Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 784

सिकंदरपुर तहसील में नवीनीकरण कार्यालय और बाढ़ एकीकृत नियंत्रण कक्ष का हुआ शुभारंभ

सिकंदरपुर/बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

सिकंदरपुर तहसील परिसर में गुरुवार को उप जिलाधिकारी कार्यालय के नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने के उपरांत इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। विशेष पहल के तहत इस शुभ कार्य का उद्घाटन तहसील के सफाई कर्मी रामाशंकर के हाथों फीता कटवाकर किया गया। इस अनोखी पहल ने उपस्थित सभी लोगों के दिलों को छू लिया और सामाजिक समानता का सशक्त संदेश दिया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव, तहसीलदार विपिन कुमार सिंह, नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश यादव समेत तहसील क्षेत्र के सम्मानित नागरिक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम सुनील कुमार ने कहा कि “तहसील कार्यालय का नवीनीकरण आमजन की सुविधा और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए किया गया है। हमारा प्रयास है कि यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को त्वरित सेवाएं उपलब्ध हों।” वहीं क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव ने कहा कि “सफाई कर्मी से फीता कटवाना इस बात का प्रतीक है कि समाज का हर वर्ग सम्मान और आदर का हकदार है।इसी क्रम में तहसील परिसर में ही बाढ़ एकीकृत नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार यादव तथा नायब तहसीलदार चंद्र प्रकाश यादव मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय से राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न केवल आमजन को सुविधा मिलेगी बल्कि समाज में समानता और सेवा की भावना भी मजबूत होगी।

महासदस्यता अभियान में एक दिन में जुड़े 8,635 नए छात्र

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उनके समस्याओं के समाधान हेतु प्रत्येक दिन कार्य करने हेतु विद्यार्थी परिषद संकल्पबद्ध : निखिल गुप्ता

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, देवरिया जिले द्वारा गुरुवार को महासदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत एक ही दिन में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के 8,635 नए छात्रों ने अभाविप परिवार की सदस्यता ग्रहण की। इस सफलता के साथ अभाविप ने एक बार फिर अपना ही बनाया हुआ रिकॉर्ड तोड़ते हुए नए इतिहास की रचना की ।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। प्रत्येक वर्ष परिषद के सदस्यता अभियान के माध्यम से लाखों विद्यार्थी परिषद की सदस्यता ग्रहण कर राष्ट्र के पुनर्निर्माण हेतु संकल्पित होते हैं तथा “ज्ञान, शील और एकता” के मंत्र के साथ समाज और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाते है, जो परिषद की निरंतर बढ़ती लोकप्रियता और विद्यार्थियों के बीच उसकी स्वीकार्यता का प्रतीक है।

अभाविप गोरक्ष प्रांत सह मंत्री निखिल गुप्ता ने कहा कि जहां आज अन्य छात्र संगठन अपनी प्रासंगिकता खोते हुए एक-एक दिन करके समाप्ति की ओर बढ़ रहे हैं, वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सदस्यता प्रत्येक वर्ष लगातार बढ़ रही है। यह केवल संख्या की बढ़ोतरी नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के विश्वास और उनके विचारों का प्रतिबिंब है।
आज का आम विद्यार्थी समझ चुका है कि अभाविप ही वह संगठन है जो 365 दिन छात्रहित, समाजहित और राष्ट्रहित में सक्रिय रहकर कार्य करता है। यही कारण है कि नई पीढ़ी अभाविप के विचारों से जुड़कर राष्ट्र के पुनर्निर्माण को अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मान रही है और परिषद के ‘ज्ञान, शील और एकता’ के मंत्र के साथ एक सुनहरे भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर है ।

अभाविप देवरिया के विभाग संयोजक ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कोई सामान्य छात्र संगठन नहीं है, बल्कि यह ऐसा परिवार है जो वर्ष के 365 दिन छात्रहित और राष्ट्रहित के लिए निरंतर सक्रिय रहता है। विद्यार्थी परिषद समय-समय पर रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देता है। साथ ही, जब भी आवश्यकता होती है, परिषद छात्र हितों और अधिकारों की रक्षा हेतु संघर्ष करने से कभी पीछे नहीं हटता।

जिला संगठन मंत्री सात्विक श्रीवास्तव ने कहा कि अभाविप परिवार से जुड़े नए सदस्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे। इनके जुड़ने से विद्यार्थी परिषद की कार्यशक्ति और विस्तृत होगी तथा परिषद और बेहतर ढंग से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके हितों की रक्षा हेतु कार्य कर सकेगा।

आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के संशोधित निर्देश का राहुल गांधी ने किया स्वागत

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के उस संशोधित आदेश का स्वागत किया है जिसमें आवारा कुत्तों के प्रबंधन को लेकर नई व्यवस्था दी गई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पशु कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा के बीच संतुलन की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सभी आवारा कुत्तों को आठ सप्ताह के भीतर आश्रय गृहों में रखने का आदेश दिया था। इस आदेश पर पशु प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद मामला तीन सदस्यीय पीठ के पास भेजा गया, जिसने 14 अगस्त को सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था।

शुक्रवार को सुनाए गए संशोधित आदेश में सर्वोच्च न्यायालय ने स्पष्ट किया कि नसबंदी के बाद कुत्तों को उनकी मूल जगह पर ही छोड़ा जाएगा, बशर्ते वे पागल या आक्रामक न हों। कोर्ट ने कहा कि उन्हें आश्रय गृहों में कैद करके रखना उचित नहीं है।

राहुल गांधी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा— “मैं आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के संशोधित निर्देशों का स्वागत करता हूँ, क्योंकि यह पशु कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा के बीच संतुलन बनाने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है। यह दृष्टिकोण न केवल दयालु है, बल्कि वैज्ञानिक तर्क पर आधारित भी है।”

हालांकि, अदालत ने साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर कुत्तों को खाना खिलाना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश में कहा गया है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति एनवी अंजारिया की पीठ ने यह भी कहा कि यदि कोई गैर-सरकारी संगठन या पशु प्रेमी बाधा उत्पन्न करता है तो उस पर 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।

अदालत के इस फैसले को पशु अधिकार कार्यकर्ताओं ने राहत की नजर से देखा है, क्योंकि इससे कुत्तों को अनावश्यक कैद से बचाया जा सकेगा। वहीं, आमजन की सुरक्षा और सड़क पर उत्पन्न होने वाली परेशानियों पर भी ध्यान दिया गया है।

बांका में शिक्षक नियुक्ति घोटाला: फर्जी प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे 5 शिक्षक बेनकाब

बांका (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिले में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। पटना हाईकोर्ट के आदेश पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) द्वारा की गई जांच में पांच शिक्षकों के फर्जी प्रमाण पत्र सामने आए हैं। वर्षों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी कर रहे इन शिक्षकों के खिलाफ अब प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

किन शिक्षकों का हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, बेलहर प्रखंड से दो, रजौन से एक और शंभूगंज प्रखंड से दो शिक्षक फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर रहे थे।

प्राथमिक विद्यालय जगतापुर की शिक्षिका कुमारी पल्लवी और प्राथमिक विद्यालय मेहरपुर के शिक्षक निरंजन कुमार का अंक पत्र ओडिशा बोर्ड से जारी बताया गया था, लेकिन सत्यापन में यह फर्जी निकला।

बेलहर प्रखंड की पंचायत शिक्षिका श्वेता कुमारी का अनुभव प्रमाण पत्र और अनिता कुमारी का उपशास्त्री प्रमाण पत्र भी जांच में फर्जी पाए गए।

इसके अलावा शंभूगंज प्रखंड से पकड़े गए एक और शिक्षक का भी शैक्षणिक प्रमाण पत्र असत्यापित पाया गया है।

जांच में खुली पोल
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने हाईकोर्ट के आदेश पर शिक्षकों के शैक्षणिक एवं अनुभव प्रमाण पत्र का गहन सत्यापन शुरू किया था। इसी दौरान इन शिक्षकों के दस्तावेजों में गड़बड़ी का खुलासा हुआ। जांच में यह साफ हो गया कि बांका जिले में लंबे समय से फर्जी सर्टिफिकेट पर शिक्षक नौकरी कर रहे थे।

आगे की कार्रवाई
निगरानी विभाग ने संबंधित शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा विभाग भी इनकी सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया में जुट गया है। इस कार्रवाई के बाद जिले में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।

दो वर्षों की दौड़–भाग के बाद मिला विकलांग प्रमाणपत्र

पत्रकार की पहल पर सीएमओ ने दिलाई गरीब को राहत

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के ग्राम बन्जरिया निवासी अशोक कुमार यादव पुत्र स्व. बालिस्टर यादव पिछले दो वर्षों से विकलांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए परेशान थे। तीन बार मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा था।

ग्राम खोराबार निवासी गुड्डू यादव ने यह मामला राष्ट्र की परम्परा अखबार के तहसील प्रतिनिधि भाटपार रानी, पत्रकार बृजेश मिश्र के संज्ञान में लाया। पत्रकार मिश्र ने तत्काल इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवरिया डॉ. अनिल गुप्ता को दी।

सीएमओ ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कार्यवाही की और अशोक यादव का विकलांग प्रमाणपत्र बनवाकर उन्हें उपलब्ध कराया। प्रमाणपत्र पाकर अशोक यादव ने पत्रकार बृजेश मिश्र एवं सीएमओ का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने भी इस पहल को गरीब और असहाय लोगों के लिए बड़ी राहत करार दिया।

गया से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान: 13,000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, दो नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

गया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को गयाजी में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पीएम का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रेल सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए दो नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया—

गया–दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस वैशाली–कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन (यह ट्रेन क्षेत्र के प्रमुख बौद्ध स्थलों पर पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को बढ़ावा देगी)इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12,000 लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 4,260 लाभार्थियों को गृह प्रवेश समारोह के अंतर्गत प्रतीकात्मक रूप से नए घरों की चाबियाँ सौंपीं।

मोदी के इस दौरे के दौरान हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास और आमजन के जीवन स्तर को सुधारने के लिए निरंतर

राजद प्रमुख लालू प्रसाद का पीएम मोदी पर तंज, कहा – “नीतीश कुमार की राजनीति का करेंगे पिंडदान”

गया/पटना(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले सियासत गरमा गई है। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राजनीति का “पिंडदान” करने जा रहे हैं।

लालू प्रसाद ने सोशल मीडिया मंच X पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा –
“प्रधानमंत्री मोदी जी आज नीतीश कुमार की राजनीति और उनकी पार्टी का पिंडदान करने गया आ रहे हैं।”

वीडियो में लालू यादव ने बिहार में कथित वोट चोरी, अपराध और बेरोजगारी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जनता के असली सवालों पर प्रधानमंत्री मौन हैं।

इसी बीच, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी प्रधानमंत्री की यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा –
“प्रधानमंत्री मोदी पिछले तीन-चार महीनों में तीन बार बिहार आ चुके हैं। हर दौरे पर बिहार की गरीब जनता के करोड़ों रुपये खर्च हुए। लेकिन बेरोजगारी कब खत्म होगी? पलायन कब रुकेगा? बिहार के बच्चों को मजदूरी के लिए गुजरात कब नहीं जाना पड़ेगा? इन मुद्दों पर प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोलते।”

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गया में लगभग 13,000 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

बिहार की राजनीति में पिंडदान के तंज ने नया रंग भर दिया है। गया, जहां हिंदू परंपरा के अनुसार पिंडदान की विशेष मान्यता है, अब सियासी पिच पर भी चर्चा का केंद्र बन गया है।

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

मऊ का बदमाश घायल, बाएं पैर में लगी गोली; चोरी की घटना में था फरार

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा )
बड़हलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। बदमाश के पैर में गोली लगी है। जिसकी पहचान मऊ के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के जीयनपुर निवासी नूर आलम के रूप में हुई। बदमाश चोरी और लूट की घटना को अंजाम देता है। बड़हलगंज थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया-पुलिस को काफी दिनों से इसकी तलाश थी।
बदमाश पर विभिन्न थानों में 12 से अधिक मुकदमें दर्ज हैं, वह कई बार जेल भी जा चुका है। छूटने के बाद वह फिर से अपराध करने लगता है। पुलिस को बदमाश के पास से एक तमंचा भी मिला है, जिसके बारे में पुलिस पूछताछ कर रही है।
बड़हलगंज पुलिस को सूचना मिली थी कि शुक्रवार भोर में करीब 4 बजे एक शातिर चोर, चोरी की नियति से फोरलेन के रास्ते बड़हलगंज कस्बे में आ रहा है जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी किया, थोड़ी ही देर में कोडारी गांव के हरजन टोला के पास एक युवक बाइक से आता हुआ दिखाई दिया उसे रुकने का इशारा किया गया तो वह पुलिस पर फायरिंग करने लगा, बाइक छोड़कर टोला के पास स्थित बाग की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे दौड़ाया और जवाबी फायरिंग की, जिसमे बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। पुलिस ने उसे पकड़कर बड़हलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां पर डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पीएम मोदी का गुजरात दौरा: 1,449 घरों और 130 दुकानों का करेंगे उद्घाटन

अहमदाबाद (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अगस्त से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 133.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1,449 घरों और 130 दुकानों का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम अहमदाबाद शहर के पश्चिमी क्षेत्र के सरदार पटेल स्टेडियम वार्ड में रामापीर टेकरा नामक स्लम क्षेत्र के सेक्टर-3 में आयोजित किया जाएगा। यह परियोजना गुजरात सरकार की स्लम पुनर्वास एवं पुनर्विकास नीति-2013 के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के इन-सीटू स्लम पुनर्विकास घटक के तहत पूरी की गई है।

गुजरात में आवास योजना की प्रगति

बयान में बताया गया कि पूरे गुजरात में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 7.64 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 9.66 लाख मकान स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 9.07 लाख मकानों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

इसके साथ ही गुजरात सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को और सशक्त बनाने के लिए नया प्रावधान लागू किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 से प्रत्येक घर पर छत-ढलाई स्तर पर 50,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राज्य सरकार अपने हिस्से से उपलब्ध कराएगी।

अब तक का लाभ

अब तक 34,759 लाभार्थियों को 173.80 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके अलावा, राज्य सरकार की मुख्यमंत्री प्रोत्साहन सहायता योजना के तहत पहली किस्त प्राप्त करने के छह महीने के भीतर घर का निर्माण पूरा करने वाले लाभार्थियों को 20,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।

दौरे का उद्देश्य

प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल शहरी आवास परियोजनाओं को नई गति देगा, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी आवास निर्माण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगा।

एसपी ने परेड का निरीक्षण कर फिटनेस, अनुशासन और व्यवस्था पर दिया जोर

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा )
एसपी राजेश द्विवेदी द्वारा रिज़र्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली गई एवं विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए सभी पुलिस कर्मियों, रिक्रूट आरक्षियों एवं विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई गई। अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने हेतु टोलीवार (स्क्वॉड) ड्रिल और शस्त्राभ्यास भी कराया गया।

जमीन के विवाद में 2 पक्षों ने की मारपीट जान बचाने के लिए भागते रहे लोग

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)
हांसूपुर हाबर्ट बंधे पर जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी, डंडे और बीच सड़क पर ईंट-पत्थर चले। जिससे अफरा तफरी का माहौल हो गया। सड़क पर राहगीर भी जान बचाने के लिए तेज स्पीड में गाड़ी भगाते दिखे। इस दौरान 10 से अधिक लोग घायल हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा
वीडियो में एक जगह दिख रहा है कि घर के अंदर छिपा एक युवक मोबाइल से बात करते हुए अपने पिता से कह रहा है- पापा घर मत आना, वरना जान से मार देंगे। जल्दी से थाना जाइए। इसके बाद वह घर के अंदर से ही बवाल का वीडियो बनाने लग रहा है। राजघाट थाना क्षेत्र में हाबर्ट बंधे के पास गुरुवार को जमीन के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया। अपराह्न करीब 3 बजे पन्नेलाल यादव अपने परिवार के राम बचन यादव, प्रिंस यादव, गुल्लू यादव के साथ मिलकर अपने जमीन पर निर्माण करा रहे थे।
तभी भज्जू यादव अपने परिचित राकेश यादव, सजानंद यादव, सचिन यादव, भोला भोला, शिवम यादव समेत 50 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। जहां निर्माण करने का विरोध करते हुए गाली गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
पहले लाठी डंडे चले फिर विवाद इतना बढ़ा कि देखते ही देखते दोनों पक्षों में सड़क पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को अस्पताल भेजवाया। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया।
हाबर्ट बंधे के पास करीब 15 मिनट तक मारपीट का सिलसिला चलता रहा। एक पक्ष की बढ़ती भीड़ देख, दूसरा पक्ष घर के अंदर भाग गया।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी ने बताया कि राजघाट थाने में दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

20 वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे बगीचा टोला के लोग, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि ने दिखाई पहल

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

प्रधानमंत्री सड़क से भदौरिया टोला जाने वाले मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य न होने के चलते हल्दी ग्राम सभा के बगीचा टोला के निवासियों को बीते 20 वर्षों से बाढ़ और बरसात में जलजमाव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। हर साल छह माह तक पानी भर जाने से लोगों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ता है। रुके हुए पानी से दुर्गंध फैलती है और सर्दी-खांसी, मलेरिया, दाद, खाज-खुजली, पैरों में सड़न जैसी गंभीर बीमारियां ग्रामीणों को अपनी चपेट में ले लेती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि ने अब तक पुलिया निर्माण के लिए गंभीर पहल नहीं की। लेकिन इस बीच सराहनीय कदम उठाते हुए हल्दी के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि ब्रह्मदेव यादव ने अपनी निजी जमीन (लगभग डेढ़ बीघा) से पानी निकालने की मंजूरी दी और खुद फावड़ा उठाकर खुदाई कर कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भरसौंता मनीष सिंह, गोलू सिंह, राजू सिंह, पीटर सिंह, लाल बाबू यादव, संतोष यादव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। बगीचा टोला के लोगों ने इस पहल के लिए ब्रह्मदेव यादव का आभार जताया। हालांकि, पुलिया निर्माण से जहाँ बगीचा टोला को जलजमाव से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं ग्राम सभा भरसौंता के कुछ घरों के सामने पानी लगने की आशंका जताई जा रही है। इस पर भुक्तभोगी ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मनीष सिंह से उचित निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि जल्द ही स्थायी समाधान नहीं निकालते तो यह समस्या आने वाले वर्षों में और विकराल रूप ले सकती है।

देवरिया पुलिस का मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन में आज प्रातः 5 से 8 बजे तक जनपद में “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। अभियान के तहत थाना स्तर पर पुलिस अधिकारियों ने आमजन से सीधा संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की गहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान 25 स्थानों पर कुल 490 व्यक्तियों व 303 वाहनों की चेकिंग की गई और नियमों का उल्लंघन करने पर 07 वाहनों का चालान किया गया। आमजन ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस की कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया।

अमित शाह का तिरुनेलवेली दौरा: बूथ समिति सदस्यों संग करेंगे संवाद

तिरुनेलवेली(राष्ट्र की परम्परा) केंद्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह शुक्रवार को तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। शाह पांच संसदीय क्षेत्रों—कन्याकुमारी, तेनकासी, तूतीकोरिन, विरुधुनगर और तिरुनेलवेली—की बूथ समितियों के सदस्यों को संबोधित करेंगे।

पार्टी की ओर से बताया गया कि शाह का यह दौरा अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में उत्साह जगाने के उद्देश्य से है।

अमित शाह शुक्रवार को कोच्चि से तिरुनेलवेली पहुंचेंगे। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा—
“कोच्चि के लिए रवाना हो रहा हूं। मेरे दिल के करीब दो राज्यों- केरल और तमिलनाडु में रहूंगा। सुबह मनोरमा न्यूज कॉन्क्लेव में शामिल होऊंगा और फिर कोच्चि में कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद करूंगा। बाद में दिन में तमिलनाडु के तिरुनेलवेली की यात्रा करूंगा और बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलूंगा।”

पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनके आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की है। गौरतलब है कि शाह ने जून में भी तमिलनाडु का दौरा किया था। वहीं अप्रैल में मदुरै और चेन्नई में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन की घोषणा की थी।

बिहार को मिली विकास की सौगात: गया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, नीतीश संग दिखी गर्मजोशी

गया/पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गया पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वे बोधगया स्थित एएमयू परिसर में आयोजित विशाल जनसभा स्थल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा उनके साथ खुले जीप पर मौजूद रहे। मंच पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की गर्मजोशी भरी जुगलबंदी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। दोनों नेताओं के बीच लगातार चर्चा होती रही।

सभा में उमड़े जनसैलाब ने तिरंगा लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस कार्यक्रम में शामिल हुईं। प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे में 6 परियोजनाओं का उद्घाटन और 8 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में सड़क, रेल, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अहम परियोजनाएं शामिल हैं।

अमृत भारत एक्सप्रेस और बुद्ध सर्किट ट्रेन को मिली हरी झंडी

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यक्रम में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और बुद्ध सर्किट ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाने की घोषणा की। इससे न केवल बिहार बल्कि देश के अन्य हिस्सों से भी जुड़े पर्यटन और यात्रा सुविधाओं को बढ़ावा मिलेगा। बुद्ध सर्किट ट्रेन से धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

चिराग पासवान ने किया स्वागत

इससे पहले केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान मंच पर पहुंचे और प्रधानमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने कहा—
“मैंने बार-बार कहा है कि बिहार प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता है। उनका नौवीं बार बिहार आना इस बात का प्रमाण है कि एक विकसित बिहार का संकल्प प्रधानमंत्री मोदी की प्राथमिकता है। वे आज फिर हजारों-करोड़ों की सौगात बिहार को समर्पित करेंगे।”

एनडीए के अन्य केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय नेता भी मंच पर मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा बिहार में विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।