Friday, July 17, 2026
Home Blog Page 771

मजबूत दीवारें सीमाओं की रक्षा करती हैं और मजबूत इरादे एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते है: अमृता चौरसिया

राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा मजबूत भारत की नींव : सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान विषयक संगोष्ठी संपन्न

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विभाग तथा आईसीएसएसआर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन रविवार को हुआ। संगोष्ठी का विषय “राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा मजबूत भारत की नींव : सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान” था।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अमृता चौरसिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि “मजबूत दीवारें सीमाओं की रक्षा करती हैं और मजबूत इरादे एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं।” उन्होंने कहा कि भारत के पास सबसे बड़ी युवा शक्ति है, जिसके बल पर इसे विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है। भारत की एकता और अखंडता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है और विविधता से परिपूर्ण ऐसा राष्ट्र दुनिया में और कहीं नहीं है।
मुख्य अतिथि प्रकाशमणि त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसकी एकता में निहित होती है। सरदार वल्लभभाई पटेल को उन्होंने राजनीतिक दूरदर्शी और संकल्प के धनी नेतृत्वकर्ता बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता की चर्चा जब भी होगी, पटेल का नाम सर्वोपरि रहेगा।
मुख्य वक्ता डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने स्वतंत्रता के बाद भारत के राजनीतिक एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान भारत की सॉफ्ट पावर है, जो भावनात्मक एकीकरण में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही जे.पी. आंदोलन, सत्याग्रह, संविधान निर्माण तथा नागपुर झंडा आंदोलन में पटेल की भूमिका को भी याद किया।
सत्र की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने की। उन्होंने कहा कि विचार और कर्म से ही किसी का व्यक्तित्व जीवंत रहता है, और सरदार पटेल इसके उत्कृष्ट उदाहरण हैं। भौगोलिक सीमाओं की सुरक्षा पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि सीमाओं पर शांति और विकास, राष्ट्र की मजबूती के मूल आधार हैं।
विभागाध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया तथा संगोष्ठी को सफल बताया। संयोजक सचिव डॉ. आरती यादव ने आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा नेपाल से आए प्रतिभागियों सहित सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न प्रदेशों से आए प्रतिभागी, विषय विशेषज्ञ प्रो. सतीश चंद्र पांडेय, प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा, प्रो. श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, प्रो. प्रदीप कुमार यादव, प्रो. हरि सरन, डॉ. प्रवीन कुमार सिंह, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. विजय कुमार, डॉ. अभिषेक सिंह, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के शिक्षकगण, शोध छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में परास्नातक व स्नातक छात्र उपस्थित रहे।

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह कल

161 मेधावियों को मिलेंगे पदक, 301 शोधार्थियों को प्रदान की जाएगी पी-एच.डी. उपाधि

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह आज दोपहर बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। पद्मश्री प्रो. आशुतोष शर्मा, आईआईटी कानपुर के इंस्टिट्यूट चेयर प्रोफेसर, मुख्य अतिथि होंगे एवं दीक्षांत व्याख्यान देंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समारोह में कुल 76 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए जाएंगे, जिनमें 56 छात्राएं और 20 छात्र शामिल हैं। इस वर्ष 71 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा 90 डोनर पदक दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 161 मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्राप्त होंगे। उल्लेखनीय है कि 43वें दीक्षांत समारोह में 140 पदक वितरित हुए थे।
सत्र 2024-25 में कुल 73,887 उपाधियाँ प्रदान की जाएंगी। इनमें विश्वविद्यालय परिसर स्तर पर 7,711 तथा महाविद्यालय स्तर पर 66,176 उपाधियाँ शामिल हैं। इस प्रकार कुल 50,636 छात्राएं और 23,251 छात्र उपाधि प्राप्त करेंगे।
इस वर्ष समारोह में 301 शोधार्थियों को पी-एच.डी. उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें कला संकाय के 117, विज्ञान संकाय के 99, वाणिज्य के 35, शिक्षा के 31, विधि के 11 तथा कृषि संकाय के 8 शोधार्थी शामिल हैं। यह अब तक की सर्वाधिक संख्या है। गत वर्ष 43वें दीक्षांत समारोह में 166 शोधार्थियों को ही यह उपाधि दी गई थी।
समारोह की तैयारियों के अंतर्गत पूर्वाभ्यास कुलपति प्रो. पूनम टंडन के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस दौरान विद्वत पदयात्रा निकाली गई तथा मेडल विजेताओं को सम्मान ग्रहण की रिहर्सल कराई गई। अभ्यास में प्राध्यापकों ने कुलाधिपति, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में कंपोजिट स्कूल के बच्चों ने पर्यावरण संदेश पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं में विजयी तीन छात्रों को भी सम्मानित किया गया।

हृदयगति रुकने से होमगार्ड जवान की मौत

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l मनियर थाने पर रनर के पद पर तैनात होमगार्ड जवान राणा प्रताप सिंह (39) की रविवार की सुबह हृदयगति रुकने से मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि मूलरूप से बिहार के सिवान जनपद के आनंदपुर थाने के चित्तौड़ गांव निवासी राणा प्रताप सिंह मनियर थाने पर रनर के पद पर तैनात थे। वह मनियर गंगापुर निवासी शिवजी उपाध्याय के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार को उनकी पत्नी राजलक्ष्मी देवी भी तबीयत खराब होने की सूचना पर वहाँ आई थीं। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब छह बजे वह उठे, फ्रेश होने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बिस्तर पर लेट गए। डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। पत्नी ने थाने पर लिखित तहरीर देकर पोस्टमार्टम की मांग की, जिसके आधार पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर फैलते ही मनियर थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक समेत पुलिस बल और होमगार्ड विभाग के अधिकारी अजय बाबू, आदित्य सिंह, ओंकार नाथ यादव, प्रभुनाथ तिवारी, छोटू यादव, सुरेश कुमार, रामदयाल, दयाशंकर, रामाशंकर, रामआशीष सहित कई लोग मौके पर पहुँच गए।

डीएम ने बाढ़ के दृष्टिगत तटबंधों की सुरक्षा हेतु नोडल अधिकारियों को किया नामित

21 तटबंधों बंधों पर नोडल अधिकारी हुए नामित, तटबंधों का नियमित निगरानी करेंगे नोडल अधिकारी

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा मानसून के दृष्टिगत तटबंधों की सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों हेतु नोडल अधिकारियों को नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने मानसून सत्र एवं सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत जनपद में स्थित निर्मित विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण कर उनके कटान स्थल, रेन कट तथा रैट होल का स्थान किमी में चिन्हित करते हुए विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने हेतु तटबंधवार नोडल अधिकारी नामित करते हुए इनकी ड्यूटी लगाई है।
आदेश में कहा गया है कि जनपद के सभी 21 तटबंधों पर निरीक्षण के लिए नामित नोडल अधिकारी प्रतिदिन सम्बन्धित तटबंध का भौतिक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान विशेष ध्यान इस बात पर दिया जाए कि कहीं कटान, दरार, धसान, पानी का रिसाव अथवा नदी के जलस्तर में असामान्य वृद्धि तो नहीं हो रही। साथ ही यह भी देखा जाए कि तटबंध पर किसी प्रकार की अवांछित मानवीय गतिविधिया जैसे मिट्टी निकालना या अवैध निर्माण तो नहीं हो रहा। प्रत्येक नोडल अधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण के उपरान्त आख्या जिलाधिकारी कार्यालय को प्रेषित करेंगे।
आदेश के क्रम में जितेन्द्र कुमार, उपजिलाधिकारी सदर जर्दी डोमरा, प्रेम शंकर पाण्डेय, अपर उपजिलाधिकारी लक्ष्मीपुर रिंग बांध और शैलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी बनरहवां विस्तार हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है। पंकज शाही, तहसीलदार सदर को अनंतपुर बड़हरा, भोलेनाथ कन्नौजिया, खण्ड विकास अधिकारी सदर को अमहवां रिंग, राहुल सागर, खण्ड विकास अधिकारी मिठौरा को डोमरा रिंग बांध, विजय यादव, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को चेंहरी बांध और विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार घुघली को भगवानपुर बांध का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। देश दीपक तिवारी, नायब तहसीलदार सदर को टेढ़वां बांध, शैलेन्द्र गौतम, उपजिलाधिकारी को लेहड़ा बांध, वशिष्ठ वर्मा,तहसीलदार फरेंदा को नगवां बांध, अतुल कुमार खण्ड विकास अधिकारी फरेंन्दा को बंदेईया बांध, सन्तोष कुमार यादव खण्ड विकास अधिकारी परतावल को झावां कोट तटबंध की निगरानी हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसी प्रकार कृष्ण कान्त शुक्ला, खण्ड विकास अधिकारी बृजमनगंज, बेलसर रिंगौली तटबंध, नवीन कुमार, उपजिलाधिकारी नौतनवां, आराजी सुबाइन सूबेदार पुर तटबंध दायां , कर्ण सिंह तहसीलदार नौतनवां, आराजी सुबाइन सूबेदार पुर बायां, नन्द प्रकाश मौर्य उपजिलाधिकारी निचलौल, बसुली गाइड तटबंध और अमित कुमार सिंह, तहसीलदार निचलौल एसएसबी कैंप रिंग बांध हेतु नोडल अधिकारी नामित किया गया। निचलौल खंड विकास अधिकारी शमा सिंह को रामनगर ठूठीबारी, पियूष कुमार जायसवाल, नायब तहसीलदार निचलौल को नारायणी छितौनी और सिद्धार्थ गुप्ता, अपर उपजिलाधिकारी को लक्ष्मीपुर भरवलियां का नोडल अधिकारी नामित करते हुए तटबंध की नियमित निगरानी करने हेतु निर्देशित किया है।

गन्ना विकास इंटर कॉलेज खलीलाबाद की प्रबंध समिति का चुनाव निर्विरोध संपन्न

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला मुख्यालय खलीलाबाद स्थित गन्ना विकास इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति का चुनाव शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के अंतर्गत सभी पदों पर सर्वसम्मति से चयन किया गया, जिससे विद्यालय परिवार और स्थानीय क्षेत्र में संतोष एवं उत्साह का वातावरण बना रहा।
चुनाव परिणामों के अनुसार पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए। अमरेश कुमार सिंह प्रबंधक, पारस नाथ गुप्त उपाध्यक्ष और सुबोध शर्मा उप-प्रबंधक के रूप में चयनित हुए। निर्वाचित पदाधिकारियों ने समिति के संचालन को पारदर्शी, व्यवस्थित और छात्र हितों के अनुरूप करने का संकल्प लिया।
नव निर्वाचित अध्यक्ष पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र ने कहा कि वे संस्थान की शैक्षिक गुणवत्ता और अनुशासन को और मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे। प्रबंधक अमरेश कुमार सिंह ने विद्यालय परिसर के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उपाध्यक्ष पारस नाथ गुप्त ने विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का आश्वासन दिया, जबकि उप-प्रबंधक सुबोध शर्मा ने शिक्षकों और अभिभावकों के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
स्थानीय नागरिकों एवं शिक्षकों ने निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि नई समिति विद्यालय को प्रगति के नए पथ पर अग्रसर करेगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व प्रधानाचार्य समय देव पाण्डेय, भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के राजेश प्रकाश मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहेl

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन नजरबंद,भूमि अधिग्रहण को लेकर आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन

रांची (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) झारखंड की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन को पुलिस प्रशासन ने नजरबंद कर दिया। यह कदम उस समय उठाया गया जब राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में एक बहु-कोर सरकारी स्वास्थ्य संस्थान की स्थापना के लिए हो रहे भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आदिवासी संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने चंपई सोरेन के आवास पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और उनके बाहर निकलने पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के एहतियाती उपाय के तौर पर की गई है।

प्रदर्शन कर रहे आदिवासी संगठनों का आरोप है कि सरकार बहु-कोर प्रोजेक्ट के नाम पर आदिवासी जमीन छीन रही है। उनका कहना है कि इस भूमि पर वर्षों से स्थानीय समुदाय की आजीविका निर्भर रही है और इसे छीनना संविधान द्वारा प्रदत्त उनके अधिकारों का उल्लंघन है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जबरन भूमि अधिग्रहण जारी रहा तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य सरकार आदिवासी हितों की अनदेखी कर रही है और उनकी आवाज दबाने के लिए विपक्षी नेताओं को नजरबंद किया जा रहा है। इस बीच, प्रशासन ने साफ किया है कि चंपई सोरेन की गतिविधियों पर रोक सिर्फ एहतियातन लगाई गई है ताकि तनावपूर्ण माहौल में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

फिलहाल, नजरबंदी की अवधि और आगे की कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, इस घटनाक्रम ने झारखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है और आने वाले दिनों में इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

देशभर में धूमधाम से मनाया गया श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश पर्व

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, रांची और बिहार समेत देश के कोने-कोने में रविवार को गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा धन-धन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।

इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिबों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रांची स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा साहिब में सजाए गए विशेष दीवान की शुरुआत सुबह 7:40 बजे हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह द्वारा आसा दी वार कीर्तन से हुई। इसके बाद दीवान में सिख पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्था भाई सुखप्रीत सिंह (लखनऊ वाले) सहित अन्य रागियों ने संगत को अमृतमयी कीर्तन सुनाकर निहाल किया।

सुबह 9 बजे से 10:45 बजे तक कीर्तन दरबार में भाई सुखप्रीत सिंह एवं अन्य रागियों ने “गुर राम दास राखो शरनाई…”, “संता के कारज आप खलोंया हर कम करावन आया राम…”, “सो सतगुर प्यारा मेरे नाल है…” और “हम बैठे तुम देहो असीसां…” जैसे कई अमृतमयी शब्दों का गायन कर वातावरण को आध्यात्मिक रस से सरोबार कर दिया।

दीवान का समापन सुबह 11:00 बजे हुआ, जिसमें श्री आनंद साहिब जी के पाठ, अरदास, हुकुमनामा और कढ़ाह प्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित साध संगत ने गुरु घर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रकाश पर्व का संदेश मानवता, शांति, भाईचारा और प्रेम का है। देशभर में आयोजित इन दीवानों ने संगत को एक बार फिर गुरु साहिब की शिक्षाओं पर चलने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

हृदयगति रुकने से होमगार्ड जवान की मौत

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

मनियर थाने पर रनर के पद पर तैनात होमगार्ड जवान राणा प्रताप सिंह (39) की रविवार की सुबह हृदयगति रुकने से मौत हो गई। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। बताया जा रहा है कि मूलरूप से बिहार के सिवान जनपद के आनंदपुर थाने के चित्तौड़ गांव निवासी राणा प्रताप सिंह मनियर थाने पर रनर के पद पर तैनात थे। वह मनियर गंगापुर निवासी शिवजी उपाध्याय के मकान में किराये पर रहते थे। शनिवार को उनकी पत्नी राजलक्ष्मी देवी भी तबीयत खराब होने की सूचना पर वहाँ आई थीं। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह करीब छह बजे वह उठे, फ्रेश होने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बिस्तर पर लेट गए। डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। पत्नी ने थाने पर लिखित तहरीर देकर पोस्टमार्टम की मांग की, जिसके आधार पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर फैलते ही मनियर थानाध्यक्ष कौशल कुमार पाठक समेत पुलिस बल और होमगार्ड विभाग के अधिकारी अजय बाबू, आदित्य सिंह, ओंकार नाथ यादव, प्रभुनाथ तिवारी, छोटू यादव, सुरेश कुमार, रामदयाल, दयाशंकर, रामाशंकर, रामआशीष सहित कई लोग मौके पर पहुँच गए।

पुलिस ने मुन्ना बहादुर को जिला अस्पताल से गिरफ्तार किया

ब्रेकिंग न्यूज़ : बलिया से बड़ी खबर

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता और बीजेपी कार्यकर्ता मुन्ना बहादुर के बीच हुए विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को पुलिस ने मुन्ना बहादुर को जिला अस्पताल से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मुन्ना बहादुर सीने में दर्द की शिकायत के चलते जिला अस्पताल में इलाज करा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें घसीटते हुए गाड़ी में बैठाया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में समर्थक अस्पताल परिसर में जुट गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गौरतलब है कि शनिवार को बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता और बीजेपी कार्यकर्ता मुन्ना बहादुर के बीच जमकर मारपीट हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हालात पर नजर बनाए हुए है।

फिजी के प्रधानमंत्री राबुका भारत दौरे पर, साझेदारी को नई ऊंचाई देने की उम्मीद

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) फिजी गणराज्य के प्रधानमंत्री सीटिवेनी लिगामामादा राबुका अपनी पत्नी सुलुवेती राबुका के साथ चार दिवसीय यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। उनकी इस अहम यात्रा का उद्देश्य भारत और फिजी के बीच आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने प्रधानमंत्री राबुका और उनकी पत्नी का औपचारिक स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राबुका की यात्रा भारत-फिजी साझेदारी को नए आयाम देगी और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री राबुका 24 से 27 अगस्त तक भारत में रहेंगे। इस दौरान उनके कई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय कार्यक्रम और बैठकें निर्धारित हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, तकनीक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे क्षेत्रों में भारत और फिजी के बीच सहयोग की नई राहें खुलेंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रशांत महासागर क्षेत्र में रणनीतिक महत्व रखने वाले फिजी के साथ भारत के रिश्ते न केवल आर्थिक दृष्टि से बल्कि वैश्विक मंचों पर सहयोग को बढ़ावा देने में भी अहम साबित होंगे।

प्रधानमंत्री राबुका की यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मित्रतापूर्ण संबंधों को और गहराई प्रदान करेगी।

विकास प्राधिकरण कार्यालय का उद्घाटन

सुनियोजित विकास की दिशा में बड़ा कदम-सुरेश खन्ना

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम बनने के बाद अब विकास प्राधिकरण की स्थापना से जिले का सुनियोजित व योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित होगा। मंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के सभी कार्य ऑनलाइन होंगे, जिससे पारदर्शिता और जनता को सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्र सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती : सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव

तीन दर्जन मेधावियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया

बघौचघाट,देवरिया (राष्ट्र की परंपरा)
पथरदेवा विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत किंग्स पब्लिक स्कूल बघौचघाट के प्रांगण में रविवार को प्रतिभा खोजी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।सम्मान समारोह कक्षा छः से 12 वीं के छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित की गई।प्रतियोगी परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले तीन दर्जन छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र लाल श्रीवास्तव व विशिष्ट अतिथि डॉ सतीश कुमार उपाध्याय रहे ।पूर्व प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय घुड़ीपुर एवं राम इकबाल राय जिला अध्यक्ष ब्रह्मर्षि वेलफेयर सोसाइटी देवरिया ।
जिसमें सबसे पहले मुख्य अतिथि ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। इस दौरान किंग पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा संस्कृतिक प्रोग्राम प्रस्तुत किया गया। जिसमें उपस्थित लोग अभिभावक झूम उठे।पूर्व में हुए प्रतिभा खोजी परीक्षा का आयोजन में कुशीनगर व देवरिया जिला से लगभग 702 छात्र /छात्राओं ने कक्षा 4 से लेकर 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा किया जिसमें प्रत्येक वर्ग में प्रथम, आकांक्षा पटेल सलमान अंसारी संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया जूनियर स्तर पर कुमारी तान्या हाई स्कूल स्तर पर तथा इंटरमीडिएट टेस्ट पेपर कुमारी प्रीति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया ,द्वितीय सोनम सिंह जूनियर स्तर पर अभय गुप्ता रमेश कुशवाहा गुप्ता हेमंत कुशवाह संयुक्त रूप से हाई स्कूल स्तर पर काजल एवं सत्यम कुशवाहा संयुक्त रूप से तथा इंटरमीडिएट रास्ता पर सबिया खातून द्वितीय स्थान प्राप्त की प्राथमिक स्तर पर आकांक्षा वर्मा संयुक्त रूप से साक्षी कुशवाहा हाई स्कूल स्तर पर आकांक्षा इंटरमीडिएट परवीन , तृतीय स्थान प्राप्त कर ने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह व और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

रामगंज के चेयरमैन राकेश सिंह का घाटकोपर में भव्य सम्मान

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। घाटकोपर स्थित नव दुर्गा इंफ्रा के कार्यालय में रविवार को एक गरिमामय समारोह में रामगंज नगर पंचायत, पट्टी, प्रतापगढ़ के लोकप्रिय चेयरमैन राकेश सिंह का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की मेजबानी नव दुर्गा इंफ्रा के प्रमुख सुनील दुबे ने की। इस अवसर पर पत्रकारिता, व्यावसायिक, सामाजिक जगत अविनाश पांडेय, अशोक दुबे सहित उत्तर भारतीय समाज से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थें । चेयरमैन राकेश सिंह का स्वागत पुष्पगुच्छ , अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। सभी ने उनके नेतृत्व में नगर पंचायत में हो रहे विकास कार्यों एवं जनता के हित में उठाए गए कदमों की सराहना की। अपने संबोधन में सिंह ने मुंबईवासियों के स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया और आश्वस्त किया कि वह सदैव जनहित व क्षेत्रीय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। आयोजन बैठक सौहार्द, उत्साह और आत्मीयता के वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने इसे एक यादगार पल करार दिया।

सीमा पर नशे का जाल ध्वस्त, एक नेपाली युवक गिरफ्तार

एसएसबी व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। भारत-नेपाल सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसएसबी 22 वीं वाहिनी ठूठीबारी व कोतवाली पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। संयुक्त टीम ने पिलर संख्या 506 के पास विशेष चेकिंग के दौरान नेपाल जाने के फिराक में एक नेपाली युवक को प्रतिबंधित दवाओं संग गिरफ्तार किया गया है। युवक की पहचान कृष्णा सिंह पुत्र भीम सिंह निवासी कुशमा पल्हिनन्दन, वार्ड नंबर तीन जिला नवलपरासी नेपाल के रूप में हुई।तलाशी के दौरान युवक के पास से 1000 कैप्सूल प्रोसाइको, 80 डायजेपाम इंजेक्शन, 90 बुप्रेनॉरफिन इंजेक्शन व 90 प्रोमेथाजाईन इंजेक्शन बरामद हुए। पकड़े गए युवक को 8/21/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजा गया है। इस दौरान एसएसबी सहायक कमांडेंट दिनेश चंद विश्वास, निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद, एएसआई त्रिलोक चंद, मुख्य आरक्षी निकम नीलेश, आरक्षी अरविंद कुमार, आरक्षी चंद्र प्रकाश गुप्ता तथा ठूठीबारी पुलिस के एसआई प्रणव कुमार ओझा, उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश, दिनेश सिंह यादव, आरक्षी मनोहर यादव और बलवंत यादव शामिल रहे। इस संबंध में कार्यवाहक थानाध्यक्ष प्रणव ओझा ने बताया कि अभियुक्त को विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय महराजगंज भेजा गया।

नगर पंचायत की लापरवाही से आमजन परेशान, छात्र-छात्राओं की मुश्किलें बढ़ीं

सिकन्दरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पंचायत सिकन्दरपुर की लापरवाही से कस्बे के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में सड़क की पटरी पर नाले का कचरा निकालकर रख दिया गया है, जिससे राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले से निकाले गए गंदगी के ढेर से गुजरते समय सामने से आ रहे वाहनों के चलते गंदा पानी और कीचड़ उछलकर आने-जाने वालों के कपड़ों पर पड़ रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों और कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। कई बार वे गंदे पानी की छींटों से भीगकर घर लौटने को मजबूर हो जाते हैं।कस्बे के निवासी मनोज गुप्ता ने बताया, “नगर पंचायत सिर्फ नाले से कचरा निकालकर सड़क पर डाल देती है। इससे हमें राहत नहीं मिलती, बल्कि दिक्कत और बढ़ जाती है।” वहीं छात्रा साक्षी सिंह ने कहा, “स्कूल जाते समय जब गाड़ियों से कीचड़ हमारे कपड़ों पर गिरता है, तो वापस लौटना पड़ता है। परीक्षा का समय चल रहा है और पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।”लोगों का कहना है कि अगर नगर पंचायत नाले का कचरा निकालने के बाद उसे कूड़ा उठाने वाले वाहन पर लादकर किसी उपयुक्त स्थान पर डलवा देती, तो ऐसी नौबत ही नहीं आती। लेकिन लापरवाही के चलते अब पूरा क्षेत्र बदबू और गंदगी से प्रभावित है।इस संबंध में जब नगर पंचायत प्रशासन से संपर्क किया गया तो जिम्मेदार अधिकारीयों ने जल्द सफाई कर कचरा उठवाने का आश्वासन दिया।नगरवासियों ने नगर पंचायत से अपील की है कि तत्काल इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके