देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा रोजगारिता बढ़ाने के उद्देश्य से 12 सितम्बर 2025 को देवरिया में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला पूर्वान्ह 10 बजे से राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड, 319/1, प्रथम तल, कौशल चन्द्र टावर (रिलायंस स्मार्ट प्वाइंट के ऊपर), सीसी रोड, देवरिया के प्रांगण में सम्पन्न होगा। जिला सेवायोजन कार्यालय, देवरिया एवं राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियाँ श्रीराम फाइनेंस और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक सहित सरकारी क्षेत्र की उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (देवरिया डिपो) प्रतिभाग करेंगी। कंपनियाँ एवं संस्थान साक्षात्कार के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा ने बताया कि विभिन्न पदों के लिए शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम, देवरिया डिपो में संविदा चालकों की भर्ती की जाएगी, जिसमें कुल 70 पदों पर चयन होगा। इसके लिए 8वीं पास, न्यूनतम आयु 23 वर्ष 6 माह तथा भारी वाहन चलाने का कम से कम दो वर्ष पुराना लाइसेंस होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है और इच्छुक छात्र-छात्राएँ एवं अभ्यर्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं।
मुंह में राम, बगल में छुरी! ट्रंप की भारत नीति पर उठे सवाल

नई दिल्ली/वॉशिंगटन (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) अक्सर कहा जाता है “मुंह में राम, बगल में छुरी”, यानी ऊपर से दोस्ताना और भीतर से नुकसान पहुँचाने वाला रवैया। कुछ ऐसा ही रुख अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भारत के प्रति दिखाई दे रहा है।
जहाँ एक ओर ट्रंप सोशल मीडिया और मंचों से भारत को “दोस्त” बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूत रिश्तों की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके हालिया कदम भारत के हितों पर चोट करने वाले साबित हो सकते हैं।
यूरोपीय संघ से भारत-चीन पर 100% शुल्क की मांग फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने यूरोपीय संघ (EU) से आग्रह किया है कि वह भारत और चीन से होने वाले आयात पर 100 प्रतिशत तक का शुल्क लगाए। यह कदम रूस पर दबाव बनाने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है ताकि यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में मास्को को मजबूर किया जा सके।
वॉशिंगटन में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान ट्रंप ने जोर दिया कि रूस पर आर्थिक बोझ बढ़ाने के लिए अमेरिका और यूरोप का साझा और कड़ा रुख अपनाना बेहद जरूरी है।
भारत-चीन पर दबाव की योजना सूत्रों के मुताबिक, अमेरिका इस योजना को तुरंत लागू करने के लिए तैयार है, बशर्ते यूरोपीय साझेदार भी इसमें समान प्रतिबद्धता दिखाएँ। एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने माना कि यह रणनीति सीधे तौर पर भारत और चीन की रूस से रियायती दर पर तेल खरीदने की नीति को प्रभावित करने का प्रयास है।
अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि नाटकीय टैरिफ लगाकर बीजिंग और नई दिल्ली को मास्को से तेल खरीदने से रोका जा सकता है। इस कदम से रूस पर आर्थिक दबाव और बढ़ेगा क्योंकि उसके पास वैकल्पिक खरीदारों की संख्या बहुत कम है।
बढ़ती हताशा का संकेत विश्लेषकों के अनुसार, यह दंडात्मक व्यापार नीति ट्रंप प्रशासन के भीतर बढ़ती हताशा को भी दर्शाती है। रूस लगातार यूक्रेन के शहरों पर हवाई हमले कर रहा है और कूटनीतिक समाधान की संभावनाएँ बेहद सीमित दिख रही हैं।
भारत के लिए चिंता की बात ट्रंप का यह रुख भारत के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एक ओर वे भारत को अपना “सच्चा मित्र” बताते हैं, वहीं दूसरी ओर रूस से भारत की ऊर्जा खरीद को निशाना बनाने वाली नीतियाँ तैयार कर रहे हैं। इससे साफ है कि ट्रंप की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है।
संजय राउत का केंद्र सरकार पर तीखा हमला कहा सजग रहे

नई दिल्ली/मुंबई (RKP News Desk) नेपाल में भ्रष्टाचार और राजनीतिक अस्थिरता के खिलाफ भड़के जनाक्रोश को लेकर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने केंद्र सरकार को आगाह किया है। राउत ने कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में जो हालात बने हैं, वैसे ही हालात भारत में भी पैदा हो सकते हैं।
राउत ने बुधवार को एएनआई से बातचीत में कहा – “नेपाल में भ्रष्टाचार, तानाशाही और भाई-भतीजावाद के खिलाफ आग लगी है। भारत में भी जनता गुस्से में है। यहां हिंसा नहीं हो रही है क्योंकि लोग अब भी महात्मा गांधी की अहिंसक विचारधारा पर विश्वास करते हैं। मोदी सरकार गांधी के कारण ही जीवित है।”
मोदी सरकार पर निशाना राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मुफ्त राशन देने का मतलब है कि गरीब आज भी गरीब ही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत का पैसा विदेशों में जा रहा है। “किसी का बेटा दुबई में है, कोई सिंगापुर में बैठा है, कोई क्रिकेट चेयरमैन बन गया है। यह हालात भारत और नेपाल दोनों जगह एक जैसे हैं।”
विदेश नीति पर सवाल संजय राउत ने मोदी सरकार की विदेश नीति को भी विफल बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल कभी भारत को बड़ा भाई मानता था, लेकिन संकट की घड़ी में भारत उसके साथ खड़ा नहीं हुआ। “यह हमारी विदेश नीति की सबसे बड़ी नाकामी है। आज नेपाल हमसे दूर होता जा रहा है।”
बेरोजगारी और युवाओं का गुस्सा राउत ने कहा कि भारत में भी बेरोजगारी और महंगाई की वजह से युवाओं में गुस्सा है। हालांकि, फिलहाल युवा चुप हैं, लेकिन हालात लंबे समय तक ऐसे नहीं रह सकते। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं बदले तो भारत में भी नेपाल जैसी स्थिति बन सकती है।
नेपाल विरोध का वीडियो किया था साझा इससे पहले 9 सितंबर को संजय राउत ने सोशल मीडिया पर नेपाल में छात्रों के विरोध प्रदर्शन का एक वीडियो रीपोस्ट किया था, जिसमें वे भ्रष्टाचार और सत्ता के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
राष्ट्र की परम्परा अपनी देश के नागरिकों को सचेत करता है किसी भी अफवाह से बचे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली खबरों की आधिकारिक सत्यता अवश्य जांचे।
अभिषेक बच्चन ने दिल्ली हाईकोर्ट से मांगी सुरक्षा, फर्जी अश्लील वीडियो और तस्वीरों पर रोक लगाने की मांग

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और अपने प्रचार व व्यक्तित्व अधिकारों की सुरक्षा की मांग की। अभिनेता ने अदालत से अनुरोध किया है कि वह वेबसाइटों और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को उनकी तस्वीरों, फर्जी वीडियो और अश्लील सामग्री का इस्तेमाल करने से रोके।
न्यायमूर्ति तेजस करिया ने मामले की सुनवाई करते हुए अभिषेक बच्चन के वकील से अदालत द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देने को कहा और अगली सुनवाई के लिए समय दोपहर 2:30 बजे तय किया।
अभिनेता की ओर से पेश अधिवक्ता प्रवीण आनंद ने अदालत को बताया कि प्रतिवादी पक्ष अभिषेक बच्चन के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डीपफेक तकनीक के जरिए वीडियो बना रहे हैं, जिनमें फर्जी हस्ताक्षर वाली तस्वीरें और अश्लील सामग्री शामिल है। इस कार्यवाही में उनके साथ अधिवक्ता अमित नाइक, मधु गडोदिया और ध्रुव आनंद भी मौजूद रहे।
ऐश्वर्या राय ने भी दायर की थी याचिका
गौरतलब है कि मंगलवार को अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन ने भी दिल्ली उच्च न्यायालय में इसी तरह की याचिका दाखिल की थी। उन्होंने अदालत से आग्रह किया था कि उनके नाम, छवि, व्यक्तित्व और आवाज़ का उनकी सहमति के बिना व्यावसायिक लाभ के लिए इस्तेमाल रोका जाए।
ऐश्वर्या की याचिका में कहा गया है कि कुछ प्रतिवादी, जिनमें कई अज्ञात पक्ष भी शामिल हैं, एआई और डीपफेक तकनीक का उपयोग कर उनका चेहरा अश्लील वीडियो और तस्वीरों में जोड़ रहे हैं, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और गरिमा को गंभीर नुकसान पहुँच रहा है।
न्यायमूर्ति करिया ने मौखिक रूप से संकेत दिया कि अदालत प्रतिवादियों को चेतावनी देते हुए एक अंतरिम आदेश पारित कर सकती है।
फ्रांस में हिंसा और बवाल: नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति के बाद प्रदर्शनकारियों का उग्र विरोध

पेरिस (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) फ्रांस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति के बाद बड़े पैमाने पर हिंसा और विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर आगजनी और तोड़फोड़ की, कई जगहों पर सड़कें जाम कर दी गईं। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
गृह मंत्री ब्रूनो रिटेलेउ ने जानकारी दी कि राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के पहले ही घंटों में करीब 200 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी शहर रेनेस में एक बस में आग लगा दी गई, वहीं दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त करने की वजह से रेल सेवा बाधित हुई। मंत्री ने प्रदर्शनकारियों पर “विद्रोह का माहौल बनाने” का आरोप लगाया।
दरअसल, राष्ट्रपति मैक्रों ने सोमवार को रक्षा मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। 39 वर्षीय लेकोर्नू फ्रांस के इतिहास में सबसे कम उम्र के रक्षा मंत्री रहे हैं और 2030 तक बड़े सैन्य निर्माण की योजना के सूत्रधार माने जाते हैं। वह लंबे समय से मैक्रों के करीबी और वफादार सहयोगी रहे हैं।
लेकोर्नू को मैक्रों ने देश के विवादित राजनीतिक दलों को बजट पर सहमत कराने जैसी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। हालांकि, उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब संसद ने विश्वास मत में उनके पूर्ववर्ती फ्रांस्वा बायरू और उनकी सरकार को गिरा दिया था। इससे यूरोप की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के लिए एक और राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है।
राहुल गांधी, दो दिवसीय दौरे की शुरुआत – स्वागत में उत्साह, रास्ते में भाजपा का विरोध प्रदर्शन

रायबरेली/लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा शुरू किया। यह 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद उनका पहला औपचारिक दौरा है। इससे पहले 29 अप्रैल को विजय जुलूस के बाद उन्होंने रायबरेली का दौरा किया था।
राहुल गांधी बुधवार दोपहर लखनऊ पहुँचे, जहाँ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। लखनऊ से वे सड़क मार्ग से रायबरेली के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम का विवरण डिडौली स्थित बटोही रिसॉर्ट : हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ अध्यक्षों से मुलाकात और संवाद।प्रजापति महासभा का समारोह : लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर प्रगतिपुरम कॉलोनी के पास शामिल होंगे। गोरा बाजार : सम्राट अशोक स्तंभ का उद्घाटन करेंगे। राही ब्लॉक के मुलिहामऊ गाँव : अमर शहीद वीरा पासी वन ग्राम में पौधारोपण अभियान में शामिल होंगे। शाम को बटोही रिसॉर्ट : ऊँचाहार विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, भाजपा का विरोध राहुल गांधी के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, उनके काफिले को रायबरेली में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोकने का प्रयास किया। भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर धरने पर बैठ गए और “राहुल गांधी वापस जाओ” के नारे लगाए।
भाजपा का आरोप है कि महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई। यूपी के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने राहुल गांधी से इस पर माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पीएम मोदी की मां के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी की निंदा करनी चाहिए और संबंधित कार्यकर्ताओं को निष्कासित करना चाहिए।
राहुल गांधी का यह दौरा न सिर्फ संगठन को मजबूती देने बल्कि जनता से सीधे संवाद स्थापित करने की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
मुंबई–बनारस के बीच चलेगी वातानुकूलित पूजा विशेष ट्रेन,

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा) रेलवे प्रशासन द्वारा आगामी दशहरा, दीपावली एवं छठ त्यौहारों पर यात्रियों की मांग पर 09083/09084 मुम्बई सेन्ट्रल-बनारस-मुम्बई सेन्ट्रल वातानुकूलित साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी का संचलन मुम्बई सेन्ट्रल से 17, 24 सितम्बर, 01, 08, 15, 22, 29 अक्टूबर तथा 05 नवम्बर,2025 बुधवार को तथा बनारस से 19, 26 सितम्बर, 03, 10, 17, 24, 31 अक्टूबर तथा 07 नवम्बर,2025 दिन शुक्रवार को 08 फेेरे के लिये किया जायेगा।
09083 मुम्बई सेण्ट्रल-बनारस वातानुकूलित साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 17, 24 सितम्बर, 01, 08, 15, 22, 29 अक्टूबर तथा 05 नवम्बर,2025 दिन बुधवार को मुम्बई सेण्ट्रल से 23.10 बजे प्रस्थान कर बोरीवली से 23.43 बजे, दूसरे दिन पालघर से 00.20 बजे, वापी से 01.22 बजे, बलसाड से 01.45 बजे, सूरत से 03.29 बजे, वड़ोदरा से 05.15 बजे, रतलाम से 08.45 बजे, कोटा से 12.20 बजे, सवाई माधोपुर से 13.40 बजे, गंगापुर सिटी से 14.33 बजे, भरतपुर से 16.10 बजे, ईदगाह से 17.45 बजे, टुण्डला से 19.25 बजे, शिकोहाबाद से 20.17 बजे, मैनपुरी से 21.07 बजे, भोगाँव से 21.27 बजे, फर्रूखाबाद से 23.15 बजे, तीसरे दिन कानपुर सेण्ट्रल से 02.25 बजे, लखनऊ से 04.25 बजे, राय बरेली जं0 से 05.55 बजे, अमेठी से 06.52 बजे, मां वेल्हादेवी धाम प्रतापगढ़ से 07.35 बजे, जंघई से 08.32 बजे तथा भदोही से 09.02 बजे छूटकर बनारस 10.30 बजे पहुंचेगी।
09084 बनारस-मुम्बई सेण्ट्रल वातानुकूलित साप्ताहिक पूजा विशेष गाड़ी 19, 26 सितम्बर, 03, 10, 17, 24, 31 अक्टूबर तथा 07 नवम्बर,2025 दिन शुक्रवार को बनारस से 14.30 बजे प्रस्थान कर भदोही से 15.32 बजे, जंघई से 16.04 बजे, मां वेल्हादेवी धाम प्रतापगढ़ से 16.58 बजे, अमेठी से 17.40 बजे, राय बरेली से 18.45 बजे, लखनऊ से 20.55 बजे, कानपुर सेण्ट्रल से 22.20 बजे, दूसरे दिन फर्रूखाबाद से 03.00 बजे, भोगाँव से 03.50 बजे, मैनपुरी से 04.12 बजे, शिकोहाबाद से 05.12 बजे, टुण्डला से 06.52 बजे, ईदगाह से 07.40 बजे, भरतपुर से 10.00 बजे, गंगापुर सिटी से 11.30 बजे, सवाई माधोपुर से 12.20 बजे, कोटा से 14.00 बजे, रतलाम से 17.55 बजे, वड़ोदरा से 21.54 बजे, सूरत से 23.49 बजे, तीसरे दिन बलसाड से 01.08 बजे, वापी से 01.30 बजे पालघर से 02.59 बजे तथा बोरीवली से 03.41 बजे छूटकर मुम्बई सेण्ट्रल 04.20 बजे पहुंचेगी।
इस गाड़ी में वातानुकूलित प्रथम श्रेणी का 01, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के 03, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 06, वातानुकूलित तृतीय इकोनामी के 04, एल.एस.एल.आर.डी. का 01 तथा जनरेटर सह लगेज यान के 01 कोच सहित 16 कोच लगाये जायेंगे।
देवरिया में अवैध कब्ज़ा, मॉल-मैरिज हॉल और नर्सिंग होम पर उठ रहे सवाल

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। सरकार ने भले ही जीरो टॉलरेन्स व भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। लेकिन यह फरमान जिले में बेअसर दिखाई दे रहा है। जिले में सरकारी जमीन, नगर पालिका की भूमि, जिला पंचायत की जमीन से लेकर ट्रस्ट व आश्रम की संपत्ति पर कब्ज़े का खुला खेल चल रहा है। कहीं ट्रस्ट के नाम की जमीन पर बड़ी-बड़ी इमारत व होटल खड़ा हो रहा है तो कहीं दबंगई के बल पर कब्जा की गई जमीनों पर या तो स्कूल या व्यवसायिक प्रतिष्ठान चल रहे हैं।
जनता का आरोप है कि “हमहू लूटी, तू हू लुटअ” वाली कहावत यहां चरितार्थ हो रही है। सवाल यह है कि क्या प्रशासन अपनी ही जमीन बचाने में रुचि नहीं रखता? बानगी के तौर पर, कुछ वर्ष पूर्व तत्कालीन जिलाधिकारी अमित किशोर ने पीडब्ल्यूडी की कब्जाई हुई जमीन को मुक्त कराया था, जिस पर बाद में विभागीय आवास बने। लेकिन आज भी कई महत्वपूर्ण जमीनें अवैध कब्ज़े की जद में हैं। उधर गांधी आश्रम की जमीन आवंटन को लेकर तरह तरह के सवाल उठ रहे हैं कि किस नियम और किस प्रक्रिया के तहत यह जमीन एसएस मॉल के मालिक को पार्किंग के लिए दी गई है। यह एक बड़ा सवाल है। उधर जिला प्रशासन ने अब तक इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है, जबकि जनता सच जानना चाहती है। इसी प्रकार आर्य समाज ट्रस्ट की जमीन बैनामा कर कब्जाई गई और वहां होटल खड़ा कर दिया गया है। रामलीला मैदान समिति का गठन बदलकर कैसे छिन्न-भिन्न हुआ, इसका भी जवाब प्रशासन से मांगा जा रहा है।
शहर में बने मॉल, नर्सिंग होम, मैरिज हॉल और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को लेकर भी गंभीर सवाल हैं: बिना पार्किंग के कैसे चल रहे हैं ये बड़े मॉल व नर्सिंग होम? क्या इन मॉल सेंटरों में काम करने वाले युवक-युवतियों का रिकॉर्ड किसी सरकारी दफ्तर में दर्ज है? क्या बाल श्रम को बढ़ावा तो नहीं मिल रहा? युवाओं को उचित पारिश्रमिक मिल रहा है या उन्हें किसी गंदे धंधे में धकेला जा रहा है? इन प्रतिष्ठानों के निर्माण का मानक क्या है और किस नियम के तहत अनुमति मिली? सबसे बड़ी परेशानी मैरिज लानों की है, जो रिहायशी इलाकों में बने हैं। पूरी रात डीजे और शोर-शराबे से आम नागरिकों का जीवन दूभर हो गया है। लोगों का कहना है कि इन अवैध लानों और मॉल्स की अकूत कमाई के सामने प्रशासन और राजनीति दोनों खामोश दिखाई दे रहे हैं।
जनता का सीधा सवाल है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? क्या अवैध कमाई की कोई कड़ी अफसरशाही और राजनीतिक रसूख से जुड़ी है या फिर जांच सिर्फ कागज़ों में ही सिमट कर रह जाएगी।
इन सब मुद्दों पर जिले की जनता प्रशासन से पारदर्शिता और ठोस कार्रवाई की मांग कर रही है।
दो बाइक के आमने सामने टक्कर में दो युवकों की मौत,एक गंभीर

बघौचघाट,देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)
कंचनपुर गोरयाघाट मेन मार्ग पर गोरयाघाट पुल के समीप देर रात दो बाइक के आमने सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। और घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर घटना के बाद मृतकों के घर कोहराम मच गया।
तरकुलवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरयाघाट गंडक नदी पुल के समीप मंगलवार देर रात दो बाइक के आमने सामने टक्कर हो गई।जिसमे रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गोरयाघाट निवासी 23 वर्षीय युवक राजू उर्फ चिकरी अपने साथी अंकित 18 वर्ष के साथ किसी काम से कंचनपुर जा रहे थे। अभी वह कंचनपुर गोरयाघाट मेन मार्ग पर गोरयाघाट पुल के समीप पहुंचे थे कि सामने से आ रहा अपाची बाइक से जोरदार टक्टर हो गई।जिसमे अपाची सवार 26 वर्षीय राजन प्रसाद एवं गोरयाघाट निवासी 23 वर्षीय राजू उर्फ चिकरी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई।जबकि तीसरा युवक अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया।टक्कर इतना तेज था कि दोनों बाइक पूरी तरह क्षति ग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। और घायल को इलाज हेतु मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।उधर घटना के बाद मृतकों के घर कोहराम मच गया।
महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा नदारद, खरीदारी के दौरान हो रही परेशानी

उतरौला ,बलरामपुर(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद बलरामपुर का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र उतरौला बाजार हर रोज हजारों लोगों की आवाजाही का गवाह बनता है। यहां मल्टी-कॉम्प्लेक्स, बड़े शोरूम, कपड़े और गहनों की सैकड़ों दुकानें स्थित हैं, जिनमें खरीदारी करने स्थानीय लोगों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं और बेटियां आती हैं। लेकिन इस भीड़-भाड़ वाले बाजार में महिलाओं के लिए सार्वजनिक शौचालय की सुविधा का न होना एक गंभीर समस्या बन गई है।
घंटों खरीदारी, लेकिन नहीं है कोई सुविधा
बाजार में कपड़े, गहने और अन्य वस्त्रों की खरीदारी के दौरान महिलाओं को अक्सर कई घंटों तक रुकना पड़ता है। इस दौरान शौचालय की अनुपलब्धता उन्हें भारी असुविधा में डाल देती है। खरीदारी करने आई भावना सिंह बताती हैं, “हमें बाजार में कई घंटे रुकना पड़ता है, लेकिन शौचालय न होने के कारण काफी परेशानी होती है। कई बार मजबूरी में हमें खरीदारी अधूरी छोड़कर लौटना पड़ता है।”
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता आदिल हुसैन ने इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा, “नगर पालिका प्रशासन को महिलाओं की इस जरूरत को प्राथमिकता देनी चाहिए। सार्वजनिक शौचालय का निर्माण न केवल महिलाओं की सुविधा के लिए जरूरी है बल्कि इससे बाजार की रौनक भी बढ़ेगी।”
वहीं डॉ. हिना कौसर का कहना है, “कई बार महिलाओं को केवल शौचालय की असुविधा के कारण खरीदारी जल्दी खत्म करनी पड़ती है। यह स्थिति न केवल उनके लिए कठिन है बल्कि बाजार की गतिविधियों पर भी असर डालती है।”
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी इस मुद्दे को नगर पालिका प्रशासन के सामने उठाने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराता है, तो इससे बाजार में महिलाओं की संख्या बढ़ेगी और व्यापार में भी इजाफा होगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। व्यापारी विकास गुप्ता ने कहा, “महिलाओं की यह समस्या लंबे समय से चली आ रही है। प्रशासन की अनदेखी के कारण आज भी उतरौला बाजार में एक भी सार्वजनिक शौचालय उपलब्ध नहीं है।”

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष सबिता गुप्ता तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद गुप्ता से मांग की है कि बाजार में जल्द से जल्द आधुनिक सुविधाओं से युक्त साफ-सुथरे और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाए। उनका मानना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो महिलाओं की असुविधा और बढ़ेगी और बाजार की गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।
स्पष्ट है कि उतरौला बाजार जैसे बड़े और व्यस्त व्यावसायिक केंद्र में महिलाओं की मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े करती है। अब देखना यह है कि नगर पालिका कब तक इस गंभीर समस्या पर ठोस पहल करती है।
नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, यूपी DGP का बड़ा आदेश

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) नेपाल की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बुधवार को विशेष आदेश जारी करते हुए नेपाल से सटे यूपी बॉर्डर पर 24 घंटे हाई अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, सीमावर्ती जनपदों में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। बॉर्डर इलाकों में चौकसी बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।
इसके साथ ही नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की स्थापना की गई है। नियंत्रण कक्ष से तत्काल संपर्क साधने हेतु पुलिस विभाग ने 3 हेल्पलाइन नंबर और 1 व्हाट्सएप नंबर जारी किए हैं।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर:
0522-2390257
0522-2724010
9454401674 (मोबाइल/व्हाट्सएप)
DGP ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोग इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, संबंधित जिलों के पुलिस कप्तानों को चौबीसों घंटे स्थिति पर नज़र रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष अथवा स्थानीय पुलिस को दें।
बहुत जल्द बदलेगा कैसरबाग का रंग-रूप
(अभिषेक कुमार की रिपोर्ट)
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा ) राजधानी लखनऊ का ऐतिहासिक कैसरबाग आनंद चौराहा क्षेत्र अब जल्द ही एक नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। शासन स्तर पर चल रही योजना के तहत यहां व्यापक स्तर पर सुंदरीकरण कार्य किए जा रहे हैं। बुधवार को मंडलायुक्त ने मौके का दौरा कर तैयारियों का जायज़ा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, एलडीए की टीम, डीसीपी पश्चिम विश्वजीत सिंह, एडीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने साफ कहा कि कैसरबाग का महत्व केवल यातायात और बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लखनऊ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस क्षेत्र के पुनरुद्धार और सौंदर्यकरण में पारंपरिक विरासत की झलक अवश्य दिखनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि कैसरबाग क्षेत्र में सड़क, पैदल मार्ग, लाइटिंग और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के साथ-साथ हरे-भरे पेड़ों और आकर्षक डिज़ाइन वाली सजावटी लाइटों की स्थापना की जाएगी। इससे न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी बल्कि पर्यटकों के लिए भी यह इलाका आकर्षण का केंद्र बनेगा।
सूत्रों के अनुसार, आगामी कुछ महीनों में सुंदरीकरण का पहला चरण पूरा होने की संभावना है। अधिकारियों का दावा है कि योजना पूरी होते ही कैसरबाग आनंद चौराहा लखनऊ का एक नया लैंडमार्क साबित होगा।
बिहार में लाइसेंसी शस्त्र धारकों के लिए सख्त निर्देश, 11 से 14 सितंबर तक कराना होगा सत्यापन

भागलपुर।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) जिला प्रशासन ने सभी लाइसेंसी शस्त्र धारकों के लिए अनिवार्य शस्त्र सत्यापन अभियान शुरू करने का आदेश जारी किया है। जिला दंडाधिकारी ने निर्देश दिया है कि 11 से 14 सितंबर 2025 तक सभी शस्त्र धारक अपने-अपने निर्धारित थानों में जाकर पिस्टल, रिवॉल्वर, राइफल और बंदूक का भौतिक सत्यापन कराएं।
प्रशासन का यह कदम उन लाइसेंसी धारकों के लिए भी है, जिन्होंने 20 जून से 28 जून 2025 के बीच आयोजित सत्यापन अभियान में अपने शस्त्रों का सत्यापन नहीं कराया था। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि तय अवधि में सत्यापन नहीं कराने वाले शस्त्र धारकों के लाइसेंस रद्द करने हेतु प्रतिवेदन भेजा जाएगा।
इसको लेकर सभी थानाध्यक्षों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने थानाक्षेत्र में शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें।
शस्त्रों का सत्यापन के लिए यहां जाना होगा
नाथनगर अंचल – नाथनगर, मधुसूदनपुर, ललमटिया थाने ,कजरैली – कजरैली थाना,जगदीशपुर क्षेत्र – जगदीशपुर व बायपास थाने,सबौर अंचल – सबौर थाना,गौराडीह अंचल – लोदीपुर, गौराडीह थाने,कोतवाली अंचल – कोतवाली, तातारपुर थाने,जोगसर क्षेत्र – जोगसर व विश्वविद्यालय थाने,तिलकामांझी – तिलकामांझी थाना,बरारी क्षेत्र – बरारी, औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना,मोजाहिदपुर अंचल – मोजाहिदपुर, हबीबपुर, बबरगंज थाने,इशाकचक – इशाकचक थाना,सन्हौला अंचल – सनोखर, सन्हौला, अमडंडा थाने,सुल्तानगंज – सुल्तानगंज थाना,अकबरनगर – अकबरनगर थाना,शाहकुंड अंचल – शाहकुंड, सजौर थाने,कहलगांव अंचल – अंतीचक, बुद्धुचक, कहलगांव थाने,घोघा क्षेत्र – घोघा, रसलपुर थाने,एनटीपीसी क्षेत्र – एनटीपीसी, शिवनारायणपुर थाने,पीरपैंती अंचल – पीरपैंती, ईशीपुर, बाराहाट, एकचारी, बाखरपुर थाने,नवगछिया अंचल – नवगछिया, कदवा, ढोलबज्जा, परबत्ता थाने,बिहपुर क्षेत्र – बिहपुर, झंडापुर थाने,नारायणपुर क्षेत्र – भवानीपुर, नारायणपुर, नदी थाने,खरीक – खरीक थाना,गोपालपुर – गोपालपुर थाना,रंगरा सहायक क्षेत्र – रंगरा सहायक थाना,ईस्माइलपुर – ईस्माइलपुर थाना,प्रशासन की अपील,जिला दंडाधिकारी ने शस्त्र धारकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि में अपने शस्त्र लेकर थाने पहुंचें और सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराएं। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दी का विश्व भाषा स्वरूप

हिंदी करोड़ों भारतीयों की भाषा है,
भारत में सबसे ज़्यादा बोली जाती है,
इसका प्रसार अब दक्षिण भारत में
उत्तर भारत से भी अधिक हो रहा है।
भारत में ही क्यों पूरे विश्व में हिंदी
आज बोली और लिखी भी जाती है,
विश्व के अनेकों विश्व विद्यालयों में,
आज हिन्दी के विभाग खुल चुके हैं।
दक्षिण भारत में समाचारपत्र पत्रिका
हिन्दी भाषा में प्रकाशित हो रहे हैं,
जापान अमेरिका ब्रिटेन व विश्व के
अन्य देशों में हिन्दी लिखते पढ़ते हैं।
प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया,
सोसल मीडिया, इंटरनेट, गूगल में भी
हिन्दी भाषा का महत्वपूर्ण योगदान है,
एशियाई द्वीप में इसका एक स्थान है।
जापानी ‘हिन्दी की गूंज’ पत्रिका,
यूट्यूब चैनल, इंस्टाग्राम के द्वारा
हिन्दी का प्रचार प्रसार हो रहा है,
आदित्य भी इसमें भाग ले रहा है।
- डॉ कर्नल आदि शंकर मिश्र
‘आदित्य’
