बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। पकड़ी थाना क्षेत्र के सहुलाई ग्राम पंचायत अंतर्गत सहरोजा पूरब टोला में गुरुवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के लिकेज से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते हँसनाथ चौहान की रिहायशी मड़ई आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि मड़ई में रखा गृहस्थी का सारा सामान, अनाज और नगदी पलभर में जलकर राख हो गया। हादसे के समय परिवारजन भयभीत हो उठे। संयोग अच्छा रहा कि ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए गैस का रिसाव बंद कर दिया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पाने में सफल रहे।
नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा) कभी-कभी खेत में लिया गया एक फैसला पूरी राजनीति की दिशा बदल देता है। इस बार मामला सिर्फ बीज का नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता बनाम विदेशी दबाव की जंग का है। भारत और अमेरिका के बीच महीनों से चल रही ट्रेड बातचीत अचानक ठहर गई है, और वजह बनी है अमेरिकी सोयाबीन।
जानकारी के मुताबिक भारत और अमेरिका के बीच अब तक पाँच दौर की ट्रेड मीटिंग हो चुकी थी। छठा और निर्णायक राउंड अगस्त के अंत में होना तय था। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल 25 अगस्त को भारत आने वाला था, लेकिन अचानक उनका दौरा रद्द कर दिया गया। इससे साफ है कि जिस अंतरिम ट्रेड डील पर सहमति बनने वाली थी, वह अब अधर में लटक गई है।
सोयाबीन पर टकराव मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार विवाद की जड़ अमेरिकी सोयाबीन है। भारत सरकार ने इसे घरेलू बाजार में प्रवेश देने से इंकार कर दिया है। अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा सोयाबीन उत्पादक है और वहाँ लाखों किसान इसे उगाकर बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों को सप्लाई करते हैं। इन कंपनियों को लगातार नए बाजारों की तलाश रहती है, ताकि उनके कारोबार को गति मिलती रहे।
भारत का तर्क है कि विदेशी सोयाबीन को मंजूरी देना सीधे-सीधे देशी किसानों और आत्मनिर्भरता अभियान पर चोट होगी। कृषि विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर अमेरिकी सोयाबीन की बड़े पैमाने पर एंट्री होती है तो भारतीय किसान कीमतों की प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकते हैं और घरेलू उत्पादन पर गहरा असर पड़ेगा।
राजनीति और अर्थव्यवस्था पर असर इस टकराव ने न केवल व्यापारिक रिश्तों में ठंडक ला दी है, बल्कि इसका राजनीतिक संदेश भी बड़ा है। भारत में कृषि सिर्फ खेती नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आजीविका से जुड़ा मुद्दा है। ऐसे में सरकार किसी भी कीमत पर किसानों के हितों से समझौता करने के मूड में नहीं दिख रही।
दूसरी ओर, अमेरिका के लिए एशियाई बाजारों में सोयाबीन की खपत बढ़ाना बेहद जरूरी है। चीन के साथ तनाव और यूरोपीय बाजारों में सीमित अवसरों के बीच भारत उनके लिए बड़ा संभावित बाजार माना जा रहा था।
आगे की राह ट्रेड टॉक का रुकना दोनों देशों के लिए झटका है। हालांकि राजनयिक हलकों में यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले महीनों में किसी बीच का रास्ता निकाला जा सकता है। फिलहाल इतना तय है कि खेत से शुरू हुई यह लड़ाई अंतरराष्ट्रीय राजनीति और कूटनीति को नई दिशा दे रही है।
देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)अपराध एवं अपराधियों पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरियारपुर थाना पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान चन्दन शर्मा निवासी बरियारपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है।पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर दीपक शुक्ल के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर विशुनपुरकला बाजार के पास से आरोपी को दबोच लिया।गौरतलब है कि 30 जुलाई को बरियारपुर थाना क्षेत्र की एक लड़की को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस मामले में पीड़िता की मां ने 3 अगस्त को तहरीर दी थी, जिस पर थाना बरियारपुर में मुकदमा संख्या 250/2025 धारा 137(2) बीएनएस व बढ़ोत्तरी धारा 87 बीएनएस में केस दर्ज किया गया। पुलिस ने लगातार दबिश देकर 16 अगस्त को पीड़िता को सकुशल बरामदकर लिया था। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तार करने वाली टीम उपनिरीक्षक कमलेश कुमार, कांस्टेबल राहुल चौहान,कांस्टेबल सुशील दीक्षित (थाना बरियारपुर, जनपद देवरिया)
एटा/आगरा(राष्ट्र की परम्परा) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एटा जिले के निगोह, हसनपुर क्षेत्र में श्री सीमेंट लिमिटेड की 3 एमटीपीए क्षमता वाली सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट का उद्घाटन किया। ₹1000 करोड़ की लागत से बनी यह उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी यूनिट है, जिसमें अत्याधुनिक जर्मन तकनीक, प्रदूषण नियंत्रण प्रणाली और 40 मेगावॉट सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल है।
यह इकाई हर साल 15 लाख टन फ्लाय ऐश का उपयोग करेगी, जिससे सर्कुलर इकोनॉमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। यूनिट से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे और सहायक उद्योगों को भी लाभ होगा।
कंपनी ने एटा में ₹5 करोड़ से मेडिकल स्कूल व अस्पताल बनाने तथा गांवों में शिक्षा व बुनियादी विकास कार्य कराने की घोषणा की है। उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और कॉर्पोरेट जगत की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
उतरौला ,बलरामपुर(राष्ट्र की परम्परा) उतरौला के एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में गुमशुदगी का मामला सामने आया है। विकास पांडेय नाम का युवक बलरामपुर से गौरा चौराहा होते हुए अपने गांव पिपरा एकडंगा जा रहा था। गुमशुदा विकास पांडेय के भाई विनीत पाण्डे ने बताया कि उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरा एकडंगा निवासी विकास पांडेय पुत्र वासुदेव पांडे बुधवार को देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। वह बलरामपुर से गौरा चौराहा मार्ग होते हुए अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान राप्ती नदी स्थित पिपरा घाट पुल पर रुक कर विकास ने कटरा निवासी अपने दोस्त ज्ञानचंद को फोन कर जानकारी दी कि कुछ लोग उन्हें रोककर धमका रहे हैं। और कह रहे हैं कि पैसा दो वरना नदी में फेंक देंगे। विकास ने फोन पर अपने मित्र से जल्दी आने की गुहार भी लगाई। दोस्त ने तत्काल यह सूचना उनके परिजनों को दी। और ज्ञानचंद विकास परिवारजन व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। तब तक विकास पांडेय वहां से गायब थे। पुल पर उनकी बाइक खड़ी मिली। सूचना मिलते ही गौरा चौराहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही कोतवाली उतरौला के प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह व क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि विकास की तलाश में पीएसी का बाढ़ आपदा राहत दल व स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। घटना का क्षेत्र थाना गौरा चौराहा के अंतर्गत आता है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विकास पांडे की तलाश जारी है। गुरुवार शाम तक विकास पांडेय का कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने विकास पांडे की तलाश के लिए वृहद पैमाने पर एनडीआरएफ की टीम लगाए जाने की मांग प्रशासन से की है।
नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा ) विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के सदस्य भारत की धरती से बांग्लादेश विरोधी गतिविधियाँ चला रहे हैं।
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि ऐसे आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं। भारत सरकार को अब तक भारत में अवामी लीग के किसी भी कथित सदस्य द्वारा बांग्लादेश विरोधी गतिविधि या भारतीय कानून के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई की कोई जानकारी नहीं है।
सरकार ने साफ किया है कि भारतीय धरती का इस्तेमाल किसी भी विदेशी देश के खिलाफ राजनीतिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जाता है और न ही ऐसी किसी गतिविधि की अनुमति दी जाती है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने बुधवार को एक प्रेस वक्तव्य में भारत से आग्रह किया था कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाए कि भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक किसी भी तरह की बांग्लादेश विरोधी गतिविधि न करें।
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (सेंट-आरसेटी) देवरिया में गुरुवार को कंप्यूटर एकाउंटिंग बैच का शुभारंभ किया गया। इस बैच का उद्घाटन संस्थान के निदेशक विशाल गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निदेशक विशाल गुप्ता ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को कंप्यूटर आधारित एकाउंटिंग एवं फाइनेंशियल मैनेजमेंट का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना है, ताकि वे रोजगार या स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। बैच में देवरिया जिले के 16 ब्लॉक से कुल 35 प्रशिक्षु शामिल हुए हैं, जिन्हें 38 दिवसीय प्रशिक्षण अवधि में टैली, जी.एस.टी., ई-बुक कीपिंग, इन्वेंटरी मैनेजमेंट आदि विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल अकाउंटिंग की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे प्रशिक्षण युवाओं को न केवल तकनीकी दक्षता प्रदान करते हैं बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में संस्थान के बरिष्ठ संकाय सोमनाथ मिश्रा, संकाय विनय शंकर मणि त्रिपाठी एवं अभिषेक तिवारी (कार्यालय सहायक) व अन्य स्टाफ़ उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत कैंप लगाकर लोन उपलब्ध कराएं, निरस्त आवेदनों का स्पष्ट कारण बताना होगा
बलिया(राष्ट्र की परम्परा)
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधुओं की बैठक आयोजित हुई। बैठक में उद्यमी पंजीयन, औद्योगिक सुरक्षा फोरम, कानूनी व्यवस्थाएं एवं जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र की रोजगारपरक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत कैंप लगाकर पात्र आवेदकों को लोन प्रदान किया जाए। यदि किसी आवेदन को निरस्त किया जाता है तो उसका स्पष्ट कारण बताया जाए। निवेश मित्र पोर्टल की स्थिति पर चर्चा करते हुए डीएम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 1098 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 796 का निस्तारण हो चुका है। शेष 90 आवेदनों में अधिकांश समय सीमा के भीतर हैं, जबकि कुछ विभागों में लंबित हैं। श्रमिक पंजीकरण पर जोर निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण को लेकर डीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए और प्रत्येक ब्लॉक में कैंप लगाकर श्रमिकों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए। शौचालय व सड़क-नाला समस्या का समाधान बैठक में सुखपुरा मार्केट स्थित सार्वजनिक शौचालय का अधूरा कार्य सामने आया। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता, नगर पालिका को निर्देश दिया कि प्लास्टर, रंगाई-पुताई व सफाई का कार्य शीघ्र पूरा कर तत्काल शौचालय संचालित कराया जाए। भृगु आश्रम के पास फोर लेन सड़क और नाले की ऊंचाई संबंधी समस्या पर भी चर्चा हुई। फैक्ट्री संचालक ने बताया कि नाले की ऊंचाई सड़क से 2-3 फीट अधिक होने से वाहनों का प्रवेश बाधित हो रहा है। डीएम ने इस समस्या को गंभीर मानते हुए अधिशासी अभियंता निर्माण खंड को वहां ऐप्रोच मार्ग निर्माण कराने का निर्देश दिया। नालियों की सफाई और मूत्रालय निर्माण बलिया शहर में नालियों की सफाई को लेकर विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, नगर पालिका को निर्देश दिया कि व्यापार बंधुओं से मिलकर समस्याग्रस्त स्थानों की सूची बनाएं। साथ ही शहर में सार्वजनिक मूत्रालयों की आवश्यकता को देखते हुए व्यापारियों के सहयोग से उनके निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार गुप्ता, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम शर्मा सहित व्यापार बंधु सदस्य उपस्थित रहे।
नई दिल्ली,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) सुप्रीम कोर्ट ने विवाह और पारिवारिक जीवन पर एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि विवाह के बाद पति या पत्नी में से कोई भी अपने जीवनसाथी से पूर्ण स्वतंत्रता का दावा नहीं कर सकता। न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने स्पष्ट किया कि विवाह का अर्थ है दो आत्माओं और दो व्यक्तियों का मिलन, जिसमें भावनात्मक और सामाजिक रूप से एक-दूसरे पर निर्भरता स्वाभाविक है।पीठ ने कहा, “जो लोग एक-दूसरे पर निर्भर नहीं रहना चाहते, उन्हें विवाह बंधन में बंधना ही नहीं चाहिए।यह टिप्पणियाँ एक ऐसे मामले की सुनवाई के दौरान आईं, जिसमें सिंगापुर में कार्यरत पति और हैदराबाद में रह रही पत्नी अलग-अलग रहते हैं। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी स्थिति पर अदालत ने गंभीर चिंता जताई। अदालत ने कहा कि बच्चों को टूटे हुए घर का दर्द क्यों झेलना पड़े।पत्नी ने अदालत के समक्ष यह दलील दी कि पति केवल बच्चों की हिरासत और मुलाक़ात को लेकर रुचि दिखा रहा है, सुलह की कोई कोशिश नहीं कर रहा। उसने यह भी कहा कि उसे गुज़ारा भत्ता नहीं मिला है, जिसके कारण अकेली माँ के रूप में उसका जीवन कठिन हो गया है।सुप्रीम कोर्ट ने पत्नी से पूछा कि वह सिंगापुर क्यों नहीं लौट सकती, जहाँ कभी दोनों की अच्छी नौकरियाँ थीं। इस पर पत्नी ने जवाब दिया कि पति के पूर्व कार्यों की वजह से अब उसके लिए वहाँ लौटना मुश्किल हो गया है। उसने यह भी कहा कि उसे अपनी आजीविका के लिए काम करना ज़रूरी है।जब पत्नी ने यह दावा किया कि वह किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहती, तो न्यायमूर्ति नागरत्ना ने तुरंत कहा, “आप ऐसा नहीं कह सकतीं। शादी के बाद व्यक्ति आर्थिक रूप से नहीं तो भावनात्मक रूप से अपने जीवनसाथी पर निर्भर होता ही है। यदि आप किसी पर निर्भर नहीं रहना चाहती थीं, तो आपको विवाह ही क्यों करना था?”
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। शिक्षा मनुष्य का वह आभूषण है। जिसे ग्रहण करने से व्यक्ति का भविष्य गुणवान संस्कारी बन जाता है। शिक्षा ही मनुष्य को कर्मठ, महत्वाकांक्षी, और परिश्रमी बनाती है। अतः शिक्षा व्यक्ति के व्यक्तित्व का मूल आधार है | बालिका शिक्षा आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। शिक्षा मनुष्य के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है चाहे वह बालक हो या बालिका। एक बालिका शिक्षित होगी तो उससे दो परिवारों का उत्थान होना निश्चित है। बालिकाओं को शिक्षित करना माता पिता का प्रमुख दायित्व है। इन्हें बिना किसी भेदभाव के शिक्षित कर देश के भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। बालिका के लिए शिक्षा एक ऐसा अस्त्र होता है जिसके सहारे वह अपने जीवन की हर लड़ाई लड़ सकती है। अशिक्षित बालिका ही उत्पीड़न तथा शोषण का शिकार हो जाती है। ऐसी स्थिति से निपटने के लिए शिक्षा अस्त्र का काम करेगी। शिक्षा पाकर बालिका भी अपने पैरों पर खड़ी हो सकती है बालिका विद्यालय ना होने से रूढ़िवादी परिवार की बेटियां शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। भारत में बालिकाओं की शिक्षा में व्यापक विषमता देखने को मिलती है | पूरे एशिया महाद्वीप में भारत में महिला साक्षरता दर सबसे कम है। एक शिक्षित महिला आर्थिक रूप से मजबूत बनकर देश में गरीबी को कम करने में मदद कर सकती है। बालिकाओं पर किसी भी देश का भविष्य निर्भर करता है। अतः बालिका के लिए शिक्षा नितांत आवश्यक है। शिक्षित बालिका ही परिवार और समाज को नई दिशा प्रदान करती है और निरंतर प्रगति की ओर ले जाती है।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को निर्माणाधीन आधुनिक बस स्टैंड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गति तेज करने और मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार 48 करोड़ 28 लाख की लागत से तैयार हो रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। डीएम ने निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और स्पष्ट किया कि मानकों से समझौता या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजना पूरी होने पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बस अड्डा मिलेगा। निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग एवं नगर पालिका परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
बेरोजगार युवकों से पासपोर्ट व रुपए जमा, फर्जी इंटरव्यू और मेडिकल रिपोर्ट तैयार
सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। बेरोजगार युवकों को सऊदी अरब नौकरी पर भेजने का झांसा देकर ठगी किए जाने का मामला उजागर हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामाबाद में बिहार का एक युवक बिना रजिस्ट्रेशन किराए के मकान में तथाकथित ‘‘ऑफिस’’ खोलकर पासपोर्ट और रुपए जमा कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, छह माह के ‘‘शॉर्ट टर्म शटडाउन वीज़ा’’ पर नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति युवक तीस हजार रुपए वसूले जा रहे थे। हाल ही में हरैया के एक मैरेज हाल में कथित इंटरव्यू कराया गया, जिसमें मजदूरों और समाजसेवियों को 500 रुपए देकर इंटरव्यूअर बना दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना वैध कागजात इंटरव्यू रोक दिया और पासपोर्ट वापस कराए।
इसके बावजूद एजेंट द्वारा नए तरीके से दस्तावेज़ और रुपए जुटाने की जानकारी सामने आई है। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मात्र 2,000 रुपए लेकर फर्जी मेडिकल जांच रिपोर्ट भी जारी की जा रही है, जबकि विदेश जाने हेतु मान्यता प्राप्त मेडिकल परीक्षण केवल गमका सेंटर (लखनऊ व दिल्ली) में ही मान्य है।
इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार पटेल ने बताया कि ठगी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, और मामले की गहन जांच जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बेरोजगार युवकों की मजबूरी का फायदा उठाकर रकम ऐंठी जा रही है। विदेश मंत्रालय की मान्यता और स्टैंप के बिना जारी ऑफर लेटर फर्जी साबित हो रहे हैं।
सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गरीबी उन्मूलन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे जीरो पॉवर्टी अभियान के अंतर्गत ग्राम सभा अधीनपुर में गुरुवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गरीब परिवारों को पेंशन से लेकर रोजगार तक की सुविधाओं से जोड़ने की कार्यवाही की गई। कैंप में 02 लोगों का फैमिली आईडी बनाया गया, 02 लोगों को वृद्धा पेंशन हेतु चयनित किया गया। इसके साथ ही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ा गया तथा 01 लाभार्थी का चयन पीएम सूर्य घर योजना के लिए किया गया। शिविर में आए लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाले इन लाभों से गरीब परिवारों को सीधा फायदा होगा। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान के दौरान ग्राम प्रधान निर्मला सिंह, ग्राम सचिव मोहम्मद असदुल्ला, पंचायत सहायक, प्रमुख प्रतिनिधि अवनीश सिंह और समीर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी श्री विकास कुमार ने जानकारी दी है कि श्रम एवं सेवायोजन विभाग, बीसीएस कंसल्टिंग प्रा0लि0 लखनऊ तथा इकोनॉमिक टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में “रोजगार महाकुंभ 2025” का आयोजन 26 से 28 अगस्त तक लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस महाकुंभ का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इच्छुक अभ्यर्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा तथा निर्धारित तिथियों में स्थल पर उपस्थित होकर रोजगार पाने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले में प्रतिभाग हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
सिकन्दरपुर /बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी पंचायत चुनाव-2026 की तैयारियों के क्रम में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण अभियान प्रारंभ हो गया है। यह सर्वे 19 अगस्त से शुरू होकर 29 सितम्बर तक चलेगा। अधिकारियों के अनुसार इस अवधि में प्रत्येक मतदाता को अपने-अपने बी.एल.ओ. (BLO) से संपर्क कर नाम की जाँच अवश्य करनी चाहिए। यदि कोई नया मतदाता है तो उसका नाम सूची में जोड़ा जाएगा, वहीं मृतक व्यक्तियों के नाम काटे जाएंगे। इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज किसी भी त्रुटि को भी इस अभियान के दौरान सुधरवाया जा सकता है। प्रशासन ने अपील की है कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान में सहयोग कर सही मतदाता सूची तैयार करने में योगदान दें। अधिकारियों का कहना है कि सही मतदाता सूची ही निष्पक्ष एवं सफल चुनाव की आधारशिला है इसकी जानकारी उपजिलाधिकारी सिकन्दरपुर सुनील कुमार ने दी