Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 704

अनुशासन, धैर्य एवं स्व मूल्यांकन सफलता का मूल मन्त्र : प्रो. राजवंत राव

गोरखपुर ( राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुरविश्वविद्यालय संस्कृत एवं प्राकृत भाषा विभाग में आयोजित दीक्षारम्भ कार्यक्रम के अवसर पर विभागाध्यक्ष एवं अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजवंत राव ने अपने उद्बोधन में कहा कि अनुशासन, धैर्य और स्व-मूल्यांकन सफलता का मूल मन्त्र है।
उन्होंने कहा कि दीक्षारम्भ कार्यक्रम भारतीय परंपरा का अभिन्न हिस्सा है तथा भारत सरकार का यह उपक्रम सराहनीय और अनुकरणीय है। प्रो. राव ने विद्यार्थियों से कहा कि संतुष्टि सबसे बड़ा गुण है। विश्वविद्यालय में ज्ञान प्राप्त करना, ज्ञान से स्वयं को अर्थवान बनाना, समाज के अनुकूल प्रस्तुत करना तथा शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम में विभागीय समन्वयक डॉ. देवेन्द्र पाल ने स्वागत एवं प्रास्ताविकी प्रस्तुत की। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी ने किया, जबकि संचालन एवं संयोजन डॉ. ज्ञानधर भारती द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के समस्त शिक्षक एवं नवागत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

मेधावी छात्रों के लिए प्रेरणा बनी स्कूटी वितरण योजना

सांदीपनि स्कूल चितरंगी में दिखाया गया लाइव प्रसारण

चितरंगी/मध्य प्रदेश (राष्ट्र की परम्परा)। भोपाल स्थित श्री कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में गुरुवार को आयोजित स्कूटी वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण शासकीय सांदीपनि मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चितरंगी में दिखाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने प्रदेश के 7228 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूटी की चाबी सौंपकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेशभर के विद्यालयों में दिखाया गया।
मॉडल स्कूल के प्राचार्य अशोक सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक पाने के लिए निरंतर अभ्यास और कठोर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट अंक एक दिन या एक माह में अर्जित नहीं किए जा सकते, इसके लिए लगातार लगन से मेहनत करनी पड़ती है।
उप प्राचार्य पद्माकर मिश्र ने भी छात्रों को मेहनत और अनुशासन से पढ़ाई करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सतत तैयारी और शिक्षकों के मार्गदर्शन में ही विद्यार्थी अपने लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर सत्यकाम तिवारी, अश्वनी बैस, सुरेश प्रजापति, निर्मला बैस, अखिलेश कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने विषयवार अध्ययन करने और नियमित अभ्यास की सलाह दी। सभी ने छात्रों से अभी से पढ़ाई के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना और उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा। प्राचार्य अशोक सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन निश्चित रूप से विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित करते हैं।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

गोद लिए गए पंचायतों के प्राथमिक, माध्यमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

दीक्षांत समारोह से पूर्व विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)

जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में प्रस्तावित दीक्षांत समारोह (7 अक्टूबर 2025) से पूर्व समाज कार्य विभाग की ओर से गोद लिए गए पंचायतों के प्राथमिक, माध्यमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह आयोजन निदेशक शैक्षणिक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पुष्पा मिश्रा के निर्देशन में हुआ। प्रतियोगिता में जीरा बस्ती, देवकली, बसंतपुर, भरतपुरा और धरहरा के विद्यालयों के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम, मेरा परिवार, मेरा प्रिय पशु और सामाजिक सद्भाव जैसे विषयों पर अपनी चित्रकारी प्रस्तुत की, जिसने सभी को प्रभावित किया। कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. रूबी, डॉ. स्मिता तिवारी और समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही। विजेता बच्चों को दीक्षांत समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा।

लार पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, दो आरोपी गिरफ्तार

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। लार थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो अदद कड़े (आला कत्ल) और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि शेष फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मेहरौना निवासी राजू पाल रोज़ की तरह अपनी भूजा की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें गंभीर हालत में गिरा पाया गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

पुलिस जांच में चुरिया गांव निवासी दिव्यांशु सिंह और पंकज राजभर के नाम सामने आए। दोनों को मुखबिर की सूचना पर मानिकपुर कुड़ा घर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि शराब पीने के बाद भूजा न मिलने पर विवाद हुआ और उसी रंजिश में उन्होंने पीछा कर राजू पाल पर कड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामले में तीसरा आरोपी विशाल निवासी चुरिया अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी के साथ उपनिरीक्षक प्रदीप अस्थाना, हेड कांस्टेबल ओमकेश सरोज, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल दीपक प्रजापति, कांस्टेबल अजय सिंह और महिला आरक्षी तनुजा मिश्रा शामिल रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

अभिभावक-शिक्षक बैठक में बच्चों की शिक्षा और स्वच्छता पर दिया जोर

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पाण्डेय ने आज प्राथमिक विद्यालय रूच्चापार में आयोजित सम्मान समारोह में सत्र परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 18 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में रितिका, शिखा, आतिफ, ऋषु, अभय, आराध्या, कृतिका, रूद्रांश, आकांक्षा, शिवम सहित अन्य छात्र-छात्राएँ शामिल रहीं। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे पर विशेष उत्साह और गर्व की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अभिभावक-शिक्षक बैठक को भी संबोधित किया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, उनके गृहकार्य की निगरानी करें और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। श्री पाण्डेय ने कहा कि विद्यालय और परिवार दोनों मिलकर ही बच्चों के भविष्य को संवार सकते हैं। सीडीओ ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया और वहाँ की सौंदर्य एवं पठन-पाठन व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर और अधिक ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों की ओर से मुख्य विकास अधिकारी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में सभासद मालती सहित बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक नित्यानंद चौबे ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

दिल्ली अदालत ने सोनिया गांधी पर दर्ज याचिका को खारिज किया

मतदाता सूची में नाम शामिल होने से पहले की नागरिकता से जुड़े आरोपों पर मिली राहत

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)याचिका विकास त्रिपाठी नामक व्यक्ति ने दायर की थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि सोनिया गांधी का नाम भारतीय नागरिकता मिलने से तीन साल पहले, यानी 1980-81 में, नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था।
दावा किया गया कि उन्होंने इतालवी नागरिक के रूप में 30 अप्रैल, 1983 को धारा 5, नागरिकता अधिनियम के तहत भारतीय नागरिकता प्राप्त की।
याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि नाम की यह प्रारंभिक सूची में शामिली और बाद में 1982 में नाम हटा देना, और फिर 1983 में नाम दोबारा शामिल होना, इस बात का संकेत है कि कुछ दस्तावेज या प्रक्रिया में अनियमितता हुई हो सकती है।
तर्क और याचिका की कानूनी मांगें
अधिवक्ता पवन नारंग ने कहा कि एक मतदाता सूची में नाम शामिल करने से पहले नागरिकता होना आवश्यक है।
उन्होंने पूछा कि किस दस्तावेज़ के आधार पर सोनिया गांधी का नाम 1980-81 में सूची में डाला गया था? और किस आधार पर बाद में नाम हटा (1982) और फिर पुनः जोड़ा गया?
याचिका में पुलिस द्वारा जांच (FIR दर्ज) करने और दलीलों की पुष्टी करने की मांग की गयी थी।
अदालत का फैसला
दिल्ली-रूज़ एवेन्यू कोर्ट, अतिरिक्त मुख्य मजिस्ट्रेट (ACJM) वैभव चौरसिया की अदालत ने शुक्रवार को यह याचिका खारिज कर दी।
अदालत ने मुकदमे को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त आधार नहीं पाया।
Detailed आदेश अभी लंबित है (अदालत ने याचिकाकर्ता से कुछ सवाल किए थे, लेकिन बाद में निर्णय सुनाया गया)।
महत्व और निहितार्थ
इस प्रकार के आरोप राजनीतिक रूप से संवेदनशील होते हैं, क्योंकि मतदाता सूची एवं नागरिकता से जुड़े दावे लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़े होते हैं।

अदालत द्वारा याचिका खारिज करने से सोनिया गांधी को कानूनी रूप से राहत मिली है।

लेकिन याचिकाकर्ता की दलीलों और दस्तावेजों की समीक्षा और विस्तृत आदेश की प्रतिलिपि आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि अदालत ने किन-किन बिंदुओं को पर्याप्त नहीं माना।

गुमशुदा बालक प्रिंस हत्याकांड का खुलासा, बाल अपचारी हिरासत में

महाराजगंज पुलिस की सफलता, लूटा गया मोबाइल और साईकिल बरामद

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नौतनवां क्षेत्र के ग्राम कजरी में लापता हुए 5 वर्षीय बालक प्रिंस उर्फ अंश की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया है। उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त साईकिल बरामद की गई है। 31 अगस्त 2025 को प्रिंस घर के सामने मोबाइल से खेलते हुए अचानक गायब हो गया था। इस पर थाना नौतनवां में अपराध संख्या 150/25, धारा 137(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देश पर 5 टीमों का गठन किया गया। गहन खोज-बीन के बाद 09 सितंबर को जंगल से प्रिंस का शव बरामद हुआ। 10 सितंबर को पुलिस ने कजरी टोला, मुसहर डीह से एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछ-ताछ में उसने स्वीकार किया कि प्रिंस को मोबाइल के लालच में जंगल ले गया और मोबाइल छीनने के बाद रोने पर उसके मुंह पर हाथ रखकर दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव को झाड़ियों में छिपाकर वह घर लौट गया।
रियलमी मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बिना सिम, स्लेटी रंग, काले-सफेद कवर सहित एक साईकिल घटना में प्रयुक्त दोनों सामग्रियां बाल अपचारी के घर के पीछे गड्ढा खोदकर छिपाई गई थीं। घटना के अनावरण में थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव,उपनिरीक्षक मनीष कुमार तिवारी चौकी प्रभारी अड्डा बाजार, उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव,कांस्टेबल शंकर दयाल, कांस्टेबल हृदय राम यादव, कांस्टेबल मनीष यादव की भूमिका अहम रही। थानाध्यक्ष ने बताया कि बाल अपचारी के खिलाफ धारा 103(1), 238/309(4), 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही
है।

सरकारी भूखंड पर अवैध अतिक्रमण

भू-माफियाओं पर कार्रवाई की मांग!


मुंबई (राष्ट्र की परम्परा)। एम पूर्व मनपा क्षेत्र अंतर्गत मानखुर्द डब्बा कंपाउंड, अण्णा भाऊ साठे नगर में कलेक्टर की आरक्षित सरकारी खुले भूखंड पर अतिक्रमण का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सूत्रो से मिली जानकारी अनुसार, प्रशासन ने इस अनधिकृत नवनिर्माणो पर तीन से चार बार निष्कासन कार्रवाई की थी, लेकिन हर बार कार्रवाई के कुछ ही दिनों में यहां लगभग 4 से 5 हजार झोपड़ियां फिर से खड़ी कर दी गईं। स्थानिको ने बताया कि इस अवैध झोपड़पट्टी के पीछे कुख्यात भू-माफिया गणेश हरिजन उर्फ गन्या, विशाल खरात, खुर्शीद, कलवा, मणी अण्णा, गिरीश सोनअक्का और उनके सहयोगी सक्रिय हैं। यह लोग गरीब और जरूरतमंद लोगों को झोपड़पट्टी में झोपडे दिखाकर 5 से 8 लाख रुपये लेकर बेचते हैं और बाद में उनके साथ आर्थिक धोखाधडी करते हैं।
इसके अलावा, यहां बोगस दस्तावेजों के आधार पर बिजली मीटर लगवाए जा रहे हैं और बड़े पैमाने पर बिजली चोरी हो रही है, और बोगस पानी के कनेक्शन की जा रही हैं जिससे मनपा और अडानी कंपनी को लाखों का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
स्थानीय लोगो का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह अतिक्रमण न केवल सरकारी राजस्व (महसूल )को नुकसान पहुंचाएगा बल्कि भविष्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या खड़ी कर सकता है।
स्थानिक नागरिकों ने मांग की हैं की भू-माफियाओं पर तुरंत आपराधिक मामले दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए,पूरी झोपड़पट्टी पर निष्कासन कार्रवाई कर जमीन को खाली कराया जाए,बोगस पानी और बिजली कनेक्शन तुरंत बंद किया जाए, उक्त जगह पर स्थायी रूप से मनपा/पुलिस सुरक्षा तैनात करना चाहिए ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो पाए व स्थानिक धोखाधडी किये गए नागरिकों को न्याय मिले।
भारत सरकार व उत्तरप्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त दैनिक राष्ट्र की परम्परा समाचार पत्र इस खबर के माध्यम से शासन, प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर जनता का विश्वास कायम रखने की अपील की है।

लेफ्टिनेंट कर्नल बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर, सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने किया भव्य स्वागत

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। सलेमपुर तहसील अंतर्गत लार थाना क्षेत्र के ग्राम राउतपार में उस समय खुशी की लहर दौड़ गई जब गांव की होनहार बेटी श्रृष्टि सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल का पद प्राप्त किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। क्षेत्रवासियों ने उनके पहले आगमन पर जोरदार स्वागत कर गर्व की अनुभूति की। जब श्रृष्टि सिंह पहली बार अपने गृह क्षेत्र लौटीं तो सलेमपुर रेलवे स्टेशन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। उनके स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, युवा और सामाजिक संगठन मौजूद रहे। जैसे ही वह ट्रेन से उतरीं, स्टेशन परिसर “भारत माता की जय”, “श्रृष्टि सिंह अमर रहें” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा। फूल-मालाओं और जयकारों से उनका स्वागत किया गया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि श्रृष्टि सिंह ने यह साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल बनना न केवल परिवार बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि से न केवल राउतपार गाँव बल्कि पूरा देवरिया जिला गौरवान्वित है।स्वागत कार्यक्रम में भाजपा नेता आमिर खान, प्रशांत सिंह, डब्लू सिंह, दिलीप सिंह, अमृत राज, चुन्नू सिंह, नवल किशोर, उग्रसेन सिंह, बबलू सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करेगी। गाँव वालों ने बताया कि श्रृष्टि सिंह की मेहनत, लगन और समर्पण आज हर किसी के लिए मिसाल है। उनके पिता सुनील सिंह और परिवार को बधाई देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने अपने संस्कार और समर्थन से बेटी को आगे बढ़ने का हौसला दिया। गांव की महिलाओं और युवाओं ने भी श्रृष्टि सिंह की कामयाबी को अपनी जीत बताया। उन्होंने कहा कि अब बेटियां सेना जैसे कठिन क्षेत्र में भी ऊँचाइयों को छू सकती हैं। स्टेशन पर मौजूद महिलाओं ने ढोल-नगाड़ों और गीतों के साथ खुशी का इजहार किया।

12 से 17 सितम्बर तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों व बीएलओ का प्रशिक्षण

0

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारी को लेकर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों का प्रशिक्षण 12 से 17 सितम्बर तक कराया जाएगा। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में निर्वाचन नामावलियों से जुड़े विधिक प्रावधान, बीएलओ ऐप, ईआरओ नेट/आईटी गतिविधियों सहित अधिकारियों के कर्तव्यों पर जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम अनुसार 12 सितम्बर को अपरान्ह 3 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में सभी सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा। 16 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 से 1 बजे तक विधानसभा क्षेत्र 357 बेल्थरारोड व 358 रसड़ा तथा अपरान्ह 2 से 5 बजे तक 359 सिकंदरपुर व 360 फेफना के बीएलओ का प्रशिक्षण गंगा बहुद्देशीय सभागार में होगा। 17 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 से 1 बजे तक विधानसभा क्षेत्र 361 बलिया नगर व 363 बैरिया तथा अपरान्ह 2 से 5 बजे तक 362 बांसडीह के बीएलओ का प्रशिक्षण वहीं पर होगा।

पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्व. जयप्रकाश चौधरी की तृतीय पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। नवानगर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख स्वर्गीय जयप्रकाश चौधरी की तृतीय पुण्यतिथि शुक्रवार को श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सिकंदरपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और सैकड़ों ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर विचार साझा किए। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने कहा कि जयप्रकाश चौधरी सच्चे अर्थों में विकास पुरुष थे। अपने कार्यकाल में उन्होंने गांव-गांव जाकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी और जनता की समस्याओं का समाधान किया। पूर्व विधायक दीनानाथ चौधरी ने उन्हें व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि वे वादों से अधिक काम पर विश्वास करते थे। वहीं सपा जिलाध्यक्ष व फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि स्व. चौधरी बड़े दिल के नेता थे और जब-जब अवसर मिला, उन्होंने क्षेत्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया। इस मौके पर अरविंद राय (प्रबंधक), सुरेंद्र चौधरी (जिला पंचायत सदस्य), छोटक चौधरी (प्रधान), भोला सिंह, सुरेश सिंह, शेख अहमद अली, संजीव वर्मा, जयराम पांडे, मदन राय, ओमप्रकाश यादव, विनोद शंकर गुप्ता, संहितानंद तिवारी, राजेंद्र चौधरी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए और स्व. चौधरी के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सत्येंद्र शर्मा ने किया। अंत में स्व. चौधरी के पुत्र प्रेम प्रकाश चौधरी बहगुणा, सत्य प्रकाश, वेद प्रकाश और ब्रम्ह प्रकाश ने उपस्थित अतिथियों व गणमान्य लोगों का स्वागत कर आभार जताया।

ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं के लिए युवाओं का होगा पंजीकरण

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)
ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल विभाग एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न आयु वर्गों—सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर—में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिताएं दो स्तरों पर होंगी—जनपद स्तर पर सांसद खेल स्पर्धा तथा विधानसभा क्षेत्र स्तर पर विधायक खेल स्पर्धा के अंतर्गत। इन प्रतियोगिताओं में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।

आठ प्रमुख खेल विधाओं—एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबाल, फुटबॉल, भारोत्तोलन, जुडो एवं बैडमिंटन—में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि प्रत्येक खेल में महिला (बालिका) वर्ग की प्रतियोगिताओं को भी शामिल किया गया है, ताकि ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिल सके।

जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी पंजीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी युवा साथी पोर्टल (https://www.yuvasathi.in) पर जाकर “मा० विधायक खेल स्पर्धा पंजीकरण” टैब के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित प्रतिभाओं को न केवल सम्मानित किया जाएगा, बल्कि उन्हें आगे राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर भी मिलेगा। इस आयोजन से ग्रामीण अंचलों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

बच्चों के दीर्घायु स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए किया जाता है जीवित्पुत्रिका व्रत – आचार्य अजय शुक्ल

14 सितम्बर को रखा जाएगा जीवित्पुत्रिका व्रत 15 को होगा पारण

सलेमपुर, देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। सनातन धर्म व संस्कृति का प्रमुख पर्व जीवित्पुत्रिका व्रत आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के अष्टमी तिथि को पुत्र के दीर्घायु स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए मनाया जाने वाला पर्व है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रहती है। उक्त बातें बताते हुए जयराम ब्रम्ह स्थान के आचार्य अजय शुक्ल ने कहा कि इस बार इस व्रत की शुरुआत 13 सितम्बर को नहाय खाय के साथ होगी 14 सितम्बर को पूरे दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी उसके पश्चात 15 को पारण
करने के साथ व्रत का समापन होगा। इस व्रत को मनाने के लिए कई कथा प्रचलित है लेकिन धार्मिक ग्रन्थों के अनुसार जीमूतवाहन नामक राजा ने एक स्त्री के पुत्र को बचाने के लिए स्वयं को गरुड़ देव के भोजन के लिए प्रस्तुत कर किया।उनके निःस्वार्थ भावना को देखकर गरुड़ प्रसन्न हो गए और उन्हें बैकुंठ धाम जाने का आशीर्वाद दिया।तभी से यह परंपरा प्रारंभ हुई कि माताएं अपने बच्चों के दीर्घायु जीवन के लिए जीमूतवाहन देवता की आराधना करते हुए उपवास रखती हैं। इसके अलावा महाभारत काल में गुरु द्रोणाचार्य के मृत्यु से आक्रोशित उनके पुत्र अश्वत्थामा ने उत्तरा के गर्भ में पल रहे शिशु को ब्रम्हास्त्र चलाकर नष्ट कर दिया ,जिसे भगवान श्रीकृष्ण ने अपने दिव्य शक्ति से पुनः जीवित कर दिया और उनका नाम जीवित्पुत्रिका रखा।यह व्रत बहुत ही कठिन व्रत होता है व्रत के दिन निर्जला रहने के बाद अगले दिन देर तक महिलाएं पारण करती हैं जिसके कारण मान्यता है कि उनका पुत्र दीर्घायु होगा।

डॉ. निरज झा ने मनाया वर्ल्ड फिजियोथैरेपी डे

मुंबई (राष्ट्र की परम्परा) मुंबई के सबसे श्रेष्ठ और उच्च रेटेड फिजियोथैरेपी सेंटर फिजियोवर्ल्ड में HOD डॉ. निरज झा ने वर्ल्ड फिजियोथैरेपी डे के अवसर पर खास कार्यक्रम का आयोजन किया। फिजियोवर्ल्ड इस दिन को 2012 से लगातार मनाता आ रहा है और मरीजों तथा समाज में फिजियोथेरेपी के महत्व को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
डॉ. निरज झा ने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की गुणवत्ता बढ़ाने और स्वास्थ्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर मरीजों, फिजियोथेरेपिस्टों और विशेषज्ञों के लिए नवीनतम तकनीकों और उपचार के आधुनिक तरीकों पर विशेष चर्चा की गई।
फिजियोवर्ल्ड मुंबई का नंबर 1 रेटेड फिजियोथेरेपी सेंटर है, जहां अनुभवी विशेषज्ञ, आधुनिक सुविधाएं और व्यक्तिगत देखभाल सुनिश्चित की जाती है। यह केंद्र मरीजों को सुरक्षित, प्रभावी और परिणाम-उन्मुख उपचार प्रदान करने के लिए जाना जाता है, जिससे मरीजों का स्वास्थ्य और जीवनशैली दोनों बेहतर बनते हैं।