Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 708

भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत

भागलपुर (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर रात कैतपुरा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक ही बाइक से बाराहाट से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के तेलिया गांव निवासी 24 वर्षीय गुलशन कुमार (पिता स्व. श्रीकांत मंडल) और अंबा गांव निवासी रंजन यादव (पिता ब्रह्मदेव यादव) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि गुलशन कुमार के पिता श्रीकांत मंडल की भी कुछ माह पूर्व सड़क हादसे में मौत हो गई थी। एक ही परिवार में लगातार सड़क हादसों से हुई मौतों ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

घटना की पुष्टि करते हुए बाराहाट थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को घटनास्थल से ही कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से मांग की कि मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार – पिस्टल, कारतूस और कट्टा बरामद

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) खजेकला थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मोहम्मद आज़ाद उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। उसके पास से 45 जिंदा कारतूस, 9,700 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

SP पटना पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आज़ाद ने मोहम्मद मुमताज उर्फ बाबा का नाम उजागर किया, जो हथियार और गोलियों की सप्लाई करता था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुमताज के घर एलिजा मार्केट, खजेकला में छापेमारी की। वहां से दो पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, एक देसी कट्टा और हथियार मरम्मत के औजार जब्त किए गए। हालांकि छापेमारी के दौरान मुमताज फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जांच में सामने आया है कि यह गिरोह 2022 से हथियारों की अवैध सप्लाई कर रहा था। अपराधियों की जरूरत के हिसाब से हथियार अलग-अलग कीमतों पर बेचे जाते थे। एक पिस्टल की कीमत 25 से 30 हजार रुपये तक वसूली जाती थी।

गिरफ्तार अपराधी के मोबाइल से पुलिस ने 12 से 15 संभावित ग्राहकों की सूची भी तैयार की है। इन सभी से गिरोह की मिलीभगत की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और खरीदारों तक पहुंचने के लिए गहन पड़ताल जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

SP परिचय कुमार ने कहा कि इस कार्रवाई से स्पष्ट होता है कि पटना में सक्रिय हथियार तस्करों का नेटवर्क अब पुलिस की रडार पर है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार ऐसे गिरोहों पर पैनी नजर रख रही है और किसी भी समय कार्रवाई के लिए तैयार है।

वीर अब्दुल हमीद की शहादत दिवस पर सेवा कार्य

कुर्ला पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल मे भर्ती मरिजो को फलो का वितरण,

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा) महाराष्ट्र इदरीसी (दर्जी) एसोसिएशन की ओर से परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद के यौमे शहादत पर बुधवार, 10 सितम्बर 2025 को कुर्ला पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल में भर्ती मरीजों को फलों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीद की शहादत को नमन करते हुए उन्हें याद किया। आयोजको ने बताया कि शहीद अब्दुल हमीद ने 1965 के भारत-पाक युद्ध में अपनी वीरता और पराक्रम से देश की रक्षा की थी और इसी कारण उन्हें देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया था।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके आदर्श और त्याग आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन महाराष्ट्र इदरीसी (दर्जी) एसोसिएशन की ओर से किया गया।

स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो रहे विकास कार्यों का प्रमुख सचिव खेल मनीष चौहान ने निरीक्षण किया

शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में हो रहे विकास कार्यों का मंगलवार को प्रमुख सचिव खेल मनीष चौहान व जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। करीब 39 करोड़ 44 लाख 48 हजार रुपये की लागत से यहां अत्याधुनिक खेल ढांचा खड़ा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन एथलेटिक्स सिंथेटिक ट्रैक, तरण ताल, इंडोर कबड्डी हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट, हॉकी एस्ट्रोटर्फ, सीसीटीवी, बाउंड्री वॉल, बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल, मुख्य भवन, दर्शक दीर्घा, पवेलियन, सिंचाई हेतु ट्यूबवेल, खिलाड़ियों के लिए 100 लीटर क्षमता वाले दो आरओ प्वाइंट, महिला-पुरुष शौचालय, आंतरिक एप्रोच रोड और सेल्फी प्वाइंट आदि कार्यों का जायजा लिया। प्रमुख सचिव ने निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि खिलाड़ियों को शीघ्र ही इनका लाभ मिल सके। इस मौके पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट जीत सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा, परियोजना प्रबंधक बजरंगी कुमार व श्याम कुमार (उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड), अधिशासी अभियंता चरण सिंह आर्य (उत्तर प्रदेश समाज कल्याण निर्माण निगम), ठेकेदार नितेश प्रताप सिंह (बालाजी एसोसिएट) के साथ ही स्टेडियम के प्रशिक्षक मुजाहिद अली, पंकज सक्सेना, शकील अहमद, अनिल मौर्य, निशांत कुमार, इरफान खान, शिव प्रताप तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

विद्यालय के औचक निरीक्षण में प्रभारी मंत्री ने जताई नाराजगी सुधार के दिए निर्देश

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के पिछड़ा वर्ग कल्याण व दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने तिलहर विकास खण्ड के उच्च प्राथमिक विद्यालय खानपुरा का औचक निरीक्षण किया। विद्यालय में शिक्षण प्रबंधन की स्थिति देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए बच्चों से संस्कृत, अंग्रेजी और हिंदी की किताबों से पाठ पढ़वाया। वर्तनी की गलतियां सामने आने पर मंत्री ने स्टाफ को फटकार लगाई और कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति भी परखी। प्रधानाध्यापिका अर्चना व सुषमा तथा अन्य सहायक अध्यापकों से छात्रों की उपस्थिति की जानकारी ली और सख्त निर्देश दिए कि उपस्थिति बढ़ाने के लिए पूरा स्टाफ गंभीरता से प्रयास करे। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमित रूप से प्रतियोगिताएं आयोजित हों, ताकि छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके। इस मौके पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट प्रियंका चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता, क्षेत्राधिकारी पुलिस सदर प्रियांक जैन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

युवक ने पुल से नदी मे छलांग लगाकर दी जान

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। शहर में बुधवार को खनौत नदी किनारे उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक युवक ने अचानक नया पुल हनुमत धाम के पास गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना को देख आसपास मौजूद लोग चीख पड़े और शोर मच गया, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक युवक पहले पुल किनारे अपनी बाइक खड़ी की, फिर चप्पल उतारी और सीधे नदी में कूद गया। हनुमत धाम के पास पहले से तैनात पीएसी जवान तुरंत हरकत में आए और स्टीमर लेकर नदी में उतरे। लेकिन जब तक युवक को बाहर निकाला गया, उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पाकर थाना चौक कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। थोड़ी ही देर में मृतक के परिवारजन भी वहां पहुंच गए। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इलाहाबाद हाईकोर्ट से आज़म खान को बड़ी राहत, डुंगरपुर केस में मिली जमानत

लखनऊ/रामपुर,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने रामपुर के बहुचर्चित डुंगरपुर केस में एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सुनाई गई 10 साल की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत प्रदान कर दी है।

मामला क्या है? रामपुर स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने आज़म खान को डुंगरपुर केस में दोषी मानते हुए 10 साल की कैद की सजा सुनाई थी। यह केस लंबे समय से सुर्खियों में रहा और रामपुर की राजनीति में अहम मोड़ साबित हुआ।

हाईकोर्ट का आदेश बुधवार, 10 सितंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आज़म खान की जमानत अर्जी स्वीकार कर उन्हें राहत दी। अदालत ने कहा कि अपील की सुनवाई पूरी होने तक सजा पर रोक रहेगी।

आज़म खान और मुकदमे आजम खान लंबे समय से कई मुकदमों का सामना कर रहे हैं। रामपुर से जुड़े कई मामलों में वे पहले भी जेल जा चुके हैं। बावजूद इसके, वे जिले की राजनीति में लगातार सक्रिय और चर्चा में बने रहते हैं।

राजनीतिक महत्व आजम खान को मिली इस राहत को सियासी हलकों में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी समर्थकों ने इसे न्याय की जीत बताया है, जबकि विपक्ष इसे राजनीति से जोड़कर देख रहा है।

उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे की मुलाकात से बीएमसी चुनावी सियासत में हलचल

सांकेतिक

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनावों से पहले महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने अचानक महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे से उनके दादर स्थित आवास शिवतीर्थ पर मुलाकात की। इस दौरान उद्धव के साथ शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और विधान परिषद सदस्य अनिल परब भी मौजूद रहे।

करीब ढाई घंटे तक चली इस बंद कमरे की बैठक में मनसे के वरिष्ठ नेता बाला नंदगांवकर और संदीप देशपांडे भी शामिल हुए। मुलाकात ने यह अटकलें तेज कर दी हैं कि मुंबई नगर निगम चुनाव से पहले शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की नींव रखी जा रही है।

हालांकि, भाजपा ने इस बैठक को राजनीतिक महत्व न देते हुए इसे पारिवारिक रिश्तों से जोड़ने की कोशिश की। मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने कहा –
“मुंबई के नागरिकों को नेताओं की मुलाकात या पारिवारिक रिश्तों से ज्यादा चिंता विकास की है। अटल सेतु, कोस्टल रोड, वर्ली और आसपास के बीडीडी चॉल पुनर्विकास और पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरों के विशाल नेटवर्क जैसे कार्य ही चुनाव में असली मुद्दे होंगे।”

उद्धव-राज की इस अप्रत्याशित मुलाकात ने महा विकास अघाड़ी और भाजपा दोनों खेमों की राजनीति में नई सरगर्मी पैदा कर दी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या दोनों भाई बीएमसी चुनाव में एकसाथ आते हैं या यह सिर्फ शिष्टाचार भेंट भर थी।

चितबड़ागांव पुलिस ने दहेज हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त साड़ी बरामद

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर तथा क्षेत्राधिकारी सदर मो. उस्मान के पर्यवेक्षण में चितबड़ागांव पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को पति सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दिनेश पाठक व उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर धर्मापुर तिराहे और अंडरपास के पास से विजय शंकर यादव (26) पुत्र शारदा यादव व चन्दा पत्नी शिवशंकर यादव (30) निवासी शाहापुर को दबोच लिया। विजय शंकर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त साड़ी भी बरामद हुई। उक्त मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर थाना चितबड़ागांव में मुकदमा अपराध संख्या 155/25 धारा 115(2), 80(2), 85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट पंजीकृत है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।

डीडीयू के डॉ. अम्बरीष कुमार श्रीवास्तव को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. अम्बरीष कुमार श्रीवास्तव का चयन रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री की पत्रिका फिजिकल केमिस्ट्री केमिकल फिजिक्स के विशेषांक “2025 पीसीसीपी. इमर्जिंग इन्वेस्टिगेटर्स थीम्ड इश्यू” में हुआ है। यह अंक विश्वभर के उभरते वैज्ञानिकों के शोध कार्यों को प्रदर्शित करता है। डॉ. श्रीवास्तव को इससे पहले विश्वविद्यालय का आउटस्टैंडिंग रिसर्चर अवार्ड 2025 और नासी युवा वैज्ञानिक प्लेटिनम अवार्ड 2022 मिल चुका है। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है और डॉ. अम्बरीष जैसे युवा वैज्ञानिक अंतरराष्ट्रीय मंच पर संस्थान की प्रतिष्ठा बढ़ा रहे हैं।

महिला जागरूकता अभियान : एनीमिया से बचाव पर हुई चर्चा

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने हेतु चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान (02 से 12 सितम्बर 2025) के अंतर्गत हीरालाल पी.जी. कॉलेज, खलीलाबाद में आज “एनीमिया से छुटकारा, सेहतमंद भविष्य हमारा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने बताया कि कार्यक्रम में एनीमिया के कारण, बचाव के उपाय और संतुलित आहार की भूमिका पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बालिकाओं को भोजन में आयरन युक्त चीजें शामिल करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. बृजेश त्रिपाठी, डीएमसी मोनिका शुक्ला, सेंटर मैनेजर ऋतुका दुबे, जेंडर स्पेशलिस्ट शुभम चौधरी, डॉ. संध्या, डॉ. नेहा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का असर शुरू

टीचर्स ऑफ बिहार की सकारात्मक पहल से बच्चों के सीखने की गुणवत्ता में सुधार

पटना (राष्ट्र की परम्परा)। बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा का माहौल अब तेजी से बदल रहा है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के सकारात्मक परिणाम बच्चों की पढ़ाई और उनकी रुचि में साफ तौर पर झलकने लगे हैं। राज्य के शिक्षकों की अग्रणी संस्था टीचर्स ऑफ बिहार लगातार नवाचारी शिक्षण पद्धतियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में जुटी है। संस्था का यह प्रयास विद्यालयों में न केवल बच्चों की भागीदारी बढ़ा रहा है, बल्कि शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो रहा है। शिक्षा विभाग के पूर्व अपर मुख्य सचिव डॉ.एस.सिद्धार्थ ने टीचर्स ऑफ बिहार को शुभकामना संदेश भेजते हुए कहा—“टीचर्स ऑफ बिहार का प्रयास बच्चों की शिक्षा के स्तर को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह पहल बिहार के शैक्षणिक परिदृश्य को नई दिशा प्रदान करेगी।” सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों ने इस बदलाव पर खुशी जताई है। नवसृजित प्राथमिक विद्यालय खुटौना यादव टोला,पताही, पूर्वी चंपारण के शिक्षक -सह-प्रदेश मीडिया संयोजक, टीचर्स ऑफ बिहार मृत्युंजय कुमार ने कहा — “गतिविधि आधारित शिक्षण से बच्चों की रुचि बढ़ी है। वे सवाल पूछते हैं, चर्चा करते हैं और अपने विचार भी साझा करते हैं। यह बदलाव शिक्षण-प्रक्रिया को सार्थक बना रहा है। बच्चों ने भी नई शिक्षण पद्धति को सराहा है।
एक छात्रा ने कहा — “अब पढ़ाई मजेदार लगती है। खेल-खेल में पढ़ाई करने से कठिन विषय भी आसानी से समझ आ जाता है।” वहीं एक अन्य छात्र ने उत्साह से बताया — “अब स्कूल आने का मन करता है। पढ़ाई अब बोझ नहीं लगती।” शिक्षा क्षेत्र के जानकार मानते हैं कि यदि इसी तरह के प्रयास लगातार जारी रहे, तो बिहार की सरकारी शिक्षा व्यवस्था आने वाले समय में देश के लिए एक आदर्श मॉडल साबित होगी।

देवरिया में यातायात पुलिस का चेकिंग अभियान, 87 वाहनों का ई-चालान, 2 सीज

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से देवरिया यातायात पुलिस ने मंगलवार को जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया।पुलिस अधीक्षक विक्रान्त वीर के निर्देशन और यातायात प्रभारी गुलाब सिंह के नेतृत्व में शहर क्षेत्र, कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड तथा बस स्टेशन परिसर में अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट, तीन सवारी वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ एम.वी. एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। सड़क किनारे खड़े होकर सवारी भरने वाले आटो और ई-रिक्शा चालकों के चालान व सीज की कार्यवाही भी की गई। यातायात पुलिस ने ई-रिक्शा संचालकों को अपने वाहनों के दाहिनी ओर रस्सी बंधवाकर उस पर मालिक का नाम, पता व मोबाइल नंबर अंकित कराने के निर्देश भी दिए।इसके साथ ही “नो हेलमेट-नो फ्यूल” अभियान के तहत पेट्रोल पंपों पर चेकिंग की गई। बिना हेलमेट पेट्रोल लेने पहुंचे चालकों को ईंधन न देकर नियमों का पालन करने हेतु जागरूक किया गया। पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को भी इस अभियान का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। यातायात पुलिस ने कुल 87 वाहनों का ई-चालान किया जबकि 2 वाहनों को सीज किया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से न केवल सड़क हादसों पर रोक लगेगी बल्कि लोगों में यह संदेश भी जाएगा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कुशीनगर (राष्ट्र की परम्परा)। संकल्प हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन योजना के अंतर्गत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा में महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ध्रुव चन्द्र त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम में हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के कार्मिकों ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), वूमेन हेल्पलाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), एम्बुलेंस (108 व 102) आदि की विस्तृत जानकारी दी। प्रतिभागियों को पम्पलेट भी वितरित किए गए और कन्या सुमंगला योजना का फार्म भरने की प्रक्रिया समझाई गई।इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी अमित कुमार, चिकित्साधिकारी अजय सिंह, डॉ. एल.बी. यादव, निधि उपाध्याय, विनिता कुशवाहा, नेसार अहमद तथा जिला प्रोबेशन कार्यालय से नलिन सिंह (डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर), प्रीति सिंह व बन्दना कुशवाहा (जेंडर स्पेशलिस्ट) मौजूद रहे।कार्यक्रम में 37 आशा कर्मियों के साथ लगभग 25 महिला लाभार्थियों ने सहभागिता की।

मिशन शक्ति अंतर्गत महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। महिला कल्याण विभाग द्वारा ग्राम पंचायत कुसमौनी, बैकुठपुर (देवरिया) में मिशन शक्ति – बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिलाओं व किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं सशक्तिकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट मंशा सिंह ने महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा एनीमिया की रोकथाम पर जोर दिया। वहीं मनोवैज्ञानिक मीनू जायसवाल ने सर्वाइकल और स्तन कैंसर जैसी बीमारियों की रोकथाम व समय पर जांच की महत्ता बताई। सूत्रों के माध्यम से महिलाओं व किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर स्वस्थ एवं सशक्त जीवन के लिए प्रेरित किया गया।