Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 712

महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में उमड़ा उत्साह, जागरूकता के साथ सम्मान भी

संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से एकलव्य एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट की पहल

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के खलीलाबाद ब्लॉक के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, ब्यारा में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से एकलव्य एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की आधी आबादी तभी सशक्त होगी जब उन्हें बराबरी का अवसर और सम्मान मिलेगा। उन्होंने महिला शिक्षा को सशक्त भारत की मजबूत नींव बताया। एकलव्य एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी गौरव निषाद ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नारे तक सीमित न रहकर समाज की सोच और व्यवहार में बदलाव लाना चाहिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं और शिक्षक शामिल हुए। प्रधानाचार्य धर्मेंद्र गौड़ ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई दिशा और हौसला मिलता है।
अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी महिला सशक्तिकरण और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए इसी तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित रहीं।

अक्टूबर में होगी दिव्यांग बच्चों की विशेष खेल प्रतियोगिता

जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ने की जानकारी साझा

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी रवीशचन्द्र ने बताया कि निदेशालय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में माह अक्टूबर 2025 में दिव्यांग बच्चों हेतु विशेष खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में रेस (100 मीटर दौड़), व्हीलचेयर रेस, ट्राइसाइकिल रेस, गोला फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद, ऊँची कूद, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर्स, डिस्कस थ्रो, जूडो-कराटे, हैंडबॉल, योगासन, शतरंज, कबड्डी, क्रिकेट, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, भारोत्तोलन, तीरंदाजी सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जो भी दिव्यांगजन खेलों में प्रतिभाग करना चाहते हैं, वे अपना नाम कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विकास भवन, संत कबीर नगर में दर्ज करा सकते हैं।

साफ-सफाई से लेकर यातायात तक—विकास को गति देने पर हुई विस्तृत चर्चा

विकसित उत्तर प्रदेश @2047 के विज़न डॉक्यूमेंट पर कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। ‘‘समर्थ उत्तर प्रदेश–विकसित उत्तर प्रदेश @2047’’ की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र के विकास पर केंद्रित कार्यशाला का आयोजन अपर जिलाधिकारी (वि/रा) जय प्रकाश की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष, सभासद, अधिशाषी अधिकारी एवं क्षेत्र के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, अयोध्या के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अरविन्द कुमार सिंह, सेवानिवृत्त आचार्य डॉ. मो. रजीउर रहमान तथा सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता (सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग) महेश कुमार पाण्डेय ने भी अपने विचार रखे। अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रधानमंत्री की पहल विकसित भारत @2047 और मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए संकल्प विकसित उत्तर प्रदेश @2047 को साकार करने हेतु सभी विभागों के साथ-साथ नागरिकों को भी अपने सुझाव देने होंगे। उन्होंने बताया कि नागरिक अपने विचार ऑनलाइन पोर्टल https://samarthuttarpradesh.up.gov.in या क्यूआर कोड स्कैन कर दर्ज करा सकते हैं। उपयोगी और लागू किए जा सकने वाले सुझाव देने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा। बैठक में नगर निकाय प्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने शहरी विकास को गति देने के लिए कई सुझाव दिए जिनमें साफ-सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, जल निकासी, विद्युत पोल और तारों का व्यवस्थितकरण, कॉलोनियों का सुव्यवस्थित विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, यातायात, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों ने शहर के बेहतर प्रबंधन के लिए विकास प्राधिकरण के गठन का प्रस्ताव भी रखा।वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अरविन्द सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के विकास से जुड़े बिंदुओं का अध्ययन कर सुझाव साझा करें ताकि आने वाले 20 वर्षों में जनपद, प्रदेश और देश को विकसित श्रेणी में शामिल किया जा सके।इस अवसर पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी अवधेश भारती, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित नगर निकायों के पदाधिकारी, सभासद एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत विशेष आयोजन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि निदेशक महिला कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार “संकल्प” हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत चल रहे 10 दिवसीय महिला सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम (2 से 12 सितम्बर 2025) के तहत आज प्रहलाद राय बनारसी लाल इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास पर विस्तार से जानकारी दी गई। जेंडर स्पेशलिस्ट शुभम चौधरी ने कौशल विकास के महत्व और महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। वहीं कौशल विकास मैनेजर धीरेंद्र विक्रम प्रताप सिंह ने कौशल प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में डीएमसी मोनिका शुक्ला, सेंटर मैनेजर ऋतुका दुबे, केस वर्कर सुमन, विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन त्रिपाठी, ऋचा श्रीवास्तव, सुमित्रा सिंह, अनुराधा चौधरी, सबीना बानो, सविता यादव, वंदना यादव, राजमणि, किरण बाला, अलका श्रीवास्तव, शैल त्रिपाठी सहित विद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।

डीएम ने महाव नाले का किया निरीक्षण, दिया आवश्यक निर्देश

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा महाव नाले का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया गया।

            निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी  ने ग्राम पंचायत बरगदवां,खैंरहवां दूबे और हरपुर के बीच तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं का निरीक्षण किया। साथ ही देवघट्टी में कटान स्थल पर किए गए अनुरक्षण कार्यों को भी देखा और तटबंध की ऊंचाई की बढ़ाने का निर्देश दिया। एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर पूरे तटबंध का स्थलीय निरीक्षण करवा लें, अगर कहीं भी तटबंध में समस्या दिखती है तो तत्काल अनुरक्षण कार्य को सुनिश्चित कराएं। जिलाधिकारी संवेदनशील बिंदुओं पर बांस के पौधों की पाइलिंग व ब्रेसिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही समस्त तटबंध पर विटिवर ग्रास का रोपण करने का निर्देश ताकि तटबंधों को मजबूत किया जा सके और कटान को रोका जा सके।  अतिरिक्त सिल्ट को सैंड बैग के रूप में संवेदनशील बिंदुओं पर भंडारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने रेन कट सहित संवेदनशील बिंदुओं पर रिसाव रोकने हेतु पॉलीथीन शीट लगवाने का निर्देश दिया। तटबंध के संवेदनशील बिंदुओं पर पशुओं के आवागमन को रोकने के लिए अवरोधक लगाने का निर्देश दिया, जिससे तटबंध कि नुकसान होने से बचाया जा सके।  तटबंध के लगभग 02 किमी हिस्से का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हर उस बिंदु को देखा, जहां पर अनुरक्षण कार्य किया गया। 
       उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि महाव के संपूर्ण तटबंध की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस सन्दर्भ में सभी नोडल अधिकारियों के माध्यम से संबंधित तटबंधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करवाने का निर्देश दिया। बाढ़ चौकियों की जांच हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि सुनिश्चित कर लें कि सभी बाढ़ चौकियों पर आवश्यक इंतजाम रहे। कहा कि बाढ़ निरोधक और तटबंध अनुरक्षण कार्यों में तनिक भी शिथिलता न हो। अगर किसी के द्वारा शिथिलता बरती जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्य किया जाएगा।
             इस  दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद, तहसीलदार नौतनवा कर्ण सिंह, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, सहायक अभियंता सिंचाई द्वितीय जितेंद्र कुमार पटेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

छपरा यार्ड में इंजीनियरिंग कार्य, कई ट्रेनें पुनर्निर्धारित

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा) वाराणसी मंडल के छपरा यार्ड में इंजीनियरिंग कार्य के कारण रेलवे प्रशासन ने यातायात ब्लॉक लिया है। इसके चलते कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
जानकारी के अनुसार 75204 पंचदेवरी हाल्ट–सोनपुर सवारी गाड़ी (11 सितम्बर) और 15707 कटिहार–अमृतसर एक्सप्रेस (16 एवं 23 सितम्बर) अपने मूल स्टेशन से 60 मिनट विलंब से चलेगी।
वहीं, 02564 नई दिल्ली–बरौनी विशेष गाड़ी (10 सितम्बर) मार्ग में 60 मिनट नियंत्रित होगी। इसके अलावा 14005 सीतामढ़ी–आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस (17 एवं 24 सितम्बर) को मार्ग में 75 मिनट नियंत्रित किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पूर्व समय की पुष्टि अवश्य कर लें।

बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण जनसुनवाई दिवस में सुनी गईं समस्याएं

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)
नगर आयुक्त ने दिए सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सख्त निर्देश
शाहजहांपुर। महानगर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने जलभराव और गंदगी से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। मंगलवार को नगर आयुक्त ने दलेलगंज वार्ड व पक्का पुल के पास बने रैन बसेरा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद अनूप गुप्ता भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सुभाषनगर, जलालनगर बाहर चुंगी, ख्वाजा फिरोज, अहमदपुर नियाजपुर, अहमदपुरा, हयातपुरा, लोधीपुर, लालपुर, काशीराम कॉलोनी, अजीजगंज, ककरा और युनुसखेल समेत प्रभावित मोहल्लों में जलभराव को पूरी तरह खत्म करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई के साथ चूना, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव, एंटीलार्वा और फॉगिंग का अभियान एक सप्ताह तक लगातार चलाने का आदेश दिया। नगर आयुक्त ने दलेलगंज वार्ड स्थित नगर निगम रैन बसेरा का भी निरीक्षण किया, जहां बाढ़ प्रभावित लोग शरण लिए हुए हैं। उन्होंने वहां ठहरे लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि रैन बसेरा में ठहरे लोगों को सभी आवश्यक सुविधाएं, स्वच्छ जलापूर्ति और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

“अब तक 112”

एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा पर आधारित क्राइम बायोपिक

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा ) के सेरा सेरा ग्रुप ने अपनी नई फ़िल्म “अब तक 112” की घोषणा की है। यह एक क्राइम ड्रामा बायोपिक है जो मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा की ज़िंदगी पर आधारित है। फ़िल्म का भव्य रिलीज़ साल 2026 में होगा।
के सेरा सेरा भारतीय सिनेमा को अब तक छप्पन, सरकार, सरकार राज, पार्टनर, गोलमाल: फ़न अनलिमिटेड, डरना मना है और एक हसीना थी जैसी यादगार फ़िल्में दे चुका है। अब कंपनी इस नए प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में है।
फ़िल्म का निर्देशन करेंगे चर्चित फ़िल्मकार अभिजीत पानसे, जिन्होंने रेगे, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी स्टारर ठाकरे और वेब सीरीज़ रानबाज़ार से अपनी अलग पहचान बनाई। पानसे ने कहा, “यह सिर्फ़ एक पुलिस अफ़सर की कहानी नहीं, बल्कि मुंबई के सत्ता संघर्ष और अपराध से जूझते समाज का प्रतिबिंब है। फ़िल्म में यथार्थ और राजनीति दोनों का संगम होगा।”
प्रदीप शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, “मेरी ज़िंदगी अपराध और डर के ख़िलाफ़ एक लड़ाई रही है। उसे बड़े पर्दे पर देखना रोमांचक और गर्व का विषय है। उम्मीद है कि यह कहानी लोगों में साहस जगाएगी।”
के सेरा सेरा ग्रुप के चेयरमैन सतीश पंचारिया ने कहा, “‘अब तक 112’ सिर्फ़ फ़िल्म नहीं है, बल्कि Grit, Power और Truth की यात्रा है। अभिजीत पानसे के निर्देशन और प्रदीप शर्मा की असाधारण कहानी के साथ हम दर्शकों को अविस्मरणीय अनुभव देंगे।”
फ़िल्म इस साल के अंत तक फ़्लोर पर जाएगी और टीम जल्द ही लीड कास्ट की घोषणा करेगी।

फर्जी अभ्यर्थी बनकर दे रहा था PET की परीक्षा रोजा पुलिस ने दबोचा

फर्जी आधार कार्ड प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट के साथ गिरफ्तार

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा )
रोजा थाना पुलिस ने यूपीएसएसएससी PET की परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी के रूप में शामिल एक युवक को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी बिहार का रहने वाला है, जो दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी आधार कार्ड, ओएमआर शीट और प्रश्नपत्र बरामद किए हैं। प्रकरण कोतवाली क्षेत्र स्थित जान नेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल से जुड़ा है। परीक्षा केंद्र पर संदिग्ध लगने पर प्रधानाचार्या सुनीता द्विवेदी ने युवक को पुलिस के हवाले किया। इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में पहले युवक खुद को आजमगढ़ निवासी नितीश कुमार पुत्र राजेश सिंह बताता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम विवेक कुमार मंडल (31) निवासी भवानी विगहा थाना वारिस अलीगंज, जिला नवादा बिहार बताया।उसने पुलिस को बताया कि पिछले साल बनारस रेलवे स्टेशन पर उसकी मुलाकात आजमगढ़ निवासी श्याम कृष्ण से हुई थी। वहीं से दोनों के बीच जान-पहचान हुई, श्याम कृष्ण ने विवेक को पैसे का लालच देकर उसके स्थान पर परीक्षा देने के लिए तैयार किया। उसे 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें 10 हजार रुपये एडवांस भी मिल गए थे। विवेक ने स्वीकार किया कि उसने पहले हरदोई के आर्चसिया इंटरनेशनल स्कूल में श्याम कृष्ण के नाम से परीक्षा दी और फिर शाहजहांपुर में नितीश नामक अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा, जहां पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल श्याम कृष्ण पुत्र माधव सिंह निवासी बड़ागांव केशवपुरा थाना अतरौलिया, जिला आजमगढ़ और वास्तविक अभ्यर्थी नितीश पुत्र राजेश सिंह निवासी भीलमपुर छपरा थाना अतरौलिया की तलाश में दबिश दी जा रही है। दोनों को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार और उपनिरीक्षक सागर शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश और सीओ सदर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

गोवंश लदी पिकअप को ग्रामीणों ने पकड़ा,तस्कर फरार

बघौचघाट,देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत गुलरबागा गांव के समीप मेन मार्ग बघौचघाट पकहां पर ग्रामीणों ने गोवंश लदी एक पिकअप को पकड़ी।लेकिन पशु तस्कर मौके से फरार हो गए।तस्कर पिकअप से गोवंशीय पशुओं को लाद कर बिहार ले जा रहे थे।ग्रामीणों द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर पिकअप को थाने लाई।मंगलवार की सुबह पशु तस्कर एक पिकअप गाड़ी में गोवंशीय पशुओं को लाद कर बिहार ले जा रहे थे।इसी दौरान गुलरबागा गांव के समीप गाड़ी का एक्सेल टूट गया।जिसे तस्कर बनाने लगे।उसी समय कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पशुओं के बारे में जानकारी लेनी चाही लेकिन तस्कर टालमटोल करने लगे।ग्रामीणों को शक होने पर इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।पुलिस आने के भनक लगते ही गाड़ी चालक एवं तस्कर गाड़ी छोड़ कर मौके से फरार हो गए।मौके पर पहुंची पुलिस के जांच के दौरान गाड़ी में दो गाय समेत चार बछड़े मिले।पुलिस ने गाड़ी को थाने ले गई।पुलिस मामले में विधिक कार्यवाही कर रही है।

बाइक सवार ने मारी युवक को टक्कर मौत

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा )
जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना मिलने पर युवक के परिजन घायल युवक को घर ले गए और एक निजी डॉक्टर से इलाज करवाया। बताया जा रहा है कि रविवार की देर शाम 7:00बजे जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी मोरपाल पुत्र उग्रपाल कस्बा जैतीपुर की बाजार सब्जी लेकर हाइवे पर चढ़ रहा था, तभी ग्राम गौहावर की तरफ से आ रहे बाइक (UP 27 BJ4466) के चालक सत्यपाल पुत्र केदार निवासी ग्राम मंडरिया थाना जैतीपुर ने तेज व लापरवाही से बाइक चलाते हुए मोरपाल को टक्कर मार दी,जिससे मोरपाल गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पाकर मोरपाल के परिजन मोरपाल को घर ले गए वहां एक दिन गांव के ही डॉक्टर से इलाज करवाया। मंगलवार को प्रातः 4:00बजे मोरपाल की तबियत ज्यादा खराब होने पर मोरपाल के परिजन मोरपाल को बरेली ले जा रहे थे तभी मोरपाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

सड़क किनारे अवैध मांस-मछली की दुकानों पर कार्रवाई की मांग

मझौली राज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मझौली राज नगर पंचायत वार्ड नंबर 8 मिश्र टोला,निवासी हिमांशु मिश्र मण्डल महामंत्री (भाजपा) ने उपजिलाधिकारी सलेमपुर को प्रार्थना पत्र देकर नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर चल रही मुर्गा, बकरी एवं मछली की दुकानों को हटवाने की मांग की है।

प्रार्थी ने कहा है कि बिना लाइसेंस के अवैध रूप से इन दुकानों का संचालन किया जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है और गंदगी फैलने के कारण स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा, पास के मंदिर और पूजा स्थलों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं भी आहत हो रही हैं।

हिमांशु मिश्र ने बताया कि पूर्व में जिलाधिकारी देवरिया के आदेश पर इन दुकानों को हटाया गया था, लेकिन आदेश की अवहेलना कर पुनः रोड किनारे दुकानें लगाई जा रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सभी दुकानों को नगर पंचायत द्वारा निर्मित मंडी में एकत्रित रूप से स्थापित कराया जाए।

नेपाल में तख्तापलट का संकट गहराया: प्रदर्शन हिंसक, 19 की मौत – मंत्रियों के इस्तीफे, पीएम ओली विदेश भागने की तैयारी में

काठमांडू (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)नेपाल में तख्तापलट का संकट दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाने के खिलाफ युवाओं द्वारा राजधानी काठमांडू में आयोजित Gen-Z प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। अब तक इस प्रदर्शन में 19 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हुए हैं। स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और सरकार विरोधी माहौल तेजी से उग्र हो रहा है।

हिंसक प्रदर्शनों के बीच मंत्रियों के इस्तीफे का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सोमवार को गृहमंत्री रमेश लेखक ने इस्तीफा दिया, जबकि मंगलवार को कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी और स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल ने भी अपने पद छोड़ दिए। लगातार हो रहे इस्तीफों ने ओली सरकार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

इधर, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली देश छोड़ने की तैयारी में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि इलाज के बहाने वे दुबई जाने की योजना बना रहे हैं। इसके लिए एक निजी एयरलाइन, हिमालय एयरलाइंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है।

राजधानी काठमांडू सहित देश के कई शहरों में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अब उनकी मांग केवल सोशल मीडिया बैन हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे प्रधानमंत्री ओली के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि हालात यदि जल्द काबू में नहीं आए, तो नेपाल एक बड़े राजनीतिक अस्थिरता के दौर में प्रवेश कर सकता है।

समग्र शिक्षा की ओर कदम: सरस्वती शिशु मंदिर का नया प्रकल्प-मुख्यमंत्री

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान विद्या भारती के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर के एक बड़े प्रकल्प को नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में शिक्षा, संस्कृति और समाज से जुड़े कई प्रमुख अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन [कार्यक्रम स्थल का नाम] में किया गया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, विद्यार्थी, अभिभावक और समाजसेवी भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि के रूप में पधारे मुख्यमंत्री दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का साधन भर नहीं है, बल्कि यह जीवन निर्माण की प्रक्रिया है। इसी सोच को लेकर विद्या भारती ने यह नया शैक्षिक प्रकल्प तैयार किया है।

विद्या भारती का मानना है कि “विद्या वह है, जो हमारी मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करे।” इसी भावना को केंद्र में रखते हुए इस प्रकल्प को नए रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें विद्यार्थियों को न केवल आधुनिक शिक्षा दी जाएगी, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से भी जोड़ा जाएगा।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रकल्प का उद्देश्य विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्हें जीवनोपयोगी, संस्कारयुक्त और समाजोन्मुख शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे वे परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि शिक्षा अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रीय चेतना के साथ जुड़ी होनी चाहिए। यही कारण है कि विद्या भारती द्वारा समय-समय पर चलाए गए शैक्षिक अभियानों की तरह यह प्रयास भी समाज को नई दिशा देने वाला साबित होगा।

पत्रकारिता की साख और सच्चाई

पत्रकारिता लोकतंत्र का प्रहरी है। लेकिन आज यह प्रहरी दो चेहरों में बँट चुका है—एक तरफ़ छोटे अखबार, जो गाँव-गाँव की गलियों, चौपालों और खेत-खलिहानों तक जाकर जनता की असल आवाज़ बनते हैं; दूसरी ओर बड़े अखबार, जो वातानुकूलित दफ़्तरों, थानों और चौकियों तक सीमित रहकर जनता की धड़कन को भुला चुके हैं।छोटे अखबारों की कलम मेहनत से तराशती है सच्चाई को। ये न किसी सत्ता के दबाव में रहते हैं, न किसी चकाचौंध के मोह में। मगर विडंबना यह है कि इन्हें ही नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है। बड़े अखबारों के पत्रकार अक्सर तंज कसते हैं।“यह पेपर आता ही कहाँ है, कौन पढ़ता है?” जबकि हकीकत यह है कि हर अखबार को शासन-प्रशासन द्वारा वैधता का नंबर और टोकन प्राप्त होता है। सवाल यह नहीं कि कौन-सा अखबार कितना बड़ा है, असल सवाल यह है कि कौन-सा अखबार सच बोलने की हिम्मत रखता है।
दुर्भाग्य से, बड़े अखबारों की एक जमात अपने “रुतबे” और “खौफ” को बनाए रखने के लिए छोटे अखबारों को हाशिये पर ढकेलना चाहती है। वे सच्ची खबरों को दबाते हैं, जमीनी पत्रकारों को धमकवाते हैं और सफेदपोशों की मैनेजमेंट का हिस्सा बन जाते हैं। यह प्रवृत्ति न केवल पत्रकारिता की आत्मा के साथ धोखा है, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को खोखला करने वाली भी है।
असली पत्रकार वह है जो जनता की पीड़ा के बीच खड़ा मिले, उनके सवालों को कलम से ताक़त दे और सत्ता के सामने सच लिखने की हिम्मत दिखाए। अगर पत्रकारिता सत्ता के इशारे पर नाचने लगे, तो यह सिर्फ़ धंधा रह जाएगा, धर्म नहीं।
आज समाज को यह तय करना होगा कि वह किस पत्रकारिता पर भरोसा करे—उस पर जो चमकदार इमारतों में बैठकर खबर गढ़ती है, या उस पर जो मिट्टी की खुशबू के साथ सच्चाई को सामने लाती है।
पत्रकारिता की साख, सच्चाई और भविष्य—इन्हें बचाने का ज़िम्मा अब हम सबका है।

प्रदीप कुमार