Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 773

भारत ने स्वदेशी एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली का पहला सफल परीक्षण किया

जगन्नाथपूरी (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)ओडिशा। भारत ने अपनी रक्षा तैयारियों को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए 23 अगस्त, 2025 को दोपहर लगभग 12:30 बजे ओडिशा तट पर स्वदेश में विकसित एकीकृत वायु रक्षा हथियार प्रणाली (IADWS) का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। यह परीक्षण देश की बहुस्तरीय वायु-रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

इस उपलब्धि की घोषणा करते हुए, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO), भारतीय सशस्त्र बलों और संबंधित उद्योग जगत को बधाई दी। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया कि यह सफल परीक्षण न केवल देश की तकनीकी सशक्तता को दर्शाता है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को और मजबूत करेगा।

सफल परीक्षण में यह सिद्ध हुआ कि विकसित प्रणाली विभिन्न प्रकार के हवाई खतरों का सामना करने में सक्षम है और बहुस्तरीय रक्षा कवच प्रदान कर सकती है। रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रणाली की तैनाती से देश की सामरिक तैयारी में महत्वपूर्ण बढ़ोतरी होगी और भारत को क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में मजबूत स्थिति हासिल होगी।

इससे पहले, भारत ने अपनी वायु रक्षा तकनीकों को और विकसित करने के लिए कई परियोजनाएं शुरू की थीं, जिनमें मिसाइल प्रौद्योगिकी और रडार निगरानी प्रणालियों का समावेश था। अब IADWS की सफलता ने देश की रक्षा क्षमताओं को नई दिशा दी है और स्वदेशी रक्षा तकनीक के क्षेत्र में भारत की साख को और मजबूत किया है।

विशेषज्ञों की राय:
विशेषज्ञों का कहना है कि यह परीक्षण देश की वायु सुरक्षा नेटवर्क को एकीकृत करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल हवाई हमलों का समय रहते पता लगाया जा सकेगा, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से रोकने में भी मदद मिलेगी।

भविष्य की योजनाएँ:
DRDO ने बताया है कि आगे की चरणों में इस प्रणाली का और उन्नत परीक्षण किया जाएगा और इसे देशभर में रणनीतिक रूप से तैनात करने की योजना बनाई जा रही है।

यह उपलब्धि भारत की स्वदेशी रक्षा उत्पादन और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी सफलता के रूप में देखी जा रही है।

गायों में फैल रहा लंपी रोग : टीकाकरण और स्वच्छता ही बचाव का उपाय

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)।
भारतीय ग्रामीण जीवन और अर्थव्यवस्था में गाय का विशेष महत्व है। दूध, गोबर, गोमूत्र से लेकर खेतों की जुताई और धार्मिक आस्था तक, गाय की भूमिका अद्वितीय है। मगर पिछले कुछ वर्षों से लंपी स्किन डिज़ीज़ नामक बीमारी ने पशुपालकों की चिंता बढ़ा दी है। इस संक्रामक रोग ने न केवल गायों की सेहत को प्रभावित किया है बल्कि किसानों की आय पर भी गहरा असर डाला है।

कैसे फैलता है रोग
लंपी रोग एक वायरल बीमारी है जो कैपरी पाक्स विषाणु से होती है। यह मुख्य रूप से गाय और बैलों में फैलती है। मच्छर, मक्खी, जूँ, किलनी तथा अन्य खून चूसने वाले कीट इस वायरस के वाहक हैं। संक्रमित पशु के घाव से निकला द्रव, दूषित चारा-पानी और बाड़े की अस्वच्छता भी इसके प्रसार के कारण बनते हैं। कई बार संक्रमित पशु के एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने से बीमारी नए क्षेत्रों तक पहुँच जाती है।

लक्षण
विशेषज्ञों के अनुसार इस रोग के लक्षण आसानी से पहचान में आते हैं—

तेज बुखार, भूख कम होना

दूध उत्पादन अचानक घट जाना

आंख-नाक से पानी या पस जैसी स्राव निकलना

शरीर पर कठोर गोल गांठें और बाद में घाव बनना

लंगड़ाना, वजन घटना और गर्भवती गायों में गर्भपात की संभावना बढ़ जाना

गंभीर स्थिति में पशु की मृत्यु भी हो सकती है।

आर्थिक असर
पशुपालन विभाग के अनुसार इस रोग का सबसे बड़ा असर दूध उत्पादन पर पड़ता है। मृत्युदर भले ही अधिक न हो, लेकिन दूध, वजन और प्रजनन क्षमता में कमी से किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान होता है।

उपचार और निवारण
चूँकि यह एक वायरल रोग है, इसलिए इसका कोई निश्चित इलाज नहीं है। रोकथाम ही सबसे बड़ा उपाय है।

लंपी से बचाव हेतु लंपी विशेष वैक्सीन अथवा गोट पॉक्स वैक्सीन का प्रयोग अनिवार्य है।

बाड़े और आसपास कीटाणुनाशक का छिड़काव कर मच्छर-मक्खियों को नियंत्रित करना चाहिए।

संक्रमित पशु को अलग रखना, उसके लिए अलग बर्तन और उपकरण उपयोग करना तथा बाड़े को साफ रखना जरूरी है।

बुखार और घाव की स्थिति में ज्वरनाशक, एंटीसेप्टिक और एंटीबायोटिक दवाओं का प्रयोग चिकित्सक की सलाह पर किया जाता है।

घरेलू उपाय
पशु चिकित्सकों का कहना है कि दवाओं के साथ घरेलू उपाय भी सहायक सिद्ध हो सकते हैं—

हल्दी और सरसों का तेल घाव पर लगाने से संक्रमण कम होता है।

नीम की पत्तियों का काढ़ा या लेप घाव में कीड़े नहीं लगने देता।

गिलोय का रस रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।

एलोवेरा जेल घाव और जलन में राहत देता है।

तुलसी का रस और शहद संक्रमण को कम करने में मददगार है।

गुड़ और चना खिलाने से पशु की ऊर्जा बनी रहती है।

जागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कुमार सिंह (लार, देवरिया) का कहना है कि—
“लंपी रोग का कोई निश्चित इलाज उपलब्ध नहीं है, इसलिए टीकाकरण, स्वच्छता और समय पर उपचार ही इसका सबसे बड़ा बचाव है। यदि सरकार, पशु चिकित्सक और पशुपालक मिलकर प्रयास करें तो इस बीमारी पर काबू पाया जा सकता है।”

सरकारी स्कूलों में अब मिलेगी IIT-NEET की तैयारी की सुविधा

मुजफ्फरपुर(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना और भी आसान हो गया है। सरकार ने प्लस टू स्तर के स्कूलों की लाइब्रेरियों में IIT, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित किताबें उपलब्ध कराई हैं।

इसके साथ ही ई-लाइब्रेरी में मॉक टेस्ट की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इससे छात्र राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के पैटर्न और कठिनाई स्तर को समझ सकेंगे। मॉक टेस्ट के जरिए विद्यार्थी अपनी तैयारी का आंकलन कर पाएंगे और कमजोरियों को दूर कर सफलता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

सरकारी योजना के तहत अब तक महंगी किताबें खरीदने में असमर्थ गरीब छात्रों के लिए यह पहल बड़ी राहत साबित होगी। छात्र लाइब्रेरी में बैठकर मेडिकल और इंजीनियरिंग की तैयारी से जुड़ी किताबों का अध्ययन कर सकेंगे। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस प्रयास से छात्रों में मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं में उनकी सफलता की संभावना भी अधिक होगी।

शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में यह सुविधा मिलने से गांव और कस्बों के बच्चों को भी समान अवसर मिलेगा। अब तक ये बच्चे महंगी कोचिंग और पुस्तकें खरीदने से वंचित रह जाते थे। सरकार का यह कदम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।

पत्रकारों ने नेतृत्व को बताया संगठन की नई ताक़त

आज़मगढ़(राष्ट्र की परम्परा )
आइडियल पत्रकार संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को पुनः बहाल कर दिया गया है। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने प्रेस वार्ता में कहा कि संगठन की एकजुटता, पारदर्शिता और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा ही हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय संयोजक पद को फिलहाल स्थगित रखा गया है, तथा इस पद पर की गई सभी नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं।राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संगठन के प्रमुख राष्ट्रीय संरक्षक मकसूद अहमद आज़मी से विचार-विमर्श के उपरांत संगठन की मजबूती एवं गतिशीलता को बनाए रखने के लिए कुछ पदाधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। इसी क्रम में आज़मगढ़ जिले के वरिष्ठ पत्रकार, संपादक एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आफ़ताब आलम को संगठन का राष्ट्रीय प्रभारी नियुक्त किया गया है। वे कोषाध्यक्ष पद के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों का प्रभार भी संभालेंगे।राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि संगठन को देश का सबसे सशक्त पत्रकार संगठन बनाने में सभी साथी निरंतर सहयोग करेंगे,नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रभारी आफ़ताब आलम ने संगठन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि “देश के पत्रकारों की आन-बान-शान और उनके स्वाभिमान की लड़ाई हमारी पहली जिम्मेदारी है। आज पत्रकार आर्थिक तंगी और अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। संगठन बहुत जल्द राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सरकार से ठोस मांगें उठाएगा। आइडियल पत्रकार संगठन देशभर के पत्रकारों की आवाज है, और उनकी हक़ की लड़ाई मजबूती से लड़ेगा।”,आजमगढ़ सहित देशभर के पत्रकारों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा के दूरदर्शी नेतृत्व और आफ़ताब आलम के समर्पण को संगठन की नई ताक़त बताते हुए शुभकामनाएँ दीं।

बारिश के मौसम में करमचट डैम बनेगा सुकून भरा पर्यटन स्थल

रोहतास (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बारिश का मौसम हो और खूबसूरत वादियों के बीच सुकून के पल बिताने की बात हो, तो अक्सर लोग बाहर घूमने की योजना बनाते हैं। लेकिन अब इसके लिए बिहार से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोहतास जिले का करमचट डैम इन दिनों एक आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है।

प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर यह डैम बारिश के मौसम में और भी मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है। पहाड़ों से गिरते झरने, हरियाली से लिपटी वादियां और नीले आसमान का संगम यहां आने वाले पर्यटकों को अनूठा अनुभव कराता है।

पर्यटन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने करमचट डैम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कई पहलें शुरू की हैं। यहां पार्किंग, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के लिए झूले और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। इसके अलावा, सड़क और संपर्क मार्गों को दुरुस्त करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि सैलानियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम के पिकनिक स्पॉट बनने से न केवल इलाके की पहचान बढ़ेगी, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। आसपास के गांवों के युवाओं के लिए यह पर्यटन स्थल स्वरोजगार का जरिया साबित हो सकता है।

गौरतलब है कि रोहतास जिला प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए पहले से ही प्रसिद्ध है। अब करमचट डैम के रूप में एक नया आकर्षण जुड़ने से यहां पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।

बारिश के मौसम में करमचट डैम की खूबसूरती अपने चरम पर होती है और आने वाले दिनों में यह जगह बिहार के सबसे पसंदीदा पिकनिक स्पॉट्स में शुमार हो सकती है।

वोटर अधिकार यात्रा में पप्पू यादव का तेजस्वी को बड़ा संबोधन – कहा जननायक

पूर्णिया/भागलपुर।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
लोकसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति लगातार गर्मा रही है। महागठबंधन की ओर से चल रही वोटर अधिकार यात्रा अब सीमांचल इलाके में पहुंच चुकी है। इस यात्रा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता व पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ अन्य शीर्ष नेता भी जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं।

भागलपुर से शुरू हुई यह यात्रा जैसे ही पूर्णिया पहुंची, तो यहां का नजारा और भी खास हो गया। पूर्णिया के सांसद और जन अधिकार पार्टी (जाप) प्रमुख पप्पू यादव ओपन जीप में महागठबंधन के नेताओं के साथ नजर आए। पप्पू यादव ने हाथ में माइक थामा और तेजस्वी यादव की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी यादव आज बिहार की जनता के सच्चे हमदर्द और उम्मीद के केंद्र बन चुके हैं। युवाओं, किसानों और गरीबों की आवाज बुलंद करने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक है।”

यहीं नहीं, पप्पू यादव ने तेजस्वी को “जननायक” तक करार देते हुए कहा कि बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का काम तेजस्वी यादव कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में महागठबंधन और भी मजबूत होकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है।

इस मौके पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने भी भीड़ का अभिवादन किया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे और जगह-जगह नेताओं का स्वागत हुआ।

राजनीतिक जानकार मानते हैं कि सीमांचल में महागठबंधन की यह रणनीति चुनावी समीकरणों पर गहरा असर डाल सकती है। पप्पू यादव जैसे स्थानीय प्रभावशाली नेता का मंच पर खुला समर्थन, महागठबंधन की एकजुटता का संकेत भी माना जा रहा है।

आर्थिक तंगी और पति की पागलपन से तंग आकर महिला ने बच्चों संग लगाई नदी में छलांग, मां-बेटी की मौत, बेटा बचा

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
आर्थिक तंगी और पारिवारिक कलह के बीच पटना जिले के मोकामा टाल क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार की दोपहर लगभग एक बजे सम्यागढ़ गांव निवासी मनीषा देवी (40 वर्ष), अपने दो बच्चों के साथ चकसम्या ग्रामीण पुल पहुंची और नदी में छलांग लगा दी। इस हादसे में महिला और उसकी सात वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि चार वर्षीय बेटे को स्थानीय युवक ने साहस दिखाते हुए नदी से निकालकर बचा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीषा देवी अपने बच्चों—मिस्टी कुमारी (7 वर्ष) और कार्तिक कुमार (4 वर्ष)—को लेकर ई-रिक्शा से घर से निकली थीं। पुल पर पहुंचने के बाद उन्होंने साथ लाए झोले को किनारे रख दिया और अचानक बेटे कार्तिक को गोद में लेकर नदी में फेंक दिया। इसके बाद उन्होंने बेटी को भी नदी में धक्का दे दिया और खुद भी छलांग लगा दी।

स्थानीय युवक ने हिम्मत दिखाते हुए पानी में कूदकर छोटे बेटे कार्तिक को बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन महिला और उसकी बेटी को डूबने से बचाया नहीं जा सका। कुछ देर की तलाश के बाद दोनों का शव नदी से बरामद हुआ।

ग्रामीणों के अनुसार, मनीषा देवी का पति कुंदन महतो मानसिक रूप से बीमार है और परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी झेल रहा था। इसी परेशानी से तंग आकर मनीषा ने यह कदम उठाया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गरीब किसानों को धोखा देकर धान बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार

सादुल्लानगर/बलरामपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गरीब किसानों को धोखा देकर उनका धान कम दाम पर खरीदने और फिर उसे सरकारी मूल्य पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देशन और अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी राजेंद्र प्रसाद (अपर जिला सहकारी अधिकारी) की तहरीर पर थाना रेहरा बाजार में वर्ष 2018 में मुकदमा अपराध संख्या 83/2018 धारा 420/120B IPC पंजीकृत किया गया था। नामजद आरोपी किसानों को कम कीमत देकर उनका धान खरीद लेता और बाद में सरकारी मूल्य पर बेचकर अधिक लाभ कमाता था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सादुल्लानगर मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 24 अगस्त 2025 को कार्रवाई करते हुए आरोपी जगदंबा प्रसाद पुत्र स्वर्गीय शिवराम शुक्ला निवासी संगम पुरवा केराडीह थाना रेहरा बाजार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 83/2018 धारा 420/120B/409 IPC के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय बलरामपुर रवाना कर दिया गया है।

प्रियंका गांधी की एंट्री से गर्माएगी बिहार की सियासत, महिला वोटरों पर कांग्रेस का खास फोकस

पटना(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) लोकसभा चुनाव से पहले बिहार की राजनीति में नया मोड़ आने वाला है। वोटर अधिकार यात्रा में अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी जुड़ने जा रही हैं। उनका बिहार दौरा 26 और 27 अगस्त को तय है। माना जा रहा है कि इस दो दिवसीय दौरे से जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा होगा, वहीं महिला वोटरों को साधने की रणनीति भी पूरी तरह स्पष्ट दिख रही है।
सुपौल से शुरुआत, सीतामढ़ी तक यात्रा
सूत्रों के मुताबिक प्रियंका गांधी 26 अगस्त को सुपौल जिले से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगी। रात में वहीं ठहराव करने के बाद 27 अगस्त को वह सीतामढ़ी पहुंचेंगी और प्रसिद्ध जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। कांग्रेस का इरादा इस दौरान महिला मतदाताओं पर सीधा फोकस करने का है।
त्योहारों की तारीख पर सियासी दांव
दिलचस्प संयोग यह है कि प्रियंका गांधी जिस दिन बिहार आ रही हैं, उसी दिन मिथिला क्षेत्र में चौरचन और हरतालिका तीज जैसे प्रमुख लोकपर्व मनाए जाएंगे। इन व्रत-त्योहारों में महिलाएं उपवास रखकर पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। ऐसे में कांग्रेस महासचिव का इस दिन महिलाओं से संवाद करना आधी आबादी को आकर्षित करने की रणनीतिक कोशिश मानी जा रही है।
एनडीए के गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए के मजबूत वोटबैंक को चुनौती देने की कोशिश है। जिन इलाकों में प्रियंका गांधी जाएंगी, वहां पारंपरिक रूप से एनडीए का वर्चस्व रहा है। कांग्रेस चाहती है कि जैसे पिछली बार शाहाबाद इलाके में एनडीए को झटका लगा था, वैसे ही इस बार उत्तर बिहार में भी समीकरण बदले।
रणनीति पूरी तरह महिला वोटरों पर केंद्रित
कांग्रेस के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि यह दौरा पूरी तरह से सोच-समझकर तय किया गया है। प्रियंका गांधी की छवि महिलाओं के बीच असर डालने वाली रही है, और पार्टी को विश्वास है कि महिला वोटरों पर फोकस कर चुनावी मैदान में बड़ा असर डाला जा सकता है।

असर कितना होगा, कहना मुश्किल हालांकि अभी चुनाव में वक्त बाकी है और यह कहना मुश्किल है कि प्रियंका गांधी का यह दौरा अंतिम नतीजों पर कितना असर डालेगा। लेकिन इतना तय है कि उनकी मौजूदगी से वोटर अधिकार यात्रा को नई ऊर्जा मिलेगी और बिहार की सियासत में हलचल तेज होगी।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ 250 रनों की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी

ग्रेट बैरियर रीफ एरीना, मैके में खेले गए तीसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड और मिचेल मार्श ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नया इतिहास रच दिया। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 250 रन जोड़कर साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के विक्रम सोलंकी और मार्कस ट्रेस्कोथिक के नाम था, जिन्होंने 2003 में द ओवल पर 200 रनों की साझेदारी की थी। भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली (193 रन, 2001) तथा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और शिवनारायण चंद्रपॉल (193 रन, 2004) भी इस सूची में शामिल रहे हैं, लेकिन अब हेड और मार्श की जोड़ी ने सबको पीछे छोड़ दिया।

मैच में दोनों ऑस्ट्रेलियाई ओपनर्स ने शतक जड़े।

ट्रैविस हेड ने 103 गेंदों पर 142 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल थे।

मिचेल मार्श ने 100 रनों की पारी खेली और इसमें 6 चौके तथा 5 छक्के जड़े।

यह वनडे क्रिकेट में आठवीं बार था जब ऑस्ट्रेलिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने एक ही मैच में शतक जमाए। इससे पहले डेविड वार्नर और एरोन फिंच जैसी जोड़ियां यह कारनामा कर चुकी हैं।

ऑस्ट्रेलिया के पास बड़े ओपनिंग रिकॉर्ड्स की लंबी सूची है और यह पांचवीं बार है जब कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाजों ने 250 या उससे ज्यादा रन की साझेदारी की है।

284 रन – ट्रैविस हेड और डेविड वार्नर बनाम पाकिस्तान, एडिलेड (2017)

269 रन – हेड और वार्नर बनाम इंग्लैंड, मेलबर्न (2022)

259 रन – मार्श और वार्नर बनाम पाकिस्तान, बेंगलुरु (2022)

258 रन – एरोन फिंच और वार्नर बनाम भारत, वानखेड़े (2020)

250 रन – हेड और मार्श बनाम साउथ अफ्रीका, मैके (2025)

मैके वनडे में हेड और मार्श ने शुरुआत से ही रन बनाने की रफ्तार पकड़ ली और साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उनकी साझेदारी ने न केवल मैच का रुख बदल दिया, बल्कि मेहमान टीम के लिए मानसिक दबाव भी बढ़ा दिया। पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल थी और ऑस्ट्रेलियाई ओपनर्स ने इसका पूरा फायदा उठाया।

हेड और मार्श की यह साझेदारी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गई है। यह केवल एक बड़ी पार्टनरशिप नहीं बल्कि टीम की गहराई और मजबूती का प्रतीक है। साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ आया यह प्रदर्शन आने वाले समय में लंबे समय तक याद किया जाएगा।

हुसैनपुर में विधायक जियाउद्दीन रिज़वी का हुआ अभिनंदन

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) सिकंदरपुर क्षेत्र के हुसैनपुर गांव स्थित ठाकुर जी के मंदिर प्रांगण में रविवार को सपा विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिज़वी का ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विधायक ने घोषणा की कि मंदिर प्रांगण में विधायक निधि से रैन बसेरा का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर की मरम्मत भी कराई जाएगी।
इसके पूर्व वे बेलसनी गांव स्थित संत रविदास मंदिर पर भी दस लाख रुपये की लागत से विकास कार्य कराने की घोषणा कर चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में भी विधायक द्वारा कई मंदिरों पर विकास कार्य कराए जा चुके हैं। काजीपुर में आयोजित एक सभा में उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थल पर चबूतरा एवं सीढ़ी निर्माण की भी घोषणा की थी। ग्रामीणों का कहना है कि विधायक रिज़वी गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। वे डॉ. लोहिया के सिद्धांतों को मानते हुए सभी धर्मों का सम्मान करने की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।

दहेज की आग में जली निक्की – 6 साल के मासूम की आंखों से छलका दर्द

ग्रेटर नोएडा (राष्ट्र की परम्परा) दहेज जैसी कुप्रथा ने एक और बेटी की जिंदगी निगल ली। ग्रेटर नोएडा में निक्की नाम की युवती को उसके ही पति ने कथित तौर पर जिंदा जला डाला, सिर्फ इसलिए क्योंकि मायके वाले उसकी दहेज की मांग पूरी नहीं कर पाए।

इस हृदयविदारक घटना ने लोगों का कलेजा तब और छलनी कर दिया जब निक्की के 6 वर्षीय बेटे ने अपनी आंखों से देखे मंजर को बयां किया। मासूम ने कहा – “मेरी मां के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको थप्पड़ मारा और फिर लाइटर से आग लगा दी।” इस बयान ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।

पुलिस ने घटना के तुरंत बाद निक्की के पति विपिन को गिरफ्तार कर लिया है और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। वहीं, निक्की का अधजला शव सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश की लहर है।

निक्की के पिता का दर्द भी शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने दामाद और उसके परिवार की हर मांग पूरी की थी – जिसमें स्कॉर्पियो गाड़ी और बुलेट मोटरसाइकिल देना भी शामिल था। इसके बावजूद उनकी बेटी को रोजाना प्रताड़ित किया गया और आखिरकार उसकी जान ले ली गई।

गुस्से और आंसुओं के बीच निक्की के पिता ने कहा – “अगर सरकार आरोपियों पर बुलडोजर नहीं चलाती और सबको सजा नहीं देती, तो मैं भूख हड़ताल करूंगा। यह योगी जी की सरकार है, न्याय होना ही चाहिए।”

निक्की की मौत ने फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक दहेज की आग बेटियों को निगलती रहेगी? मासूम बेटे की आंखों से देखी गई यह सच्चाई समाज को झकझोर रही है।

शि-योमी जिले के सरकारी आवासीय विद्यालय में भीषण आग, एक छात्र की मौत, तीन घायल

शि-योमी (राष्ट्र की परम्परा)। अरुणाचल प्रदेश के शि-योमी जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पापिकुरुंग सरकारी आवासीय विद्यालय के छात्रावास में भीषण आग लग गई, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इस घटना की पुष्टि की।

शि-योमी के पुलिस अधीक्षक एस.के. थोंगडोक ने बताया कि आग देर रात करीब दो बजे छात्रावास के लड़कों के भवन में लगी। धुआं और लपटें तेजी से फैलने के कारण कई बच्चे प्रभावित हुए। हालांकि, अधिकांश छात्र सुरक्षित निकाल लिए गए।

घायल छात्रों की पहचान लुखी पुजेन (8), तनु पुजेन (9) और तायी पुजेन (11) के रूप में हुई है। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद पश्चिम सियांग जिले के आलो स्थित जोनल जनरल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मृतक छात्र की शिनाख्त अब तक नहीं हो पाई है।

अधिकारी ने बताया कि यह विद्यालय मोनीगोंग कस्बे से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित ताडाडगे गांव में है। गांव में बिजली की सुविधा नहीं है, ऐसे में आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हादसे के समय छात्रावास में बच्चे सो रहे थे। अचानक धुआं उठने पर हड़कंप मच गया। ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ की मदद से कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन एक छात्र को बचाया नहीं जा सका।

फिलहाल प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। सेना और पुलिस की टीमें भी गांव में पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में लगी हुई हैं।

संतान प्राप्ति की चाहत में गई महिला से तांत्रिक ने किया दुष्कर्म

मथुरा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)जिले के नौहझील क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। संतान सुख की चाहत में अनुष्ठान कराने गई 35 वर्षीय महिला के साथ एक स्वयंभू तांत्रिक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने रविवार को जानकारी दी कि पीड़िता की शादी को आठ वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अब तक वह संतान प्राप्त नहीं कर पाई है। इसी कारण वह नौहझील इलाके के रहने वाले तांत्रिक मुश्ताक अली (45) के पास पहुँची थी। तांत्रिक ने महिला को संतान प्राप्ति का झांसा देकर घर बुलाया और अनुष्ठान कराने के नाम पर उससे दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवारजन उसे थाने लेकर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

एसपी (ग्रामीण) ने बताया कि पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। साथ ही पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।

ग्रामीणों में इस घटना के बाद आक्रोश है और लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता की जूतों से पिटाई, दोनों पक्षों ने लगाए आरोप

बलिया(राष्ट्र की परम्परा) शनिवार को सिविल लाइन स्थित बिजली विभाग के कार्यालय में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अधीक्षण अभियंता (एसई) लाल सिंह पर लोगों ने धावा बोल दिया और जूतों से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। नगर कोतवाली में दर्ज कराई गई तहरीर में एसई ने आरोप लगाया है कि दोपहर करीब 20-25 लोग उनके कार्यालय में पहुंचे। सागरपाली निवासी मुन्ना बहादुर सिंह, जो खुद को भाजपा का नेता बता रहा था, बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज करने लगा और अचानक जूतों से हमला कर दिया। कार्यालय में रखे कागजात फाड़े गए और कुछ सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हंगामा सुनकर पहुंचे कर्मचारियों ने किसी तरह एसई को बचाया। पुलिस ने एक नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी मुन्ना बहादुर सिंह का कहना है कि इलाके में कई दिनों से बिजली आपूर्ति की समस्या बनी हुई थी। शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी को लेकर वह 10-12 लोगों के साथ पत्रक देने गया था, जहां एसई ने ही गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। मुन्ना ने खुद को भाजपा का पूर्व मंडल महामंत्री बताते हुए यह भी दावा किया कि वह पहले पार्टी समर्थित जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ चुका है। इस मामले पर एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि एसई की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है। उधर, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए बिजली विभाग के अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद से जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।