वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा हेतु पूर्व से चल रही निम्नलिखित विशेष गाड़ियों के संचलन अवधि में निम्नवत विस्तार किया गया है। ये गाड़िया अपने पूर्ववत ठहराव एवं समयानुसार विस्तारित अवधि तक चलाई जायेगी। इन गाड़ियों का ठहराव दरभंगा के स्थान पर शिशो हाल्ट स्टेशन पर दिया जायेगा| अवधि विस्तार-
05575 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनस साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 20 अगस्त से 10 सितम्बर,
2025 तक 04 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 23.35 बजे पहुंचकर 23.40 बजे छूटेगी।
05576 आनन्द विहार टर्मिनस-सहरसा साप्ताहिक विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 19 अगस्त से 16 सितम्बर,2025 तक 05 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 04.00 बजे पहुंचकर 04.05 बजे छूटेगी।
05579 पूर्णिया कोर्ट-आनन्द विहार टर्मिनस विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 17 अगस्त से 15 सितम्बर, 2025
तक 18 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 23.35 बजे पहुंचकर 23.40 बजे छूटेगी।
05580 आनन्द विहार टर्मिनस-पूर्णिया कोट विशेष गाड़ी के संचलन अवधि का विस्तार 20 अगस्त से 17 सितम्बर, 2025 तक 17 फेरों के लिए किया गया है। यह गाड़ी शिशो हाल्ट स्टेशन पर 04.00 बजे पहुंचकर 04.05 बजे छूटेगी।
इन गाड़ियों में जनरेटर सह लगेज यान के 02 तथा वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के 18 कोचों सहित कुल 20 कोच लगाये जायेंगे।
यात्रियो की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनो की अवधि मे विस्तार
आयुष सिंह हत्याकांड का खुलासा, 24 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

दोस्त ही निकला दोस्त का कातिल
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने आयुष सिंह हत्याकांड का खुलासा करते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, कारतूस, महिन्द्रा थार गाड़ी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अजय सिंह के पर्यवेक्षण में थाना खलीलाबाद पुलिस ने मंगलवार को काला गेट मगहर कबीर चौरा के पास से तीनों अभियुक्तों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवम पासवान पुत्र प्रेमचंद निवासी खमरिया थाना खलीलाबाद, आदर्श शुक्ला पुत्र हरिप्रसाद शुक्ला निवासी मरवटिया थाना पुरानी बस्ती जनपद बस्ती और सिद्धार्थ सिंह पुत्र विवेकानंद सिंह निवासी अभयपुरा थाना पुरानी बस्ती जनपद बस्ती के रूप में हुई है।
घटना 18 अगस्त की रात लगभग 9 बजे की है जब बड़ी पटखौली निवासी 23 वर्षीय आयुष प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के चाचा रविप्रकाश सिंह की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पैसों के लेन-देन को लेकर राज ग्लोबल अकैडमिक गोरखपुर-बस्ती हाईवे के पास थार गाड़ी में विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आदर्श शुक्ला ने पिस्टल से आयुष सिंह को गोली मार दी। इसके बाद तीनों आरोपी घायल आयुष को जिला अस्पताल ले गए और भर्ती कराकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल .32 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, महिन्द्रा थार नंबर यूपी58 एके 9111 और तीन एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी टीम में कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश दूबे, उपनिरीक्षक संजय यादव, उपनिरीक्षक अशोक दूबे, हेड कांस्टेबल पप्पू सिंह और कांस्टेबल विशाल सिंह शामिल रहे।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार गोवंश समेत दो तस्कर गिरफ्तार
सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। अपराध व अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सिकन्दरपुर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की। संदवापुर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से चार गोवंश (तीन गाय व एक बछड़ा) बरामद कर दो तस्करों को दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार झा तथा क्षेत्राधिकारी सिकन्दरपुर रजनीश कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह व उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार हमराहियों के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर दोनों वाहन पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू यादव पुत्र प्रद्युम्न यादव (निवासी गोसाईपुर, थाना बाँसडीह) और शिवानन्द गोंड़ पुत्र स्व. सूरज गोंड़ (निवासी हालपुर, थाना बाँसडीह) के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 254/2025 धारा 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वाहनों को जब्त कर न्यायालय भेज दिया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव मंदिर की नीव रखी गई

सलेमपुर (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील क्षेत्र के सिसई चौराहे पर भगवान शिव व बजरंगबली के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से शुरू हो गया है। सोमवार को आचार्य अजय शुक्ल के नेतृत्व में आचार्यगणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच मंदिर की नींव रखी गई।
मंदिर निर्माण को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने बताया कि सिसई चौराहे पर मंदिर न होने से लोग अन्य स्थानों पर जाकर पूजा-अर्चना करते थे। मंदिर बन जाने से यहीं पर श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सकेगी।
पूजन कार्यक्रम के दौरान महिलाएं भक्ति गीतों में लीन रहीं और ध्वज पूजन भी विधि-विधान से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से बब्लू यादव, अजय शुक्ल, राजेश यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, धनेश चौहान, सिंटू बरनवाल, उमेश तिवारी, धर्मदेव यादव, पंकज बरनवाल, वृद्धिचंद बरनवाल, हरिश्चंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दीक्षोत्सव-25: भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर चल रहे दीक्षोत्सव के अंतर्गत आज तरंग संस्था द्वारा भाषण प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
उपनिदेशक अमोद कुमार राय ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता के संचालन में हिंदी विभाग के अखिल कुमार मिश्रा, उर्दू विभाग के साजिद हुसैन तथा कल्पना दिवाकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायक मंडल में हिंदी विभाग के प्रोफेसर राजेश मल्ल, अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर शिखा सिंह और हिंदी विभाग की अपर्णा पांडे शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में लगभग चार दर्जन छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और “स्वतंत्रता आंदोलन में साहित्य की भूमिका” विषय पर प्रभावी भाषण प्रस्तुत किए। तीन घंटे चली इस प्रतियोगिता में निर्णायकों को विजेताओं का चयन करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा क्योंकि सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां अत्यंत धारदार और उच्च स्तरीय रहीं।
अभी तक आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा बुधवार को की जाएगी।
यूरिया के लिए लंबी कतारों में लगकर भी निराश लौट रहे किसान

बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में यूरिया की किल्लत को लेकर किसान परेशान हैं। एक बोरी यूरिया खाद के लिए पूरे दिन लंबी लाइनों में लगे रहने के बाद भी किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। बहुत किसान ऐसे भी हैं जो लंबी कतारों में लगकर भी बिना खाद खरीदे ही उनके आधार कार्ड या ई-पास मशीन के माध्यम से खाद जारी होने की जानकारी मिल रही है। मसलन उनके नाम पर कोई दूसरा व्यक्ति उर्वरक खरीद रहा है। यह समस्या खाद्य वितरण प्रणाली में धोखाधड़ी और अनियमितताओं का संकेत देती है। जिससे किसान निराश होकर वापस लौट रहे हैं। जिले में इस तरह से यूरिया की कालाबाजारी और ओवररेटिंग की जा रही है। पिछले एक महीनों से जिले में यूरिया की किल्लत बनी हुई है। समितियों व फुटकर दुकानदारों पर उमड़ी किसानों की भीड़ को रोकने के लिए प्रशासन को पुलिस कर्मियों की तैनाती करनी पड़ रही है। धान फसल की टॉप ड्रेसिंग के लिए किसानों को यूरिया की आवश्यकता है। किसान यूरिया लेने के लिये कई कई दिनों तक सहकारी समितियों पर लाइन में लगे रहते हैं। इसके बावजूद अधिकतर किसानों को खाद नहीं मिल पाती है। पूरे दिन लाइन में लगे रहने के बाद भी यूरिया न मिलने पर आक्रोशित किसान ने चक्काजाम, प्रदर्शन के साथ-साथ दुकानदारों पर कालाबाजारी का आरोप भी लगा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि जब समितियों पर हजारों लोगों की लाइन लगी रहती है। तब वहां पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं उपलब्ध हो पाती है। जिससे आधे से अधिक किसानों को वापस लौटना पड़ता है। इसके बावजूद अधिकांश समितियों पर ताला लगा रहता है। जिला कृषि अधिकारी का फोन नहीं उठता है। जबकि बाजार महंगे दामों में यूरिया खाद बेची जा रही है। सीमावर्ती ब्लॉक नवाबगंज क्षेत्र धान की खेती के लिए जान जाता है। धान की रोपाई को दो महीने हो चुके हैं। किसानों को न तो सहकारी समिति से, न सहकारी संघ से और न ही निजी दुकानदारों से खाद मिल पा रही है। इससे धान की फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन शिविर सम्पन्न

अस्थि विशेषज्ञ के अनुपस्थित के कारण अस्थि दिव्यांगो का नही हो सका परीक्षण, रोष
संत कबीर नगर (राष्ट्र के परम्परा)। समग्र शिक्षा समेकित शिक्षा अंतर्गत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के दिशा-निर्देशन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से ब्लॉक संसाधन केंद्र हैंसर बाजार पर दिव्यांग बच्चों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने हेतु चिन्हांकन शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में डॉ. राम गोपाल (आई सर्जन), डॉ. मधुसूदन शर्मा (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. रजनीश बैद्यनाथ (जिला समन्वयक समेकित शिक्षा), खंड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र प्रसाद, स्पेशल एजुकेटर महेन्द्र प्रसाद, दुर्गेश यादव, मोना गौतम, दिलीप यादव, शम्भू प्रसाद सहित रमसा के स्पेशल एजुकेटर मौजूद रहे।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी महेन्द्र प्रसाद ने अभिभावकों से अधिक से अधिक दिव्यांग बालिकाओं को विद्यालय में नामांकित करने और उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार 40% से अधिक दिव्यांगता प्रमाण पत्र रखने वाली प्रत्येक बालिका को ₹2000 वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाएगी।
डॉ. रजनीश बैद्यनाथ ने जानकारी दी कि अगला शिविर मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पौली पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पौली विकास क्षेत्र के सभी दिव्यांग बच्चे स्वालंबन पोर्टल पर पंजीकरण कर निर्धारित तिथि को आवश्यक कागजातों और फोटो के साथ उपस्थित हों।
शिविर में रोहित कुमार (ब्लॉक एमआईएस), डॉ. सुशील कुमार (फिजियोथेरेपिस्ट) और आधार ऑपरेटर देवनारायण ने सहयोग किया। कुल 45 दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 9 बच्चों को तत्काल प्रमाण पत्र जारी किए गए। वहीं, डॉ. अमित कुमार सिंह (अस्थि विशेषज्ञ) के अनुपस्थित रहने के कारण 25 अस्थि दिव्यांग बच्चों का परीक्षण नहीं हो सका, जिस पर अभिभावकों ने रोष जताया।
जिला जज ने किया सुलह समझौता केंद्र का निरीक्षण

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान” के अंतर्गत जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा ने न्यायालय परिसर स्थित मध्यस्थता एवं सुलह समझौता केंद्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित मध्यस्थगण से कहा कि पक्षकारों के बीच सकारात्मक बातचीत का प्रयास करें और बातचीत के समय अनावश्यक व्यक्तियों को केबिन में न बुलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों की सुनवाई सुलह समझौता केंद्र में आ रही है, उनमें पक्षकारों को समय पर सूचित किया जाए। इसके लिए नोटिस, व्यक्तिगत कॉल या अन्य किसी माध्यम से जानकारी भेजकर उन्हें उपस्थित कराया जाए।
जिला जज ने यह भी कहा कि सार्थक बातचीत के जरिये अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कर अभियान को सफल बनाया जाए।
भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाएगा डॉ. गौरी शंकर चौहान का डिजाइन किया लोगो

प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक आकांक्षाओं का प्रतीक है नया लोगो
लखनऊ/गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ की राष्ट्रीय स्तर की लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता-2025 में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग के प्रोफेसर डॉ. गौरी शंकर चौहान विजेता घोषित हुए हैं। देशभर से आई 451 प्रविष्टियों में उनका डिज़ाइन सर्वश्रेष्ठ चुना गया।
लोगो का विमोचन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुआ। डॉ. चौहान को लखनऊ में सम्मानित भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया लोगो प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिक आकांक्षाओं का संतुलित प्रतीक है। डॉ. चौहान इससे पहले अलीगढ़, बलरामपुर विश्वविद्यालयों के लोगो तथा मलेशिया के राष्ट्रपति भवन के इंटीरियर डिज़ाइन का कार्य भी कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर गोरखपुर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। डॉ. चौहान की इस सफलता ने न केवल गोरखपुर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है बल्कि उत्तर प्रदेश की कला-संस्कृति को भी नई पहचान दी है।
ग्राम चौपाल में सुनी गई ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को मौके पर मिले निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के विकास खण्ड हैंसर बाजार अन्तर्गत ग्राम घोरांग में विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान व जिलाधिकारी आलोक कुमार की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक श्री चौहान ने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य यह देखना है कि सरकार की मंशा के अनुरूप लाभार्थीपरक व जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक समय पर पहुँच रहा है या नहीं।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क, पेयजल, नाली, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाएं, राशन वितरण, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वयं सहायता समूह, राजस्व व स्वास्थ्य से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने एएनएम व आशा कार्यकर्ताओं को गर्भवती महिलाओं की जांच, पौष्टिक आहार वितरण और टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही जन्म-मृत्यु रजिस्टर को अपडेट रखने और सत्यापन कराने का आदेश भी दिया।
जिलाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि अधिकारी समय-समय पर गांवों का भ्रमण कर योजनाओं का लाभ मिलने की स्थिति की स्वयं समीक्षा करें और किसी भी पात्र ग्रामीण को लाभ से वंचित न रहने दें। इस अवसर पर उपायुक्त मनरेगा प्रभात द्विवेदी, एसडीएम धनघटा डॉ. सुनील कुमार, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, तहसीलदार धनघटा राम जी, नायब तहसीलदार हरेराम यादव, उप निदेशक कृषि डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सत्येंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. तिवारी, खंड विकास अधिकारी आर.पी. पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य व्यक्ति व बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों से गूंजा खाकी बाबा की तपोस्थली

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगरा क्षेत्र के खनवर स्थित खाकी बाबा की तपोस्थली पर हर साल की तरह इस बार भी अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन हुआ। दंगल का शुभारंभ रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह के अनुज रमेश सिंह ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। इस अवसर पर देश-विदेश के नामी गिरामी पहलवानों ने अपनी जोर आजमाइश कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। नेपाल के लक्की थापा और राजस्थान के सुखचैन के बीच मुख्य आकर्षण मुकाबला हुआ, जिसमें नेपाल के पहलवान ने शानदार जीत दर्ज की। वहीं वाराणसी के यशवंत गिरी और मेरठ के साकिर नूर का 12 मिनट का मुकाबला बराबरी पर छूटा। बलिया के प्रद्युम्न ने अजय वाराणसी को पटककर वाहवाही लूटी, जबकि धर्मेंद्र ने गाजीपुर के अभिमन्यु, चन्द्रकेश मऊ ने डब्लू बलिया, गोल्डेन ने अभिमन्यु तथा सत्रुघ्न ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराया। महिला वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले हुए, जिसमें बलिया की निगम ने मऊ की सुधा को तथा गाजीपुर की ब्यूटी ने वाराणसी की अंजली को परास्त किया।
दंगल का घोषित 1.51 लाख रुपये का इनामी मुकाबला पूर्व भारत केशरी रामेश्वर (हाथरस) और वर्तमान जिला केशरी रितेश (गाजीपुर) के बीच खेला गया, जो बराबरी पर समाप्त हुआ। कई अन्य मुकाबले भी कड़े संघर्ष के चलते बिना नतीजे पर खत्म हुए।
दंगल में रेफरी की भूमिका ममता पहलवान, बब्लू पहलवान नगरा और प्रभुनाथ ने निभाई। उद्घोषक के रूप में हरिंद्र, पवन, रमेश और हरिबंश पहलवान ने कार्यक्रम को जीवंत बनाया। इस मौके पर रसड़ा प्रमुख प्रतिनिधि सतीश सिंह, पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश, पिन्टू यादव, मुकेश सिंह, संतोष पांडेय, अरविंद सिंह और सत्येंद्र सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे
बिस्मिल की समाधि स्थल से निकली 121 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर में तिरंगा यात्रा धूमधाम से निकाली गई, अमर शहीद पण्डित रामप्रसाद बिस्मिल की समाधि स्थल पर श्रद्धासुमन अर्पित करने के पश्चात् 121 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा एस के इण्टर कॉलेज आश्रम के सैकड़ों छात्र/छात्राओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आश्रम पीठाधीश्वर आञ्जनेय दास जी महाराज के अगुवाई में निकाली। भाजपा नेता प्रमोद मिश्रा की देख रख में तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना और शहीदों को नमन करना था। 121 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान शहीदों को नमन किया गया और उनके जयकारों से नगर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। एनएसएस की छात्राओं ने प्रतिभाग कर यात्रा का सफल संचालन किया। वहीं स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मजबूती से लगी रही। इस अवसर पर पूर्व नपाध्यक्ष अजीत जायसवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अमरेन्द्र गुप्ता, डॉ. अजय मिश्रा, जितेन्द्र भारत, मुकेश पटेल, पीयूष चावला, पंकज शर्मा, सुरेश यादव,अरुण सिंह, सतीश चौरसिया ,विनोद गुप्ता ,रामप्रवेश, अंगद साहनी ,राज मद्धेशिया, अर्जुन भारती आदि उपस्थित रहे ।
अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। बैरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग युवती के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी ने थाना बैरिया पर प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को कमलेश राम पुत्र श्रीराम राम निवासी जमालपुर, थाना बैरिया, जनपद बलिया बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस मामले में थाना बैरिया पर मुकदमा अपराध संख्या 294/25 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। विवेचना के क्रम में 19 अगस्त 2025 को मुखबिर खास की सूचना पर उपनिरीक्षक प्रदीप पासवान मय हमराह पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए वांछित अभियुक्त कमलेश राम (उम्र लगभग 19 वर्ष) को जमालपुर तिराहे के पास से पुलिस हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि अपहृता को पुलिस ने पूर्व में ही सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद उसे माननीय न्यायालय रवाना किया जा रहा है।
जनरल ईडीपी के बैच का हुआ शुभारंभ

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। आरसेटी पुरुषोत्तमपुर देवरिया संस्थान के अंतर्गत बरारी ग्राम पंचायत विकासखंड बैतालपुर में दिनांक 19 अगस्त से छः दिवसीय जनरल ईडीपी बैच का शुभारंभ हुआ। जिसमें 35 प्रशिक्षुओं नई प्रतिभाग किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 दिनों का होगा। इस प्रशिक्षण में साबुन,सर्फ,हार्पिक,फिनायल,वैसलीन इत्यादि चीजों को बनाने का कौशल दिया जाएगा। उद्घाटन के दौरान आरसेटी निदेशक विशाल गुप्ता वरिष्ठ संकाय सदस्य सोमनाथ मिश्रा, विनय शंकर मणि त्रिपाठी एवं कार्यालय सहायक अभिषेक तिवारी व स्टाफ उपस्थित रहें।
मार्गों के किनारे सूखे व उखड़े वृक्षों के निस्तारण की कार्यवाही शुरू

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
जनपद देवरिया में सड़कों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए मार्गों के किनारे स्थित सूखे, अर्द्धसूखे, अत्यधिक झुके एवं उखड़े वृक्षों के निस्तारण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग देवरिया, कासरला राजू ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ऐसे वृक्षों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि इन वृक्षों का निस्तारण वन निगम के माध्यम से कराया जा रहा है, जबकि अत्यधिक झुके हुए या खतरनाक स्थिति में पाए जाने वाले वृक्षों को तत्काल काटकर हटाने की जिम्मेदारी वन विभाग स्वयं निभा रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि इस कार्यवाही का उद्देश्य सड़क किनारे आवागमन करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।
