Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 788

कश्मीर घाटी में रेल सेवाओं से आर्थिक पुनर्जागरण की ओर कदम

पर्यटक और कारोबारी दोनों होंगे लाभान्वित

श्रीनगर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) कश्मीर घाटी में वंदे भारत ट्रेन सेवा की शुरुआत ने जहाँ पर्यटन क्षेत्र में नई ऊर्जा भर दी है, वहीं अब दिल्ली से बडगाम तक मालगाड़ी सेवा शुरू करने के निर्णय ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई रफ़्तार देने का रास्ता खोल दिया है।

पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार, वंदे भारत ट्रेन सेवा के बाद से घाटी में पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। इसका सीधा लाभ होटलों, हाउसबोट्स, टैक्सी सेवाओं, स्थानीय बाजारों और कश्मीरी हस्तशिल्प उद्योग को हुआ है। इससे हजारों लोगों की आजीविका को सहारा मिला है और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था में नई जान फूंकी गई है।

अब मालगाड़ी सेवा की शुरुआत से किसानों, बागवानों, कारीगरों और व्यापारियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। कश्मीर की पहचान बने सेब, अखरोट, केसर, पश्मीना शॉल और कालीन जैसे उत्पाद अब तेज़ी से और कम लागत पर दिल्ली सहित अन्य महानगरों तक पहुँच सकेंगे। इससे न केवल उत्पादों की कीमतों को बेहतर बाज़ार मिलेगा, बल्कि उनकी वैश्विक पहुँच भी और मजबूत होगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि रेल सेवाएँ अब कश्मीर के लिए सिर्फ़ आवागमन का साधन नहीं रह गईं, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था के पुनर्जागरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सशक्त प्रतीक बनकर उभर रही हैं। आने वाले दिनों में इस कदम से घाटी की अर्थव्यवस्था को स्थायी मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

संसद का मानसून सत्र हंगामे के बीच अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 12 विधेयक पारित

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई, जिसके साथ ही 21 दिवसीय मानसून सत्र का समापन हो गया। सत्र के अंतिम दिन भी विपक्षी दलों ने बिहार एसआईआर और कथित वोट चोरी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

अठारहवीं लोकसभा का पांचवां सत्र 21 जुलाई से शुरू हुआ था। सत्र की शुरुआत से ही विपक्ष ने हंगामा किया, जिसके चलते कई बार कार्यवाही बाधित रही। हालांकि, 28 और 29 जुलाई को ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष चर्चा शांतिपूर्ण ढंग से हुई और प्रधानमंत्री ने इसका जवाब भी दिया।

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को स्थगित होने से पहले 12 विधेयक बिना चर्चा या संक्षिप्त चर्चा के साथ पारित किए गए। इनमें प्रमुख विधेयक शामिल हैं:

अनुसूचित जनजातियों के विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्समायोजन से संबंधित गोवा विधेयक 2025

मर्चेंट शिपिंग विधेयक 2025

राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक 2025

राष्ट्रीय एंटी-डोपिंग (संशोधन) विधेयक 2025

भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक 2025

ऑनलाइन खेल संवर्धन और विनियमन विधेयक 2025

इसके अलावा आयकर विधेयक, कराधान कानून (संशोधन), भारतीय बंदरगाह, खनिज एवं खनिज विकास (संशोधन) सहित अन्य विधेयक भी पारित हुए।

लोकसभा ने संविधान (130वां संशोधन) विधेयक 2025, संघ राज्य क्षेत्र शासन (संशोधन) विधेयक 2025 और जम्मू कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2025 को संसद की संयुक्त समिति (JPC) को भेजने का निर्णय लिया। इन विधेयकों में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक आरोपों की स्थिति में पद से हटाने का प्रावधान शामिल है।

लोकसभा अध्यक्ष ने सत्र के दौरान विपक्ष के लगातार हंगामे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि “सदन की कार्यवाही को नियोजित तरीके से बाधित करना लोकतंत्र और संसदीय मर्यादा के विपरीत है।”

आईसीसी की बड़ी चूक: रोहित-विराट का नाम वनडे रैंकिंग से गायब, हड़कंप मचने पर सुधारी गलती

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को एक बार फिर अपनी बड़ी गलती का खामियाजा भुगतना पड़ा है। बुधवार को जब आईसीसी ने नई वनडे रैंकिंग जारी की, तो उसमें भारत के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली का नाम ही नदारद था। यह देखकर क्रिकेट फैन्स हैरान रह गए और सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। मामला तूल पकड़ने पर आईसीसी ने तुरंत अपनी गलती स्वीकार की और नई सूची जारी कर दोनों खिलाड़ियों को उनका असली स्थान लौटा दिया।

शुभमन गिल नंबर-1 पर कायम

आईसीसी की ओर से जारी संशोधित रैंकिंग 19 अगस्त तक के प्रदर्शन पर आधारित है। इसमें भारत के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल 784 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम हैं। गिल पिछले कई महीनों से लगातार रन बना रहे हैं और उनकी बादशाहत बनी हुई है।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 756 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम 739 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 736 अंकों के साथ चौथे स्थान पर लौट आए हैं।

सोशल मीडिया पर गुस्सा आईसीसी की शुरुआती सूची में रोहित और विराट का नाम टॉप-100 से भी बाहर दिखाया गया था। जबकि दोनों खिलाड़ी फिलहाल वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं और हालिया प्रदर्शन भी शानदार रहा है। इस गलती को लेकर सोशल मीडिया पर फैन्स ने आईसीसी की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। कई फैंस ने इसे “क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी रैंकिंग गलती” करार दिया।

आईसीसी का स्पष्टीकरण बढ़ते विवाद के बाद आईसीसी को आधिकारिक बयान जारी करना पड़ा। बयान में कहा गया—
“इस सप्ताह की वनडे रैंकिंग में कुछ तकनीकी खामी की वजह से गड़बड़ी हुई थी। जैसे ही हमें जानकारी मिली, तुरंत सुधार कर रोहित शर्मा और विराट कोहली को उनके वास्तविक स्थान पर बहाल कर दिया गया। इस त्रुटि का असर अन्य खिलाड़ियों की पोजिशन पर नहीं पड़ा।”

पहले भी उठ चुके हैं सवाल

यह पहली बार नहीं है जब आईसीसी की रैंकिंग को लेकर विवाद खड़ा हुआ हो। कुछ महीने पहले भी टीम रैंकिंग में तकनीकी खामी सामने आई थी, जिसके बाद आईसीसी को आलोचना झेलनी पड़ी थी।

अगली अपडेट पर नजर

अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर अगले सप्ताह आने वाली नई रैंकिंग पर है। मौजूदा सीरीज और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर तब रैंकिंग में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

जाति प्रमाणपत्रों के सत्यापन में पारदर्शिता बरतें : दिव्या मित्तल

जनपद स्तरीय संवीक्षा समिति की बैठक सम्पन्न

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा) कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय जाति प्रमाणपत्र संवीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जाति प्रमाणपत्रों के सत्यापन कार्य में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पात्र व्यक्तियों को ही जाति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अपात्र व्यक्तियों द्वारा किसी भी प्रकार से अनुचित लाभ उठाए जाने की संभावना बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए। इस दिशा में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध रूप से किया जाए और हर स्तर पर पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सत्यापन प्रक्रिया निष्पक्ष और विश्वसनीय होनी चाहिए ताकि समाज में विश्वास और न्याय की भावना कायम रह सके।

डीएम दिव्या मित्तल ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सत्यापन कार्य में किसी भी अधिकारी की ओर से शिथिलता या लापरवाही पाई जाती है, तो उसकी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रत्येक प्रकरण की जांच में तथ्यात्मक साक्ष्यों और नियमों का पालन करते हुए निर्णय लिया जाए।

बैठक में समिति के नामित अधिकारीगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने स्तर से प्रकरणों की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

निर्माण श्रमिकों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाएँ

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा)
सहायक श्रमायुक्त स्कन्द कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए विवाह सहायता, मातृत्व-शिशु मदद, मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता तथा शिक्षा प्रोत्साहन सहित विभिन्न योजनाएँ संचालित हैं।
उन्होंने बताया कि कन्या विवाह पर ₹55,000, संतान जन्म पर ₹26,000 से ₹55,000, दुर्घटना मृत्यु पर ₹5,25,000, सामान्य मृत्यु पर ₹2,25,000 व शिक्षा हेतु ₹12,000 से ₹60,000 तक की धनराशि दी जाती है।
श्रमिक अपने निकटतम जन सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ ले सकते हैं।

राजकीय आईटीआई में 25 अगस्त को महेन्द्रा लिमिटेड का प्लेसमेंट कैंप

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, देवरिया में महेन्द्रा लिमिटेड फर्म डिवीजन, रुद्रपुर (उत्तराखंड) द्वारा 25 अगस्त (सोमवार) को प्रातः 10 बजे से प्लेसमेंट कैंप आयोजित होगा। इसमें पेंटर, वेल्डर, फिटर, टर्नर, डीजल मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, कोपा सहित अन्य व्यवसायों के अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थियों की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
कैंप में सम्मिलित होने के लिए शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति, बायोडाटा, आधार-पैन कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो तथा www.apprenticeshipindia.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण की प्रति लाना अनिवार्य है।

NIA की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात अपराधी राहुल मुखिया और पूर्व मुखिया छेदी सिंह के घर छापेमारी

मोतिहारी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)मोतिहारी (बिहार): पूर्वी चंपारण जिले के गोबिंदगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी और भू माफिया राहुल मुखिया के घर छापेमारी की। खजुरिया गांव स्थित उसके आवास पर यह रेड की गई। इसी क्रम में पकड़ी दयाल के थरबिटिया में पूर्व मुखिया छेदी सिंह के घर पर भी छापेमारी हुई। दोनों मामलों का सीधा संबंध एके-47 से जुड़े केस से बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान NIA टीम के साथ जिला पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। पूरे गांव को सुरक्षा घेरे में लेकर घर के आसपास किसी भी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। टीम घर के भीतर कई घंटों तक तलाशी में जुटी रही।

अपराध और राजनीति से जुड़ा नाम

राहुल मुखिया का नाम लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों और भू-माफियागिरी से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज हैं। खास बात यह भी है कि वह बहादुरपुर पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी का पति है। ऐसे में इस छापेमारी से न सिर्फ स्थानीय लोगों में बल्कि राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

वहीं, छेदी सिंह और उनके परिवार का नाम भी इस मामले में सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार के कुछ लोग एके-47 प्रकरण में संदिग्ध भूमिका में रहे हैं। इसी आधार पर उनके आवास पर भी NIA की टीम ने दस्तक दी।

अधिकारियों का बयान टालू

मामले को लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अमला पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं। पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर भी केवल इतना कहा गया कि “छापेमारी गंभीर और संवेदनशील इनपुट के आधार पर की जा रही है।”

हालिया कार्रवाई की कड़ी

बिहार में पिछले कुछ महीनों से अपराधियों और भू-माफियाओं पर लगातार शिकंजा कस रहा है। कई जिलों में स्थानीय प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ अभियान चला रही हैं। मोतिहारी में राहुल मुखिया और छेदी सिंह के घर हुई छापेमारी को इसी अभियान की एक बड़ी कड़ी माना जा रहा है।

फिलहाल NIA टीम ने छापेमारी में क्या-क्या जब्त किया है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी ने फिलहाल कुछ भी खुलासा करने से इनकार किया है।

गोल्ड मेडल जीते अयान बिन लियाकत को डीएम ने किया सम्मानित

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)य़ूपी पब्लिक स्कूल, खुखुंदू के कक्षा 6 के छात्र अयान बिन लियाकत ने राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है। गुरुवार को जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने लियाकत को अपने कार्यालय में सम्मानित किया।लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित चौथे ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025 में यूपी पब्लिक स्कूल, नरौली भिखम तेनुआ के छात्र लियाकत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्ज़ा जमाया। पिछले तीन वर्षों से स्कूल द्वारा निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अयान ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार गौरवान्वित है।आयान ने अपनी खेल प्रतिभा और दमदार रणनीति से क्रमशः आगरा को 14–5 से,बिजनौर को 10–8 से,व ग़ाज़ीपुर को 18–6 से और फाइनल में पुनः आगरा को 8–3 के बड़े अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।इस जीत के साथ ही आयान ने कटक, ओडिशा में होने वाली राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में अपनी जगह पक्की कर ली है। यूपी पब्लिक स्कूल के ताईव्वान्डो के प्रशिक्षक माधव वर्मा के नेतृत्व में यह प्रशिक्षण नि:शुल्क पिछले तीन वर्षों से विद्यालय में चल रहा है। अयान ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय व प्रशिक्षक को दिया है। जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष संजय कनोडिया, विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र कुशवाहा, प्रधानाचार्य पवन कुशवाहा, कोच गिरीश चंद्र सिंह, जिला ओलंपिक संघ के महासचिव जय जयसवाल ने अयान के इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

जिंदा जल गए चाचा-भतीजा: मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा, चीखने का भी न मिला मौका

मुजफ्फरपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले के सकरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर बिजली का तार ट्रैक्टर पर गिर पड़ा और देखते-देखते ट्रैक्टर आग की लपटों में घिर गया। इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पर सवार चाचा-भतीजा मौके पर ही जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गए।

यह हृदयविदारक घटना सकरा थाना क्षेत्र के बाजिद सकरा गांव की है। मृतकों की पहचान रघुनाथपुर दोनवा पंचायत के भठंडी गांव निवासी रोहित कुमार (18) और राहुल कुमार (16) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक किसी काम से ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहे थे। अचानक वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभा टूटकर तार सीधे ट्रैक्टर पर गिर गया और आग भड़क उठी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि दोनों युवकों को भागने का भी मौका नहीं मिला। चंद सेकंड में ही वे आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह दृश्य इतना भयावह था कि ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। कई लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े भी, लेकिन तब तक लपटें सब कुछ निगल चुकी थीं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग चीख-पुकार करते हुए जुट गए और पुलिस को खबर दी। सकरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह एक हादसा था। ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराया और करंट की चपेट में आने से आग भड़क गई। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों मृतकों की उम्र अभी बहुत कम थी। परिवार के लोग बदहवास हैं और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

विरासत गलियारा गोद्दोइयां नाला रोड अधिग्रहित जमीनों का जल्द रजिस्ट्री किया जाय -मंडलायुक्त

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा )
मंडलायुक्त सभागार में मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में विरासत गलियारा गोद्दोइयां नाला सहित रोड चौड़ीकरण को लेकर एक आवश्यक बैठक किया गया, जिसमे अधिग्रहित जमीनों की रजिस्ट्री में अवरोध व विलंब के कारणों पर चर्चा किया गया जिसमे आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए । बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर/ तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी कानूनगो लेखपाल मौजूद रहे।

‘भारतीय ज्ञान परंपरा और वैश्विक नेतृत्व की अवधारणा’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा 8 सितंबर को “भारतीय ज्ञान परंपरा और वैश्विक नेतृत्व की अवधारणा” विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने आज संगोष्ठी के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार सिंह सहित प्रो. रजनीकांत पांडे, प्रो. विनीता पाठक, प्रो. गोपाल प्रसाद, प्रो. रूसीराम महानंदा, संगोष्ठी के संयोजक डॉ. महेंद्र कुमार सिंह एवं डॉ. अमित उपाध्याय उपस्थित रहे।
संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में पद्मश्री प्रो. अमिताभ मट्टू (डीन, स्कूल ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज़, जेएनयू) मुख्य अतिथि होंगे। विदेश नीति एवं रणनीतिक संस्कृति के प्रख्यात विशेषज्ञ प्रो. मट्टू अंतरराष्ट्रीय जर्नल इंटरनेशनल स्टडीज के संपादक भी हैं।
समापन सत्र में भारत सरकार के वरिष्ठ राजनयिक एवं इथियोपिया में भारत के उच्चायुक्त अनिल कुमार राय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
कुलपति प्रो. टंडन ने कहा कि “भारतीय ज्ञान परंपरा केवल अतीत की धरोहर नहीं है, बल्कि वर्तमान वैश्विक परिप्रेक्ष्य में भविष्य के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत प्रदान करती है। यह संगोष्ठी अकादमिक जगत के लिए महत्त्वपूर्ण विमर्श का मंच बनेगी।”
संगोष्ठी हाइब्रिड माध्यम (ऑनलाइन और ऑफलाइन) में आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश के विद्वानों, कूटनीतिज्ञों और शोधार्थियों की भागीदारी रहेगी।

समस्तीपुर में गैंगवार की गूंज: युवक की दिनदहाड़े 12 गोलियों से भूनकर हत्या

समस्तीपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले में गुरुवार को अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर गांव के पास एक युवक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान माधोपुर निवासी विक्रम गिरी के रूप में हुई है। वह करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और उस पर नेपाली चौधरी नामक व्यक्ति की हत्या का आरोप था।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को किसी काम से घर से निकले विक्रम गिरी पर बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने उस पर करीब 10 से 12 गोलियां दागीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में दहशत फैल गई और गांव में भय का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इधर, हमलावरों की तलाश में पुलिस ने इलाके की सीमाओं को सील कर नाकेबंदी शुरू कर दी है।

फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह पुराने आपसी विवाद या गैंगवार से जुड़ी मानी जा रही है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

ग्रामीणों ने श्रमदान कर रास्ता साफ किया

बघौचघाट,देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
पथरदेवा क्षेत्र के मस्जिदिया गांव के नहर के किनारे सड़क मार्ग दूरी 3 किमी जो ग्राम मस्जिदिया से विशुनपुरा बाजार जाने वाली सड़क विगत वर्षों से झाड़ियों,पेड़ की टहनियों के रोजाना आने जाने में बहुत दिक्कत होती थी।इसको लेकर गुरुवार को पूरे ग्राम सभा के युवाओं ने एक साथ मिलकर अभियान चलाकर साफ सफाई तथा कीट नाशक दवा का छिड़काव किया।
ग्राम सभा मस्जिदिया में पहले ट्रैक्टर एवं जेसीबी लगाकर साफ सफाई कराया फिर स्वयं ग्रामीणों ने श्रमदान कर रास्तों को साफ सफाई करने के साथ ही निजी स्तर पर रुपये जमा कर ब्लीचिंग पाउडर डाला।वही रास्तों के किनारे झाड़ियों एवं पड़े की टहनियों के चलते रास्ते से ग्रामीणों को आने जाने से काफी परेशानी होती थी।रोजाना स्कूली बच्चों समेत लोगों में चोट लगने एवं किसी विषैले कीड़ों का भय बना हुआ रहता था।दिन प्रतिदिन रास्तों की हालत खराब होती जा रही थी। रास्तों की खराब हालत देखते हुए युवा ग्रामीणों ने अभियान चलाकर खुद ही श्रमदान कर रास्तों की साफ सफाई एवं कीटनाशक दवाई छिड़का।युवा ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क से सभी ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों को रोजाना विशुनपुरा बाजार,स्कूल जाना होता है।बरसात के मौसम में आने जाने वालों को काफी दिक्कत होती है।इस लिए हम सभी ग्रामीण युवा अभियान चलाकर तीन किमी सड़क का साफ सफाई कर कीटनाशक छिड़का ताकि सभी सुगमता से आ जा सके।इस लिए हम सभी युवा साथियों ने यह कदम उठाए।श्रमदान करने वालों में मुख्य रूप से प्रवीण सिंह,प्रदीप मल्ल,व्यास गौड़,रमेश सिंह,रामेश्वर मिश्रा, मनोहर सिंह,हनीफ अंसारी,मोहन यादव आदि मौजूद रहे।

ऑनलाइन गेमिंग पर लगाम: राज्यसभा ने ‘ऑनलाइन खेल संवर्धन और विनियमन विधेयक, 2025’ पारित किया

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। समाज में बढ़ती ऑनलाइन मनी गेमिंग की लत और उससे जुड़े दुष्प्रभावों पर अंकुश लगाने के लिए राज्यसभा ने शुक्रवार को ‘ऑनलाइन खेल संवर्धन और विनियमन विधेयक, 2025’ को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि यह विधेयक युवाओं और परिवारों की सुरक्षा के लिए लाया गया है, क्योंकि ऑनलाइन मनी गेमिंग के कारण असंख्य परिवार बर्बाद हो रहे हैं और कई लोग आत्महत्या तक कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन गेमिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं रह गई है, बल्कि यह लत, आर्थिक तबाही, धन शोधन और यहां तक कि आतंकवाद के वित्तपोषण का जरिया भी बन गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कई लोग अपनी जिंदगी भर की बचत ऐसे गेम्स में गंवा बैठे हैं।

विपक्षी दलों की नारेबाजी और बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर हंगामे के बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने प्रस्ताव रखा कि विधेयक को बिना चर्चा के पारित किया जाए, जिसे उपसभापति हरिवंश ने मंजूरी दी।

वैष्णव ने स्पष्ट किया कि सरकार ‘ई-स्पोर्ट्स’ और ‘ऑनलाइन सोशल गेमिंग’ को प्रोत्साहित करेगी और इसके लिए एक प्राधिकरण का गठन किया जाएगा। साथ ही गेम निर्माताओं को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी ताकि सकारात्मक और रचनात्मक गेमिंग संस्कृति को बढ़ावा दिया जा सके।

यह विधेयक देश में तेजी से फैलते ऑनलाइन मनी गेम्स के खतरे को रोकने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

काजोल की हॉरर- माइथोलॉजिकल फिल्म ‘मां’ अब ओटीटी पर, जानें कब और कहां देख पाएंगे

(राष्ट्र की परम्परा के लिए राजकुमार मणि द्वारा प्रस्तुति)

बॉलीवुड की बेहतरीन अदाकारा काजोल स्टारर हॉरर माइथोलॉजिकल फिल्म ‘मां’ ने सिनेमाघरों में अपनी खास पकड़ बनाई थी। 27 जून 2025 को रिलीज हुई इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से अच्छे रिव्यूज मिले। बॉक्स ऑफिस पर भी इसने शानदार कमाई की और अब यह अपनी ओटीटी रिलीज के लिए तैयार है।

देवगन फिल्म्स और जियो स्टूडियोज के बैनर तले बनी ‘मां’ को अब दर्शक नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे। प्लेटफॉर्म ने ऑफिशियल पोस्टर जारी कर बताया है कि फिल्म का डिजिटल प्रीमियर 22 अगस्त 2025 को होगा।

🎬 फिल्म का कलेक्शन नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (भारत): ₹36.08 करोड़ ,वर्ल्डवाइड कलेक्शन: ₹49.75 करोड़,ग्रॉस कलेक्शन: ₹43.25 करोड़

🎭 स्टार कास्ट काजोल के साथ फिल्म में इंद्रनील सेनगुप्ता, रोनित रॉय, जितिन गुलाटी, दिब्येंदु भट्टाचार्य, खेरिन शर्मा, गोपाल सिंह और रूपकथा चक्रवर्ती अहम किरदारों में नजर आए।

📖 कहानी और निर्देशन फिल्म के निर्देशक विशाल फुरिया ने इसे हॉरर और माइथोलॉजी के अनोखे मेल के रूप में पेश किया है। इसमें काजोल ने एक ऐसी मां का दमदार किरदार निभाया है, जो अपनी बेटी को बचाने के लिए देवी काली का रूप धरकर शैतानी ताकतों से भिड़ जाती है। दर्शकों और समीक्षकों ने इसे काजोल के करियर का सबसे प्रभावशाली परफॉर्मेंस बताया है।

सिनेमाघरों में सफलता के बाद अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों को रोमांच और भावनाओं से भरपूर अनुभव देने के लिए तैयार है।

👉 तो अगर आपने अभी तक ‘मां’ नहीं देखी, तो 22 अगस्त से नेटफ्लिक्स पर इसका लुत्फ उठा सकते हैं।