जून 2024 का है, जो हाल ही में वायरल हुआ। वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की पुष्टि के बाद जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि आरोपों की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

मिलनसार शिक्षक ने फाँसी लगाकर जीवनलीला की समाप्त – विद्यालय परिसर में मची सनसनी

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचवर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के हिंदी शिक्षक ने अपने सरकारी आवास में फाँसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतक शिक्षक की पहचान आज़मगढ़ जनपद के दीदारगंज थाना क्षेत्र के खेतापट्टी गांव निवासी 45 वर्षीय रुपेश सिंह पुत्र विजय प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे विद्यालय परिसर के आवास में अकेले रहते थे, जबकि परिवार गांव पर ही रहता है।

सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को दिनभर जब वे आवास से बाहर नहीं निकले तो पास में रहने वाले एक अन्य शिक्षक ने कई बार दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची और दरवाजा खुलवाया तो भीतर का नजारा देख सभी स्तब्ध रह गए। रुपेश सिंह का शव फंदे से लटकता मिला।

विद्यालय प्रशासन और सहकर्मी शिक्षक उनके इस कदम से स्तब्ध हैं। रुपेश सिंह हिंदी विषय के लोकप्रिय एवं मिलनसार शिक्षक माने जाते थे। विद्यालय परिवार के बीच उनकी अच्छी छवि थी और छात्र-छात्राओं के बीच वे बेहद प्रिय थे।

जैसे ही इस घटना की सूचना परिजन तक पहुँची, विद्यालय परिसर का माहौल और भी गमगीन हो गया। पत्नी, पुत्र और पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। विद्यालय के विद्यार्थियों और सहकर्मियों की आंखें नम हैं और हर कोई उनके अचानक इस तरह चले जाने को लेकर सदमे में है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे कारणों का पता लगाया जा रहा है।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा नालंदा पहुंची, लोगो ने किया भव्य स्वागत

नालंदा(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा मंगलवार को नालंदा पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं और आम जनता ने उनका भव्य स्वागत किया। जिले के कोने-कोने से आए कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी अमर रहे” के नारों से वातावरण गूंजाते रहे।

गिरियक प्रखंड के सैदपुर गांव में जैसे ही राहुल गांधी पहुंचे, कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की गलियां, चौक-चौराहे और सड़कें कांग्रेस समर्थकों से भर गईं। हजारों की संख्या में जुटी जनता ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ उनका स्वागत किया।

स्थानीय नेताओं ने इस यात्रा को लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को जागरूक करने में बड़ी भूमिका निभा रही है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नया उत्साह प्रदान कर रही है।

प्रदूषण रोकने और पृथ्वी बचाने की मुहिम पर निकले वासु सेन पहुँचे देवरिया

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) पृथ्वी को बचाने और प्रदूषण रोकने का संदेश लेकर 50% दिव्यांग युवा वासु सेन अपनी साइकिल यात्रा के माध्यम से पूरे भारत का भ्रमण कर रहे हैं। उनकी यह अनूठी यात्रा जून 2025 से प्रारम्भ हुई है, जो वर्ष 2028 तक चलेगी। इस दौरान वे देश के विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन तक पहुँचा रहे हैं।

अब तक वासु सेन आगरा, राजस्थान, पंजाब, जम्मू, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों का सफर अपनी साइकिल से कर चुके हैं। उनका यह साहसिक कदम विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।

मंगलवार देर शाम वासु सेन अपने संदेश यात्रा के क्रम में देवरिया जनपद के आईटीआई चौराहे पर पहुँचे। यहाँ स्थानीय लोगों एवं आईटीआई परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों ने उन्हें माला पहनाकर और वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

वासु सेन ने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य समाज को यह जागरूक करना है कि अगर हम प्रदूषण पर नियंत्रण नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियाँ स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण से वंचित हो जाएँगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक साइकिल का उपयोग, वृक्षारोपण और प्लास्टिक से परहेज़ करें।

स्थानीय नागरिकों ने वासु सेन के इस प्रयास को ऐतिहासिक बताते एमएमहुए कहा कि उनका साहस और जज्बा पूरे समाज के लिए एक मिसाल है।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.25 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के नवगछिया पुलिस जिला में बिहपुर थाना पुलिस ने शनिवार को करीब दो किलो (2098 ग्राम) ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 से 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को 18 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि अवध असम ट्रेन से उतरी दो संदिग्ध महिलाएं एक XUV 300 कार से नवगछिया की ओर जा रही हैं। इसी आधार पर बिहपुर थाना क्षेत्र के पावर सब स्टेशन के पास वाहनों की जांच की गई।

जांच के दौरान गंगला गुरंग उर्फ मंगला राय (खगड़िया) और संजना थापा (मणिपुर) के पास से कुल दो पैकेट में ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसके साथ ही वाहन चालक को भी गिरफ्तार किया गया।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच नामजद और अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को इस सफलता के लिए सम्मानित करने की घोषणा भी की गई है।

ऑनलाइन गेमिंग पर सख्ती : भारत सरकार ने कड़ा विधेयक किया मंजूर

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) तेजी से बढ़ते ऑनलाइन गेमिंग उद्योग को नियंत्रित करने की दिशा में भारत सरकार ने मंगलवार को एक बड़ा कदम उठाया। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उस विधेयक को मंजूरी दे दी है, जो खासतौर पर सट्टेबाजी और जुए से जुड़े ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर नकेल कसने के लिए लाया गया है।

इस प्रस्तावित विधेयक के तहत न सिर्फ सख्त दंड और जुर्माने का प्रावधान किया गया है, बल्कि जरूरत पड़ने पर ऐसे ऐप्स पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार भी सरकार को दिया जाएगा।
विधेयक के प्रमुख प्रावधान
मशहूर हस्तियों पर प्रतिबंध : कोई भी सेलिब्रिटी या सार्वजनिक व्यक्तित्व सट्टेबाजी या जुए से जुड़े गेमिंग ऐप्स का समर्थन या प्रचार नहीं कर सकेगा।

युवाओं को सुरक्षा : इस कदम का उद्देश्य युवा उपयोगकर्ताओं को एडिक्शन, धोखाधड़ी और वित्तीय जोखिम जैसी समस्याओं से बचाना है।

राज्यों के बीच समन्वय : अलग-अलग राज्यों के जुआ कानूनों के बीच सामंजस्य स्थापित किया जाएगा।आईटी मंत्रालय को नियामक भूमिका : सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय को केंद्रीय नियामक बनाया जाएगा।

गैरकानूनी प्लेटफॉर्म्स पर कार्रवाई : अधिकारियों को अवैध या अपंजीकृत ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स को तुरंत ब्लॉक करने का अधिकार होगा।
क्यों उठाया गया यह कदम? पिछले कुछ सालों में ऑनलाइन गेमिंग और विशेषकर ऑनलाइन सट्टेबाजी ने युवाओं के बीच तेजी से पकड़ बनाई है। कई मामलों में नशे जैसी लत और आर्थिक नुकसान सामने आए हैं। अनियमित प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती संख्या और उनके जरिए होने वाली धोखाधड़ी को देखते हुए सरकार लंबे समय से इस पर सख्त कानून बनाने की तैयारी कर रही थी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह विधेयक पारित होने के बाद भारत में ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों के संचालन का ढांचा पूरी तरह बदल जाएगा और एक सुरक्षित व जिम्मेदार गेमिंग माहौल विकसित होगा।
हालिया घटनाक्रम

जून 2025 में गूगल के प्रतिनिधि प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश हुए थे।

यह पेशी अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ प्लेटफॉर्म्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत हुई थी।ईडी ने गूगल से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दस्तावेज मांगे थे।वहीं, मेटा के अधिकारी नोटिस के बावजूद पेश नहीं हुए थे।

लूट की दो वारदातों का एसपी ने किया खुलासा, तीन गिरफ्तार

सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद

बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जिले के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में हुई लूट की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से सोने की बालियां, मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पहली घटना 13 अगस्त को एमएलके पीजी कॉलेज के पास हुई थी, जहां मिथलेश शुक्ला के कान से सोने की बाली लूट ली गई। दूसरी घटना 17 अगस्त को टीटू टॉकीज मोहल्ला पहलवारा के पास हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने कौशल नाथ तिवारी की पुत्री से बाली छीन ली।
एसपी विकास कुमार के निर्देश पर एएसपी विशाल पांडेय और सीओ सिटी ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। टीम ने मोनू सोनी और उत्सव सिंह को गेल्हापुर स्थित आम की बाग से गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपी राजू सोनी को परेड ग्राउंड से दबोचा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त की लूट का माल राजू सोनी को 5,500 रुपये में बेच दिया था, वहीं 17 अगस्त की लूट का माल भी उसे बेचने जा रहे थे तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो सोने की बालियां, दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक नन्दकेश तिवारी, शिवलखन सिंह, सूर्या प्रकाश शर्मा, रमन कुमार वर्मा सहित पुलिस टीम सक्रिय रही। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल का सराहनीय पहल

यात्रियो की सुरक्षा मे दिखाई तत्परता

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा, रेल सम्पत्ति की सुरक्षा, अवैध सामानों की धर-पकड़, यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही बचपन बचाओ अभियान के तहत मानव तस्करी की रोकथाम का निरंतर प्रयास किया जाता है। इसी क्रम में 17 अगस्त, 2025 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट भटनी को निगरानी के दौरान गाड़ी सं0 19489 में अपने भाई से बिछड़ी हुई 14 वर्ष की एक नाबालिग लड़की मिली, जिसे गाड़ी से उतारकर भटनी पोस्ट पर लाया गया। पूछताछ के उपरान्त उक्त नाबालिग लड़की को चाइल्ड लाइन, भटनी को सुपुर्द किया गया। 16 अगस्त, 2025 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वाराणसी सिटी को निगरानी के दौरान स्टेशन के प्लेटफार्म सं0 01 पर 13 वर्ष का नाबालिग लड़का लावारिस हालत में मिला। पूछताछ के उपरान्त उक्त नाबालिग लड़के को चाइल्ड लाइन वाराणसी को सुपुर्द किया गया। 16 अगस्त, 2025 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मऊ को निगरानी के दौरान गाड़ी सं0 15018 में घर से नाराज होकर आयी 23 व 24 वर्ष की दो युवतियाँ मिली, जिन्हे गाड़ी से उतारकर मऊ पोस्ट पर लाया गया। युवतियों के परिजन के पोस्ट पर उपस्थित होने पर दोनो युवतियों को सुपुर्द किया गया। 17 अगस्त, 2025 को गाड़ी सं0 12554 के रेलवे सुरक्षा बल स्कोर्ट को निगरानी के दौरान महिला यात्री का छूटा बैग मिला, जिसे छपरा पोस्ट पर जमा कराया गया। महिला यात्री के देवर के स्टेशन पर उपस्थित होने पर उचित पहचान व सत्यापन के उपरान्त बैग सुपुर्द किया गया। 16 अगस्त, 2025 को ट्रैकमैन/माधोसिंग को रेलवे स्टेशन कटका-माधोसिंह के मध्य गाड़ी सं0 04089 से यात्री का गिरा एक पर्स एवं मोबाइल मिला जिसे रेलवे सुरक्षा बल चौकी, माधोसिंह पर जमा किया गया। यात्री के पिता के माधोसिंह चौकी पर उपस्थित होने पर उचित पहचान व सत्यापन के उपरान्त बैग सुपुर्द किया गया।

कुल्लू में भारी बारिश का कहर, भूतनाथ पुल के पास सड़क ध्वस्त, सभी शैक्षणिक संस्थान बंद

कुल्लू /हिमाचल प्रदेश(राष्ट्र की परम्परा डेस्क),
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में लगातार भारी बारिश और ब्यास नदी में बढ़ते जलस्तर के कारण भूतनाथ पुल के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालात को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने मंगलवार को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश जारी किया है।

उपायुक्त एवं डीडीएमए अध्यक्ष तोरुल एस. रवीश ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 30 और 34(एम) के तहत आदेश जारी करते हुए कहा कि खराब मौसम के बीच छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ज़रूरी है। आदेश के मुताबिक कुल्लू और बंजार उपमंडल में स्कूल, कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग व फ़ार्मेसी कॉलेज, आंगनवाड़ी केंद्र (सरकारी और निजी दोनों) आज बंद रहेंगे।

आईएमडी शिमला ने जिले के लिए 19 अगस्त को येलो अलर्ट जारी किया है। कई जगह बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं और पैदल पुल बह गए हैं।

इस बीच, राज्यभर में 20 जून से बारिश का कहर जारी है। अब तक 268 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 140 मौतें भूस्खलन, अचानक बाढ़, डूबने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में हुईं, जबकि सड़क हादसों में 128 लोगों ने जान गंवाई। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार 336 लोग घायल हुए हैं और 37 लापता हैं।

बारिश से राज्य को अब तक ₹2,194 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। 27,385 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, 2,274 गौशालाएं व दुकानें ढह गईं, जबकि 1,193 मवेशी और 25,755 पोल्ट्री पक्षियों की मौत हुई है।

घोसीपुर में जलभराव से मासूम की मौत का मामला

सपा महानगर अध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन, ठेकेदार व जेई पर कार्रवाई की मांग

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l घोसीपुर में जलभराव की वजह से नाले में डूबकर 10 वर्षीय मासूम आफरीन की दर्दनाक मौत के मामले ने शहर को झकझोर दिया है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने मृतक बच्ची के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की, लेकिन जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने से आक्रोश बढ़ गया है।
इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरेशी मंगलवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ नगर निगम पहुंचे। उन्होंने दोषी ठेकेदार और जेई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।सपा नेताओं का कहना है कि नगर निगम और ठेकेदार की लापरवाही से विभिन्न क्षेत्र में जलभराव की समस्या बनी रहती है। यदि समय रहते नालों की सफाई और सुचारु निकासी की व्यवस्था होती तो मासूम आफरीन की जान बचाई जा सकती थी।
कुरेशी ने कहा कि प्रशासन केवल आर्थिक मदद देकर जिम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकता, दोषियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है तभी भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

यात्रियो की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनो की अवधि मे विस्तार

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु पूर्व से चल रही निम्नलिखित विशेष गाड़ियों के संचलन अवधि में निम्नवत विस्तार किया गया है। ये गाड़िया अपने पूर्ववत ठहराव एवं समयानुसार विस्तारित अवधि तक चलाई जायेगी। इन गाड़ियों का ठहराव दरभंगा के स्थान पर शिशो हाल्ट स्टेशन पर दिया जायेगा| अवधि विस्तार-
05575 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनस साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 20 अगस्त से 10 सितम्बर,
2025 तक 04 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 23.35 बजे पहुंचकर 23.40 बजे छूटेगी।
05576 आनन्द विहार टर्मिनस-सहरसा साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 19 अगस्त से 16 सितम्बर,2025 तक 05 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 04.00 बजे पहुंचकर 04.05 बजे छूटेगी।
05579 पूर्णिया कोर्ट-आनन्द विहार टर्मिनस विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 17 अगस्त से 15 सितम्बर, 2025
तक 18 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 23.35 बजे पहुंचकर 23.40 बजे छूटेगी।
05580 आनन्द विहार टर्मिनस-पूर्णिया कोट विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 20 अगस्त से 17 सितम्बर, 2025 तक 17 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 04.00 बजे पहुंचकर 04.05 बजे छूटेगी।
इन गाड़ियों में जनरेटर सह लगेज यान के 02 तथा वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के 18 कोचों सहित कुल 20 कोच लगाये जायेंगे।