Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 782

हैंडपंप में करंट दौड़ने से पिता-पुत्र की मौत, मचा कोहराम

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के सुकरहर गांव में शुक्रवार को स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। आंगन में लगे हैंडपंप से करंट दौड़ जाने पर पिता-पुत्र की मौत हो गई।
घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया।श्रीकांत यादव 60 वर्ष आंगन में लगे हैंडपंप से स्नान कर रहे थे। हैंडपंप पर बिजली से जुड़ा मोटर पंप लगा था। अचानक करंट पूरे हैंडपंप में दौड़ गया और श्रीकांत चपेट में आकर गिर पड़े। पिता को छटपटाता देख बेटा संतोष यादव 25 वर्ष बचाने दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर वहीं गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में दोनों को सीएचसी निचलौल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि मोटर पंप में कई दिनों से करंट लीकेज था लेकिन मरम्मत नहीं कराई गई। अगर समय रहते सुधार कर लिया जाता तो यह बड़ा हादसा टल सकता था।
क्षइस संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रणव ओझा ने बताया कि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक श्रीकांत यादव अपने पीछे पत्नी, चार बेटियों और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।

संतोष का सपना टूटा, श्रीकांत की जिम्मेदारी अधूरी

सुकरहर गांव के यादव परिवार पर एक महीने के भीतर दोहरी विपत्ति टूट पड़ी है। बीस दिन पहले ही श्रीकांत यादव का बड़ा बेटा सुभाष गुजरात के अहमदाबाद में सड़क हादसे का शिकार हो गया था और उसका इलाज अब भी चल रहा है। इसी बीच शुक्रवार की सुबह श्रीकांत व उनके छोटे बेटे संतोष की करंट हादसे में मौत हो गई। परिवार पर मानो दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है।श्रीकांत खेती-किसानी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। घर पर रहकर संतोष भी पिता का सहयोग करता था। संतोष मेहनती और परिवार का सहारा माना जाता था। उसकी शादी की चर्चा भी घर-गांव में चल रही थी। लेकिन अचानक हुई इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गांव के लोग बताते हैं कि श्रीकांत हमेशा मददगार स्वभाव के थे और बेटे संतोष को भी उसी संस्कार में पाला। घटना के बाद गांव के लोग स्तब्ध हैं। लोग बिजली उपकरणों के रख-रखाव की लापरवाही को इस हादसे का कारण मान रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव-देहात में बिजली की मरम्मत व सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं रहता, जिससे ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।अब परिवार में श्रीकांत की पत्नी कमलावती और विवाहित बेटियों के अलावा घायल अवस्था में गुजरात में भर्ती बेटा सुभाष बचा है। गांव के लोग प्रशासन से परिवार को आर्थिक मदद दिलाने की मांग कर रहे हैं।

राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु खंड विकास अधिकारियों के साथ प्री-ट्रायल बैठक सम्पन्न

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
राष्ट्रीय लोक अदालत की भव्य सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद न्यायालय के वीडियोकॉन्फ्रेंसिंग भवन में प्री-ट्रायल बैठक आयोजित की गई। बैठक मा. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया राम मिलन सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि चिन्हित किए गए प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर राष्ट्रीय लोक अदालत में संदर्भित करें और अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित कराएं।

उन्होंने बताया कि आगामी 13 सितम्बर 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा, जबकि 10 से 12 सितम्बर 2025 तक विशेष लोक अदालत में लघु वादों का निस्तारण किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने सभी वादकारियों से अपील की कि वे अपने सुलहनीय प्रकरणों को विशेष लोक अदालत में नियत कराकर लाभ उठाएं।

मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए ग्राम सभा स्तर पर संबंधित विभागों के मामलों की पहचान कर उनका निस्तारण किया जाए तथा अब तक चिन्हित मामलों की संख्या से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अवगत कराया जाए।

बैठक में समस्त खंड विकास अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बीआरसी सलेमपुर पर भारत स्काउट/गाइड की एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवरिया के आदेशानुसार शुक्रवार को ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) सलेमपुर में खंड शिक्षा अधिकारी आर. पी. राम के निर्देशन में भारत स्काउट्स और गाइड्स की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ कंपोजिट स्कूल कस्बा सलेमपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक कमलाकांत वर्मा एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ सलेमपुर के अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलन कर किया। इसके उपरांत स्काउट मास्टर अनिल कुमार ने मुख्य अतिथियों को स्कार्फ और बैज पहनाकर स्वागत किया। प्रशिक्षण का प्रथम सत्र प्रार्थना के साथ प्रारंभ हुआ, जिसमें प्रथम सोपान से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों को स्काउट का इतिहास, सैल्यूट करने की पद्धति, स्काउट ताली, प्रार्थना, प्रतिज्ञा, नियम, झंडा गीत, सीटी संकेत, रस्सी बाँधने की कला, झंडा बाँधना आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इस कार्यशाला में बतौर प्रशिक्षक स्काउट मास्टर अनिल कुमार, अरुण मिश्र, शशिकांत भास्कर, दिनेश कुमार और पवन कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। ब्लॉक के विभिन्न उच्च प्राथमिक विद्यालयों एवं कंपोजिट विद्यालयों से एक-एक शिक्षक/शिक्षिका ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।

मदीना बाजार में खुली टीवीएस बाइक एजेंसी

बघौचघाट/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। पथरदेवा विकास खंड के मदीना बाजार चौराहे पर भारत टीवीएस एजेंसी का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया।भव्य शोरूम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुरेन्द्र लाल श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।इस मौके पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बाइक एजेंसी का खुलना अच्छी पहल है। अब लोगों को बाइक खरीदारी के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा। शोरूम उद्घाटन के मौके पर प्रोपराइटर अब्दुल हसन ने कहा कि शोरूम में ग्राहकों को बाइक खरीदारी पर विशेष ऑफर के साथ निश्चित छूट मिलेगी।इसके साथ ही फाइनेंस सुविधा भी उपलब्ध है।शोरूम में टीवीएस कंपनी की सभी प्रकार के नए लुक के बाइक उपलब्ध है।इस मौके पर ग्राम प्रधान अफ़ज़ल अंसारी,प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र लाल श्रीवास्तव,इम्तियाज अहमद,नीरज श्रीवास्तव,राजू राय, पूर्व प्रधान आरिफ उर्फ पोलन सिद्दीकी,हसमुद्दीन सिद्दीकी कुवर, अताउल्लाह सिद्दीकी,जयप्रकाश राय,अभय राय,राजन श्रीवास्तव, रत्नेश यादव,सुजीत यादव,राहुल मिश्र,हाफिज असलम, बदरुद्दीन सिद्दीकी,आरिफ सिद्दीकी आदि क्षेत्रीय लोगों मौजूद रहे।

चुटकी भर सिंदूर का महत्व

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। विवाहित महिलाओं द्वारा मांग में सिंदूर लगाने से नकारात्मक शक्तियां नजदीक नहीं आने पाती तथा सौंदर्य में वृद्धि होती है। पौराणिक कथाओं में लाल रंग के माध्यम से माता सती और पार्वती की ओर इशारा किया गया है। ऐसी मान्यता है कि सिंदूर लगाने से माता पार्वती अखंड सौभाग्यवती होने का आशीर्वाद देती है। ऐसा कहा जाता हैं कि मांग भरने से पति की आयु में वृद्धि होती है अर्थात स्त्री के सौभाग्य में वृद्धि होती है। सुहागिन स्त्रियां अपनी मांग को कभी सूनी नहीं रहती हैं। सिंदूर लगाने का वैज्ञानिक कारण भी है जैसे सिरदर्द, अनिद्रा, तथा मस्तिष्क से जुड़े रोग भी दूर हो जाते हैं। स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सुहागिन महिलाओं को मांग में सिंदूर अवश्य लगाना चाहिए। माना जाता है कि पति की लंबी उम्र की कामना के लिए सिंदूर लगाया जाता है। शादी में पति स्वयं अपने हाथ से पत्नी की मांग में सिंदूर भरता है। इसके बाद महिला तब तक सिंदूर भरती है जब तक वह सुहागिन रहती है। सिंदूर को पति की उम्र से जोड़ा जाता है मान्यता है कि शादीशुदा महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए अपनी मांग सिंदूर से भरती है इसके अलावा सिंदूर लगाने से घर में सुख शांति रहती है तथा सिंदूर का इस्तेमाल हर पूजा पाठ में किया जाता है। बिना सिंदूर के हर पूजा अधूरी मानी जाती है। चुटकी भर सिंदूर के अनेकों उपाय हैं जो आपकी परेशानियों को दूर कर देते हैं। माता लक्ष्मी को सिंदूर बहुत प्रिय है। सिंदूर माता लक्ष्मी के सम्मान का प्रतीक माना जाता है। मां लक्ष्मी की पूजा में सिंदूर को अवश्य शामिल किया जाता है। सिंदूर को किसी भी मापदंड से नहीं आंका जा सकता क्योंकि वह अनमोल है यह समस्त महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वतंत्रता और उसके मूल अधिकारों का प्रतीक है।

(सीमा त्रिपाठी)
शिक्षिका साहित्यकार लेखिका

नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, पिता ने थाने में दी तहरीर

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी सोनू वर्मा ने अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप गांव के ही युवक नितिश कुमार वर्मा पर लगाया है। पीड़ित पिता ने थाना सिकन्दरपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी का आरोप है कि आरोपी नितिश कुमार वर्मा पुत्र बीरबली वर्मा उनकी बेटी को लगातार फोन कर परेशान करता था। इसकी शिकायत जब उन्होंने आरोपी के परिजनों से की तो उन्होंने केवल डांटने की बात कही, लेकिन इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पिता के अनुसार, गत 17 अगस्त (रविवार) की सुबह करीब 11 बजे परिवारजन खेतों में कार्य करने गए थे। उसी दौरान मौका पाकर नितिश उनकी बेटी को लेकर फरार हो गया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस पूरे मामले की जानकारी गांव के ही शुभव प्रसाद पुत्र समरजीत गोंड़, राजू प्रसाद पुत्र राजेन्द्र तुरहा और आरोपी के बड़े पिता फूलचन्द्र वर्मा पुत्र स्व. रामदास वर्मा को भी है, जो आरोपी के संपर्क में रहकर मोबाइल पर बातचीत कर रहे हैं। पीड़ित परिवार को आशंका है कि उनकी बेटी के साथ किसी अनहोनी की घटना हो सकती है। पीड़ित ने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। तहरीर के आधार पर सिकन्दरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आरोपी और लड़की की तलाश में जुट गई है।

हर्ट अटैक से पूर्व परिचलक की हुई मौत

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। तहसील क्षेत्र ग्राम कपरवार निवासी पूर्व परिचालक राधेश्याम रावत 61 वर्ष पुत्र स्व विशेश्वर प्रसाद का शुक्रवार की सुबह गोरखपुर सदर अस्पताल में निधन हो गया। राधेश्याम की तबियत गुरुवार को बिगड़ गयी जिसे देख परिजन इलाज के लिए गोरखपुर ले गये । जहाँ हर्ट अटैक से उनका निधन हो गया। निधन का समाचार मिलते ही परिजनों सहित गाँव में शोक की लहर दौड़ गई । राधेश्याम एक व्यवहार प्रिय व्यक्ति थे, सभी के सुख दुःख में हाजिर रहते थे। उनके निधन से अपूर्णीय क्षति हुई है। निधन पर राम दयाल रावत जीएसटी कमिश्नर गाजियाबाद, दिनेश कुमार सिंह, प्रमोद, राधारमण तिपाठी, जेपी श्रीवास्तव, भाजपा नेता श्यामसुंदर जायसवाल, देवेश चंद सिंह, पिंटू सिंह, अवनीश मिश्र, सेतु सिंह, मुन्ना तिवारी, ठाकुर तिवारी, बबलू सिंह, सुबास पाठक, राम प्रवेश यादव, अनिल मिश्र, गोलू मिश्र, ज्ञानेश्वर सिंह, संदीप यादव ने गहरा दुःख प्रगट किया है। राधेश्याम अपने पीछे पूरा परिवार छोड़ गये है।

सिसोटार गांव में पुरानी रंजिश में मारपीट, दो बहनों सहित तीन लोग घायल

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के सिसोटार गांव में बुधवार की शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी मारपीट में बदल गई। इस घटना में दो सगी बहनों सहित तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के नंदलाल तुरहा ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शाम करीब पाँच बजे उनके पड़ोसी आकाश तुरहा (45) पुत्र शिवनाथ तुरहा, धर्मेंद्र तुरहा तथा अंकित कुमार से किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया। मारपीट में नंदलाल की बेटियाँ सलोनी (20) और सोनम (25) के साथ आकाश तुरहा भी घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष सिकंदरपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी

मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 11 लोग झुलसे

नवाबगंज /बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम निम्निहारा में शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बररोहेघाट पर मूर्ति विसर्जन के लिए ट्रैक्टर से जा रहे ग्रामीण अचानक करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 11 लोग झुलस गए, जिनमें अधिकतर बच्चे शामिल हैं। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जुलूस के दौरान एक बच्चे के हाथ में धार्मिक झंडा लगा स्टील का पाइप अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। पाइप के छूते ही जोरदार करंट दौड़ गया और आस-पास खड़े लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में गांव के विद्याराम (35), संजना (8), राकेश (10), सुऐब (12), आकाश (8), सचिन (7), रक्तार (5), रचना (10), लक्ष्मी (50), तहसीम (8), एहसान (10) समेत कुल 11 लोग झुलस गए। गंभीर रूप से घायल इसरार (10) को जिला अस्पताल बहराइच रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा में चल रहा है। स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने बताया कि अधिकांश मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन अपने बच्चों की चीख-पुकार सुनकर दौड़ पड़े। मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रद्युमन सिंह और एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी पहुंचे। बाद में जिलाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।

अमित शाह का दावा: केरल में स्थानीय निकाय चुनावों में BJP हासिल करेगी 25% सीटें

कोच्चि(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) केरल की राजनीति में तेजी से मजबूत हो रही है और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा 25 प्रतिशत सीटें जीतने में सफल रहेगी। उन्होंने यह भी भरोसा जताया कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी पार्टी राज्य में उल्लेखनीय प्रदर्शन करेगी।

शाह आज कोच्चि में मलयाला मनोरमा समाचार पत्र द्वारा आयोजित विकास शिखर सम्मेलन (Manorama News Conclave) का उद्घाटन कर रहे थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारतीय राजनीति की दिशा बदली है।

उन्होंने कहा – “मोदी जी ने जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त कर, काम और विकास की राजनीति को केंद्र में रखा है। पूरा देश इस बदलाव का अनुभव कर रहा है।”

गृह मंत्री ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार ने पिछले एक दशक में व्यवस्था और व्यवहार, दोनों स्तरों पर भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए गंभीर कदम उठाए हैं, और इसमें उल्लेखनीय सफलता मिली है।

अमित शाह ने कहा कि केरल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और भाजपा ही ऐसा विकल्प है जो राज्य को विकास की नई दिशा दे सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा आने वाले समय में दक्षिण भारत, विशेषकर केरल में, मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभरेगी।

चोरों का धावा : चार घरों से 20 लाख के गहने सहित लाखों का माल पार, गांव में दहशत

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। लार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में सोमवार की देर रात चोरों ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। योजनाबद्ध तरीके से चोरों ने गांव के चार प्रतिष्ठित परिवारों के घरों को निशाना बनाया और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

किस-किस घर को बनाया निशाना

अवधेश मिश्र (सेवानिवृत्त अध्यापक, सुतावर इंटर कॉलेज) : यहां से चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पार कर लिए।

आनन्द मिश्र (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य, जवाहरलाल उ.मा. विद्यालय, जिरासो) : ताले तोड़कर घर खंगाला और नकदी व कीमती सामान ले गए।

मार्कण्डेय मिश्र (प्रोटोकॉल अधिकारी, डीएलडब्ल्यू वाराणसी) : घर का पूरा सामान चोरों ने उलट-पलट दिया और लाखों रुपये के गहने व सामान चोरी कर लिया।

संतोष मिश्र (इंजीनियर, रेलवे हैदराबाद) : चोर यहां से भी नकदी व जेवरात समेट ले गए।

गांव में दहशत और आक्रोश

सुबह घटना की जानकारी होते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। लोग इकट्ठा होकर पुलिस गश्त की कमी और बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर नाराजगी जताने लगे। ग्रामीणों ने कहा कि चोर पूरी तैयारी के साथ गांव में घुसे और चार घरों को लगातार निशाना बनाया, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला।

पुलिस की सक्रियता

घटना की सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने घरों का निरीक्षण कर सुराग तलाशने की कोशिश की। अपर पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

वी. के. शुक्ल ने पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक का कार्यभार संभाला

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। विनोद कुमार शुक्ल ने पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक का पदभार ग्रहण कर लिया है। इसके पूर्व वह बनारस रेल इंजन कारखाना (बी.एल.डब्ल्यू.), वाराणसी में प्रमुख मुख्य इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे।
शुक्ल ने मोतीलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज ( एम.एन.आई.टी.), इलाहाबाद से वर्ष 1989 में सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा आई.आई.टी. दिल्ली से वर्ष 1991 में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की। वह भारतीय रेल इंजीनियरिंग सेवा (आई.आर.एस.ई.) 1990 बैच के अधिकारी हैं। उनकी पहली नियुक्ति वर्ष 1991 में पूर्वोत्तर रेलवे में सहायक इंजीनियर के रूप में हुई थी। इसके बाद उन्होंने मंडल इंजीनियर, उप मुख्य इंजीनियर और वरिष्ठ मंडल इंजीनियर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
उन्होंने मुख्य परियोजना प्रबंधक, डी.एफ.सी.सी.आई.एल./मुगलसराय, मुख्य इंजीनियर/निर्माण, पूर्व मध्य रेलवे/पटना तथा मुख्य परियोजना प्रबंधक, आर.वी.एन.एल./वाराणसी जैसे दायित्वों का निर्वहन किया।
उनके नेतृत्व में कई अहम रेल परियोजनाएँ सफलतापूर्वक पूर्ण हुईं, जिनमें सोन नदी एवं घाघरा नदी पर बड़े पुलों का निर्माण, भटनी-औंड़िहार (125 किमी.) के बीच दोहरीकरण, हजारीबाग-राँची (50 किमी.) और टोरी-बालूमाथ (22 किमी.) नई लाइन परियोजनाएँ तथा मुगलसराय-सोन नगर (120 किमी.) डेडीकेटेड फ्रेट कोरीडोर लाइन का निर्माण शामिल है। इसके अलावा गढ़वा–सिंगरौली (225 किमी.) दोहरीकरण परियोजना में भी उनका अहम योगदान रहा।
रेल निर्माण और रखरखाव कार्यों में गहन अनुभव रखने वाले शुक्ल अपनी कार्यकुशलता और सहज व्यवहार के कारण अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच काफी लोकप्रिय माने जाते हैं।

31 अगस्त तक कराएं ई-केवाईसी, नहीं तो राशन कार्ड से कट जाएगा नाम

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ा अलर्ट! जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी है कि जिन कार्डधारकों के राशन कार्ड में दर्ज किसी भी सदस्य का ई-केवाईसी अब तक नहीं हुआ है, वे 31 अगस्त तक इसे हर हाल में पूरा करा लें। चेतावनी देते हुए अधिकारी ने कहा कि समय सीमा के बाद जिन यूनिट/सदस्यों का ई-केवाईसी अधूरा रह जाएगा, उनका नाम राशन कार्ड से स्वतः निरस्त कर दिया जाएगा और वे मुफ्त अनाज का लाभ नहीं ले पाएंगे। यानी यदि परिवार को सरकारी अनाज योजना का लाभ लेना है, तो ई-केवाईसी कराना अब अनिवार्य है।

साथी पोर्टल फेज-2 के क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण 25 अगस्त को

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। भारत सरकार द्वारा विकसित साथी पोर्टल के फेज-2 के सफल क्रियान्वयन के लिए मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण 25 अगस्त 2025 को आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण प्रातः 10 बजे से कृषि निदेशालय, लखनऊ स्थित तृतीय तल सभागार में होगा। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस प्रशिक्षण में जनपद के अधिकारी, कर्मचारी एवं नामित बीज विक्रेता भाग लेंगे। जनपद के अन्य बीज विक्रेताओं के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण की व्यवस्था उप निदेशक कृषि, देवरिया के सभागार में की गई है। उन्होंने सभी बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे 25 अगस्त को प्रातः 10 बजे अनिवार्य रूप से उप कृषि निदेशक, देवरिया के सभागार में उपस्थित होकर ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करें।

संस्थाओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन एवं छात्रों का डाटा वेरीफाई कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्वदशम् (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत संशोधित समय-सारणी जारी कर दी गई है। इसके तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों की छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए विद्यालयों को मास्टर डाटाबेस में प्रोफाइल एवं सीट लॉक करते हुए छात्रों द्वारा किए गए ऑनलाइन आवेदन तत्काल अग्रसारित करना अनिवार्य है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी जी की जयंती 02 अक्टूबर, 2025 को छात्रवृत्ति वितरण को ध्यान में रखते हुए संस्थाओं को छात्रों से अधिकाधिक आवेदन कराने, डाटा रिसीव करने तथा वेरीफाई करने की प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी करनी होगी। उन्होंने कहा कि समयसीमा के अंतर्गत सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर ही निर्धारित तिथि को छात्रवृत्ति वितरण संभव हो सकेगा।