Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 670

योगी सरकार का बड़ा तोहफा: आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा डेस्क): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। इस नई पहल के तहत, सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अब स्मार्टफोन दिए जाएंगे और उनके मानदेय में भी बढ़ोतरी की जाएगी। यह कदम कार्यकर्ताओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के साथ-साथ उनके कार्यक्षेत्र में डिजिटल दक्षता को बढ़ाने पर केंद्रित है।

इसे भी पढ़ें – http://सीएचसी सलेमपुर की लापरवाही उजागर https://rkpnewsup.com/negligence-of-chc-salempur-exposed/

​स्मार्टफोन से कार्यप्रणाली में आएगा सुधार

​आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन दिए जाने से उनके दैनिक कार्य, बच्चों की देखभाल और रिपोर्टिंग प्रणाली में बड़ा सुधार होगा। ये डिजिटल उपकरण मोबाइल-आधारित शिक्षा, बेहतर संचार और निगरानी प्रणाली को बढ़ावा देंगे। इसका सीधा लाभ बच्चों को मिलेगा, जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिलेंगी और कार्यकर्ताओं का काम भी अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।

​मानदेय में बढ़ोतरी से आर्थिक सशक्तिकरण

​स्मार्टफोन के अलावा, सरकार ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में भी वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह फैसला उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा और समय पर वेतन मिलने से उनकी वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होगी। यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल उनकी आजीविका बेहतर होगी, बल्कि समुदाय और बच्चों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा। यह कदम कार्यकर्ताओं को समाज में नई प्रतिष्ठा, सम्मान और काम में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगा।

रेलवे में सीनियर सिटीजन व्यवस्था पुनः बहाल करने की मांग सांसद को सौंपा ज्ञापन

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। कोरोना काल के पहले रेलवे में चल रही सीनियर सिटीजन के व्यवस्था की मांग को लेकर नगर के लोंगो ने पूर्व सभासद सुबाष राय सैथवार के नेतृत्व में सलेमपुर के सांसद रमाशंकर राजभर को ज्ञापन सौंपा और मांग किया कि इस मामले को आप सदन में उठावें जिससे कि वृद्ध लोंगो को परेशान न होना पड़े।

इसे पढ़ें –https://rkpnewsup.com/bomb-threat-calls-to-several-schools-dps-dwarka-and-other-institutions-evacuated/

वरिष्ठ नागरिक समाज का पथप्रदर्शक होता है इसको परेशानी में डालना उचित नहीं है।पत्रक में कोरोना काल से पूर्व वरिष्ठ नागरिक को जो सुविधा रेल मंत्रालय देता था उसे पुनः उसी तरह से बहाल करना जनहित में अति आवश्यक है।पत्रक लेने के बाद सलेमपुर के सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने कहा कि इस मुद्दे को मैं पूरी मजबूती के साथ सदन में उठाकर इस व्यवस्था को पुनः शुरू कराने का काम करूंगा। पत्रक सौपने वालों में सुबाष राय, राजीव श्रीवास्तव, जवाहर लाल बरनवाल, ओमप्रकाश पाठक,रामप्रीत यादव, मुक्तिनाथ गुप्ता,घनश्याम बरनवाल,अभयनंदन बरनवाल, श्रीकांत मणि त्रिपाठी,डॉ दिनेश मिश्र,नंदकिशोर मिश्र,अशोक कुमार, कृष्ण मनोहर आदि प्रमुख रूप से शामिल हुए।

सीएचसी सलेमपुर की लापरवाही उजागर

अंधेरे में फर्श पर ही हुआ प्रसव, जनरेटर न चलने से मची अफरा-तफरी

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)।
जनपद के सबसे बड़े सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलेमपुर की लापरवाही शुक्रवार रात को उस समय सामने आई, जब बिजली गुल होने के बाद जनरेटर नहीं चला। अस्पताल अंधेरे में डूब गया और इस दौरान एक प्रसूता महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया।

इसे पढ़ें –https://rkpnewsup.com/three-cousins-drowned-in-a-pond-cm-nitish-expressed-grief-and-announced-compensation-of-rs-4-lakh-each/

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उमस भरी गर्मी और अंधेरे में महिलाएं प्रसव पीड़ा से कराहती रहीं, लेकिन न कोई चिकित्सक मौके पर दिखा और न ही स्टाफ। बाद में एक नर्स ने बच्चे को उठाकर महिला को बेड पर लिटाया।

परिजनों के हंगामे के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और जनरेटर चालू किया गया। समाजसेवी सतीश पांडेय गुडलक ने बताया कि जब लोगों ने आवाज उठाई तब जाकर व्यवस्था बनी। वहीं युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष सत्यम पांडेय ने भी आरोप लगाया कि उनकी भाभी का प्रसव भी अंधेरे में हुआ।

इसे भी पढ़ें –https://rkpnewsup.com/arrival-of-maa-durga-in-navratri-departure-will-be-on-elephant-ride-by-human-acharya-ajay-shukla/

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब जिला स्तरीय अस्पताल की यह स्थिति है, तो अन्य पीएचसी और सीएचसी की हालत का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है।

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, कन्या जन्मोत्सव पर माताओं का सम्मान

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से किया गया, जिसका लाइव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर प्रयास हो रहे हैं और किसी भी समस्या पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर मदद मिलेगी। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने निर्देश दिया कि स्कूलों में प्रार्थना सभा के दौरान मिशन शक्ति से जुड़ी जानकारी बच्चों को दी जाए। उन्होंने कहा कि महिलाएं घरेलू हिंसा की शिकार होने पर चुप न रहें, प्रशासन व पुलिस हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि नारी शक्ति के सशक्त होने पर ही प्रदेश मजबूत होगा। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि आज महिलाएं सुरक्षित महसूस कर रही हैं, सरकार की योजनाएं उन्हें आत्मनिर्भर बना रही हैं। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं की जानकारी लेने और छोटी बच्चियों को आत्मरक्षा की शिक्षा देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में 12 अनाथ बच्चियों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लाभान्वित किया गया तथा उन्हें बैग व किताबें प्रदान की गईं। वहीं कन्या जन्मोत्सव पर सोनी देवी, शहजादी खातून और अंजू को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

चाकू की नोक पर लाखों की लूट, 16 वर्षीय किशोरी पर हमला, गांव में दहशत का माहौल

सादुल्लानगर/बलरामपुर(राष्ट्र की परम्परा)। चाकू की नोक पर लाखों की लूट, 16 वर्षीय किशोरी पर हमला, गांव में दहशत का माहौल।
थाना क्षेत्र के लालपुर भलुहिया गांव में शुक्रवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने आतंक फैलाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चंद्रप्रकाश गुप्ता के घर में धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया और चाकू की नोक पर लाखों के जेवरात और करीब 80 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने घर की 16 वर्षीय पुत्री पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे बेहोश करने का प्रयास किया।

इसे भी पढ़ें –https://rkpnewsup.com/political-mirror-a-global-and-indian-analysis-of-self-praise-flattery-and-self-respect/

पीड़िता मंशा देवी ने बताया कि वारदात तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुई। उनकी पुत्री मनी गुप्ता, जो पढ़ाई के लिए सुबह उठी थी, जैसे ही दरवाजा खोला, नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। उन्होंने किशोरी पर चाकू से वार किया और कथित रूप से बेहोशी का स्प्रे सुंघाकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी और संदूक तोड़कर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया। घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले थे। गांव में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत फैल गई है।
ग्रामीणों जितेंद्र सोनी, महबूब अली और निजाम अली ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रात्रिकालीन गश्त नाम मात्र की रह गई है। कभी-कभार गश्त होने पर भी पुलिस आम ग्रामीणों को संदेह के घेरे में लेकर परेशान करती है, जबकि असली अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर सादुल्लाह नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ उतरौला राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गांव में फैले भय को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

23 सितम्बर को जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा कनेक्ट

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा युवाओं को देश के विकास से जोड़ने के उद्देश्य से “विकसित भारत युवा कनेक्ट प्रोग्राम” का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम माय भारत पोर्टल के माध्यम से 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर के 76 संस्थानों में आयोजित हो रहा है।

इसे पढ़ें – https://rkpnewsup.com/up-constable-attacked-by-criminals-in-bihar-shot-in-the-leg/

इसी क्रम में जननायक चन्द्रशेखर विश्वविद्यालय, बलिया में 23 सितम्बर को प्रशासनिक भवन स्थित जयप्रकाश नारायण सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें मंत्रालय द्वारा मनोनीत यूथ आइकॉन विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि स्वयंसेवक एवं इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं।

यू.पी. के सिपाही पर बिहार में अपराधियों का हमला, पैर में लगी गोली

पटना (राष्ट्र की परम्परा डेस्क )बिहार के नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां अपराधियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान वेद प्रताप कुमार पर हमला किया। वेद प्रताप शुक्रवार देर शाम अपनी स्कॉर्पियो वाहन से बिहारशरीफ से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में खड़ी बाइक को हटाने को लेकर विवाद हो गया।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/political-mirror-a-global-and-indian-analysis-of-self-praise-flattery-and-self-respect/

सूत्रों के अनुसार, वेद प्रताप ने कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन जब कोई सामने नहीं आया, तो अचानक कुछ युवक बाहर निकले और उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद युवकों ने पत्थरबाजी कर वाहन को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया।

घटना की कड़ियां अगले दिन सामने आई, जब वेद प्रताप सुबह जिम के लिए निकले। हमलावर पहले से घात लगाए हुए थे। उन्होंने रास्ते में जवान को घेरकर लाठियों से मारपीट की और फिर गोली चला दी, जो वेद प्रताप के पैर में लगी। इसके अलावा, आरोपियों ने उनकी बाइक भी तोड़-फोड़ दी।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/deoria-police-launched-a-bank-checking-campaign-and-increased-security-vigilance/

घायल जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली पैर में लगी है और फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति स्थिर है। वेद प्रताप उत्तर प्रदेश के चंदौली SP कार्यालय में कार्यरत हैं और छुट्टी पर अपने गांव आए थे।

अस्थावां थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि यह मामला आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना सुरक्षा और कानून के प्रति संवेदनशीलता को लेकर एक चेतावनी भी है। राज्य पुलिस की सक्रियता और फौरन कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि अपराधियों को जल्द ही न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

“राजनीतिक दर्पण: आत्मप्रशंसा, चापलूसी और स्वाभिमान का वैश्विक और भारतीय विश्लेषण”

गोंदिया – वैश्विक स्तरपर मनुष्य का स्वभाव है कि वह अपनी प्रशंसा सुनना पसंद करता है। यह मनोविज्ञान राजनीति में सबसे अधिक दिखाई देता है। सत्ता और पद पर बैठे नेताओं को हर वक्त यह सुख मिलता है कि उनके आसपास लोग उनकी तारीफ़ करें, चाहे वह सच्ची हो या झूठी। यही कमजोरीचाटुकारों के लिए अवसर बन जाती है। भारत हो या अमेरिका,रूस हो या चीन,हर जगह यह दृश्य आम है कि नेता की छवि चमकाने के लिएकार्यकर्ता, सलाहकार या मंत्रीगण उनकी हर बात की तारीफ़ करते हैं।यह“आत्मप्रशंसा का बाजार” राजनीति में इतनी गहराई तक घुस चुका है कि कई बार नेताओं के वास्तविक गुण दब जाते हैं और केवल कृत्रिम छवि ही जनता के सामने प्रस्तुत होती है।मैं एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानी गोंदिया महाराष्ट्र यह मानता हूं कि भारत में चुनावी सभाओं में अक्सर देखा जाता है कि पार्टी नेता अपने शीर्ष नेता को“देश का सबसे बड़ा जननायक”,“विश्वगुरु” या“लोकतंत्र का रक्षक” बताकर जयघोष करते हैं।लेकिन इन नारों का यथार्थ कितना है, यह अलग सवाल है।इसी तरह अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार अपने भाषणों में कहा कि उन्होंने “इतिहास का सबसे बड़ाआर्थिक सुधार किया” “सबसे मजबूत सेना बनाई” या “कोविड के समय सबसे अच्छा प्रबंधन किया।” उनके समर्थक नेताओं ने इस आत्मप्रशंसा को और ऊँचा चढ़ाया,भले ही विशेषज्ञ रिपोर्ट इसके सटीक विपरीत हों।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/deoria-police-launched-a-bank-checking-campaign-and-increased-security-vigilance/

साथियों बात अगर हम राजनीति में चापलूसी केवल अवसरवाद नहीं बल्कि एक तरह की “कला” बन गई है, इसको समझने की करें तो बड़े नेताओं के आसपास कई ऐसे लोग रहते हैं जो सिर्फ़ इसलिए टिके रहते हैं क्योंकि वे हर वक्त नेता की हाँ में हाँ मिलाते हैं।उन्हें सही-गलत की परवाह नहीं होती,उनका एकमात्र लक्ष्य सत्ता से जुड़कर लाभ उठाना होता है। यही कारण है कि चापलूस अक्सर ऊँचे पदों तक पहुँच जाते हैं जबकि ईमानदार और स्वाभिमानी लोग पीछे छूट जाते हैं।भारतीयराजनीति में इसका उदाहरण कई राज्योंकी विधानसभाओं में देखने को मिलजाता हैँ, जहाँ मंत्री अपने नेता के सामने झुककर “महाराजा” “विकासपुरुष” या“जननायक”जैसे शब्दों का प्रयोग करते हैं। वहीं स्वाभिमानी नेता कई बार पार्टी लाइन के विपरीत जाकर सच बोलने की हिम्मत सीना तानकर करते हैं ,नतीजा यह होता है कि उन्हें हाशिये पर धकेल दिया जाता है जहां उन्हें पूछने वाला कोई नहीं रहता।अंतरराष्ट्रीय राजनीति में भी यही स्थिति है।उत्तर कोरिया के किम जोंग-उन का शासन इस कला की चरम सीमा है। उनके आसपास कोई भी नेता या अधिकारी उनकी आलोचना की कल्पना तक नहीं कर सकता। जो भी चापलूसी में माहिर है वही टिकता है, बाक़ी गायब हो जाते हैं। इसके विपरीत जर्मनी की एंजेला मर्केल या न्यूज़ीलैंड की जैसिंडा अर्डर्न जैसे नेता स्वाभिमानी थे,उन्होंने कभी अपनी छवि चमकाने के लिए चापलूसों का सहारा नहीं लिया, बल्कि नीतियों और काम से जनता का विश्वास पाया।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/bomb-threat-calls-to-several-schools-dps-dwarka-and-other-institutions-evacuated/
साथियों बात अगर हम झूठी प्रशंसा और खुशामद को राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में समझने की करें तो, झूठी प्रशंसा, मक्खनबाजी, बढ़ई दिखावी आवभगत, चने के झाड़ पर चढ़ाना,ये सब राजनीति में “चाटुकारिता की शब्दावली” हैं। इस शब्दकोश का इस्तेमाल हर जगह होता है, बस शैली अलग-अलग होती है।भारत में विधानसभाओं और संसद के भीतर कई बार देखा गया है कि सांसद अपने नेता के पक्ष में लम्बे-लम्बे भाषण देते हैं, जिनका नीतियों से ज़्यादा संबंध नहीं होता बल्कि नेता की व्यक्तित्व पूजा से होता है। यही प्रवृत्ति रूस में व्लादिमीर पुतिन के संदर्भ में भी देखी जा सकती है। वहाँ मीडिया से लेकर संसद तक उनकी इतनी प्रशंसा होती है कि असल आलोचना सामने नहीं आ पाती।झूठी प्रशंसा का परिणाम यह होता है कि नेता वास्तविक चुनौतियों से आँख मूँद लेते हैं उदाहरण के लिए ट्रंप के कार्यकाल में उनके करीबी मंत्रियों ने कई बार उनकी गलत नीतियों को भी सही ठहराया। परिणाम यह हुआ कि अमेरिका ने कोविड प्रबंधन में भारी नुकसान उठाया। इसी तरह पाकिस्तान में इमरान खान को उनके करीबी “नया पाकिस्तान बनाने वाला महानायक” कहते रहे, लेकिन जब सेना का समर्थन हट गया तो वही नेता पल भर में गायब हो गए।
साथियों बात अगर हम स्वाभिमानी नेताओं का संघर्ष को समझने की करें तो, स्वाभिमानी और आत्मसम्मान से भरे नेता राजनीति में हमेशा कठिनाइयों का सामना करते हैं। वे झूठी प्रशंसा के सहारे नहीं चलते, बल्कि सच्चाई बोलते हैं। ऐसे नेताओं को अक्सर दल से निकाल दिया जाता है, मीडिया में बदनाम किया जाता है या चुनाव में हराने की साजिश रची जाती है।भारत में इसका उदाहरण भी पक्ष विपक्ष में बहुत हैं, जिन्होंने पार्टी नेतृत्व की गलत नीतियों की आलोचना की तो उन्हें हाशिये पर डाल दिया गया हैँ। लेकिन उन्होंने अपनी स्वाभिमानी स्थिति बनाए रखी।अंतरराष्ट्रीय राजनीति में इसका सबसे बड़ा उदाहरण नेल्सन मंडेला हैं।उन्होंने सत्ता पाने के लिए कभीचापलूसी या खुशामद का सहारा नहीं लिया। 27 साल जेल में रहकर भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।नतीजा यह हुआ कि वे आज भी विश्व के सबसे सम्मानित नेताओं में गिने जाते हैं। इसके विपरीत जिम्बाब्वे के रॉबर्ट मुगाबे जैसे नेता, जो अपने चापलूसों से घिरे रहे, अंततः तानाशाह कहलाए और सत्ता से बेइज्जती के साथ हटे।
साथियों बात अगर हम भारतीय राजनीति में चापलूसी बनाम स्वाभिमान समझने की करें तो,भारत की राजनीति में चापलूसी की परंपरा नई नहीं है। मुग़ल दरबार से लेकर ब्रिटिश राज तक और आज़ाद भारत की संसद तक यह संस्कृति जीवित रही है। कांग्रेस के दौर में इंदिरा गांधी के समय “इंदिरा इज़ इंडिया” जैसा नारा गढ़ा गया, जिसने आपातकाल जैसी परिस्थितियों को जन्म दिया। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी या डॉ. मनमोहन सिंह जैसे नेता अपेक्षाकृत स्वाभिमानी रहे और व्यक्तिगत प्रशंसा से दूरी बनाए रखी।वर्तमान में भी हम देखते हैं कि भारतीय राजनीति में बड़े नेता अपनी छवि को “मसीहा” के रूप में स्थापित करने के लिए चापलूसों पर निर्भर रहते हैं।सोशल मीडिया पर यह प्रवृत्ति और भी तेज़ हो गई है। ट्रोल आर्मी, आईटी सेल और प्रचार मशीनरी मिलकर झूठी प्रशंसा को जनभावना में बदलने का काम करती है।
साथियों बात अगर हम अंतरराष्ट्रीय राजनीति में स्वाभिमान और चापलूसी को समझने की करें तो,दुनियाँ की राजनीति में भी यही समीकरण है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को “महान नेता” कहकर पेश किया जाता है और पार्टी कार्यकर्ता उनकी हर बात को अंतिम सत्य मानते हैं। लेकिन अमेरिका में जो बाइडेन जैसे नेता चापलूसी संस्कृति से दूर रहकर कामकाज पर ध्यान देते हैं,भले ही उनकी आलोचना होती रहे।यूरोप की राजनीति अपेक्षाकृत संतुलित है क्योंकि वहाँ मीडिया और नागरिक समाज मजबूत हैं। इसलिए नेताओं को झूठी प्रशंसा पर टिके रहना मुश्किल होता है। फ्रांस के इमैनुएल मैक्रों या ब्रिटेन के कीर स्टार्मर को लगातार आलोचना झेलनी पड़ती है, लेकिन यही लोकतंत्र का वास्तविक चेहरा है।
अतःअगर हम उपयोग पूरे विवरण का अध्ययन करें इसका विश्लेषण करें तो हम पाएंगे कि, राजनीति में आत्मप्रशंसा और चापलूसी का खेल अनंत है। लेकिन इतिहास गवाह है कि लंबे समय तक वही नेता टिके हैं जिन्होंने स्वाभिमान और सत्य का मार्ग चुना। चापलूस और मक्खनबाज नेता को कुछ समय के लिए सिंहासन पर चमका सकते हैं, लेकिन जब सच्चाई सामने आती है तो वही नेता अकेले रह जाते हैं।भारत और विश्व की राजनीति के मौजूदा दौर में सबसे बड़ी चुनौती यही है कि नेता झूठी प्रशंसा और चापलूसी की सीढ़ी पर चढ़ने के बजाय जनता और सच्चाई पर भरोसा करें। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा जब स्वाभिमानी नेता उभरेंगे और चापलूस संस्कृति कमजोर होगी।

-संकलनकर्ता लेखक – क़र विशेषज्ञ स्तंभकार साहित्यकार अंतरराष्ट्रीय लेखक चिंतक कवि संगीत माध्यमा सीए(एटीसी) एडवोकेट किशन सनमुखदास भावनानीं गोंदिया महाराष्ट्र 9226229318

देवरिया पुलिस ने चलाया बैंक चेकिंग अभियान, बढ़ाई सुरक्षा चौकसी

0

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
जनपद में आज देवरिया पुलिस ने जिलेभर में एक विशेष बैंक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सभी थाना प्रभारियों व थानाध्यक्षों ने टीम बनाकर अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत पड़ने वाले बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केन्द्र और पेट्रोल पंपों की सघन चेकिंग की।
अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और नागरिकों में सुरक्षा का अहसास बढ़ाना था।
थाना मदनपुर क्षेत्र में उपनिरीक्षक परमात्मा राय ने पुलिस बल के साथ विभिन्न बैंकों और एटीएम की गहन चेकिंग की। इस दौरान बैंक व एटीएम परिसर में तैनात सुरक्षा गार्डों की सतर्कता और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की भी जांच की गई।
इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमों ने बैंक, एटीएम और पेट्रोल पंपों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि कहीं भी कोई असामाजिक गतिविधि न हो। पुलिस ने साफ किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान से लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है और पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

देवरिया में 23 सितम्बर को मनाया जाएगा दशम आयुर्वेद दिवस

देवरिया, (राष्ट्र की परम्परा)
दशम आयुर्वेद दिवस का आयोजन 23 सितम्बर को जनपद स्तर पर आयुष विभाग द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जयराम यादव ने दी।

इसे भी पढ़ें –https://rkpnewsup.com/rohini-encounter-gogi-gangs-sharpshooters-lallu-and-irfan-injured-major-action-by-delhi-police/


उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम जनपद मुख्यालय पर आयोजित होगा। इसके साथ ही जिले के सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में रोगियों को निःशुल्क औषधि वितरण, प्रकृति परीक्षण तथा औषधीय पौधों का वितरण किया जाएगा।
आयुर्वेद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुँचाने और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद मुख्यालय पर एक रैली भी निकाली जाएगी।

तालाब में डूबने से तीन चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत, CM नीतीश ने जताया शोक, 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

दरभंगा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)दरभंगा जिले के जाले प्रखंड के मुरेठा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चियों की तालाब में डूबकर मौत हो गई। हादसे की खबर से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने का निर्देश जारी किया है।

मृतक बच्चियों की पहचान मृत बच्चियों की पहचान वार्ड नंबर 5 निवासी अमृता कुमारी (12), संगीता कुमारी (13) और शालिनी कुमारी (14) के रूप में हुई है। तीनों आपस में चचेरी बहनें थीं।

कैसे हुआ हादसा? जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चियां दुर्गा पूजा में संध्या आरती के लिए दीपक बनाने हेतु मिट्टी लाने गई थीं। तभी अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे तालाब किनारे की मिट्टी गीली और फिसलन भरी हो गई। इसी दौरान अमृता फिसलकर तालाब में जा गिरी। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों बच्चियां भी तालाब में उतर गईं और डूब गईं।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/the-tenth-ayurveda-day-will-be-celebrated-on-september-23-in-deoria/

बच्चे की नजर से खुला राज तालाब किनारे बकरी चरा रहा एक बच्चा इस हादसे का गवाह बना। उसने बच्चियों को डूबते देखा और तुरंत गांव में जाकर लोगों को सूचना दी। ग्रामीण और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चियों को बाहर निकाला।

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित जाले थाना पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची। तीनों बच्चियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/arrival-of-maa-durga-in-navratri-departure-will-be-on-elephant-ride-by-human-acharya-ajay-shukla/

मुख्यमंत्री ने जताया शोक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे पर गहरी संवेदना प्रकट की और कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का आदेश दिया है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे तालाबों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो।

नवरात्र में मां दुर्गा का आगमन हाथी से मनुष्य की सवारी होगा प्रस्थान – आचार्य अजय शुक्ल

इस बार 10 दिन का होगा नवरात्र 22 सितम्बर से शुरू समापन 2 अक्टूबर को

सलेमपुर, देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। हर साल मनाया जाने वाला शारदीय नवरात्र का पर्व मां दुर्गा की भक्ति और शक्ति का प्रतीक होता है।आश्विन मास के शुक्ल पक्ष के प्रतिपदा तिथि से शुरू होकर नवमी तिथि तक चलने वाला यह पर्व इस बार 10 दिनों का होगा। इसकी शुरुआत 22 सितम्बर से होकर 2 अक्टूबर को पारण के साथ सम्पन्न होगा। उक्त बातें बताते हुए जयराम ब्रम्ह स्थान के आचार्य अजय शुक्ल ने कहा कि इस साल माता जी का आगमन हाथी पर होगा जो देश के खुशहाली व समृद्धि का प्रतीक है।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/doctor-creates-ruckus-at-etah-medical-college-video-of-him-misbehaving-with-journalist-goes-viral/ प्रस्थान 2 अक्टूबर को गुरुवार होने के कारण मनुष्य के कंधे पर होगा जो कि शुभ फल देने का संदेश देता है। पंचांग के अनुसार प्रतिपदा तिथि 22 सितम्बर को रात 1 बजकर 23 मिनट से शुरू होगी जो 23 सितम्बर की रात 2 बजकर 55 मिनट तक रहेगी। उदय काल के अनुसार 22 सितम्बर घट स्थापना किया जाएगा । स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 9 मिनट से 8 बजकर 6 मिनट तक है इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त में 11 बजकर 49 मिनट से 12 बजकर 38 मिनट तक स्थापना कर सकते हैं। इस नवरात्र में चतुर्थी तिथि दो दिन पड़ रहा है जिसके कारण नवरात्र दस दिन का होगा। मां जगत जननी दुर्गा की पूजा हमेशा पवित्र व निर्मल मन से ही करें।

कई स्कूलों को बम धमकी कॉल, डीपीएस द्वारका और अन्य संस्थान खाली कराए गए

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम धमकी भरे कॉल मिले, जिससे अफरा-तफरी मच गई। धमकी मिलने के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते सक्रिय हो गए और प्रभावित स्कूलों—डीपीएस द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय—को खाली कराया गया।

सूत्रों के मुताबिक, कॉल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने छात्रों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बम निरोधक इकाइयों ने पूरे स्कूल परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/rohini-encounter-gogi-gangs-sharpshooters-lallu-and-irfan-injured-major-action-by-delhi-police/

यह घटना दिल्ली में हाल के महीनों में मिली धमकियों की श्रृंखला का हिस्सा है। 21 अगस्त 2025 को भी छह से अधिक स्कूलों को बम धमकी भरे मेल मिले थे, जिसके बाद बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया गया था। लगातार ऐसी घटनाओं से अभिभावकों और छात्रों में चिंता बढ़ती जा रही है।

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और कॉल करने वालों की पहचान के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऐसी धमकियों को हल्के में नहीं लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रोहिणी मुठभेड़: गोगी गिरोह के शार्पशूटर लल्लू और इरफान घायल, दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली,(राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। दिल्ली के रोहिणी जिले के बुध विहार इलाके में शनिवार तड़के दिल्ली पुलिस और कुख्यात गोगी गिरोह (Gogi Gang) के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि दो बदमाशों को गोली लगने से घायल अवस्था में दबोचा गया। यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

संदिग्ध कार से शुरू हुई मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 2:40 बजे पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-24 स्थित बांके बिहारी मंदिर के पास एक सफेद स्विफ्ट कार को रोका। खुफिया इनपुट मिला था कि गिरोह के शार्पशूटर लल्लू उर्फ अशरू (23) और उसका साथी इरफान (21) गौ रक्षक दल से जुड़े एक प्रमुख व्यक्ति पर हमले की योजना बना रहे थे।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/chamoli-cloudburst-tragedy-cm-dhami-conducts-on-site-inspection-seven-dead-relief-work-underway/

पुलिस द्वारा कार रोकने पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से दोनों अपराधी घायल हो गए और मौके पर पकड़ लिए गए।

गिरोह के हथियार और आपराधिक इतिहास पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो आधुनिक पिस्तौल और एक देसी कट्टा बरामद किया।लल्लू पर हत्या के प्रयास और डकैती समेत पांच मामले दर्ज हैं। इरफान पर हत्या की कोशिश के दो केस पहले से चल रहे हैं।इनके साथ गिरफ्तार नितेश धोखाधड़ी के मामलों में वांछित था।पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि लल्लू अपने जेल में बंद भाई नसरू के नाम पर भी गैंग चलाता था।

ऑपरेशन आघात: दिल्ली पुलिस का सख्त अभियान दिल्ली पुलिस ने राजधानी में संगठित अपराध और नशे की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए “ऑपरेशन आघात” शुरू किया है। इसी के तहत पिछले 24 घंटे में 50 से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 13 पिस्तौल और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में अपराधियों और गैंगस्टरों पर पूरी तरह नकेल कसने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

चमोली बादल फटने की त्रासदी: CM धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण, सात की मौत, राहत कार्य जारी

चमोली (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार रात बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इस आपदा में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं। दो लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस के दल लगातार अभियान चला रहे हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नंदानगर पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। कुरुद हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सीधे प्रभावित गांवों में पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार संकट की इस घड़ी में हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/pledge-of-prosperity-from-the-sea-pm-modi-gifts-projects-worth-rs-34200-crore-to-the-nation-from-bhavnagar/

राज्य आपदा एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि बादल फटने से कुल 45 इमारतें और 15 गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। साथ ही 28 जानवर लापता हैं, जिनमें से चार की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रभावित लोगों के लिए आश्रय स्थल बनाए गए हैं और आवश्यक सामग्री हेलीकॉप्टर से पहुंचाई जा रही है।

चमोली पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को भी कुंतारी और धुर्मा गांवों में बचाव अभियान जारी रहा। राहत टीम मलबे में फंसे लोगों की तलाश कर रही है। जिला प्रशासन ने प्रभावितों की सहायता के लिए अस्थायी शिविर और चिकित्सा सुविधाएं शुरू कर दी हैं।

इसे भी पढ़ें – https://rkpnewsup.com/doctor-creates-ruckus-at-etah-medical-college-video-of-him-misbehaving-with-journalist-goes-viral/

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और पुनर्वास सहायता दी जाए। साथ ही, उन्होंने बचाव दलों को तेजी से काम करने और हर प्रभावित व्यक्ति तक मदद पहुंचाने पर जोर दिया।

यह आपदा न केवल कई परिवारों को उजाड़ गई है, बल्कि राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की चुनौतियों को भी उजागर करती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी जरूरतमंद को बिना सहायता के नहीं छोड़ा जाएगा।