गोंदिया (राष्ट्र की परम्परा)l अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आक्रामक टैरिफ नीतियों ने वैश्विक व्यापार संतुलन को हिला दिया है। इसके बीच एशिया में रूस-चीन-भारत (आरसीआई) का नया त्रिकोण उभरता दिखाई दे रहा है। हाल ही में चीनी विदेश मंत्री का भारत दौरा, भारतीय विदेश मंत्री की मॉस्को यात्रा और प्रधानमंत्री के बीजिंग दौरे की संभावनाएँ इस त्रिकोण को मजबूत आधार देती हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और यूरोप पर अत्यधिक निर्भरता से बचने के लिए भारत अब बहुस्तरीय साझेदारी की ओर बढ़ रहा है। वहीं, चीन अमेरिकी व्यापार युद्ध से निकलने और रूस पश्चिमी प्रतिबंधों से उबरने के लिए एशियाई सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं।अगर यह गठबंधन आकार लेता है तो यह न केवल अमेरिका के टैरिफ वार का जवाब होगा बल्कि बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की नई धुरी बन सकता है।
सलेमपुर/देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)l स्थानीय थाना क्षेत्र के धनौती राय गांव निवासी विमली देवी पत्नी दशरथ प्रसाद ने अपनी पुत्री संध्या के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वादिनी का कहना है कि उनकी बेटी की शादी बड़े ही धूमधाम से की गई थी, लेकिन विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि सूरज कुमार पुत्र जितेंद्र प्रसाद, उसके पिता जितेंद्र प्रसाद तथा सूरज की माता , निवासी जमुआ नंबर 1, आए दिन संध्या को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। वादिनी का कहना है कि हाल ही में ससुराल वालों ने संध्या को बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी।
विमली देवी ने बताया कि प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों पर शीघ्र ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दहेज उत्पीड़न की यह समस्या ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सामने आती रहती है, जिससे पीड़ित परिवारों को मानसिक और सामाजिक दोनों ही तरह से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह के अंतर्गत आयोजित दीक्षोत्सव सप्ताह के तहत विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा गोद लिये गए पांच गांवों भौवापर, व्यवहरिया, खड़राइच, रक्षवापार एवं मुडियारी खुर्द — के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों के मध्य फाइनल स्तर की प्रतियोगिताएँ आज महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ शोध केंद्र में संपन्न हुईं। कार्यक्रम में कुल 95 विद्यार्थियों ने भाषण, चित्रकला, कहानी कथन, देशभक्ति गीत गायन एवं अभिनय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिताएँ 13 से 15 अगस्त के मध्य विद्यालय परिसरों में आयोजित की गई थीं, जिनके आधार पर चयनित प्रतिभागियों ने द्वितीय एवं फाइनल स्तर में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित की। प्रतियोगिता दो सत्रों में संपन्न हुई। प्रथम सत्र में भाषण तथा देशभक्ति गीत गायन एवं अभिनय प्रतियोगिता आयोजित हुई। भाषण प्रतियोगिता का विशेष महत्व रहा, क्योंकि इसके विजेता को दीक्षांत समारोह के मुख्य मंच पर प्रस्तुति का अवसर प्राप्त होगा। इस चरण में कुल चार प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिनमें से अंतिम विजेता का चयन पुनः प्रतियोगिता के आधार पर किया जाएगा। द्वितीय सत्र में चित्रकला एवं कहानी कथन प्रतियोगिताएँ आयोजित हुईं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय को भावविभोर कर दिया। प्रतियोगिताओं के परिणाम कल घोषित किए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करती हैं, बल्कि आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास में भी सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन कार्यक्रमों की प्रेरणा विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से प्राप्त हुई है, जिनके मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय सामुदायिक सहभागिता की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम में दीक्षांत समारोह अनुश्रवण समिति की अध्यक्ष प्रो. नंदिता सिंह तथा अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे विशिष्ट रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों का स्वागत संयोजक प्रो. दिव्या रानी सिंह ने किया तथा कार्यक्रम का संचालन डॉ. सत्यपाल सिंह ने किया। इस अवसर पर महायोगी गुरु श्री गोरक्षनाथ शोध केंद्र के उपनिदेशक डॉ. कुशलनाथ मिश्रा, डॉ. सोनम सिंह, डॉ. हर्षवर्धन सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. स्मृतिमल्ल, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. हर्ष देव वर्मा, डॉ. कुसुम रावत, डॉ. प्रदीप रजवारिया, डॉ. पवन कुमार, डॉ. श्री प्रकाश सिंह, डॉ. नूपुर सिंह, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. सुशील कुमार सिंह, डॉ. सुमन कनौजिया सहित विश्वविद्यालय एवं पिपराइच ब्लॉक के कई शिक्षक व सहयोगी उपस्थित रहे।
गोरखपुर (राष्ट्र को परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रौद्योगिकी एवं अभियंत्रण संस्थान में गुरुवार को “सतत विकास हेतु अभियंत्रण एवं प्रौद्योगिकी में नवीन प्रगति” विषय पर तकनीकी पोस्टर प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह सप्ताह के अंतर्गत इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने न्यूरोमॉर्फिक कम्प्यूटिंग, आईओटी आधारित स्वास्थ्य एवं कृषि निगरानी प्रणाली, नई पीढ़ी की न्यून ऊर्जा उपभोगी वी.एल.एस.आई परिपथ रूपांकन, प्रकाश तंतु प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न शोध एवं नवाचार विषयों पर अपने पोस्टर प्रस्तुत किए। कुल 30 छात्रों ने अपने शोधपरक पोस्टरों के माध्यम से सतत विकास की दिशा में अभियंत्रण एवं प्रौद्योगिकी के नवीन आयामों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। छात्रों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन प्रो. मनीष मिश्रा एवं प्रो. उमेश यादव ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर-इंचार्ज प्रो. सुग्रीव नाथ तिवारी ने विशेषज्ञों का स्वागत करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के संयोजक डॉ. नरेंद्र यादव (समन्वयक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियंत्रण) रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में संकायाध्यक्ष प्रो. हिमांशु पांडेय का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियंत्रण समन्वयक डॉ. राजीव रंजन कुमार त्रिपाठी, यांत्रिक अभियंत्रण समन्वयक डॉ. राहुल कुमार तथा संकाय सदस्यों डॉ. सुयभान प्रताप, डॉ. शगुन पाल, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. आलोक कुमार पटेल आदि ने विशेष योगदान दिया।
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को विकास भवन स्थित सभी कार्यालयों, पटलों और अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पत्रावलियों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, कार्यालय की साफ-सफाई और जनसामान्य से जुड़े कार्यों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए उनके वेतन को अग्रिम आदेश तक रोके जाने का निर्देश दिया। अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों में कृषि, पंचायत राज, अर्थ एवं संख्यिकी, ग्रामीण अभियंत्रण, अल्पसंख्यक कल्याण, समाज कल्याण, लघु सिंचाई, युवा कल्याण, पर्यटन सहित कई विभागों के नाम शामिल हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर स्पष्ट आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही आदेश दिया कि बिना प्रमाणित उपस्थिति पंजिकाओं का तुरंत प्रमाणीकरण कराया जाए। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई अधिकारियों ने छुट्टी या टूर का उल्लेख किया है, लेकिन उनकी आख्या उपलब्ध नहीं कराई गई। जिलाधिकारी ने ऐसे सभी मामलों में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कार्यालय परिसर की स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। कृषि विभाग के आरओ बेसिन की गंदगी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यालय के बाहर मरम्मत कार्य के चलते साफ-सफाई न होने पर कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही विकास भवन की रंगाई-पुताई व मरम्मत की आवश्यकता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी को चार दिन में डीपीआर/स्टीमेट बनाकर प्रस्तुत करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभागों को कार्यालय व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सख्त निर्देश दिए।
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरियारपुर पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाराडीह पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप बोलेरो (संख्या UP 57T 7233) को रोककर उसमें भरे सात गोवंशीय पशुओं को बरामद किया।वाहन से मौके पर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सतेन्द्र यादव पुत्र रामअवतार यादव निवासी ग्राम मुसैला थाना खुखुन्दु तथा प्रदीप यादव पुत्र रामप्रवेश यादव निवासी ग्राम बंगरा समरगंज थाना खामपार जनपद देवरिया के रूप में हुई।बरामद पिकअप व गोवंशीय पशुओं को कब्जे में लेकर थाना बरियारपुर में मुकदमा अपराध संख्या 261/2025 धारा 3/5ए/8 गौ हत्या निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक छोटेलाल, आरक्षी आलोक चौहान, पवन पाल, रविकान्त राजभर व राकेश यादव शामिल रहे।
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)l जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जिला प्रोबेशन कार्यालय द्वारा मंगलवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, रविन्द्रनगर धूस के सभागार कक्ष में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में बीते तीन दिनों के भीतर जन्मी 28 कन्याओं का जन्मदिन केक काटकर मनाया गया। इस अवसर पर सभी नवजात शिशुओं की माताओं – श्रीमती उमरावती, श्रीमती नजुमा, श्रीमती शाजीदा, श्रीमती शोना, श्रीमती खुशबु, श्रीमती निधि, श्रीमती नेहा शर्मा, श्रीमती प्रवीना, श्रीमती मंजू, श्रीमती इसरत, श्रीमती मिन्ता, श्रीमती संध्या, श्रीमती पिंकी, श्रीमती गीतिका, श्रीमती उर्मिला, श्रीमती जैमुल खातून, श्रीमती नुरतास, श्रीमती पुष्पा, श्रीमती संजु, श्रीमती आंचल, श्रीमती गीता, श्रीमती रबिना, श्रीमती लालती, श्रीमती सुमन्ती पटेल, श्रीमती अंजली, श्रीमती निधि, श्रीमती रिन्की एवं श्रीमती फैरून निशा को मिष्ठान, अंगवस्त्र, बेबी किट, हल्दी पैकेट, गुड़िया, चॉकलेट आदि उपहार प्रदान किए गए।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं – मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), वुमेन हेल्पलाइन (1090), आपातकालीन नंबर 112, 108 एवं 102 आदि के बारे में जानकारी दी गई तथा संबंधित पम्पलेट वितरित किए गए। माताओं को कन्या सुमंगला योजना हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई और पात्र कन्याओं का फार्म भरवाने का अनुरोध किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिलीप कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती प्रीति सिंह एवं बन्दना कुशवाहा सहित नवजात बच्चियों के परिजन, नर्सिंग स्टाफ और आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध सभी राजकीय, अनुदानित व स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2025-26 हेतु नियमित व स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों (स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा व सर्टिफिकेट कोर्स) के विषम सेमेस्टर (प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर) का पंजीकरण व परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ा दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पूर्व निर्धारित तिथि 20 अगस्त 2025 तक शुल्क जमा करने का समय था। कुलपति के आदेश पर अब यह तिथि बढ़ाकर 30 अगस्त 2025 कर दी गई है। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय पोर्टल पर स्वयं के लॉगिन से शुल्क जमा करना होगा। संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र अपने-अपने महाविद्यालय से प्राप्त लॉगिन पासवर्ड का उपयोग करेंगे। उन्होंने सभी छात्रों से समय से पंजीकरण व परीक्षा शुल्क जमा करने की अपील की है।
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा) पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लार पुलिस को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। थाना लार पुलिस ने मेहरौना चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से पंजाब निर्मित 450 पेटी रॉयल स्टेग अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है।अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर दीपक शुक्ल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब से भरा ट्रक गुजरने वाला है। उसी आधार पर चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP 25BT 9727 को रोका गया।पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से 3949.2 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान डबलू कुमार और अमन कुमार, दोनों निवासी जनपद मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना लार में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।बरामदगी का ब्योरा 280 पेटी रॉयल स्टेग (180 एमएल, कुल 2419.2 लीटर) 170 पेटी रॉयल स्टेग (375 एमएल, कुल 1530 लीटर)ट्रक वाहन संख्या UP 25BT 9727गिरफ्तार करने वाली टीम प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार बाजपेयी, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार मिश्र, हे.का. रविन्द्र चौहान, हे.का. राजकुमार सरोज, हे.का. शशिकान्त यादव, का. प्रकाशपति गौतम व का. मिठाईलाल यादव शामिल रहे।
संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद में आयोजित तीन दिवसीय प्रथम एवं द्वितीय सोपान स्काउट गाइड शिविर का भव्य समापन हुआ। यह शिविर 18 से 20 अगस्त तक चला, जिसमें छात्राओं ने अनुशासन, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट गाइड प्रार्थना से हुई। इसके बाद छात्राओं ने टेंट निर्माण, बिना बर्तन के भोजन (लिट्टी-चोखा) एवं विभिन्न गैजेट्स तैयार कर अपनी कला और कौशल का प्रदर्शन किया। टेंट प्रतियोगिता में सावित्रीबाई फुले टोली प्रथम, अहिल्याबाई टोली द्वितीय और रानी लक्ष्मीबाई टोली तृतीय स्थान पर रही। मुख्य अतिथि एवं निर्णायकों ने टेंट और प्रस्तुत व्यंजनों का निरीक्षण किया तथा छात्राओं की सराहना की। मुख्य अतिथि का स्वागत स्कार्फ पहनाकर व बुके भेंट कर किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया। छात्राओं ने विशेष तालियों का प्रदर्शन कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जीवन में आत्मनिर्भरता और टीम भावना विकसित करने में सहायक होते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी ने सभी अतिथियों का स्वागत-अभिनंदन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संचालन जिला सचिव रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर विद्यालय की गाइड कैप्टन संध्या, शिक्षिकाएं रिचा श्रीवास्तव, सुनीता सिंह, शगुफ्ता परवीन, वंदना यादव, सविता, किरण बाला, सबीना, राजमनी सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा) कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अगस्त माह के किसान दिवस की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने की। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पिछले किसान दिवस में प्राप्त 13 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है। शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण से संतुष्टि जताते हुए कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।कृषकों ने बैठक में अपनी समस्याएं रखीं। धान के बीज बीपीटी-5204 में समय से पहले बाली निकलने की शिकायत पर उप कृषि निदेशक ने जानकारी दी कि जिले में 213 क्विंटल बीज 1222 किसानों को वितरित किया गया था, जिसमें से 123 किसानों ने शिकायत दर्ज कराई है। चिन्हित किसानों के खेतों का निरीक्षण कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।ग्राम समा अमवा बाजार की सहकारी समिति द्वारा यूरिया खाद वितरण में धांधली व कालाबाजारी की शिकायत भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोहर गुप्ता ने की, जिस पर जिला कृषि अधिकारी ने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया। कृषक राजेश कुशवाहा ने 800 पपीते के पौधों को आवारा पशुओं व नीलगायों द्वारा नष्ट किए जाने की शिकायत रखी, जिस पर मुख्य पशुचिकित्साधिकारी ने इसे उच्चाधिकारियों को प्रेषित करने की बात कही। वहीं, कृषक गिरीश राय ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन हेतु धनराशि जमा करने के बावजूद कनेक्शन नहीं मिला। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत ने कहा कि 10 एवं 16 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हैं, उपलब्ध होते ही कनेक्शन दिया जाएगा।बैठक में उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिले के लगभग 50 हजार किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराया है। उन्होंने किसानों से शीघ्र ई-केवाईसी कराने की अपील की। साथ ही जिन किसानों के खाते में भुगतान नहीं आ रहा है, वे एनपीसीआई बैंक से लिंकिंग कराएं अथवा नया खाता इडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खुलवाएं, जिससे समय पर योजना का लाभ मिल सके।इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, जल निगम ग्रामीण, सिंचाई खंड देवरिया, जिला समन्वयक फसल बीमा, उप दुग्ध विकास अधिकारी, नलकूप विभाग के सहायक अभियंता, विद्युत विभाग के अधिकारी, सिंचाई खंड प्रथम व द्वितीय के अधिशासी अभियंता, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, मृदा परीक्षण प्रयोगशाला अध्यक्ष समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।अंत में उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने सभी कृषकों व अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
मुम्बई (राष्ट्र की परम्परा ) विरार पूर्व के राय पांडा शिव साईं चाल बाघोबा नगर में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण कई घरों में पानी भर गया। नगर पालिका के अधिकारियों ने तत्काल कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू किया। प्रभात समिति के सी. गिल्सन के एक फोन कॉल पर रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कुल 100 से 150 घरों के परिवारों तक तुरंत खाने-पीने की सामग्री और जरूरी राहत सामग्री वितरित की गई। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और बीएमसी अधिकारी गिल्सन की तत्परता के कारण उन्हें समय पर मदद मिली। प्रभावित परिवारों ने बताया कि उन्हें और भी सहायता की जरूरत थी, जिसे अधिकारियों ने सुनिश्चित किया। स्थानीय निवासी राय पांडा शिव साईं चाल बाघोबा नगर विरार ने अधिकारियों और रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की और उनका धन्यवाद किया। पालघर से वरिष्ठ पत्रकार सुरेश जायसवाल की रिपोर्ट के अनुसार, बीएमसी की इस सक्रियता और स्थानीय प्रशासन की तत्परता ने इस आपदा में कई लोगों की जान और संपत्ति को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाई।
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)l राज्य पिछड़ा आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा की शिकायत पर कुशीनगर स्थित मदरसा अंजुमन इस्लामिया फैजुल उलूम धनौजी खुर्द, फाजिलनगर में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। जांच में पाया गया कि मदरसे के प्रबंधक ने कूटरचित दस्तावेज़ों के सहारे न केवल सरकारी धन का वर्षों से दोहन किया, बल्कि ग्रामसभा की बंजर ज़मीन पर कब्ज़ा कर भवन निर्माण भी कराया।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) द्वारा की गई जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए।मदरसा वर्ष 1996 से अनुदान पर संचालित हो रहा है, जबकि इसकी अपनी कोई जमीन नहीं है।राजस्व अभिलेखों से छेड़छाड़ कर मदरसे के कब्जे को वैध ठहराने का प्रयास किया गया।पत्रावली में बारकोडेड आदेश पत्रक प्रस्तुत किया गया, जिसकी जांच में स्पष्ट हुआ कि वह किसी अन्य वाद से संबंधित था।आदेश पत्रकों पर फर्जी फर्दकाम और न्यायालयीय हस्ताक्षर तक अंकित पाए गए। डिजिटल लॉग से यह भी खुलासा हुआ कि पीठासीन अधिकारी के स्थानांतरण के बाद बैकडेट में आदेश अपलोड किए गए।जांच में तहसीलदार कसया की वर्ष 2021 की आख्या में भी कूटरचना पाई गई। इसमें अलग हस्तलेख से लाभार्थी के पक्ष में टिप्पणी जोड़ी गई थी।जिलाधिकारी ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। तत्कालीन पेशकार को निलंबित कर दिया गया। मदरसा प्रबंधक सेराज अहमद तथा संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई।उप जिलाधिकारी कसया को आदेशित किया गया कि प्रकरण को दुरुस्त कर अवैध लाभ को रोका जाए।यह पूरा मामला बताता है कि कैसे मिलीभगत और कूटरचना के जरिए वर्षों से सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा था। अब दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में 44वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर आयोजित “दीक्षोत्सव” कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ‘तरंग’ की ओर से हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। दो दिनों तक चली इन प्रतियोगिताओं में कुल 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में महिमा गोस्वामी प्रथम और कुलदीप तिवारी द्वितीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में दीपक कुमार को प्रथम तथा शशिकांत तिवारी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। काव्य लेखन में मनीषा निषाद प्रथम और जय सिंह द्वितीय रहे। नृत्य प्रतियोगिता में मुस्कान चौहान ने प्रथम तथा खुशबू भारती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में उत्कर्ष पाण्डेय प्रथम और शाश्वत मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में अंशिका निषाद प्रथम तथा मोनिका पाल द्वितीय स्थान पर रहीं। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की निदेशक प्रो. ऊषा सिंह ने बताया कि सभी विजेताओं को 22 अगस्त को प्रातः 11:30 बजे नाथ पंथ शोधपीठ में सम्मानित किया जाएगा।
भाटपार रानी/देवरिया (राष्ट्र की परंपरा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के के तहत स्थानीय तहसील क्षेत्र के बेलपार पंडित स्थित शौर्य हॉस्पिटल पर स्व. डॉ. आरके दुबे की प्रथम पुण्यतिथि पर डॉ रामजीत सुशीला देवी संस्थान द्वारा रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं कार्यक्रम का प्रारंभ स्व0 डॉक्टर राजकिशोर दुबे के चित्र पर माल्यार्पण तथा पुष्प अर्पण कर गुरुकुलम प्लेवे के प्रबंधक लोकेश दुबे द्वारा किया गया तत्पश्चात अन्य सभी आगंतुकों ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए । इस दौरान पत्रकारों को अपना दल एस की जिला अध्यक्ष अंजू सिंह द्वारा कलम डायरी तथा साल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। जहां मुख्य रूप से कार्यक्रम के संयोजक लोकेश दुबे, अंजू सिंह, राम मूर्ति सिंह, कैप्टन द्विजेंद्र पांडेय, सनत पांडेय, अवधेश मणि, सचिता सिंह राणा, श्री राम तिवारी, अविनाश तिवारी, अन्नू मिश्रा, कमलेश तिवारी, दिलीप मिश्रा, रत्नेश यादव, बृजेंद्र नाथ तिवारी, बृजेश दुबे, सत्येंद्र पांडेय लोकेश पांडेय, सोमू मिश्रा, रंजय कुमार सहित यहां विश्व भोजपुरी सम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष सिद्धार्थ मणि त्रिपाठी , गिरिजेश मिश्र, अनिल मिश्रा, रवि प्रकाश मिश्र जी, छोटे भईया आदि मौजूद रहे।इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यक्रम के आयोजक तथा गुरुकुलम प्लेवे स्कूल के प्रबंधक लोकेश दुबे ने संबोधित करते हुए अपने पिता को स्मरण करते हुए भावुक नजर आए उनकी जिनके आंखों से आंसू छलक आए । लोकेश दुबे ने कहा कि डॉक्टर राजकिशोर दुबे के पद चिन्हो पर चलकर व्यक्ति सामाजिक कार्य में निरंतर प्रगति कर सकता है आने वाले दिनों में मैं पूरी कोशिश करूंगा कि उनके बताएं रास्ते पर चल सकू तथा एक स्वच्छ समाज का निर्माण हो सके ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता संजय न त्रिपाठी ने कहा कि डॉक्टर आर के दूबे एक सामाजिक व्यक्ति थे जिन्होंने निरंतर समाज को विकास के रास्ते पर लाने का प्रयास किया उनके बताए रास्तों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा होगी ।