Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 697

देशभर में गहन मतदाता पुनरीक्षण का चुनाव आयोग ने लिया फैसला

नई दिल्ली(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)चुनाव आयोग ने बड़ा निर्णय लेते हुए देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गहन मतदाता पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कराने का ऐलान किया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस राष्ट्रव्यापी प्रक्रिया के लिए 1 जनवरी 2026 को क्वालीफाइंग डेट निर्धारित की गई है। हालांकि, इस पुनरीक्षण का विस्तृत शेड्यूल आयोग द्वारा शीघ्र ही घोषित किया जाएगा।

चुनाव आयोग ने यह जानकारी सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हलफनामे के जरिए दी है। यह जवाब भाजपा नेता और अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की याचिका पर दिया गया है। याचिका में देशभर में नियमित अंतराल पर मतदाता सूचियों का गहन पुनरीक्षण कराने की मांग की गई थी, ताकि बोगस वोटिंग, फर्जी पंजीकरण और डुप्लीकेट नामों को हटाया जा सके।

चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को आश्वस्त किया है कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसीलिए 2026 की क्वालीफाइंग डेट को ध्यान में रखते हुए गहन पुनरीक्षण किया जाएगा। आयोग ने कहा कि इस प्रक्रिया से नए पात्र मतदाताओं का नाम जुड़ सकेगा और जिनके नाम गलत या दोहराए गए हैं, उन्हें हटाया जाएगा।

कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करेगा और चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं की विश्वसनीय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। वहीं, चुनाव आयोग के इस फैसले से उन सभी आशंकाओं पर विराम लगेगा, जिनमें मतदाता सूची में गड़बड़ी और अनियमितता की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।

👉 उम्मीद है कि आयोग आने वाले महीनों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा और स्थानीय स्तर पर बूथवार पुनरीक्षण अभियान शुरू किया जाएगा।

कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल

RKPnews

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। प्रदेश की राजधानी स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार एनेस्थीसिया विभाग में डॉ. श्वेता की नियुक्ति कर दी गई, जबकि हैरानी की बात यह है कि वे इंटरव्यू में शामिल ही नहीं हुई थीं।

इस खुलासे के बाद संस्थान की कार्यप्रणाली पर गंभीर संदेह जताया जा रहा है। जिस उम्मीदवार ने इंटरव्यू में हिस्सा नहीं लिया, उसकी नियुक्ति होना पूरे चयन तंत्र की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

सूत्रों का कहना है कि इस मामले से जुड़े कई पहलुओं की जांच की मांग उठ रही है। चिकित्सा जगत और अभ्यर्थियों में गहरा असंतोष है।

फिलहाल, इस प्रकरण ने संस्थान की साख और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि शासन स्तर पर इस मुद्दे पर क्या कार्रवाई की जाती है।

नगर निगम मुख्यालय पर दूसरे दिन भी भारतीय किसान यूनियन का धरना

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। राजधानी लखनऊ में नगर निगम मुख्यालय लालबाग पर भारतीय किसान यूनियन का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों की संख्या में किसान मुख्यालय परिसर में डटे रहे। किसान वहीं पर भट्टी चढ़ाकर भोजन पकाते और खाते नजर आए।

किसानों की मुख्य मांग है कि नगर निगम द्वारा पशुओं को पकड़ते समय एक गोवंश की पिटाई की गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस घटना के जिम्मेदार कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही जिन पाँच किसानों के पशु ज़ब्त किए गए हैं, उन्हें बिना किसी जुर्माने के वापस छोड़ा जाए।

शनिवार को धरनास्थल पर आयोजित बैठक में सोमवार को प्रस्तावित बड़ी पंचायत की रणनीति तय की गई। बैठक में प्रमुख रूप से जिला अध्यक्ष लखनऊ आलोक वर्मा, प्रदेश महासचिव गणेश शंकर वर्मा, जिला महासचिव आशीष यादव, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, महिला जिला अध्यक्ष उर्मिला मौर्य, जिला उपाध्यक्ष तौकीर फरहत, काकोरी ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिहारी राठौर, नगर महामंत्री शाह आलम, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार यादव, जिला प्रवक्ता अजय अनमोल और बख्शी तालाब तहसील अध्यक्ष अमरेंद्र पवार सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

किसानों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना इसी तरह जारी रहेगा।

अखिलेश दुबे मामले में इंस्पेक्टर सभाजीत मिश्रा गिरफ्तार

कानपुर।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)अखिलेश दुबे प्रकरण में SIT की जांच की आँच अब बड़े पुलिस अधिकारियों तक पहुँच चुकी है। शनिवार को दिनभर चली गहन पूछताछ के बाद SIT ने इंस्पेक्टर सभाजीत मिश्रा को देर रात गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय इंस्पेक्टर मिश्रा बुरी तरह विचलित हो उठे और जोर-जोर से रोने लगे। उन्होंने चिल्लाते हुए कहा कि “बड़े अधिकारियों को पकड़िए, मैंने तो सिर्फ आदेश का अनुपालन किया था।”

सूत्रों के अनुसार, SIT की जांच में कई और नाम भी सामने आ रहे हैं और जल्द ही कार्रवाई का दायरा और बढ़ सकता है।

पहले से हो चुकी कार्रवाई

गौरतलब है कि अखिलेश दुबे और दीनू उपाध्याय से कथित “दोस्ती” और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में अब तक 16 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं अनुशासनहीनता के मामलों में 29 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

निलंबित पुलिसकर्मियों में – 5 इंस्पेक्टर,13 उपनिरीक्षक,17 हेड कांस्टेबल,6 महिला हेड कांस्टेबल,4 फॉलोअर शामिल हैं।
मामला क्या है? जेल में बंद अखिलेश दुबे पर गंभीर आरोप हैं कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ मिलीभगत कर रसूखदार लोगों को झूठे मामलों में फँसाया। इसके अलावा उस पर जमीन कब्जाने और दबंगई से अपना नेटवर्क खड़ा करने का भी आरोप है।

SIT की कार्रवाई ने कानपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।

BHU का क्लर्क रिश्वतखोरी में दोषी, CBI कोर्ट ने सुनाई 5 साल की कैद

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के एक क्लर्क को रिश्वत लेने के मामले में दोषी करार देते हुए CBI की विशेष अदालत ने शनिवार को पांच साल की कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

मामला वर्ष 2016 का है, जब मृतक कर्मचारी के परिवार को सेवा लाभ दिलाने के एवज में क्लर्क राजेश कुमार ने रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि उसने परिवार से 75 हजार रुपये की मांग की थी। इसी दौरान CBI ने उसे रंगे हाथों 30 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था।

मामले की जांच पूरी होने के बाद CBI ने आरोप पत्र दाखिल किया। करीब नौ साल की लंबी सुनवाई के बाद विशेष अदालत ने शनिवार को इस मामले में सजा सुनाई। अदालत ने कहा कि मृतक कर्मचारी के परिवार से लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगना बेहद गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त सजा ही उचित है।

इस फैसले को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

बड़ी खबर: 21 शिक्षकों की नियुक्ति निरस्त

बस्ती (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जिले में वर्ष 2018 में प्रबंधक हमीदुल्ला खान द्वारा कराई गई 21 शिक्षकों की भर्ती को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया है। अदालत ने साफ कहा कि यह नियुक्तियाँ शासनादेशों और सेवा नियमों के विरुद्ध की गई थीं।
⚖️ अदालत का निर्णय
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद पाया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया नियमों के उल्लंघन के साथ की गई थी। नियुक्ति के समय न तो शासनादेशों का पालन किया गया और न ही विधिक प्रावधानों का।
इसी कारण न्यायालय ने सभी 21 शिक्षकों की नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से अमान्य करार देते हुए निरस्त कर दीं।
🔍 प्रभाव और संदेश
इस फैसले ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन अनिवार्य है।
यदि नियुक्तियों में गड़बड़ी या मनमानी होगी तो न्यायालय हस्तक्षेप कर सकता है।
अदालत का यह निर्णय अन्य प्रबंधकों और जिम्मेदार अधिकारियों के लिए भी चेतावनी है कि वे नियुक्तियों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का प्रदर्शन, बीसीसीआई का पुतला फूंका

लखनऊ(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों में गुस्सा फूट पड़ा। शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित गेट नंबर 3 पर छात्रों ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) का पुतला फूंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

छात्रों ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच कराने के फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई और बीसीसीआई को देशहित से ऊपर राजनीति और व्यवसाय रखने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए 26 लोगों की शहादत को अभी वे भुला नहीं पाए हैं और इस समय पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना देशवासियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने नारेबाजी करते हुए कहा, “मेरी रगों में अभी भी गर्म सिंदूर दौड़ रहा है, पाकिस्तान से किसी भी स्तर पर संबंध स्वीकार नहीं।”

विद्यार्थियों ने मांग की कि बीसीसीआई तुरंत इस मैच को रद्द करे और सरकार इस मामले में हस्तक्षेप करे। छात्रों का कहना है कि जब तक शहीदों के परिवार न्याय और सम्मान की मांग पूरी नहीं होती, तब तक पाकिस्तान के साथ किसी भी खेल या सांस्कृतिक संबंध को मंजूरी नहीं दी जानी चाहिए।

8 अक्टूबर को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अयोध्या दौरा

करेंगे बृहस्पति कुंड का लोकार्पण

अयोध्या(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)अयोध्या धाम के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से जुड़े टेढ़ी बाजार स्थित बृहस्पति कुंड का सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में है। इस कुंड को पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। आगामी 8 अक्टूबर को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका लोकार्पण करेंगे और इसे जनता को समर्पित करेंगे।

बृहस्पति कुंड को आकर्षक और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे यह न केवल श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक प्रमुख गंतव्य साबित होगा।

इससे पहले कमिश्नर राजेश कुमार, डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने अयोध्या में सौंदर्यीकरण और यातायात प्रबंधन को लेकर एक और अभियान चलाने की योजना बनाई है। इसके तहत राम पथ के फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जाएगा, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

स्थानीय लोगों का मानना है कि बृहस्पति कुंड के सुंदरीकरण से अयोध्या की धार्मिक और पर्यटन छवि और भी सशक्त होगी।

छुट्टी पर घर आए दरोगा की सड़क हादसे में मौत

भदोही।(राष्ट्र की परम्परा डेस्क) प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत आरटीओ चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) राजन बिंद की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से भदोही जनपद निवासी दरोगा राजन बिंद छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे। इसी दौरान वह किसी कार्य से बाहर निकले थे कि अचानक उनकी बाइक एक तेज रफ्तार वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजन बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजन बिंद की मौत की खबर सुनते ही उनके पैतृक गाँव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सहकर्मियों और स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

मृतक दरोगा राजन बिंद अपने मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के कारण विभाग व समाज में सम्मानित माने जाते थे। पुलिस विभाग ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जायेगी।

गौ तस्करी का पर्दाफाश, 8 गोवंश बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)l बिहार की सीमा से सटे बलिया जनपद में पुलिस ने एक बार फिर गौ तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने उभांव थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप से आठ गोवंश बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान डिंपू कुमार कन्नौजिया के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पशु क्रूरता समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन गोवंशों को बिहार होते हुए बंगाल वध के लिए ले जाने की फिराक में था। बताया जा रहा है कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की और पिकअप को हिरासत में लेकर तस्करी की योजना विफल कर दी। बलिया पुलिस लगातार इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है, बावजूद इसके सीमावर्ती जिला होने के कारण गौ तस्करी की घटनाएं सामने आती रहती हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

सहजता ही सफलता का मूल मंत्र : ध्रुव कुमार त्रिपाठी

सामाजिकता सिखाता है समाजशास्त्र : कुलपति प्रो. पूनम टंडन

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में नवप्रवेशी छात्रों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद शिक्षक दल के नेता एवं शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि रहे। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की तथा अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. राजवंत राव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में शिक्षक विधायक एवं समाजशास्त्र विभाग के पूर्व छात्र ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सहजता ही सफलता का मूल मंत्र है। सहज और अहंकाररहित व्यक्तित्व के साथ ही ज्ञान और उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम और सरल स्वभाव प्रतिस्पर्धा में विजय दिलाते हैं।
कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है। शिक्षा केवल ज्ञानार्जन का साधन भर नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने और समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि समाजशास्त्र विषय सामाजिकता का बोध कराता है और यह विद्यार्थियों को समाज की जटिलताओं का समाधान खोजने की दृष्टि प्रदान करता है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. राजवंत राव ने उच्च शिक्षा को आत्मसाक्षात्कार का माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचारक नहीं, बल्कि बोध कराने वाला आचार्य होता है। उन्होंने दीक्षारम्भ कार्यक्रम को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।
विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग द्विवेदी ने स्वागत भाषण में कहा कि दीक्षारम्भ केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ज्ञान यात्रा का प्रारम्भ है। यह विद्यार्थियों को आत्मबोध और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
दीक्षारम्भ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अपनी विधायक निधि से समाजशास्त्र विभाग के भवन निर्माण एवं अधोसंरचना विकास में सहयोग देने का आश्वासन दिया। उनका यह संकल्प विभाग के प्रति आत्मीयता और जुड़ाव का प्रतीक है तथा इससे विभागीय शैक्षणिक वातावरण को और सुदृढ़ बनाने की संभावना है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष पांडेय ने किया तथा आभार ज्ञापन डॉ. दीपेन्द्र मोहन सिंह ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. संगीता पांडेय, प्रो. सुभी धुसिया, प्रो. अंजू, डॉ. प्रकाश प्रियदर्शी, डॉ. पवन कुमार, प्रो. धनंजय कुमार, डॉ. अमित उपाध्याय, डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी, डॉ. अजय त्रिपाठी एवं डॉ. आलोक त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

स्कूली बच्चों के अपहरण की कोशिश नाकाम, भीड़ ने दबोचे आरोपी

गांधीनगर वार्ड, सिसवा नगर में सनसनी घटना

पुलिस ने किया अपील, कहा अफवाह पर ध्यान मत दे लोग

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। सिसवा नगर के गांधीनगर वार्ड में शनिवार को सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा नंबर की कार सवार तीन युवकों ने दो स्कूली बच्चों को अगवा करने की कोशिश किया।
बच्चों की चीख- पुकार सुनकर जुटी भीड़ ने आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी। वहीं दूसरी ओर पंडित पुर टोला निवासी अनिल के बेटे आकाश 10 वर्ष और रितेश 7 वर्ष रोज की तरह स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान एक कार सवार तीन युवक उन पर टूट पड़े और जबरन गाड़ी में बैठाने लगे। घबराए बच्चों की चीख सुनकर आस-पास के लोग दौड़ पड़े। बच निकलने के लिए आरोपी कार दौड़ाने लगे, लेकिन साहसी स्थानीय लोगों ने पीछा करते हुए अस्पताल रोड पर वाहन को घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने आरोपियों को पकड़कर धुनाई कर दी और तुरंत कोठीभार पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। कार को भी जब्त कर लिया गया है। पूछ-ताछ में सामने आया कि एक आरोपी बलरामपुर का निवासी है जबकि दो सिद्धार्थनगर से हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर आरोपी युवक से पूछ-ताछ में बताया कि हम साली से मिलने आए थे कि बच्चों से रास्ता पुछे जाने पर बच्चों ने शोर मचा दिया। वहीं घटना के बाद पूरे गांधीनगर वार्ड और सिसवा नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बच्चों के परिजन और मुहल्ले वासी पुलिस से नियमित गश्त, सीसीटीवी कैमरे लगाने और स्कूल टाइम में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी कोठीभार धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि गिरफ्तार युवकों से गहन पूछ-ताछ की जा रही है। बच्चों के परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।दुसरी तरफ लोगों से अपील किया गया है कि अफवाह पर ध्यान मत दें। ऐसे घटना पर पुलिस को तत्काल सूचना दे।

सेवा पखवाड़ा मंडल कार्यशाला सम्पन्न

पथरदेवा/ देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू होने वाले सेवा पखवाड़ा को लेकर आदर्श नगर पंचायत पथरदेवा के सभागार में मंडल कार्यशाला आयोजित हुई। मुख्य अतिथि भाजपा जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी ने कहा कि कार्यक्रम के तहत स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पौधरोपण, स्वास्थ्य जांच शिविर व जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। मंडल अध्यक्ष हरीश उर्फ जिप्पू शाही ने कहा कि भाजपा राजनीति ही नहीं बल्कि सेवा व समर्पण की पार्टी है। कार्यशाला में मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नमामि गंगे मिशन के तहत कार्यशाला आयोजित

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नमामि गंगे मिशन के अंतर्गत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, धनेवा धनेई में जिला गंगा समिति के तत्वावधान में कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में छात्र- छात्राओं को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण की जीवनरेखा है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने में योगदान दे। युवा पीढ़ी गंगा संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यशाला में छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय समुदाय में गंगा संरक्षण, जल प्रबंधन तथा सतत विकास के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतरिक्त विषय गंगा संरक्षण हमारी जिम्मेदारी पर वाद विवाद, निबंध लेखन और क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके उपरांत शपथ ग्रहण समारोह में गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प छात्रों व शिक्षकों द्वारा शपथ लिया गया।
कार्यशाला में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्राचार्या एवं शिक्षकगण स्थानीय शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहें।

जिला चिकित्सालय के डॉक्टरों की टीम ने रचा इतिहास

आधुनिक वीडियो लारिंगोस्कोपी तकनीक से सफल प्रसव

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिला संयुक्त चिकित्सालय ने चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। पहली बार यहाँ आधुनिक वीडियो लारिंगोस्कोपी तकनीक का उपयोग करते हुए जनरल एनेस्थीसिया के अंतर्गत सुरक्षित सीजेरियन प्रसव सम्पन्न कराया गया। यह वही तकनीक है जिसका प्रयोग सामान्यतः एसजीपीजीआई लखनऊ एवं आरएमएल दिल्ली जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में किया जाता है।
प्रसूता की रीढ़ की हड्डी पर बचपन में शल्यचिकित्सा हो चुकी थी, जिसके कारण स्पाइनल एनेस्थीसिया देना संभव नहीं था। सामान्यतः ऐसे मामलों को तत्काल उच्च केंद्रों को रेफर किया जाता है, किंतु जिला चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम ने इस चुनौती को स्वीकार कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया।
इस शल्यक्रिया में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. संतोष कुमार त्रिपाठी एवं सर्जन डॉ. एस.आर. कन्नौजिया ने प्रमुख भूमिका निभाई। साथ ही सहायक स्टाफ गीता, इंचार्ज शशि श्रीवास्तव एवं वार्ड बॉय पंकज ने पूर्ण निष्ठा के साथ सहयोग प्रदान किया।
डॉ. संतोष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि यह मामला अत्यंत जटिल था, परंतु आधुनिक तकनीक अपनाकर सुरक्षित प्रसव सम्भव हुआ। उन्होंने इसे जिला चिकित्सालय के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। डॉ. एस.आर. कन्नौजिया ने कहा कि अब जिला स्तर पर भी मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार उपलब्ध है और प्रसूताओं को महानगरों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
मरीज के परिजनों ने चिकित्सक दल की कुशलता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें प्रारंभ में केस रेफर होने की आशंका थी, किंतु ऑपरेशन की सफलता ने उनका विश्वास और दृढ़ कर दिया।
माँ और शिशु दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं। अस्पताल प्रशासन ने इस उपलब्धि को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक सफलता बताते हुए कहा कि संतकबीरनगर अब चिकित्सा सुविधाओं के नए युग में प्रवेश कर चुका है।