Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 474

खुलेआम बिजली तार काटने का वीडियो वायरल, विरोध करने पर युवक की पिटाई

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के मांग्राइच गांव में बिजली तार चोरी का मामला फिर सुर्खियों में है। गांव में कुछ युवकों द्वारा खुलेआम विद्युत पोल से तार काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आने के बाद विवाद इतना बढ़ा कि वीडियो बनाने वाले युवक पर ही रविवार सुबह हमला कर दिया गया। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है।

मांग्राइच गांव के कृष्ण चौहान पुत्र सुरेंद्र चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पहले रेलवे लाइन के किनारे कुछ युवक बिजली के तार काट रहे थे। उन्होंने चोरी की हरकत का वीडियो बना लिया और उन्हें ऐसा न करने की चेतावनी भी दी। वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी युवक नाराज हो गए और रंजिश में रविवार सुबह उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कृष्ण चौहान के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। हमले से परिवार के सदस्य सहमे हुए हैं।

ग्रामवासियों ने बताया कि कबड्डी मैदान के पास बड़ी मात्रा में कटे हुए बिजली के तार भी मिले हैं, जिन्हें चोरी कर बेचने की तैयारी की जा रही थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस और बिजली विभाग को दी। जानकारी मिलते ही खुखुंदू थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद बिजली विभाग के अधिकारी भी जांच में शामिल हुए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही तार चोरी के कारण बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती रहती है। वीडियो वायरल होने से मामला गंभीर हो गया है और ग्रामीण दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं।

खुखुंदू थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिख रहे सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आँन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता मे सफल बच्चे पुरस्कृत

वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)l केन्द्रीय महिला कल्याण संगठन नई दिल्ली के तत्वधान में रेल कर्मचारियों के बच्चों के लिए 14 सितम्बर 2025 को ऑन स्पॉट निबंध प्रतियोगिता तथा 21 सितम्बर 2025 को आँन स्पाँट ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था ।
इसी परिप्रेक्ष्य में मंडल महिला कल्याण संगठन वाराणसी के अध्यक्षा वानी जैन की अध्यक्षता में 16 नवम्बर , 2025 रविवार को वाराणसी मंडल के अधिकारी क्लब में “आँन स्पाँट निबंध प्रतियोगिता एवं आँन स्पाँट ड्राइंग प्रतियोगिता में कर्मचारियों के सफल बच्चों का पुरस्कार वितरण का आयोजन किया गया है। इस पुरस्कार वितरण का शुभारम्भ मंडल महिला कल्याण संगठन वाराणसी की अध्यक्षा वानी जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया । इस अवसर पर सचिव शालिनी पाठक , कोषाध्यक्षा मधूलिका सिंह , सदस्या मौसमी चौधरी, डॉ नम्रता सिंह,
सरिता केसरवानी सहित पुरुस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं उनके परिजन उपस्थित थे। निबंध एवं ड्राइंग प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के प्रयागराज रामबाग,मऊ,बलिया,सीवान,गोरखपुर,तथा छपरा स्टेशनों के तीनों ग्रुपों (6-9,9-12,12-15 आयु संवर्ग ) में कुल 650 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया था जिसमें तीनों ग्रुप से 30 सफल प्रतिभागियों को मंडल महिला कल्याण संगठन के अध्यक्षा एवं सदस्यों द्वारा नगद एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित गया। एवं सभी प्रतिभागियों को मंडल कल्याण संगठन के टीम द्वारा जलपान तथा लंच पैकेट प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में महिला कल्याण संगठन के अध्यक्षा वानी जैन ने कहा कि सबसे पहले महिला कल्याण संगठन की ओर से मैं आप सभी पुरस्कार विजेता बच्चों को हार्दिक बधाई देती हूँ,जिन्होंने
आपकी लगन, प्रतिभा और मेहनत ने आपको इस मुकाम तक पहुँचाया है।, उन्होंने कहा कि याद रखिए, यह सिर्फ एक शुरुआत है, जीवन में हर उपलब्धि आपके आत्मविश्वास को बढ़ाने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के लिए होती है।मैं यहाँ उपस्थित सभी अभिभावकों के प्रति भी मैं विशेष आभार व्यक्त करती हूँ जिन्होंने बच्चों को शिक्षा, संस्कार और अवसर देने में जो सहयोग और समर्थन प्रदान किया है, वह सराहनीय है।हमारे संगठन का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे न केवल पढ़ाई में, बल्कि कला, खेल, समाजसेवा और हर क्षेत्र मेंआपके जीवन का हर दिन नई सीख लेकर आता है। कभी हार के कारण डरिए मत—क्योंकि हार ही आपको मजबूत बनाती है और सफलता का रास्ता दिखाती है। सपने बड़े देखिए, मेहनत पूरी कीजिए और अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानिए।अंत में, मैं अपनी ओर से और महिला कल्याण संगठन की पूरी टीम की ओर से आप सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देती हूँ। आप ऐसे ही आगे बढ़ते रहें, सीखते रहें और अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करते रहें।
इस कार्यक्रम का संचालन मुख्य हित निरीक्षक जितेन्द्र श्रीवास्तव ने एवं धन्यवाद ज्ञापन कोषाध्यक्ष मंडल महिला कल्याण संगठन मधुलिका सिंह द्वारा किया गया।

4 मंजिला होटल में लगी भीषण आग

रेस्टोरेंट के बाथरूम में छिपे युवक की मौत, 12 करोड़ की बिल्डिंग राख

गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l चार मंजिला होटल में रविवार को भीषण आग लग गई। थोड़ी देर में आग पूरी बिल्डिंग में फैल गया,वही एक युवक बाहर भागा जबकि दूसरा अंदर बाथरूम में छिप गया। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां पहुंचीं। टीम अंदर गई तो फर्स्ट फ्लोर पर युवक का शव मिला।
करीब 2 घंटे में टीम ने आग बुझाई, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। घटना शहर के पॉश इलाके रामगढ़ताल में सुबह हुई। इमारत की अनुमानित कीमत 10 से 12 करोड़ बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड टीम को लीड कर रहे इंचार्ज शांतनू कुमार यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी।
चार मंजिला होटल में ग्राउंड फ्लोर पर मिठाई की दुकान, पहली मंजिल पर रेस्टोरेंट, दूसरी मंजिल पर होटल और तीसरी पर बैंक्वेट हॉल है। मरने वाले की पहचान गोंडा निवासी कीपिंग स्टाफ पुरुषोत्तम (55) के रूप में हुई है। होटल मालिक का नाम मनोज शाही है। उनकी गिनती शहर के बड़े कैटर्स में होती है।
अग्निकांड के बाद जिले में होटल, रेस्टोरेंट और बड़े कामर्शियल काम्पलेक्स में विद्युत, फायर सेफ्टी और अन्य व्यवस्थाओं की जांच के लिए 12 टीमों का गठन किया गया है। एस डी एम स्तर के अधिकारी नेतृत्व करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय जर्नल में शोध स्वीकृति से गोरखपुर विश्वविद्यालय का मान बढ़ा

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)।दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान विभाग के आचार्य प्रोफ़ेसर गोपाल प्रसाद और उनकी शोधार्थी सुश्री तरुणा यादव की महत्वपूर्ण शोध उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित हुई है। इनके शोध–पत्र “ई-गवर्नेंस एंड वीमेन’स मेंटल हेल्थ : ए स्टडी ऑफ ऑनलाइन सपोर्ट सिस्टम्स” को विश्व-प्रसिद्ध, स्कोपस–इंडेक्स्ड इंटरनेशनल पॉलिटिकल साइंस रिव्यू में प्रकाशन के लिए स्वीकृति मिल गई है। यह शोध–पत्र एक वर्ष पूर्व भेजा गया था, जो कठोर अंतरराष्ट्रीय समीक्षात्मक प्रक्रिया से सफलतापूर्वक गुजर कर चयनित हुआ है। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।
शोध में उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव डालने वाले विभिन्न कारकों का विस्तृत अध्ययन किया गया है। इसमें ऑनलाइन सपोर्ट सिस्टम, ई-गवर्नेंस की स्थिति, डिजिटल इंडिया की पहल, सामाजिक-सांस्कृतिक प्रतिबंध, आर्थिक असमानताएँ, डिजिटल साक्षरता की कमी तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन जैसे पहलुओं का विश्लेषण शामिल है। अध्ययन के निष्कर्ष दर्शाते हैं कि ई-गवर्नेंस और डिजिटल शिक्षा जैसे उपाय महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं, हालांकि बेहतर परिणामों के लिए और प्रभावी कार्यक्रमों की आवश्यकता स्पष्ट की गई है।
विश्वविद्यालय ने यह जानकारी भी दी कि प्रोफ़ेसर गोपाल प्रसाद को हाल ही में इंटरनेशनल जर्नल ऑफ डिजिटल रिसर्च के संपादकीय बोर्ड (भारतीय उपमहाद्वीप) में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। प्रोफ़ेसर प्रसाद 25 वर्षों से इंडियन पॉलिटिकल साइंस एसोसिएशन (आईपीएसए) के आजीवन सदस्य हैं तथा लगभग 100 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय शोध–पत्रों, एक पाठ्य–पुस्तक, एक संपादित पुस्तक और दस संदर्भ ग्रंथों का लेखन कर चुके हैं। उनके निर्देशन में 16 शोधार्थियों को पीएच.डी. प्रदान की जा चुकी है, जबकि आठ शोधार्थी वर्तमान में अनुसंधानरत हैं।
कुलपति प्रोफ़ेसर पूनम टंडन ने प्रोफ़ेसर प्रसाद और सुश्री यादव को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने भी दोनों को शुभकामनाएँ दीं।

द्वाबा की मिट्टी ने हमेशा दिया श्रेष्ठ पहलवान: बृजभूषण शरण सिंह

राष्ट्रीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने किया द्वाबा महोत्सव में कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। द्वाबा महोत्सव के तीसरे दिन ऐतिहासिक द्वाबा बाग में उत्साह चरम पर तब पहुंच गया जब राष्ट्रीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से आयोजन स्थल पहुंचे। आयोजक समिति ने फूल मालाओं और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि द्वाबा की मिट्टी ने सदैव श्रेष्ठ पहलवान दिए हैं, इसकी पहचान पूरे देश में अद्वितीय रही है।


आयोजक नीलमणि, डॉ. सत्यपाल पाल, प्रिंस अगम सिंह और दिगपाल पाल के नेतृत्व में पूर्व सांसद का पारंपरिक स्वागत हुआ। उन्होंने पहलवानों का हाथ मिलवाकर भव्य दंगल का शुभारंभ किया।
पूर्व सांसद श्री सिंह ने कहा कि मिट्टी की कुश्ती का स्वर्णिम दौर लौट रहा है और निकट भविष्य में यह ओलंपिक में भी अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने पहलवानों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास को अपनी प्राथमिकता बनाए रखने की सलाह दी।
उन्होंने द्वाबा महोत्सव में संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करने के लिए आयोजन समिति की सराहना की। किसानों और युवाओं को उन्होंने स्वास्थ्य, श्रम और अनुशासन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर सौहार्द और सद्भावना की भी कामना की।
आयोजक चेयरमैन प्रतिनिधि एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीलमणि ने कहा कि पूर्व सांसद की उपस्थिति ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए और यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।
दंगल में हैसर के पहलवान संजय द्वारा बनारस के पहलवानों को पटखनी देने वाला मुकाबला विशेष रूप से चर्चित रहा। मोनू बड़गो और शैलेश खजनी की कुश्ती में प्वाइंट के आधार पर शैलेश विजयी रहे।
ग्वालियर के कौशल गुज्जर और नोएडा के हरेंद्र मालिक का मुकाबला दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। वहीं आलोक बड़हलगंज और अरविंद प्रयागराज की कुश्ती ने भी दर्शकों को देर तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री गणेश पांडेय, अशोक यादव, गंगा प्रसाद यादव, बिट्टू राय, अनुभव शुक्ला, डॉ. मनोज शुक्ला, अंकित पाल, उमेश राय, राजन राय सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

नाबालिग बेटी को फुसलाकर भगाया तीन पर नामजद मुकदमा दर्ज

शाहजहांपुर( राष्ट्र की परम्परा)l थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट पंजीकृत कराई।आरोप लगाया कि शनिवार की रात गांव का ही उमेश उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को फुसलाकर अपने साथ ले गया। बेटी अपने साथ चांदी की पायल और आठ हजार रुपये भी ले गई।बताया कि बेटी को ले जाने में उमेश के साथी संजय और अजीत ने सहयोग किया।आरोप हैं कि अजीत अपने चार पहिया वाहन से सभी को ले गया।थाना प्रभारी हरकेश सिंह ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।लड़की को जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।

रामलीला में संजीवनी प्रसंग का मंचन लक्ष्मण के चेतने पर गूंजा जय श्रीराम

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)l जैतीपुर कस्बे श्रीराम जानकी रामलीला मेला में रविवार को दिखाया कि हनुमान लंका से माता सीता का पता लगाकर लौटते हैं तो राम दल में खुशी छा जाती है। राम हनुमान से कहते हैं कि हनुमत मैं आज से आपका ऋणी हो गया हूं। बाद में वानर सेना समुद्र किनारे डेरा डालती है। रावण के दूत उसे बताते हैं कि राम की सेना समुद्र के पार पहुंच गई है।इसके बाद भगवान राम समुद्र से रास्ता मांग रहे होते हैं, इसके बाद नल, नील वानर सेना के साथ समुद्र पर पुल बांधते है। पुल बनने के बाद राम की सेना लंका में प्रवेश करती है। राम युद्ध से पहले अंगद को दूत बनाकर रावण के दरबार में भेजते हैं।अंगद वापस आते हैं और राम से कहते हैं कि प्रभु रावण अभिमानी है। युद्ध करने के लिए तत्पर है। युद्ध के लिए सेना तैयार होती है रणभेरी बजती है और सेना युद्ध के लिए प्रस्थान करती है। मेघनाथ और लक्ष्मण के बीच घमासान युद्ध शुरू हो जाता है। लक्ष्मण मेघनाथ के सारे अस्त्रों को विफल कर देते हैं। मेघनाथ शक्ति बाण छोड़ता है जिससे लक्ष्मण मूर्छित हो जाते हैं। रामादल में हाहाकार मच जाता है। राम भी शोक में डूब जाते हैं। इसके बाद विभीषण के कहने पर हनुमान सुषेन वैद्य को लाते हैं।वह संजीवनी बूटी लाने को कहते हैं । ऋष्यमूक पर्वत से हनुमान संजीवनी बूटी लेकर पहुंचते हैं और लक्ष्मण होश में आ जाते हैं। जय श्रीराम के उदघोष होता है।

नंदिनी व गौ-संवर्धन योजनाओं के लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन सम्पन्न

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एवं लीड बैंक मैनेजर की उपस्थिति में नंद बाबा अंतर्गत मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा मुख्यमंत्री गो-संवर्धन योजना के लिए प्राप्त आवेदनों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. तिवारी ने बताया कि नंदिनी योजना में 2 लाभार्थियों का चयन हुआ है। मिनी नंदिनी योजना में 8 लाभार्थी चयनित हुए हैं। वहीं मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना के अंतर्गत 28 लाभार्थियों का चयन किया गया है। ई-लॉटरी की यह प्रक्रिया पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए योजनाओं के लाभार्थियों के चयन को पूर्ण करती है।

नरकटियागंज विधानसभा प्रभारी विजयलक्ष्मी गौतम का सलेमपुर में भव्य स्वागत

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)

बिहार विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजय दर्ज कराने के बाद नरकटियागंज विधानसभा की प्रभारी रहीं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम के सलेमपुर आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सलेमपुर विधानसभा कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और जोरदार नारे लगाकर खुशी का इज़हार किया।

कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम को बिहार में मिली ऐतिहासिक जीत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के विश्वास और संगठन की मजबूत एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी संगठन और जनता के हितों के लिए वह निरंतर समर्पित रहेंगी।

स्वागत करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अवनीश मिश्र, अभय सिंह, ब्रजेश धर दूबे, वरिष्ठ नेता अशोक पाण्डेय, जटाशंकर दूबे, धनंजय चतुर्वेदी, राजीव मिश्रा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा कार्यालय अभिनंदन के माहौल में सराबोर रहा।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री को अंगवस्त्रम और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर सलेमपुर में निकलेगी भव्य एकता पदयात्रा

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य और विशाल एकता पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को विधानसभा कार्यालय सलेमपुर में तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा एवं जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक की मुख्य अतिथि राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके दृढ़ नेतृत्व, दृढ़ संकल्प और लौह व्यक्तित्व की वजह से ही देश की रियासतों का सफल विलय संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों, आदर्शों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी, जो उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विधानसभा क्षेत्र में इस कार्यक्रम के संयोजक कुंजबिहारी सिंह ने बताया कि पदयात्रा का प्रारंभ नवलपुर चौराहे से होगा। यह यात्रा विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए सलेमपुर उपनगर के मुख्य बाजारों और मार्गों से होकर आगे बढ़ेगी तथा अपने अंतिम पड़ाव डाक बंगला पर पहुंचकर संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में सलेमपुर विधानसभा के चारों मंडलों के भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

तैयारी बैठक में मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अवनीश मिश्र, अभय सिंह, ब्रजेश धर दूबे और अशोक पाण्डेय ने कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए अपने सुझाव और विचार साझा किए। बैठक में पदयात्रा की सुरक्षा, व्यवस्थाओं, मार्ग निर्धारण तथा स्वागत स्थलों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरेश सिंह, जटाशंकर दुबे, बृजेश उपाध्याय, सुनील गुप्ता, राकेश राजभर, राजीव मिश्रा, धनंजय चतुर्वेदी, इंद्रजीत मौर्य, अनिल ठाकुर, अवधेश मद्धेशिया, राणा सिंह, गब्बर दुबे, अतुल मिश्रा, रंजीत चौहान, दयाशंकर तिवारी, अशोक नाथ तिवारी, अनूप मिश्रा, अखिलेश योगी, मोहित मद्धेशिया, वाचस्पति त्रिपाठी, अमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पदयात्रा को सफल, शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित यह पदयात्रा क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता और जनजागरण का संदेश प्रसारित करेगी।

सलेमपुर ने दिखाया दम, रुद्रपुर को 21 रन से हराकर जीती क्रिकेट ट्रॉफी

सलेमपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
रुद्रपुर और सलेमपुर के बीच खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में सलेमपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रुद्रपुर की मजबूत टीम को 21 रन से पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन जज़्बा, अनुशासन और टीम वर्क का प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया।

सलेमपुर की टीम ने निर्धारित ओवरों में संघर्षपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में रुद्रपुर की टीम लक्ष्य के करीब पहुंचकर भी दबाव में लड़खड़ा गई। निर्णायक क्षणों में सलेमपुर के गेंदबाज़ों ने उत्कृष्ट गेंदबाज़ी करते हुए विपक्षी बल्लेबाज़ों को रन बनाने से रोके रखा।

टीम की कमान कप्तान ज्योति गुप्ता ने संभाली, जिन्होंने रणनीतिक फैसलों और नेतृत्व क्षमता से टीम को जीत की राह दिखाई। वहीं उप कप्तान सचिन सिंह ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम का मनोबल बढ़ाया। टीम के अन्य खिलाड़ियों—पवन चौधरी, जीतेन्द्र यादव, आशीष यादव, शैलेंद्र यादव, अमरदीप खरवार, अनुराग यादव, दिलीप आर्य, दिनेश यादव, रणवीर यादव, राजकुमार यादव, देवेंद्र पाण्डेय और मेराज खान—ने अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जीत को सुनिश्चित किया।

मैच के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। टीम के शानदार प्रदर्शन ने न केवल सलेमपुर का नाम रोशन किया, बल्कि स्थानीय क्रिकेट में एक नई ऊर्जा का संचार भी किया। यह जीत आने वाले टूर्नामेंटों में खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को और भी मजबूत करेगी।

सलेमपुर की यह ऐतिहासिक जीत खेल भावना, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति की जीवंत मिसाल बनकर उभरी है।

मतदाता सूची सत्यापन में जुटे भाजपा कार्यकर्ता, एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जागरूकता बढ़ी

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। प्रधानमंत्री के मन की बात के जिला संयोजक गौरव निषाद ने रविवार को अपने बूथ संख्या 429 पर पहुंचकर मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत हो रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा के बूथ अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी, बीएलए-2 प्रदीप मौर्य और बीएलओ कामाख्या देवी मौजूद रहीं। गौरव निषाद ने कहा कि मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद आवश्यक है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथों पर एसआईआर प्रक्रिया में बूथ अध्यक्ष और पार्टी के बीएलए-2 का पूरा सहयोग करें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि बीएलओ घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए दो फार्म उपलब्ध कराएंगे। दोनों फार्म पर पासपोर्ट साइज फोटो और स्वयं के हस्ताक्षर आवश्यक होंगे। एक फार्म बीएलओ को जमा करना होगा, जबकि दूसरा हस्ताक्षरित फार्म घर पर सुरक्षित रखा जाएगा।
42 वर्ष या इससे कम उम्र की महिलाओं के लिए माता-पिता के 2002 के दस्तावेज या संबंधित जानकारी की आवश्यकता होगी। फार्म में जन्मतिथि सही भरने और मोबाइल नंबर स्पष्ट लिखने पर जोर दिया गया। आधार संख्या वैकल्पिक रहेगी। फार्म को नष्ट नहीं करना है और न ही जमा करने में लापरवाही बरतनी है, अन्यथा नाम सूची से हट सकता है। मतदाता सूची में नाम पूरे देश में केवल एक स्थान पर ही मान्य रहेगा।
श्री निषाद ने कहा कि “एसआईआर से घबराएं नहीं, एसआईआर को समझें। दस्तावेज निःशुल्क चेक कराएं और समय पर फार्म जमा करें।”
उन्होंने निवास स्थान से बाहर रहने वाले मतदाताओं से भी आग्रह किया कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर फार्म प्राप्त करें, जिससे उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे।

जब अपने ही पराएं हो जाएं —जीवन की सबसे कड़वी हकीकत

कैलाश सिंह

गुमा थी गुलशन में बहार देखेंगे,अपनी आंखों में अपने बच्चों का प्यार देखेंगे,क्या खबर थी ऐ मालिक…
कि अपने ही आंगन में अपनी मजार देखेंगे।

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। मनुष्य जीवन प्रकृति की अनमोल देन है। जन्म लेते ही मृत्यु का टिकट तय हो जाता है, परंतु इस सत्य को जानकर भी इंसान इतना मगरूर हो जाता है कि मिट्टी की इस देह के भीतर बसाए गए अहंकार को ही जीवन का सत्य समझ बैठता है।
स्वार्थ की इस बस्ती में अपनापन सिर्फ जरूरतों तक सीमित है, जो लगाव दिखता है, वह अवसरों और हसरतों का सौदा भर है।उपेक्षा की आग में झुलसते माता-पिता
संयुक्त परिवार अब इतिहास की किताबों में सिमट रहे हैं।बुजुर्ग माता -पिता, जिनकी उंगली थामकर कभी बच्चें चलना सीखे थे, आज उन्हीं की चौखट पर तिरस्कार का बोझ रख दिया जाता है।सोशल मीडिया पर पढ़ी एक सच्ची कहानी मन को भीतर तक दहला गई—पुलिस विभाग का एक बड़ा अफसर, जिसने दशकों तक खाकी की शान बनाए रखी,वहीआज वृद्धाश्रम की चार दीवारों में गुमनामी की सांसें गिन रहा है।कल तक जिसकी आवाज पर अपराधियों में खौफ दौड़ जाता था,आज वह अपनी ही औलादों की बेरुखी से डरकर तन्हाई में जी रहा है।जब उसने दर्द भरी पंक्तियां सुनाईं, आंखों से बहते आंसुओं ने बता दिया अहंकार के पहाड़ जितने भी ऊंचे हों,अन्त में ढह कर गिर ही जाते हैं। समाज की विडंबना बढ़ती शराब खोरी है।बच्चें अभिभावक सब आधुनिकता की आड़ में ऐसी लतों में बंधते जा रहे हैं, जहां घर में शांति की जगह रोज का कोलाहल बसता जा रहा है।जब परिवार नशे की गिरफ्त में आ जाए,
तब संस्कारों की नींव अपने-आप दरकने लगती है। पद, प्रतिष्ठा और पैसा—सब एक दिन साथ छोड़ देते हैं
जब नौकरी है, नाम है, शोहरत है,तो दुनिया छोटी और लोग अधीन लगते हैं।परंतु जैसे ही कुर्सी छिनती है,अहंकार की दीवारें ऐसे टूटती हैं कि इंसान खुद अपनी पहचान खोजने लगता है। वहीं लोग, जिनके लिए जीवन भर धन- संपत्ति कमाई,अचानक समय बदलते ही नजरें फेर लेते हैं।जीवन एक पड़ाव मात्र, अंतिम सफर अकेले का ही होता है अंत में साथ जाते हैं तो सिर्फ कर्म, चरित्र और किए गए उपकार। न बेटा,न बहू, न परिवार मालिक की चौखट पर हर व्यक्ति अकेला खड़ा होता है।इस माया-जगत में जो कुछ चमकता है,वह स्थायी नहीं…जो स्थायी है, वह दिखाई नहीं देता। एक अंतिम संदेश –संभल जाओ,कल बहुत देर हो सकती है। गरीब,असहाय,पीड़ित और बीमारों की मदद करें। माता-पिता की सेवा को बोझ नहीं, वरदान समझें।अहंकार छोड़कर विनम्रता अपनाएं।जीवन को सिर्फ धन-संपत्ति में मत तौलें।सच्ची विरासत वही है,जो इंसानियत से छोड़ी जाती है। वरना एक दिन यह कटु सत्य सामने खड़ा मिलेगा—इस भरी दुनिया में भी,अंततः इंसान अकेला ही होता है।

साइबर ठगी पर निचलौल पुलिस की बड़ी कार्यवाही

पीड़ित के खातों से निकाले गए 4,000 रुपये साइबर टीम ने कराए वापस,पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में चर्चा

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। बढ़ते साइबर अपराधों के बीच महराजगंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन,अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी निचलौल शिव प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निचलौल थाना साइबर टीम ने एक साइबर फ्रॉड मामले में पीड़ित के खोए हुए 4,000 रुपये वापस दिलाकर सराहनीय सफलता हासिल की है। पिपरा काजी,थाना निचलौल निवासी शन्देश्वर पटेल पुत्र शिव परसन के खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने किसी तकनीकी जालसाजी के माध्यम से 4,000 रुपये निकाल लिए थे। अचानक पैसे कटने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने तुरंत थाना निचलौल साइबर टीम से संपर्क किया। शिकायत मिलते ही टीम सक्रिय हो गई और तकनीकी विश्लेषण, बैंक ट्रांजैक्शन मॉनिटरिंग तथा संबंधित पोर्टल से संपर्क कर धनराशि को ट्रेस किया। साइबर फ्रॉड के मामलों में अक्सर पैसा वापस मिलना मुश्किल होता है, लेकिन टीम की तेज़ी और बेहतर समन्वय की बदौलत राशि को ब्लाक कराकर सुरक्षित रूप से पीड़ित के खाते में वापस करा दिया गया।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित शन्देश्वर पटेल ने राहत महसूस करते हुए निचलौल साइबर टीम का धन्यवाद किया और कहा कि पुलिस ने जिस तरह फुर्ती और पारदर्शिता से काम किया। उ.नि. संदीप यादव,का.मिथिलेश साहनी,का.संजीत कुमार सिंह,का.गुड़िया की की भूमिका सराहनीय रही। स्थानीय लोगों ने भी साइबर टीम की इस उपलब्धि की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की तत्परता आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा देती है। पुलिस विभाग ने नागरिकों को सचेत करते हुए अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, संदिग्ध कॉल, केवाईसी अपडेट, बैंक व ओटीपी से जुड़े संदेशों पर भरोसा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें, ताकि समय पर कार्रवाई शुरू की जा सके।

धरमपुर गांव में मिला विशालकाय अजगर

घुघली सेक्शन की त्वरित कार्रवाई,वन विभाग ने आधे घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में सुरक्षित पकड़ा– ग्रामीणों में फैली दहशत, बाद में मिली राहत

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)।पकड़ी रेंज के घुघली सेक्शन अन्तर्गत ग्राम पंचायत धरमपुर में को उस समय सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने खेत के पास झाड़ियों में एक विशालकाय अजगर को देखा। अचानक फैली खबर से गांव में दहशत का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पाकर रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी अपनी टीम—वन दरोगा गौरव त्रिपाठी, दैनिक सुरक्षा कर्मी मनीराम यादव और मन्नू के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने इलाके को सुरक्षित घेराबंदी में लिया और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रखा।अजगर का आकार काफी बड़ा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण था, लेकिन वन विभाग टीम ने पूरे अनुभव, सतर्कता और संयम के साथ कार्यवाही शुरू की। करीब आधे घंटे के अभियान के बाद अजगर को बिना किसी चोट के सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे वाहन में रखकर घने जंगल में स्थित उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
रेंजर सुशांत मणि त्रिपाठी ने बताया कि ग्रामीणों की तत्परता और सही समय पर दी गई सूचना के कारण बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा जंगली जीवों को देखने पर लोग घबराएं नहीं। उन्हें नुकसान पहुंचाने से बचें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें। इससे मनुष्य और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।रेस्क्यू ऑपरेशन सफल होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने वन विभाग टीम की तत्परता, पेशेवर कार्यशैली और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि टीम की सक्रियता ने गांव में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत किया है।