Monday, June 29, 2026
Home Blog Page 429

समग्र शिक्षा अंतर्गत समावेशी शिक्षा के तहत मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग जन दिवस

दिव्यांगता अभिशाप नहीं है यह एक ईश्वरी देन है,डीएम

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा ) डॉ भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बेसिक शिक्षा विभाग के समग्र शिक्षा अंतर्गत समावेशी शिक्षा के तहत अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें पूरे जनपद से परिषदीय विद्यालयों में अध्यनरत दिव्यांग छात्र- छात्राएं उपस्थित हुए तथा दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट के दिव्यांग लोग भी उपस्थित हुए। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिता जिसमें जलेबी दौड़, कुर्सी दौड़, चित्रकला प्रतियोगिता, ब्रेल प्रतियोगिता एवं छू कर पहचानो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। बच्चों ने उत्साह पूर्वक प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया l कुर्सी दौड़ में अविनाश राजभर तो जलेबी दौड़ में नेहा तथा चित्रकला प्रतियोगिता में सोनम साहनी ने बाजी मारकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि दिव्यांगता अभिशाप नहीं है यह एक ईश्वरी देंन है लेकिन इसके अतिरिक्त इनमें असीम शक्तियां छिपी हुई है हमें उनको पहचानने की जरूरत है और उसका उपयोग करते हुए आगे बढ़ते रहना है l जिलाधिकारी द्वारा अति गंभीर दिव्यांग बच्चों तथा दृष्टि दिव्यांग एवं लो विजन के बच्चों को किट भी प्रदान किया गया l वहीं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बच्चों को संबोधित करते हुए कहा गया कि शिक्षा एक ऐसी व्यवस्था है की इसको ग्रहण करते रहने से आदमी बहुत ऊंचाइयों पर पहुंच सकता है अपने एक साथी जो आईएएस अधिकारी है जो पूर्ण रूप से दृष्टिबाधित है का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों में असीम प्रतिभा छुपी होती है जिसको हमने अपने काफी करीब से महसूस किया है l
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बच्चों एवं अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक अमित कुमार श्रीवास्तव, स्पेशल एजुकेटर अरविंद कुमार श्रीवास्तव, संतोष कुमार श्रीवास्तव, विक्रांत जायसवाल, अवधेश यादव, गीता देवी, रूरज कुमार रमेश मौर्या आदि उपस्थित रहे l

दो झोपड़ियां जलकर राख, दो परिवार बेघर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)।उप नगर भिटौली में मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने दो गरीब परिवारों का आशियाना पूरी तरह राख में बदल दिया। अचानक भड़की आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते लपटों ने दोनों झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में सब कुछ खत्म हो गया।
जानकारी के अनुसार,भिटौली निवासी गुड्डू पुत्र स्वर्गीय जंत्री अपनी कच्ची झोपड़ी में जीवन-यापन कर रहे थे। मंगलवार दोपहर बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ और झोपड़ी में आग लग गई। हवा तेज होने की वजह से आग तेजी से फैल गई और गुड्डू की झोपड़ी पूरी तरह धू-धू कर जल उठी। लपटें इतनी तेज थीं कि पास में स्थित पुनीता देवी पत्नी फूलबदन की झोपड़ी में भी आग लग गई। दोनों झोपड़ियां पलभर में जलकर राख हो गईं। आगजनी में गुड्डू का घरेलू सामान, बर्तन, कपड़े, पंखा, गहने, सिलाई मशीन, राशन और 10,000 रुपये नगद जलकर खाक हो गए। वहीं दूसरी तरफ पुनीता देवी का सारा सामान व 8,000 रुपये नगद भी आग से नष्ट हो गया। कुल मिलाकर दोनों परिवारों का करीब 18,000 रुपये नकद सहित पूरा घरेलू सामान खत्म हो गया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों परिवारों का सब कुछ जल चुका था। पहले से ही आर्थिक तंगी में जीवन-यापन कर रहे ये परिवार अब पूरी तरह बेघर हो गए हैं और रहने तथा खाने तक की समस्या से जूझ रहे हैं।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान स्वामीनाथ गुप्ता मौके पर पहुंचे और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। हल्का लेखपाल ने भी मौके का निरीक्षण किया और क्षति का आंकलन कर प्रशासन की ओर से जल्द सरकारी मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।यह घटना बिजली व्यवस्था की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

काशी तमिल संगमम के लिए विशेष ट्रेन का संचालन

वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)
रेल प्रशासन द्वारा काशी में आयोजित काशी तमिल संगमम में आने वाले अतिथियों के लिए काशी तमिल संगमम 4.0 विशेष ट्रेन चलायी जा रही है ।
इसी क्रम में 02 दिसम्बर को 2025 गाड़ी संख्या 06001 कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन के द्वारा 268 तमिल यात्रियों का बनारस स्टेशन पर आगमन हुआ । बनारस स्टेशन पर पहुंचने पर विशेष ट्रेन से आए यात्रियों का सदस्य विधान परिषद् एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा , विशिष्टजन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
19 दिसम्बर 2025 तक चलने वाला काशी तमिल संगमम का अनवरत क्रम लगातार जारी है और काशी-तमिल संगमम में तमिल अतिथियों का प्रथम दल मंगलवार की सुबह 04.45 बजे बनारस स्टेशन पहुंच गया। बनारस रेलवे स्टेशन पर अतिथियों के भव्य स्वागत किया गया । काशी तमिल संगमम में अतिथि स्वागत से अभिभूत दिखे और काशी नगरी पहुंचने पर उनका रोमांच अलग ही नजर आ रहा था।
19 दिसम्बर तक चलने वाले काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से कलाकारों, छात्रों, साहित्यकारों, कामगारों के कई ग्रुप वाराणसी भ्रमण करने आ रहे हैं और तमिलनाडु के अलग – अलग जगहों से काशी तमिल संगमम में भाग लेने के बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार 03 दिसम्बर 2025 की रात्री में गाड़ी संख्या 06003 चेन्नई-सेन्ट्रल- बनारस एक्सप्रेस से 216 तमिल यात्रियों का दल बनारस स्टेशन पर आ रहा है,जिनका स्वागत जनप्रतिनिधियों एवं वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा ।
ज्ञातव्य हो कि 19 नवंबर 2022 को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी तमिल संगमम का उद्घाटन किया था, उसके उपरान्त काशी तमिल संगमम की अनवरत यात्रा जारी है तथा इस वर्ष काशी तमिल संगमम के चौथे संस्करण का आयोजन पूरी भव्यता के साथ किया जा रहा है।

विद्युत सामान्य ने यांत्रिक विभाग को पांच विकेट से पराचित कर दो अंक प्राप्त किया

वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा)
मंडल रेल प्रबन्धक वाराणसी आशीष जैन के निर्देशन में एवं मंडल कीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पॉल के नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे लहरतारा स्थित रेलवे स्टेडियम में चल रही वाराणसी मंडल की अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025 का छठवां लीग मैच 03 दिसम्बर 2025 बुधवार को विद्युत सामान्य और यांत्रिक विभाग के बीच खेला गया । विद्युत विभाग ने टॉस जीतकर यांत्रिक को बैटिंग के लिए आमंत्रित किया, यांत्रिक विभाग की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए । यांत्रिक की तरफ से आसिफ ने 28 बाल पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 32 रन, कोचिंग डिपो अधिकारी विनीत रंजन ने 20 बाल पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन, विशाल सिंह ने 27 बाल पर एक चौके और छक्के की मदद से 19 रन तथा अनीस यादव ने आठ बाल पर दो चौके और एक छक्के के मदद से 18 रन बनाए । विद्युत सामान्य की तरफ से नीरज ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट , रोशन ने चार ओवर में 34 रन देकर दो विकेट लिए रमेश करन, और अनिल को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ ।167 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत विभाग की टीम ने 17.5 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाकर पांच विकेट से मैच जीत कर पूरे दो अंक प्राप्त कर लिया । विद्युत सामान्य की तरफ से अनिल यादव ने 44 बाल पर 7 चौके और तीन छक्के की मदद से शानदार 64 रन बनाए इसके अतिरिक्त नीरन ने 28 बाल पर तीन चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन तथा शक्तिकांत ने 15 बाल पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन का योगदान दिया । यांत्रिक विभाग की तरफ से प्रशांत श्रीवास्तव ने 3.5 ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए मुकेश ऋषभ विनीत को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ । विद्युत सामान्य के अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ खिलाड़ी प्रमोद राय के द्वारा दिया गया । कल का मैच कार्मिक और आरपीएफ के बीच खेला जाएगा ।

पुलिस मुठभेड़ मे एक गौ तस्कर घायल

आधा दर्जन लोग हुए गिरफ्तार

मऊ ( राष्ट्र की परम्परा )पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध/अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना दोहराघाट व थाना कोतवाली नगर की संयुक्त पुलिस टीम को उस समय अहम सफलता हाथ लगी जब बुधवार को देखभाल क्षेत्र व चेकिंग के दौरान जरिये मुखबिर की सूचना पर तारनपुर थाना दोहरीघाट के पास से पुलिस मुठभेड़ में 01 घायल सहित कुल 06 गोकसी/गोतस्करों को गिरफ्तार किया गया जिसमें अभियुक्तगणो के पास से एक अदद नाजायज तमंचा 315 बोर व एक अदद खोखा कारतूस 315 बोर तथा 01 ट्रक व 01 पिकअप वाहनों क्रमशः (ट्रक नम्बर BR01GB7456 व स्कार्पियों नम्बर BR44V1889 ) में क्रूरतापूर्वक लदे कुल 20 राशि गोवंशीय पशु (11 राशि गाय व 09 राशि बछडे) बरामद किये गये। घटना में प्रयुक्त दोनो वाहनों को अन्तर्गत धारा 207 एमवी एक्ट मे सीज किया गया। इस सम्बन्ध में उक्त अभियुक्तों के विरुद्ध थाना दोहरीघाट पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तारशुदा अभियुक्तों में
बबलू यादव पुत्र दीनानाथ यादव निवासी रौजा थाना टाउन जनपद छपरा बिहार (घायल)।
रामायन यादव पुत्र स्व0 नन्हे यादव ड्राईवर निवासी राजपुर थाना सेमरी जनपद बक्सर बिहार (ट्रक चालक)
रजनीकान्त पाण्डेय पुत्र धर्मनारायन पाण्डेय निवासी कुकुरभोका थाना नवानगर जनपद बक्सर बिहार
लल्लन यादव पुत्र श्रीनिवास यादव निवासी बडकाराजपूत थाना सिमरी जनपद बक्सर बिहार
राजू कुमार पुत्र नागेश्वर शाह निवासी घेघहा थाना मुकामी जनपद छपरा बिहार
मकरध्वज पुत्र भगवान यादव निवासी भटवलिया थाना औद्योगिक बक्सर जनपद बक्सर बिहार ।
गिरफ्तार करने वालो में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी मय टीम थाना दोहरीघाट
प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह मय टीम थाना कोतवाली सयुक्त रूप से शामिल रहे ।

बाल श्रम उन्मूलन अभियान में पाँच किशोर श्रमिक चिन्हित, प्रतिष्ठान मालिकों पर होगी सख्त कार्यवाही

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)सहायक श्रम आयुक्त स्कन्द कुमार ने बताया कि प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, श्रम अनुभाग-3, लखनऊ द्वारा दिनांक 19 नवम्बर, 2025 को जारी शासनादेश के अनुपालन में जिलाधिकारी द्वारा एक जिला टास्क फोर्स का गठन किया गया है। यह टास्क फोर्स 01 से 15 दिसम्बर, 2025 तक विशेष अभियान चलाकर बाल एवं किशोर श्रमिकों की पहचान, अवमुक्ति तथा उनके साथ ही उनके परिवारों के शैक्षिक और आर्थिक पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित कर रही है क्रम में जिला टास्क फोर्स टीम ने 02 दिसम्बर, 2025 को तहसील रुद्रपुर क्षेत्र में अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान दुकानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों पर बाल श्रम उन्मूलन की कार्रवाई की गई, जिसमें 04 प्रतिष्ठानों पर कुल 05 किशोर श्रमिक कार्यरत पाए गए। सभी किशोर श्रमिकों को चिन्हित करते हुए उनकी योग्यता और रुचि के आधार पर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने तथा कौशल विकास योजनाओं के अंतर्गत प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही, संबंधित प्रतिष्ठान स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।सहायक श्रम आयुक्त ने जनपद के सभी दुकानदारों, प्रतिष्ठान स्वामियों, होटल-ढाबा संचालकों एवं उद्योग मालिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर किसी भी प्रकार के बाल श्रमिक न रखें। यदि किसी फैक्ट्री, दुकान अथवा प्रतिष्ठान पर बाल श्रम पाया जाता है, तो नियमानुसार प्रतिष्ठान स्वामी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ₹20,000 से ₹50,000 तक का अर्थदंड तथा 06 माह से 02 वर्ष तक कारावास का प्रावधान है।

थाना रुद्रपुर पुलिस द्वारा लूट की घटना का सफल

अनावरण करते हुए 03 अभियुक्तों को किया गया गिरफ्तार, लूट की 01 मोटरसाइकिल व रूपया बरामद

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)पुलिस अधीक्षक देवरिया  संजीव सुमन द्वारा जनपद में अपराध के रोकथाम हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक(उत्तरी)  आनन्द कुमार पाण्डेय के कुशल निर्देशन व क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर श्री हरिराम यादव के कुशल पर्यवेक्षण में थाना रुद्रपुर पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 438/2025 धारा 309(6) बीएनएस0  से संबंधित प्रकाश में आये अभियुक्तगण क्रमशः 1. रोहित यादव पुत्र राम अशीष यादव सा0 जंगल आराजी अमौनी थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया, 2.विशाल यादव पुत्र गोपाल यादव सा0 जंगल आराजी अमौनी थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया व 3.शिवम यादव पुत्र शेषनाथ यादव सा0 अमौनी खास थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया को आज दिनांक 03.12.2025 को मुखबिर की सूचना पर रुद्रपुर डाला मार्ग पर लखनाघाट मोड़ के पास से गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूट की एक मोटर साइकिल हीरो सुपर स्पलेण्डर नं0 UP 52AK 0884 व 1990/- रूपया बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर उक्त अभियोग में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है ।उल्लेखनीय है कि दिनांक 02.12.2025 को वादी श्री विनय कुमार गुप्ता निवासी सरहसबह नौका थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया द्वारा थाना रुद्रपुर पर तहरीर देकर अवगत कराया गया कि मेरे यहां काम करने वाले उमेश कुशवाहा अपनी पत्नी के साथ रामलक्षन अपने निवास पर जा रहे थे कि रास्ते में अमौनी मोड़ पर मनबढ़ किस्म के लड़कों ने उनके साथ मारपीट कर कुछ पैसा व गाड़ी छीनकर लेकर भाग गये। उक्त के संबंध में थाना रुद्रपुर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 438/2025 धारा 309(6) बीएनएस0 का अभियोग पंजीकृत करते हुए विवेचना की जा रही है। 

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण

  1. रोहित यादव पुत्र राम अशीष यादव सा0 जंगल आराजी अमौनी थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
  2. विशाल यादव पुत्र गोपाल यादव सा0 जंगल आराजी अमौनी थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
  3. शिवम यादव पुत्र शेषनाथ यादव सा0 अमौनी खास थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया ।

बरामदगी का विवरण
1.लूट का एक मोटर साइकिल हीरो सुपर स्पलेण्डर नं0 UP52AK0884
2.लूट का 1990/-रूपया गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
1.उ0नि0 दिनेश राम थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
2.उ0नि0 विरेन्द्र कुमार थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
3.का0 संजय कुमार थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
4.का0 सुमित राजभर थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
5.का0 वैभव प्रताप सिंह थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया
6.का0 सूरज यादव थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया ।

डीएम ने किया परतावल मंडी का औचक निरीक्षण, धान खरीद में तेजी लाने के दिए निर्देश

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने परतावल मंडी का औचक निरीक्षण कर धान क्रय व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धान क्रय अभिलेखों, चेकलिस्ट तथा केंद्रों पर उपलब्ध संसाधनों का विस्तार से अवलोकन किया। डीएम ने कहा कि धान क्रय प्रक्रिया राज्य सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी आरएमओ विवेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि परतावल मंडी तृतीय पर 43 किसानों से 167.24 मीट्रिक टन,परतावल मंडी चतुर्थ पर 45 किसानों से 131.76 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। क्षेत्र में कुल 07 धान क्रय केंद्र संचालित हैं, जिनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा के परतावल मंडी प्रथम व द्वितीय, मण्डी समिति के 02 केंद्र एवं भारतीय खाद्य निगम का एक केंद्र शामिल है।
निरीक्षण के समय डीएम ने धान तौल प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। परतावल मंडी तृतीय पर गंगा उपाध्याय (रामपुर) की लगभग 80 क्विंटल धान तथा परतावल मंडी चतुर्थ पर राजेंद्र मिश्रा और उन्नय मिश्रा (मधवापुर) के क्रमशः 35-35 क्विंटल धान की तौल की जा रही थी। किसानों ने क्रय केंद्रों की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि न तो पंजीकरण में और न ही बिक्री में कोई समस्या आई है। उन्होंने केंद्र प्रभारियों से भी विस्तृत वार्ता की। उन्हें बताया गया कि परतावल मंडी प्रथम पर राजकुमार पटेल की 175 क्विंटल, द्वितीय पर अलीरजा की 60 क्विंटल, कृषि उत्पादन मंडी समिति के प्रथम पर बलराम सिंह की 25 क्विंटल तथा द्वितीय पर शैलेष मिश्रा की 37 क्विंटल धान की तौल चल रही हैकुछ किसानों द्वारा अंश निर्धारण की समस्या से अवगत कराने पर डीएम ने कहा कि शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है और शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि धान खरीद की गति बढ़ाई जाए, किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो और क्रय नीति के सभी मानकों का पालन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

निचलौल में बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी रोडवेज बस गड्ढे में गिरी, चीख–पुकार से दहला इलाका

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। निचलौल थाना क्षेत्र के निचलौल–सिंदुरिया मार्ग पर मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा होने से टल गया, जब यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस दमकी गांव के सामने अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई। हादसे में लगभग आधा दर्जन यात्री घायल हुए। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस निचलौल से करीब 15 यात्रियों को लेकर महराजगंज डिपो की ओर जा रही थी। शहर से लगभग दो किलोमीटर आगे दमकी गांव के पास अचानक बस डगमगाने लगी और नियंत्रण खोते ही सड़क किनारे मौजूद गहरे गड्ढे में धंस गई।
तेज आवाज के साथ बस रुकते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और चीख–पुकार शुरू हो गई।

राहगीरों ने संभाला मोर्चा

राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर खिड़कियों के सहारे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें पास के निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
गनीमत रही कि बस पानी से भरे गड्ढे में नहीं पलटी, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था।

ये भी पढ़ें – ठंड बढ़ने पर पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम दिव्या मित्तल ने जारी की जरूरी सलाह

प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंच गए और बस को गड्ढे से बाहर निकलवाया।
उन्होंने बताया कि चालक के फरार होने के कारणों की जांच की जा रही है और दुर्घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोग बोले—मरम्मत न हुई तो हादसे बढ़ेंगे

स्थानीय निवासियों ने सड़क किनारे बने गहरे गड्ढों को हादसों का मुख्य कारण बताते हुए सड़क मरम्मत की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाना और सड़क की खराब हालत इस मार्ग पर दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें – सेंट जेवियर्स सलेमपुर के स्काउट–गाइड्स ने राष्ट्रीय जमूरी में बढ़ाया मान, सम्मान समारोह में गूँजा गर्व

ठंड बढ़ने पर पशुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन अलर्ट, डीएम दिव्या मित्तल ने जारी की जरूरी सलाह

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में तेजी से बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने पशुपालकों को पशुधन की विशेष देखभाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की सर्दी में पशुओं को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक ऊर्जा, गर्माहट और पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है। तापमान में उतार–चढ़ाव का सीधा असर मवेशियों की सेहत और प्रजनन क्षमता पर पड़ सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।

रात में पशुओं के लिए गर्माहट की व्यवस्था आवश्यक

डीएम दिव्या मित्तल ने निर्देश दिया कि पशुओं के रहने के स्थान को अच्छी तरह ढककर रखा जाए, ताकि ठंडी हवाओं से बचाव हो सके। गाय–भैंसों और पोल्ट्री के लिए आवश्यकतानुसार तापयुक्त व्यवस्था करना भी जरूरी बताया गया।
उन्होंने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाले चारे, वसायुक्त खुराक और पर्याप्त चरागाह का उपयोग सर्दियों में पशुओं के लिए अत्यंत लाभकारी होता है। साथ ही उनके भोजन सेवन और जुगाली गतिविधि पर नियमित नजर रखना जरूरी है।

जलवायु-अनुकूल शेड और सूखे बिछावन की सलाह

डीएम ने कहा कि पशुओं के लिए ऐसे शेड तैयार किए जाएँ जिनमें पर्याप्त सूर्य प्रकाश पहुँच सके। पशुओं के नीचे सूखा भूसा या अन्य बिछावन सामग्री डालने से नमी और ठंड का असर कम होता है।
उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार उपयुक्त नस्लों को अपनाने से बेहतर परिणाम मिलते हैं।

ये भी पढ़ें – 5 दिसंबर को, “आपकी संस्था, आपका अधिकार” अभियान के तहत, निगम में बिना दावे वाली वित्तीय संस्था पर जागरूकता शिविर

खुले में न बांधें पशु, ठंडा पानी व चारा देने से बचें

जिलाधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि कड़ाके की ठंड में पशुओं को खुले स्थानों पर न बांधें और अनावश्यक रूप से घूमने न दें। इस दौरान पशु मेलों में भाग लेने से भी बचने की सलाह दी गई।
डीएम ने ठंडा पानी और ठंडा चारा देने से परहेज करने को कहा और निर्देश दिया कि पशु आश्रय स्थलों में नमी, धुएं और गंदगी से मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मृत पशुओं के निस्तारण पर विशेष निर्देश

स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए डीएम दिव्या मित्तल ने मृत पशुओं के उचित निस्तारण की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि शवों को नियमित चराई मार्गों पर फेंकना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
प्रशासन द्वारा जारी ये निर्देश शीतलहर के दौरान पशुधन को संक्रमण, तनाव और संभावित बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें – सेंट जेवियर्स सलेमपुर के स्काउट–गाइड्स ने राष्ट्रीय जमूरी में बढ़ाया मान, सम्मान समारोह में गूँजा गर्व

5 दिसंबर को, “आपकी संस्था, आपका अधिकार” अभियान के तहत, निगम में बिना दावे वाली वित्तीय संस्था पर जागरूकता शिविर

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएँ विभाग (DAFS) तथा RBI, IRDAI, SEBI और IEPFA के संयुक्त तत्वावधान में बिना दावे वाली वित्तीय संपत्तियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे तीन माह के राष्ट्रव्यापी अभियान “आपकी पूंजी, आपका अधिकार” के तहत 5 दिसम्बर 2025 को देवरिया में जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 4 अक्टूबर 2025 को गांधीनगर में की थी। उत्तर प्रदेश में यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC-UP) की देखरेख में और जिला स्तर पर लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर्स द्वारा संचालित किया जा रहा है। अब तक प्रदेश के 38 जिलों में शिविर सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं।

देवरिया में ₹122.88 करोड़ की राशि बिना दावे वाली

अग्रणी जिला प्रबंधक आर.एस. प्रेम के अनुसार, देवरिया जिले में फिलहाल 5,38,474 खातों में कुल ₹122.88 करोड़ की बिना दावे वाली राशि दर्ज है। इसी क्रम में 5 दिसम्बर (शुक्रवार) को सेण्ट ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान, पुरुषोत्तमपुर में सुबह 10 बजे से विशेष जागरूकता शिविर लगाया जाएगा।

अधिकारियों ने जिले के नागरिकों, लाभार्थियों और हितधारकों से अपील की है कि वे अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर अपनी बिना दावे वाली संपत्तियों की जानकारी प्राप्त करें और दावा प्रक्रिया का लाभ उठाएँ।

शिविर में क्या मिलेगा?

शिविर में निम्न विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा—

• बैंक जमा, बीमा पॉलिसी, लाभांश, शेयर, म्यूचुअल फंड आदि जैसी बिना दावे वाली संपत्तियों की पहचान

• खोई हुई वित्तीय संपत्तियों की खोज और दावा प्रक्रिया

• डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर दस्तावेज़ अपडेट करने की चरणबद्ध जानकारी

• नामांकित व्यक्ति या कानूनी उत्तराधिकारी द्वारा दावा करने के स्वरूप

इसके साथ ही वित्तीय समावेशन प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें बैंक, बीमा कंपनियाँ, म्यूचुअल फंड और पेंशन संस्थान अपने स्टॉलों के माध्यम से वित्तीय उत्पादों और योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे।

भारत सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक अपनी वैध राशि को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त कर सके, जिससे देश में वित्तीय सशक्तीकरण को बढ़ावा मिले।

सेंट जेवियर्स सलेमपुर के स्काउट–गाइड्स ने राष्ट्रीय जमूरी में बढ़ाया मान, सम्मान समारोह में गूँजा गर्व

सलेमपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर का प्रांगण बुधवार को गर्व और उत्साह से भर उठा, जब राष्ट्रीय जमूरी से लौटे स्काउट–गाइड कैडेट्स को प्रार्थना सभा के दौरान मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। जैसे ही विद्यार्थियों के कंधों पर मेडल चमके, पूरा विद्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा।

राष्ट्रीय जमूरी में शानदार प्रदर्शन

लखनऊ में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जमूरी में विद्यालय के 18 स्काउट, 12 गाइड, एक स्काउट मास्टर, और एक गाइड कैप्टन ने भाग लिया। प्रशिक्षक भृग्वेंद्र कुमार सिंह और साधना गुप्ता के नेतृत्व में सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। इस आयोजन में देशभर के प्रतिभागियों के साथ 7 देशों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

एडवेंचर, टीमवर्क और अंतरराष्ट्रीय अनुभव

जमूरी के दौरान बच्चों ने विभिन्न राज्यों और देशों की स्काउटिंग संस्कृति को समझा, कठिन परिस्थितियों में जीवन कौशल सीखे और दो दिवसीय नाइट आउट में आत्मनिर्भरता व टीमवर्क का अनुभव प्राप्त किया। एडवेंचर गतिविधियों ने उनके साहस और आत्मविश्वास को मजबूत किया।

मुख्यमंत्री और राष्ट्रपति की उपस्थिति बनी खास याद

इस भव्य आयोजन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया, जबकि समापन समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू ने की। राष्ट्रपति को करीब से देखना बच्चों के लिए जीवनभर की याद बन गया।

स्कूल प्रबंधन ने की बच्चों की उपलब्धियों की सराहना

सम्मान समारोह में मैनेजिंग डायरेक्टर अभिनव नाथ तिवारी ने कहा कि बच्चे सिर्फ मेडल ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और संवेदना की अनमोल पूँजी लेकर लौटे हैं।

प्रधानाचार्य वी.के. शुक्ल ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में चरित्र निर्माण और जीवन कौशल विकसित करने का अद्भुत माध्यम है। विद्यालय को ऐसे प्रतिभाशाली कैडेट्स पर गर्व है।

गर्व से दमके बच्चों के चेहरे

सम्मान समारोह में पूरा विद्यालय परिवार एकजुट होकर इन नन्हे कैडेट्स की उपलब्धियों का साक्षी बना। मेडल पाकर बच्चों के चेहरे आत्मविश्वास और खुशी से खिल उठे। यह क्षण विद्यालय के इतिहास में स्वर्णिम उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया।

सिकंदरपुर: SIR कार्यक्रम की समीक्षा बैठक, राजनीतिक दलों से मतदाता सूची शुद्धिकरण में सहयोग की अपील

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। 359 सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा हेतु मंगलवार को उपजिलाधिकारी एवं ERO सिकंदरपुर की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा हुई।

BLO–BLA की बैठक 4-5 दिसंबर को अनिवार्य

उपजिलाधिकारी ने सभी दलों से आग्रह किया कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को निर्देशित करें कि वे 4 और 5 दिसंबर को बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ निर्धारित बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल हों। इसके लिए बैठक का प्रारूप और BLO–BLA की संयुक्त सूची पहले ही उपलब्ध करा दी गई है।

मतदाता सूची शुद्धिकरण में सक्रिय भागीदारी पर जोर

उपजिलाधिकारी ने कहा कि BLO और BLA की सक्रिय भागीदारी से ही विधानसभा क्षेत्र में त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपील की।

अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में AERO चन्द्र प्रकाश यादव (नायब तहसीलदार), पंकज सिंह (खंड शिक्षा अधिकारी नवानगर) सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रमुख उपस्थित नेताओं में आकाश तिवारी, गोपाल जी, जितेंद्र सोनी, सत्येंद्र राजभर (भाजपा), राजकुमार जायसवाल (आप), जितेश सोनी, भीष्म यादव (सपा) और इसलाह रहमान (कांग्रेस) शामिल रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।

अमरोहा: जमीन विवाद में भाई ने की नर्स बहन की हत्या, आरोपी हिरासत में; पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटें सामने आईं

अमरोहा (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। जिले के नन्हेड़ा अलियारपुर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक दुखद घटना का रूप ले लिया। आरोप है कि भाई श्योराज ने अपनी नर्स बहन संयोगिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जमीन के बंटवारे पर बढ़ा विवाद

परिवार के अनुसार, पिता भगवान दास के निधन के बाद उनकी लगभग 16 बीघा जमीन को लेकर घर में विवाद चल रहा था। संयोगिता अपने हिस्से की मांग कर रही थीं, जबकि श्योराज खेती-बाड़ी का काम संभाल रहा था। सोमवार सुबह इसी मुद्दे पर कहासुनी के बाद घटना हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों की पुष्टि

डॉक्टरों के तीन सदस्यीय पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसमें संयोगिता के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिले। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश शुरू कर दी है।

एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में उसने गुस्से में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

ये भी पढ़ें – सीएम योगी की सख्ती: यूपी में बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठियों पर कार्रवाई तेज, हर मंडल में बनेगा डिटेंशन सेंटर

घटना के समय परिजन घर में थे

वारदात के समय संयोगिता की मां घर के भीतर थीं जबकि श्योराज की पत्नी और बच्चे खेत पर गए हुए थे। मां ने कमरे में बेटी को घायल अवस्था में पाया और शोर मचाया। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए।

पिता की जमीन पर चल रहा था विवाद

लेखपाल की रिपोर्ट के अनुसार, भगवान दास की मृत्यु के बाद उनकी जमीन श्योराज और मां हुकुम देवी के नाम दर्ज की जा रही थी। संयोगिता पिछले कई वर्षों से मुरादाबाद में एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थीं और पिता के निधन के बाद ही गांव लौटी थीं।

परिवार का कहना है कि इसी जमीन को लेकर भाई-बहन के बीच तनाव बढ़ता गया और यह विवाद हत्या की वजह बन गया।

ये भी पढ़ें – MCD उपचुनाव में BJP का दबदबा, 12 में से 7 वार्ड जीते, AAP और कांग्रेस को झटका

मसूरी में 600 प्रशिक्षु आईएएस और एक सवाल

“उंगलियों पर हल होने वाला सवाल और भविष्य के प्रशासकों की तैयारी का सच”

मसूरी से उठता सवाल: क्या हमारी प्रशासनिक शिक्षा केवल पुस्तकीय हो गई है? मसूरी में 600 प्रशिक्षु और एक सवाल जिसने सबको सोचने पर मजबूर किया। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी का वास्तविक लक्ष्य: ‘थिंकिंग एडमिनिस्ट्रेटर’ तैयार करना। प्रशिक्षण का अर्थ केवल पाठ नहीं।

मसूरी की कक्षाओं में उठा एक छोटा-सा सवाल, बड़ी सीख। प्रशासनिक प्रशिक्षण का आईना: जब लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में एक साधारण सवाल ने बड़ा संदेश दिया। उत्तराखंड के मसूरी में 100वाँ फाउंडेशन कोर्स और नेतृत्व की बुनियादी समझ पर गहरा संकेत।

— डॉ प्रियंका सौरभ

उत्तराखंड के शांत, अनुशासित और सुसंस्कृत वातावरण में स्थित मसूरी का प्रसिद्ध प्रशासनिक अकादमी परिसर—लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी—देश के सर्वोच्च सिविल सेवकों के निर्माण का केंद्र बिंदु है। यहाँ आज भी 600 से अधिक प्रशिक्षु अधिकारी भविष्य के भारतीय प्रशासन की रूपरेखा तय करने की तैयारी में डटे हैं। हाल ही में 100वें फाउंडेशन कोर्स का समापन समारोह आयोजित किया गया, जो किसी भी संस्थान के लिए गौरव का क्षण होता है। इस अवसर पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ा दी।

समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने एक सरल-सा गणितीय प्रश्न पूछा— “एक आदमी के पास कुछ पैसे थे। उसने आधा ए को, एक-तिहाई बी को और शेष 100 रुपये सी को दिए। बताइए, कुल पैसा कितना था?”

दैनिक जीवन में प्रयुक्त होने वाला यह सीधा-सा सवाल प्रशिक्षुओं के लिए अप्रत्याशित सिद्ध हुआ। कई प्रशिक्षु अधिकारी प्रश्न में उलझ गए, जबकि समाधान उंगलियों पर किया जा सकता था। बाद में स्वयं राजनाथ सिंह ने इसे सरल तरीके से हल कर समझाया। यह घटना भले ही साधारण प्रतीत हो, पर प्रशासनिक प्रशिक्षण और नेतृत्व क्षमता की वास्तविक दिशा पर यह बेहद महत्त्वपूर्ण संकेत देती है।

ये भी पढ़ें –जनता की पीड़ा पर सत्ता की चुप्पी — आखिर कब टूटेगी?

प्रशासनिक कार्यों का मूल तत्व केवल कानून और नियमों का ज्ञान नहीं, बल्कि तुरंत समझने, तर्क लागू करने और व्यवहारिक समाधान निकालने की क्षमता है। कभी-कभी सबसे कठिन परिस्थितियों में सर्वाधिक सरल समाधान ही सर्वश्रेष्ठ होता है—पर इसके लिए मन का खुलापन और व्यावहारिक सोच आवश्यक होती है। यही गुण एक सक्षम प्रशासक को भीड़ से अलग करता है।

यह घटना इस बात का स्मरण भी कराती है कि सिविल सेवा केवल अकादमिक बौद्धिकता का अभ्यास नहीं है; यह मानव स्वभाव, सामाजिक व्यवहार, त्वरित निर्णय-क्षमता और सामान्य समझ की माँग भी करती है। किसी भी शासन प्रणाली में सबसे प्रभावशाली अधिकारी वही होता है जो जटिल समस्याओं को सरलता से हल करने की क्षमता रखता हो।

ये भी पढ़ें –सीएम योगी की सख्ती: यूपी में बांग्लादेशी-रोहिंग्या घुसपैठियों पर कार्रवाई तेज, हर मंडल में बनेगा डिटेंशन सेंटर

प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि व्यवहारिक बुद्धि का विकास भी है। एक छोटा सा प्रश्न प्रशिक्षुओं को यह याद दिलाता है कि वास्तविक प्रशासन वही है जो खेत-खलिहान, बाज़ार, थाने, पंचायत भवन और कार्यालयों में घटित होता है—जहाँ जटिलताएँ कम और सादगी अधिक काम आती है।

राजनाथ सिंह द्वारा पूछा गया प्रश्न प्रशासनिक सोच के दो महत्त्वपूर्ण पहलुओं को उजागर करता है—

पहला, अधिकारी का ध्यान समस्या के मूल की ओर होना चाहिए, न कि उसकी सतही जटिलता की ओर।

दूसरा, किसी भी चुनौती में घबराना नहीं, बल्कि उसे विभाजित कर सरल रूप में हल करना चाहिए।

सिविल सेवाओं में ऐसे अनेक अवसर आते हैं जब अधिकारी को अचानक लिए गए निर्णयों के आधार पर जनता को राहत, दिशा और सुरक्षा प्रदान करनी होती है। यदि वह क्षणिक दबाव में भी सामान्य तर्क बनाए रखने में दक्ष है, तो वह बेहतर प्रशासक बन सकता है।

यह प्रसंग इस व्यापक प्रश्न को भी जन्म देता है कि आधुनिक प्रशिक्षण पद्धति कहीं अत्यधिक तकनीकी, सैद्धांतिक या औपचारिक तो नहीं हो गई है? क्या हम प्रशासन के मूल तत्व—सरलता, संवेदनशीलता और सामान्य विवेक—को नजरअंदाज तो नहीं कर रहे?

सिविल सेवा का इतिहास बताता है कि देश के श्रेष्ठ अधिकारी वही रहे, जिन्होंने अत्यधिक बुद्धि के साथ-साथ सरल सोच, जन-संपर्क की क्षमता और सहज निर्णय-प्रक्रिया अपनाई। आज जब देश नई चुनौतियों—प्रौद्योगिकी, जटिल प्रशासनिक व्यवस्था, विस्तृत जनसंख्या और त्वरित परिवर्तनों—से गुजर रहा है, तब एक प्रशासक की भूमिका और भी विस्तृत और बहुआयामी हो चुकी है।

ऐसे समय में यह आवश्यक है कि प्रशिक्षण केवल परीक्षाओं और पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न हो। उसमें व्यवहारिक गणित, तर्कशक्ति, सामान्य समझ, मनोवैज्ञानिक संतुलन और परिस्थितिजन्य विश्लेषण को भी समुचित स्थान मिले।

राजनाथ सिंह द्वारा हल्का-सा पूछा गया यह प्रश्न प्रशासनिक तंत्र को यह संदेश देता है कि नेतृत्व की असल परीक्षा कभी-कभी छोटे-छोटे क्षणों में ही होती है। बड़े निर्णयों का आधार भी वही अधिकारी बनता है जो बेसिक समझ को खोने नहीं देता।

इस प्रसंग से यह भी स्पष्ट होता है कि प्रशिक्षण के दौरान आने वाले ऐसे अप्रत्याशित प्रश्न अधिकारी के मन को गति देते हैं, उसे दबाव में सोचने की क्षमता प्रदान करते हैं और वास्तविक प्रशासनिक दुनिया के लिए मानसिक रूप से तैयार करते हैं।

समय के साथ यह आवश्यक हो गया है कि सिविल सेवा प्रशिक्षण अकादमियाँ इस प्रकार के संवाद, प्रश्न-आधारित परीक्षण और व्यवहारिक अभ्यास को और भी अधिक बढ़ाएँ। इससे अधिकारी न केवल जनसेवा के लिए अधिक तैयार होंगे बल्कि प्रशासनिक जटिलताओं को सहजता से हल करने की क्षमता भी विकसित करेंगे। मसूरी में घटित यह छोटा-सा घटना क्रम इस बात का प्रतीक है कि नेतृत्व की ताकत केवल बड़े भाषणों या उच्च ज्ञान में नहीं, बल्कि सरल तर्क और मौलिक समझ में भी निहित होती है। सिविल सेवा के भविष्य को आकार देने वाले प्रशिक्षुओं के लिए यह एक स्मरणीय संदेश है—प्रशासन की महानता सरलता में है, न कि जटिलता में।

प्रियंका सौरभ 

रिसर्च स्कॉलर इन पोलिटिकल साइंस, कवयित्री, स्वतंत्र पत्रकार एवं स्तंभकार