Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 792

जिलाधिकारी ने पुराने बस अड्डे एवं निर्माणाधीन सैटेलाइट बस अड्डे का किया निरीक्षण‎


‎शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा )
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को पुराने बस अड्डे एवं सैटेलाइट बस अड्डे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुराने बस अड्डे के सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्यदाई संस्था के अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बस अड्डे के सौंदर्यीकरण में जनपद के गौरव, तीनों अमर शहीदों के नाम अंकित किए जाएं तथा उनके चित्र भी प्रमुख स्थान पर बनाए जाएं, जिससे आने-जाने वाले यात्री और नागरिक शहीदों की शौर्यगाथा से परिचित हो सकें। उन्होंने बस अड्डे पर लगाए गए सोलर सिस्टम और एसी की कार्यप्रणाली की जानकारी विस्तार से प्राप्त की और अधिकारियों से उनके सुचारु संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही पुराने बस अड्डा परिसर में चल रहे फिनिशिंग एवं फर्श निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य किसी भी स्थिति में 25 अगस्त तक पूर्ण कर लिया जाए।
‎इसके अतिरिक्त, उन्होंने बस अड्डे के सामने पड़ी खाली भूमि को व्यवस्थित कर इंटरलॉकिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप और सैटेलाइट बस अड्डे पर चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि रोडवेज का पुराना बस अड्डा, वर्कशॉप और सैटेलाइट बस अड्डे पर चल रहे सभी कार्य 15 सितंबर से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण होने पर उद्घाटन कराकर इसे जनता की सेवा में समर्पित किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से बसों के संचालन में अधिक सुगमता आएगी और शहर के भीतर ट्रैफिक व्यवस्था भी काफी हद तक सुचारु एवं सरल हो जाएगी। जिससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गाँधी की जयंती को सद्भावना दिवस के रूप मनाया गया

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा )
बुधवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश तिवारी एवं महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद के संयुक्त नेतृत्व में, भारत रत्न पूर्व युवा प्रधानमंत्री स्व0 राजीव गांधी का 81वाॅ जयन्ती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हुए जिला अस्पताल गोरखपुर में भर्ती मरीजों को फल वितरित किया गया। इसके उपरान्त इन्दिरा तिराहा गोलघर में रक्तदान शिविर लगाकर रक्तकोष प्रभारी डा0 प्रशान्त अस्थाना, पी0आर0ओ0 राकेश मिश्रा, गीता देवी, महेन्द्र यादव, उमेश यादव, योगेन्द्र चैहान, डा0 घनश्याम पाण्डेय, जितेन्द्र मिश्रा, इश्तियाक अली, योगेश यादव की मौजूदगी में कांग्रेसजनों ने 17 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान प्रदेश सचिव दिलीप कुमार निषाद मुख्य रूप से मौजूद रहें।
इन्होंने किया रक्तदान – जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी, हिमांशुधर द्विवेदी, अभिमन्यू विश्वकर्मा, अजय मिश्रा, पानमती शर्मा, सुनीला सिंह, राकेश मिश्रा, राजेन्द्र यादव, राजकुमार मिश्रा, प्रवीण कुमार तिवारी, गया प्रसाद, उत्कर्ष पाण्डेय, ज्ञान प्रकाश पाण्डेय, बिन्देश्वरी प्रसाद, राजनाथ शुक्ला, सुनील निषाद, सचिन्द्र कुमार चतुर्वेदी।
जिलाध्यक्ष राजेश तिवारी एवं महानगर अध्यक्ष रवि प्रताप निषाद ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत के पूर्व युवा प्रधानमंत्री ने देश को अपने कार्यकाल में विश्व के शिखर पर ले जाने के लिए अनेकों योजनाओं जैसे- युवाओं को मतदान का अधिकार, डिजिटल क्रान्ति, मोबाइल एवं कम्प्यूटर की क्रान्ति, हरित क्रान्ति लाने जैसी अनेकों योजनाओं का शुभारम्भ किया था, जो आज भी देश में कारगर हैं। आज कांग्रेसजन उनके जन्मदिवस के अवसर को सद्भावना दिवस के रूप में मना रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री के आकस्मिक निधन से देश के विकास का पहिया थम सा गया है उनके जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेसजन उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
कार्यक्रम में सर्वश्री गोरखलाल श्रीवास्तव, डा0 सैयद जमाल अहमद, नवीन सिन्हा, सदानन्द पाण्डेय, जयन्त पाठक, महेन्द्रमोहन तिवारी, ज्ञान पाण्डेय, अजय कन्नौजिया, जयनरायन यादव, डा0 अविनाशपति त्रिपाठी, राकेश यादव, प्रभात चतुर्वेदी, आलोक शुक्ला, जयनरायन शुक्ला, बृजनरायन शर्मा, सुरेन्द्र पासवान, सतेन्द्र निषाद, राकेश मौर्या, सरवन पाण्डेय, अनवर हुसैन, गुलाम ताहिर, अभय सिंह, कालंजय राम त्रिपाठी, बालमुकुन्द चतुर्वेदी, हजारीलाल जायसवाल, रामसमुझ सांवरा, निर्मला वर्मा, हरिसेक त्रिपाठी, राजीव कुमार सिंह, सुहेल अंसारी, शैलेन्द्र बल्लव पाण्डेय, विजय राव, मोहम्मद अरशद, राजेश पाण्डेय, रामू कुशवाहा, किसमी कुमारी, संजय सिंह विशेन, आदि लोग भारी संख्या में उपस्थित रहे।

हाईकोर्ट से अब्बास अंसारी को बड़ी राहत, विधायक पद बहाल

प्रयागराज (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)माफिया से नेता बने दिवंगत मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर से पूर्व विधायक अब्बास अंसारी को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने मंगलवार को अंसारी की याचिका स्वीकार करते हुए मऊ स्थित एमपी/एमएलए स्पेशल कोर्ट द्वारा सुनाई गई दो साल की जेल की सजा को रद्द कर दिया। इसके साथ ही अब उनकी विधानसभा सदस्यता बहाल हो गई है और मऊ सदर सीट पर प्रस्तावित उपचुनाव की संभावना भी खत्म हो गई।

मामला क्या था

मऊ की एमपी/एमएलए कोर्ट ने 31 मई 2025 को अब्बास अंसारी को 2022 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए भड़काऊ भाषण मामले में दोषी करार देते हुए दो साल कैद और 3,000 रुपये जुर्माना लगाया था। इस सजा के आधार पर 1 जून 2025 को उनका विधायक पद स्वतः समाप्त हो गया था।

निचली अदालत से हाईकोर्ट तक की लड़ाई

अब्बास अंसारी ने इस फैसले को चुनौती दी थी, लेकिन 5 जुलाई को मऊ के जिला न्यायाधीश ने उनकी अपील खारिज कर दी। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
30 जुलाई को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जो आज सुनाया गया।

दोनों पक्षों की दलीलें

अब्बास अंसारी की ओर से अधिवक्ता उपेंद्र उपाध्याय ने पैरवी की।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से महाधिवक्ता अजय कुमार मिश्रा और अतिरिक्त महाधिवक्ता एमसी चतुर्वेदी ने जोरदार विरोध करते हुए किसी भी तरह की राहत न देने की मांग की।

राजनीतिक महत्व

हाईकोर्ट के इस फैसले से अब्बास अंसारी की विधानसभा सदस्यता बहाल हो गई है। मऊ की राजनीति में अंसारी परिवार का दशकों से दबदबा रहा है। ऐसे में यह फैसला मऊ की राजनीतिक तस्वीर पर गहरा असर डालने वाला माना जा रहा है।

डॉ० राम मनोहर लोहिया पीजी कालेज में एक दिवसीय साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित

महाराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। राममनोहर लोहिया पीजी कॉलेज में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में एक दिवसीय साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर साइबर सेल के हेड कांस्टेबल संजय यादव ने साइबर क्राइम अपराध के विषय पर विस्तार से चर्चा किया। उन्होंने साइबर क्राइम अपराध से बचने की जानकारी देते हुए कहा कि किसी के बहकावे में न आये। मोबाइल पर किसी भी व्यक्ति को कोई सूचना नहीं दे और कोई आपसे किसी प्रकार की बैंक तथा किसी प्रकार की जानकारी मांगे तो उसके बहकावे में न आये, इसकी सूचना संबंधित स्थानीय थाने को दें।साइबर अपराध से सतर्कता ही बचाव है। इस दौरान शिक्षक महेंद्र कुमार, अंगद यादव ,सर्वेश मिश्रा, सुनील कुमार यादव, प्रियंका शर्मा, गुलशन, निर्मला शर्मा, सुखराम सिंह,शिवम् कुमार पाण्डेय, कार्यक्रम अधिकारी विमल कुमार यादव, सहित छात्र- छात्राएं मौजूद रहें।

लम्पी से बचाव को लेकर जिलाधिकारी ने की किसानों से अपील

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा )
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को लम्पी स्किन डिज़ीज़ (एलएसडी) से बचाने के लिए सतर्क रहें और समय पर टीकाकरण अवश्य कराएँ। उन्होंने बताया कि यह बीमारी मुख्यतः गाय और बैलों में होती है, जिसमें पशुओं की त्वचा पर गांठें निकल आती हैं, बुखार आता है, दूध उत्पादन घट जाता है और पशु कमजोर हो जाता है।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध कराई गई है और जिले में टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया है। पशुपालन विभाग की टीमें गाँव-गाँव जाकर टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम चला रही हैं।

उन्होंने किसानों से कहा कि जिन पशुओं में लम्पी के लक्षण दिखाई दें उन्हें तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग रखें और मच्छरदानी के अंदर सुरक्षित करें, ताकि संक्रमण न फैले। पशुशालाओं की नियमित सफाई एवं मच्छर-मक्खी नियंत्रण के लिए दवा का छिड़काव जरूरी है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस बीमारी में एंटीबायोटिक दवाओं का प्रयोग न करें, क्योंकि इससे पशुओं के लिवर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बुखार होने पर केवल बुखार की दवा दी जा सकती है। आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयाँ उपयोगी हो सकती हैं। घाव पूरी तरह सूखने में 15 दिन से एक माह का समय लगता है। बार-बार डॉक्टर बदलने से बचने की भी सलाह दी गई।

उन्होंने कहा कि दवाइयाँ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और पशुपालकों को समय पर उपलब्ध कराई जाएंगी। किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जागरूक रहकर टीकाकरण कराना चाहिए। किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी पशु चिकित्सक से संपर्क करें।

छत की छज्जा के साथ नीचे गिरा अधेड़, मृत्यु

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। ग्राम पंचायत बरवांराजा बरईपट्टी में सुबह आठ बजे मकान की छत पर चढ़ा एक अधेड़ छज्जा टूटने से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों के सहयोग से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए निकले ही थे कि रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त समाचार के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवांराजा बरई पट्टी निवासी शंभू नाथ प्रजापति सुबह किसी जरुरी कार्य से अपने मकान की छत पर चढ़े थे। इसी दौरान छत का छज्जा टूट गया और वह मलबे के साथ नीचे गिर गए। घटना में शंभू गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने उन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उनको लेकर बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए निकले ही थे कि कुछ दूर जाने के बाद रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। शंभूनाथ के मृत्यु की सूचना उनके बेटे परशुराम ने बागापार चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
इस संबंध में बागापार चौकी प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच की जा रही है।

28 अगस्त को होगी बरडीहा दल मठ की भूमि एवं पेड़ों की नीलामी

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया की अध्यक्षता वाली नीलामी समिति के अध्यक्ष ओमवीर सिंह ने बताया कि श्री पशुपति नाथ गुद्दर बाबा मठ बरडीहा दल के अंतर्गत कृषि योग्य भूमि एवं पेड़ों की नीलामी आगामी 28 अगस्त 2025 को अपराह्न 1:30 बजे दीवानी न्यायालय परिसर स्थित दस कक्षीय भवन के केंद्रीय सभागार कक्ष में आयोजित की जाएगी। यह नीलामी समिति (जजी) की देखरेख में सम्पन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित तिथियों 11 अप्रैल, 16 मई एवं 5 जुलाई 2025 को भूमि की नीलामी तथा 2 मई, 16 जून एवं 14 जुलाई 2025 को पेड़ों की नीलामी आयोजित की जानी थी, किंतु विभिन्न कारणों से सम्पन्न नहीं हो सकी। अब वित्तीय वर्ष 2025-26 की रबी फसल हेतु भूमि तथा पेड़ों की नीलामी एक साथ कराई जाएगी। भूमि नीलामी में मठ बरडीहा दल के अंतर्गत मौजा बरडीहा दल की 21.138 हेक्टेयर, मौजा अहिरौली की 2.302 हेक्टेयर तथा मौजा डम्बरपुर की 3.533 हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि शामिल होगी। यह नीलामी केवल रबी की एक फसली अवधि के लिए होगी। इसी प्रकार, पेड़ों की नीलामी में मठ क्षेत्रांतर्गत मौजा बरडीहा दल बाग का 1 हरा गिरा साखू का पेड़, मौजा डम्बरपुर बाग का 1 महुआ का गिरा सुखा पेड़ तथा 2 आम के गिरे सुखे पेड़, कुल 4 पेड़ शामिल होंगे। इनकी नीलामी, जिला प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग देवरिया द्वारा आंकी गई ₹34,699/- की आधार धनराशि से प्रारंभ होगी।अध्यक्ष, नीलामी समिति ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति निर्धारित शर्तों के अधीन उक्त नीलामी में भाग ले सकते हैं।

किसानों को मिलेगा तोरिया का निःशुल्क बीज मिनीकिट

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने बताया कि तोरिया का निःशुल्क बीज मिनीकिट किसानों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद देवरिया को 25 क्विंटल का लक्ष्य मिला है। पंजीकृत किसान पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in पर 31 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। अधिक आवेदन होने पर लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी से होगा और चयनित किसानों को पीओएस मशीन से बीज वितरित किया जाएगा।

गोसाईपुर में दो पक्षों में मारपीट, दोनों ओर से दो महिलाएं घायल

सिकन्दरपुर /बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। लाठी-डंडे चलने से 18 वर्षीय शारदा कुमारी पुत्री विमल राम और 32 वर्षीय लालसा देवी पत्नी ललन राम घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने दोनों को घायलावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।

डीएम ने किया राजकीय पशु चिकित्सालय का निरीक्षण, दिया निर्देश

निर्माण कार्य में विलंब को लेकर कार्यदाई संस्था को फटकारा

परिसर में गन्दगी पर जताया असंतोष, सफाई का दिया निर्देश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा राजकीय पशु चिकित्सालय सदर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने भवन के निर्माण में विलंब होने पर नाराजगी व्यक्त की और कड़ा निर्देश देते हुए एक माह के भीतर कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच हेतु एक्सईएन पीडब्ल्यूडी की अध्यक्षता में तकनीकी जांच समिति गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देशित किया कि समस्त कार्य गुणवत्तापूर्ण हो, इसको सुनिश्चित करें।
उन्होंने ने परिसर में मौजूद जर्जर भवनों को निष्प्रयोज्य घोषित कराकर ध्वस्तीकरण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने परिसर में जल–जमाव पर नाराजगी व्यक्त करते हुए परिसर में मौजूद मलबे से भराव कराने का निर्देश दिया। सम्पूर्ण परिसर की साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने परिसर में मौजूद निष्प्रयोज्य वस्तुओं की नीलामी करवाने के लिए कहा, ताकि परिसर को स्वच्छ किया जा सके। उन्होंने श्रमदान करवाते हुए परिसर की साफ-सफाई हेतु सीवीओ को निर्देशित किया।उपस्थिति पंजिका और ओपीडी पंजिका को भी देखा। उन्होंने कहा कि ओपीडी में वृद्धि करें। पशु टीकाकरण को तेज करें और सुनिश्चित करें कि पशु चिकित्सालय में पशुओं को बेहतर इलाज प्राप्त हो। सीवीओ को निर्माण कार्य की प्रगति से नियमित तौर पर अवगत कराने का निर्देश दिया।
राजकीय पशु चिकित्सालय का निर्माण 69.11 लाख की लागत से यूपी सीएल डीएफ द्वारा किया जा रहा है। आगणन के अनुसार पशु चिकित्सालय, ट्रेविस, बाउंड्री वॉल और शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। पशु चिकित्सालय का कार्य पूर्ण है।
इस दौरान निरीक्षण के दौरान सीवीओ डा. हौसला प्रसाद, सहायक अभियंता अमित राज गुप्ता सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहें।

पेड़ की डाली गिरने से किशोर गंभीर रूप से घायल

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। हरदिया जमीन ग्रामसभा के चौमुखा मौजा अंतर्गत बघुड़ी-देवकली मार्ग स्थित मिशन स्कूल के पास बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े पेड़ की भारी डाली अचानक टूटकर साइकिल से गुजर रहे किशोर पर गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान 18 वर्षिय आकाश राजभर पुत्र गुड्डू राजभर निवासी हरदिया जमीन के रूप में हुई है। आकाश साइकिल से मालदह किसी कार्य से जा रहा था। मिशन स्कूल के पास पहुंचते ही पेड़ की डाली टूटकर उसके सिर और कंधे पर गिर गई। डाली की चपेट में आने से आकाश मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकन्दरपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार किशोर के सिर, कंधे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल आकाश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी से परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

वाराणसी मंडल पर मनाया गयासद्भावना दिवस

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा) पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर 20 अगस्त,2025 को सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के मुख्य द्वार पर वाराणसी मंडल पर कार्यरत कर्मचारियों/अधिकारियों को सद्भावना दिवस के उपलक्ष्य में शपथ दिलाई कि वे अपने कार्यक्षेत्र में जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किये बिना सभी भारत वासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिये कार्य करेंगे। इसके साथ ही रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यह भी शपथ ली कि सभी प्रकार के मतभेद बिना हिंसा का सहारा लिए बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाएँगे।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक(आपरेशन) राजेश कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा) अजय सिंह,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान,वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर रजत प्रिय,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(समाडि) अभिनव पाठक,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(ईं.एन.एच.एम) अभिषेक राय,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अजय प्रताप सिंह,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(सामान्य) पंकज केशरवानी, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(कर्षण) आर एन सिंह,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर II यशवीर सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी(इंचार्ज) अभिनव सिंह,समेत सभी विभागाध्यक्षों एवं कर्मचारियों को सद्भावना निम्न शपथ की दिलायी गयी। “मैं प्रतिज्ञा करता/करती हूँ कि मैं जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए कार्य करूंगा / करूंगी। मैं पुनः प्रतिज्ञा करता/करती हूँ कि मैं हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेद बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाऊंगा / सुलझाऊंगी।”
इसके पूर्व मंडल कार्मिक अधिकारी(इंचार्ज) अभिनव सिंह ने बताया की भारत में हर वर्ष 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में सद्भावना दिवस मनाया जाता है । ‘सद्भावना दिवस’ का उद्देश्य सभी धर्मों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोगों के बीच राष्ट्रीय अखंडता और सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ाना है।

हादसे के बाद सड़क पर स्कूटी-बाइक ने काटे ऐसे चक्कर कि सोशल मीडिया पर वायरल हो गया वीडियो

सोशल मीडिया पर एक अजीबोगरीब वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर हादसे के बाद स्कूटी और बाइक अनियंत्रित होकर इस तरह घूमते नजर आते हैं मानो आतिशबाज़ी की चकरी जल गई हो।

रात के समय शूट किए गए इस वीडियो में अचानक सड़क के बीचों-बीच धुआं और चिंगारियां उठती दिखाई देती हैं, वहीं स्कूटी और बाइक गोल-गोल घूमते हुए तमाशा सा बना देती हैं। इसे देखकर राहगीर भी हैरान रह जाते हैं।

वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोग मजेदार कमेंट कर रहे हैं। किसी ने इसे “रोड पर फुलझड़ी” बताया तो किसी ने लिखा, “स्कूटी बनी चकरी 2.0।”
हालांकि कई यूजर्स इसे हादसे की गंभीरता से जोड़ते हुए सावधानी बरतने की सलाह भी दे रहे हैं।

डीएम ने पैडलेगंज गुरुद्वारा का किया निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सीएम गुरुद्वारा पैडलेगंज का 24 को करेंगे लोकार्पण

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा )
पैडलेगंज गुरुद्वारा 24 अगस्त रविवार को मुख्यमंत्री के संभावित लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा अपने सहयोगी एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव के साथ गुरुद्वारा कमेटी के अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों के साथ पैडलेगंज गुरुद्वारा का सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर, अपने सहयोगियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जारी धार्मिक स्थानों के सुंदरीकरण योजना के क्रम में मुख्यमंत्री के सहयोग से महानगर के गुरुद्वारा पैडलेगंज का दो करोड़ों चौतीस लाख उन्हतर हजार के लागत से सुंदरीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है। इसका लोकार्पण 24 अगस्त को श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के प्रकाशपर्व के दिन मुख्यमंत्री के हाथों से गुरुद्वारा साहिब के नवीन भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इस दौरान गुरुद्वारा पैडलेगंज के अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह नीलू, जटाशंकर के अध्यक्ष जसपाल सिंह, उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू, हरप्रीत सिंह साहनी, जोगेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह, तेजिंदर सिंह, गगनप्रीत सिंह, जसबीर सिंह कंवल आदि मौजूद रहे।