Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 793

दुर्गा ऑयल मिल और फ्लोर मिल को नायब तहसीलदार ने किया शील

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा )
बुधवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के निर्देश के क्रम में उप जिलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में नायब तहसीलदार नगर देवेंद्र यादव द्वारा बुधवार को बैंक बकाया में रुपया 9857206 रुपया में बकाया को राजस्व टीम की संयुक्त कार्यवाही करते हुए कुर्क कर सील कर दिया गया।
यह भी बताना है कि शहर के प्रतिष्ठित व्यवसाय में दुर्गा ऑयल मिल एंड फ्लोर मिल मोती महल हजारीपुर प्रोपराइटर अजय कुमार जायसवाल ने बैंक से ऋण लिया था क्षेत्रीय अमीन योगेंद्र प्रसाद चौबे द्वारा विगत कई महीनो से तगादा किया जा रहा था परंतु बकाया जमा करने की मंशा नहीं लग रही थी, संज्ञान में यह भी आया था कि यह मकान बेचकर कहीं और फरार होने वाले हैं। संज्ञान में आने पर उच्च अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया जिस बाबत इनकी विरुद्ध सिल की कार्रवाई की गई है
एडिएम आर द्वारा अभियान चलाकर राजस्व वसुली करने का निर्देश दिया गया हैं जिसके क्रम में उप जिलाधिकारी सदर ने राजस्व बकायदारो को यह निर्देशित किया कि अपना बकाया तत्काल जमा कर दें नहीं तो ठीक इसी प्रकार की कार्रवाई उनके ऊपर भी की जाएगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी बाकीदार की होगी। बुधवार की कार्यवाही को नायब तहसीलदार नगर देवेंद्र कुमार यादव, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान, क्षेत्रीय अमीन योगेंद्र चौबे व लक्ष्मीकांत तिवारी, मस्तराम सिंह ,चंद्र प्रकाश यादव ,अभिषेक कुमार पांडे, हिमांशु यादव आकाश पांडे द्वारा संपादित किया गया।

पोखरी की पानी ने रोक दी दो मासूमो की सास गांव में मचा कोहराम

गोपालगंज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क), नगर थाना गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कररिया पूरब टोला गांव में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गांव निवासी सिपाही लाल प्रसाद के दो मासूम बच्चे खेल-खेल में पोखरे में डूब गए और उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चों की पहचान सात वर्षीय शिम्पल कुमारी और पांच वर्षीय राजन कुमार के रूप में हुई है। दोनों भाई-बहन घर से खेलते-खेलते बाहर निकले और पास के पोखरे की ओर चले गए। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में जा गिरे।

घटना की भनक मिलते ही ग्रामीण मौके पर दौड़े और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। दोनों को बेहोशी की हालत में बाहर लाया गया, मगर उनकी सांसें थम चुकी थीं। गांव में बच्चों के शव देखते ही कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

सूचना पाकर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम अनिल कुमार भी सक्रिय हुए। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर से हर संभव मदद एवं मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। हर आंख नम है और लोग इस असमय मौत से स्तब्ध हैं।

पूर्णिया में मधुमक्खियों के हमले से एक की मौत, चार लोग गंभीर रूप से घायल

पूर्णिया(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र में हुई एक दर्दनाक घटना में मधुमक्खियों के झुंड ने पांच लोगों पर हमला कर दिया। इस हादसे में 55 वर्षीय शंकर यादव की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, लीलावरण गांव निवासी शंकर यादव अपने साथियों देवंती देवी (50), सुमंती देवी (48), प्रकाश यादव (20) और दीपू यादव (20) के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मवेशी चराने के लिए मौनतरी जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां उन पर टूट पड़ीं। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सभी लोग अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पांचों को किसी तरह पास के निजी क्लीनिक तक पहुंचाया। इलाज के दौरान शंकर यादव की मौत हो गई। चारों अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के ICU में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायल एलर्जिक रिएक्शन जैसे शॉक, सूजन और सांस लेने में कठिनाई जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं। हालांकि फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

गांव में इस हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। मृतक शंकर यादव परिवार के मुखिया थे और खेती-बारी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने की मांग की है।

संचार क्रांति के पुरोधा थे राजीव गांधी – डॉ धर्मेन्द्र पांडेय

कांग्रेस कार्यालय पर गोष्ठी का आयोजन कर कांग्रेसियों ने मनाई जयंती

सलेमपुर, देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर गोष्ठी का आयोजन कर मनाया गया। गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए जिला उपाध्यक्ष डॉ धर्मेन्द्र पांडेय ने कहा कि राजीव गांधी देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री रहे,उन्होंने देश मे पंचायती राज एक्ट लागू कर समाज के सभी वर्गों को पंचायत में समान अवसर प्रदान किया। वह वास्तव में संचार क्रांति के पुरोधा थे। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। ब्लॉक अध्यक्ष लार वजीर अहमद ने कहा कि राजीव गांधी की देन है कि देश आज विकसित देशों का जमकर मुकाबला कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए गरीबो मजलूमों के विकास के लिए बहुत ही कार्य किया। दलित नेता मोहन प्रसाद ने कहा कि वह वास्तव में दलितों के मसीहा थे। उनके द्वारा लागू किए गए कानून का लाभ सबसे ज्यादा ग़रीबो को हुआ है। कार्यक्रम को जिला महासचिव वशिष्ठ मोदनवाल, युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सत्यम पांडेय, सुच्चन खान,लार नगर अध्यक्ष मुजाहिद लारी, सुनील तिवारी,सैयद फिरोज अहमद, सैयद अकील अहमद,राज पटवा,उदयनारायण तिवारी,रोहित यादव, दयाशंकर यादव, सुरेंद्र यादव, अवधेश यादव, अवधेश पांडेय, गंगासागर मिश्र, चन्द्रिका मिश्र, आगरेनाथ तिवारी आदि ने सम्बोधित किया।

बरसात खोल रही है कार्यों की गुणवत्ता का पोल

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) मईल थाना क्षेत्र अंतर्गत भागलपुर में शीतला माता मंदिर से होकर हॉस्पिटल बीएमजी इंटर कॉलेज और ब्लॉक को जाने वाली मुख्य मार्ग पर बरसात खोल रही है, कार्यों की गुणवत्ता का पोल । आपको बता दे की भागलपुर ग्रामीण में सड़क और नाली दोनों लबालब सड़क कई जगह गड्ढे में तब्दील आना-जाना लोगों का हो रहा है दुर्भर, इस ग्राम से समस्याएं खत्म होने का नाम नहीं दे रही है। विकास की चरम सीमाएं लग गई कागजों में। शीतला माता मंदिर से लेकर अस्पताल तक बरसात हो जाने पर पानी से लबालब भर जाता है। इसके कारण मरीज का आना-जाना चाहे उन्हें एंबुलेंस में लेजाओ, खतरा बना रहता है। वही जाने-माने बीएमजी इंटर कॉलेज जो मुख्य मार्ग से ब्लॉक होते हुए रास्ता जाता है उसमें जल भराव के कारण बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उसी रास्ते ब्लॉक के सभी कर्मचारियों का आना-जाना सभी जनप्रतिनिधिओ का आना-जाना रहता है। लेकिन किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। हॉस्पिटल रोड पर नाले का जो पुलिया बना है वह भी धस रहा है। अब पुलिया धस हरा है कि सड़क लेकिन पुलिया और सड़क दोनों के बीचों-बीच आर सीसी दब रही है। आते जाते स्कूली बच्चे किसी दिन हादसे का शिकार हो जाए या कोई बाइक सवार या फिर एंबुलेंस ही उसमें फंस जाए। आखिर कौन होगा इसका का जिम्मेदार। हनुमान चौराहे से हॉस्पिटल रोड मुख्य मार्ग को जाने वाले रास्ते में बरसात का पानी लग जाने से आना-जाना बहुत ही कठिन हो जाता है, सड़क में गड्ढे हर जगह है जिसे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही है। लाखों खर्च कर इन रोडो को और नालों को बनाया जाता है क्या यह नाले यह सड़क साल भर 6 महीने के लिए बनाए जाते हैं क्या यह नाला पानी इकट्ठा करने के लिए बनाया जाता है इन समस्याओं को ग्रामीण लेकर जाएं तो किसके पास जाएं।

बाग़ी बलिया सत्तू की बिक्री अब डाकघरों में शुरू : कर्नल विनोद

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

कर्नल विनोद कुमार, पीएमजी वाराणसी कैण्ट ने सोमवार को वाराणसी प्रधान डाकघर से बाग़ी बलिया के सत्तू की बिक्री की शुरुआत की। पहली बार डाकघर के माध्यम से लोगों को पौष्टिक और प्रसिद्ध व्यंजन सत्तू वाजिब दाम पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब उपभोक्ता वाराणसी सहित बलिया, चंदौली, जौनपुर, गाज़ीपुर, नौगढ़ और मुगलसराय जैसे जिलों के डाकघरों से मात्र 75 रुपये में आधा किलो सत्तू का पैकेट खरीद सकते हैं। कर्नल विनोद ने बताया कि यह सत्तू सीधे बलिया से डाकघरों तक पहुँचाया जाएगा जिससे जनता को शुद्ध और किफायती उत्पाद मिलेगा और डाक विभाग को भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गुलाब, केसर और चॉकलेट फ्लेवर वाले सत्तू भी उपलब्ध कराने की योजना है। कार्यक्रम में उपस्थित निधि उद्योग के प्रतिनिधि सौरभ ने बताया कि बलिया का सत्तू मलाई चने से तैयार किया जाता है, जो स्वाद और पौष्टिकता में विशिष्ट है। पहले ग्राहक के रूप में स्वयं कर्नल विनोद ने सत्तू का पैकेट खरीदा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के ओडीओपी (One District One Product) और स्वदेशी उत्पादों के प्रोत्साहन को ध्यान में रखते हुए बनारस परिक्षेत्र के 100 डाकघरों में इस योजना की शुरुआत की गई है। सफल होने पर इसे पूरे उत्तर प्रदेश और आगे चलकर देशभर के डाकघरों में लागू किया जाएगा। कार्यक्रम में परमानंद सहायक निदेशक, हेमंत अधीक्षक बलिया, सुरेश अधीक्षक वाराणसी वेस्ट, पल्लवी और पूजा सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे। लोगों ने मौके पर ही उत्साहपूर्वक सत्तू के पैकेट खरीदे। उल्लेखनीय है कि बलिया ने 20 अगस्त 1942 को चित्तू पांडेय के नेतृत्व में खुद को आज़ाद घोषित किया था। ऐसे ऐतिहासिक अवसर के आसपास डाकघर से सत्तू बिक्री की शुरुआत विशेष महत्व रखती है। योजना के पहले ही दिन 2500 से अधिक पैकेट बिक गए।

रूस ने अमेरिका को सुनाई खरी-खोटी, भारत को दिया भरोसा – “हमेशा खुला रहेगा रूसी बाज़ार”

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)भारत और रूस की दशकों पुरानी दोस्ती एक बार फिर मजबूत संदेश के साथ सामने आई है। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 25% अतिरिक्त टैरिफ को रूस ने “दोहरे मानदंड” बताते हुए इसका खुलकर विरोध किया है। रूस ने साफ कहा है कि यदि भारतीय वस्तुओं को अमेरिकी बाज़ार में जगह नहीं मिलती है, तो रूस का बाज़ार भारतीय उत्पादों के लिए हमेशा खुला रहेगा।

रूस के भारत स्थित दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले की कड़ी आलोचना की। गौरतलब है कि यह टैरिफ भारत द्वारा रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर लगाया गया है। अमेरिका का तर्क है कि रूस से तेल खरीदना, अप्रत्यक्ष रूप से रूस-यूक्रेन युद्ध के वित्तपोषण जैसा है।

रूस ने अमेरिकी रुख को “अनुचित और दबाव बनाने वाला कदम” करार दिया और कहा कि भारत को अपनी ऊर्जा जरूरतें पूरी करने का अधिकार है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर मतभेद गहराते जा रहे हैं, खासकर डेयरी और कृषि क्षेत्र के मुद्दों पर।

रूस का यह भरोसा न सिर्फ कूटनीतिक समर्थन है, बल्कि भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और दोनों देशों की गहरी साझेदारी को भी दर्शाता है।

बिहार में राहुल गांधी की ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ को मिल रही बड़ी प्रतिक्रिया

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ के जरिए सियासी माहौल को गर्मा दिया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दावा किया कि इस यात्रा को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा, “बिहार में अब हर कोई ‘वोट चोरी’ की बात कर रहा है। चुनावी चोरी की कोशिश की जा रही है, लेकिन बिहार इसका विरोध कर रहा है और जल्द ही पूरा देश विरोध करेगा।”

राहुल गांधी ने हाल ही में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के चुनाव में भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी की जीत पर उन्हें बधाई दी और उनसे हाथ मिलाया। यह कदम उन्होंने राजनीतिक मर्यादा और सौहार्द का परिचायक बताया।

16 दिन की यात्रा, 20 जिलों में होगा प्रचार ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ की शुरुआत रविवार को सासाराम से हुई थी। 16 दिनों की यह यात्रा बिहार में मतदाता सूची के चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ आयोजित की गई है।दूसरे दिन राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ औरंगाबाद पहुँचे।

19 अगस्त को उन्होंने सीपीआई(एम-एल) नेता दीपांकर भट्टाचार्य के साथ नेवादा (नवादा) में रैली की। यात्रा 20 से ज़्यादा जिलों से गुजरते हुए 1,300 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी और 1 सितंबर को पटना में एक बड़ी रैली के साथ समाप्त होगी।

भाजपा का पलटवार इस बीच भाजपा ने राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कांग्रेस सांसद पर “झूठ की दुकान” चलाने का आरोप लगाया। भाटिया ने कहा, “राहुल गांधी चुनावी राज्य बिहार में जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें देश से झूठ फैलाने के लिए माफ़ी मांगनी चाहिए।”

सियासत में बढ़ी हलचल बिहार में चुनावी माहौल पहले से ही गरम है। राहुल गांधी की यह यात्रा जहां कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन को मजबूती देने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है, वहीं भाजपा इसे जनता को भ्रमित करने का प्रयास बता रही है। अब देखना होगा कि इस अभियान का राज्य की राजनीति और मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है।

किसान अविनाश देसाई ने बनाई ‘मोबाइल स्लरी डिवाटरिंग मशीन’, जीता मैसी डायनास्टार प्रतियोगिता का खिताब

बेलगावी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क )बेलगावी (कर्नाटक)।“ज़रूरत ही आविष्कार की जननी है” – इसे सच कर दिखाया है कर्नाटक के बेलगावी जिले के युवा किसान और इंजीनियर अविनाश देसाई ने। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद खेती अपनाने वाले देसाई ने खेती-किसानी से जुड़ी एक बड़ी समस्या का हल खोज निकाला। इसी नवाचार के दम पर उन्होंने ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (टीएएफई) द्वारा आयोजित मैसी डायनास्टार प्रतियोगिता-सीजन 2 में 16,000 से अधिक प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है।

गोबर प्रबंधन से मिली प्रेरणा

देसाई ने बताया कि किसानों को गोबर से खाद बनाने में समय और जगह की भारी समस्या होती है। बायो-डाइजेस्टर का उपयोग करने पर उसमें से निकला घोल इतना भारी और पानी से भरा होता है कि उसका प्रबंधन करना मुश्किल हो जाता है। यही वजह है कि बड़े किसान भी अंततः पुराने तरीके यानी गड्ढे में गोबर डालकर एक साल तक सड़ाने की प्रक्रिया पर लौट आते हैं।

नई तकनीक: ‘मोबाइल स्लरी डिवाटरिंग मशीन’

इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियर देसाई ने इस समस्या का समाधान निकाला। उन्होंने ‘मोबाइल स्लरी डिवाटरिंग मशीन’ तैयार की है, जिसे ट्रैक्टर से चलाया जा सकता है। ट्रैक्टर के पीटीओ (पावर टेक-ऑफ) से चलने वाली यह मशीन ‘स्क्रू प्रेस’ तकनीक से बायो-डाइजेस्टर से निकले घोल को तुरंत दो हिस्सों में बांट देती है –

  1. पोषक तत्वों से भरपूर तरल खाद
  2. सूखी खाद

यह तकनीक किसानों के लिए दोहरा लाभ देती है। तरल खाद तुरंत खेतों में उपयोगी हो जाती है, जबकि सूखी खाद लंबे समय तक संरक्षित की जा सकती है।

खेती से गहरा जुड़ाव

बेलगावी जिले के सौदत्ती तालुका के चचादी गांव निवासी अविनाश देसाई का परिवार 100 एकड़ ज़मीन पर गन्ना, चना और ज्वार की खेती करता है। उनके पास कम से कम 20 मवेशी भी हैं। देसाई अपने परिवार की जड़ों को बेलगावी के रत्ता वंश के सेनापति वीरप्पा नायक से जोड़ते हैं।

किसानों के लिए वरदान

देसाई का मानना है कि यह मशीन किसानों की गोबर प्रबंधन की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान साबित होगी। अब न केवल खाद बनने में समय बचेगा बल्कि तरल और सूखी खाद दोनों का उपयोग कर किसान अपनी पैदावार और मिट्टी की उर्वरता बढ़ा सकेंगे।

नाले की सफाई बनी मुसीबत, सड़क पर पड़ा मलबा

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)

सिकन्दरपुर नगर के बेल्थरा मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से नाले की सफाई के बाद निकाला गया मलबा सड़क पर ही पड़ा हुआ है। सफाई तो हुई, लेकिन मलबा नहीं उठाए जाने से राहगीरों व दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। बरसात के कारण गन्दा पानी और कचरा कीचड़ में बदलकर सड़क पर फैल गया है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया है। कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि गंदगी देखकर ग्राहक दुकान पर रुकने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई अभियान अधूरा है। नाले से गाद तो निकाल दी गई, लेकिन उसे सड़क से नहीं हटाया गया। लोगों का कहना है कि मलबा हटाए बिना सफाई का कोई मतलब नहीं है। इससे मच्छरों व संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। इस बाबत अधिशासी अधिकारी मनोज पांडे ने बताया कि नाले की सफाई की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि “मलबा अभी हटाया नहीं जा सका है, लेकिन जल्द ही उसे उठवा लिया जाएगा।”

राष्ट्रीय लोक अदालत 13 सितम्बर को आयोजित होगी

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया अनिल कुमार झा के आदेशानुसार आगामी 13 सितम्बर (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण एवं जनपद की सभी तहसीलों में बैंक वसूली, किरायेदारी वाद, मोबाइल फोन व केबल नेटवर्क, आयकर, बैंक व अन्य वित्तीय संस्थाओं से जुड़े वाद, दीवानी वाद, उत्तराधिकार, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, चेक बाउंस, जनोपयोगी सेवाओं, वाणिज्य कर, राजस्व/चकबन्दी/श्रम वाद, चालानी वाद तथा शमनीय प्रकृति के आपराधिक वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
इसके अतिरिक्त बैंक से जुड़े प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निपटारा इसी दिन संभव होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव हरीश कुमार ने जनसामान्य से अपील की है कि वे इस सस्ते व सुलभ न्यायिक प्रक्रिया का लाभ उठाकर अपने अथवा परिचितों के विवादों का समाधान कराएं।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला: लोकतंत्र और सुरक्षा पर गंभीर सवाल

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हुआ हमला अब केवल एक आपराधिक घटना भर नहीं रह गया है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चोट के रूप में देखा जा रहा है। जनसुनवाई वह माध्यम है जिसके जरिए जनता सीधे सत्ता से संवाद करती है। शिकायत और समाधान के बीच की यह खाई को पाटने वाला मंच तब प्रश्नों के घेरे में आ जाता है, जब यहां असंतोष हिंसा का रूप ले ले।

मुख्यमंत्री पर हमला किसी एक व्यक्ति पर आक्रोश का परिणाम नहीं, बल्कि उस संवैधानिक पद का अपमान है जो जनता की आकांक्षाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था का प्रतीक है। लोकतंत्र में आलोचना और विरोध का हर नागरिक को अधिकार है, लेकिन असहमति की भाषा हिंसा नहीं हो सकती। इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि नागरिक शिष्टाचार पर भी प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

हमले के बाद राजनीतिक दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है और उन्होंने अपने कार्यक्रम रद्द नहीं किए। उन्होंने रेखा गुप्ता को “मजबूत महिला” बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएँ लोकतंत्र को कमजोर नहीं कर सकतीं।
वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इसे “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” करार देते हुए कहा—”यदि दिल्ली की मुख्यमंत्री सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी या औरत की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित हो सकती है?”

आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा—
“दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला बेहद निंदनीय है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतभेद और विरोध स्वीकार्य हैं, लेकिन हिंसा के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। मुझे विश्वास है कि दिल्ली पुलिस उचित कार्रवाई करेगी। मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ होंगी।”

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

यह हमला सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी गहरी चिंता उत्पन्न करता है। मुख्यमंत्री आवास जैसी उच्च सुरक्षा वाली जगह पर इस तरह की सेंध आम नागरिक की सुरक्षा के दावे पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। यदि संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति भी अपने आधिकारिक निवास में सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति क्या होगी, यह सोचने वाली बात है।

लोकतंत्र पर खतरे की घंटी

विशेषज्ञों का मानना है कि जनसुनवाई लोकतंत्र की आत्मा है, जहां जनता की आवाज सीधे सरकार तक पहुँचती है। लेकिन जब इसी मंच पर हिंसा की घटनाएँ घटती हैं, तो यह लोकतांत्रिक संवाद की विश्वसनीयता पर संकट खड़ा करता है। यह घटना न केवल वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करती है, बल्कि नागरिक समाज को भी यह संदेश देती है कि असहमति का रास्ता हिंसा नहीं हो सकता।

समस्तीपुर में पूर्व यूथ आरजेडी जिलाध्यक्ष अमरेश राय के घर पर हथियारबंद हमला, फायरिंग से फैली दहशत

समस्तीपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बिहार में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के रमैया गांव में मंगलवार की देर रात 20 से 25 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने यूथ आरजेडी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं उजियारपुर लोकसभा से प्रत्याशी रहे अमरेश राय के घर पर जानलेवा हमला कर दिया।

हमलावरों ने घर पर जमकर फायरिंग की, सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और बाहर खड़ी स्कॉर्पियो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अमरेश राय ने बताया कि इस हमले में इलाके के ही एक कुख्यात आपराधिक परिवार का हाथ है, जो 1988 में उनके पिता की हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है। बताया जा रहा है कि इसी परिवार के कुछ लोगों ने बाहरी अपराधियों के साथ मिलकर हमला किया।

फायरिंग की आवाज सुनकर अमरेश राय घर के भीतर छुप गए, जिससे उनकी जान बच सकी। करीब 15 मिनट तक बदमाश इलाके में दहशत फैलाने के बाद आराम से फरार हो गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया है।

अमरेश राय ने कहा कि उनकी और उनके परिवार की जान को खतरा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा देने और हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि अमरेश राय ने 2024 लोकसभा चुनाव में आरजेडी से अलग होकर उजियारपुर सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। हालांकि चुनाव के बाद वे दोबारा आरजेडी की गतिविधियों में सक्रिय हो गए हैं और अक्सर तेजस्वी यादव के कार्यक्रमों में मंच पर नजर आते हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी का गया की दौरा, करेंगे 1,200 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)बिहार में विधानसभा चुनावी सरगर्मी तेज होती जा रही है। निर्वाचन आयोग कभी भी चुनाव की घोषणा कर सकता है। ऐसे में सियासत और विकास योजनाओं की हलचल अपने चरम पर है।

इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को गयाजी जिले का दौरा करेंगे। इस दौरान वे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने हाल ही में गयाजी जाकर तैयारियों का जायजा लिया था। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सम्राट चौधरी ने लिखा –
“विकास की सौगात लेकर मोदी जी फिर बिहार आ रहे हैं। प्रधानमंत्री 22 अगस्त को गयाजी आ रहे हैं।’’

सम्राट चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी गंगा नदी पर बने बिहार के पहले छह लेन वाले पुल समेत लगभग 1,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए लिखा कि, “मैं आप सभी से देश के सबसे लोकप्रिय नेता मोदी जी को सुनने के लिए गयाजी आने का आग्रह करता हूं।’’

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल से अब तक बिहार में मोतिहारी, सीवान, मधुबनी और पटना का दौरा किया है। लगातार दौरों के चलते इसे चुनाव से पहले बिहार में भाजपा की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

निजी स्कूल शिक्षक की सड़क हादसे में मौत

अमेठी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)।जिले के जायस थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक निजी स्कूल शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना सिटी पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 42 वर्षीय विवेक कुमार शुक्ला के रूप में हुई है, जो बघेल के चक भूर गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्ला अपने ससुराल कृष्णा नगर से घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में शुक्ला के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दुर्घटना की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।