Friday, June 26, 2026
Home Blog Page 370

गैंगस्टर एक्ट में कुर्क भूमि पर गेहूं की बुवाई, दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जैतीपुर थाना क्षेत्र में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई कृषि भूमि पर अवैध रूप से गेहूं की बुवाई करने का मामला सामने आया है। राजस्व विभाग के लेखपाल की शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और खेत में खड़ी गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करा दिया गया।

तिलहर तहसील के लालपुर उर्फ बड़ागांव क्षेत्र में तैनात लेखपाल विनय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर 8 अक्टूबर 2025 को सदर बाजार थाना में दर्ज मु0अ0सं0 373/24, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत गाटा संख्या 24, रकबा 0.7722 हेक्टेयर कृषि भूमि को कुर्क किया गया था। कुर्की के समय इस भूमि पर बाजरे की फसल खड़ी थी और मौके पर सरकारी सूचना बोर्ड भी लगाया गया था।

ये भी पढ़ें – पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को पुराने मामले में परेशान कर रही सरकार: अजय राय का आरोप

हाल ही में क्षेत्र भ्रमण के दौरान निरीक्षण करने पर पाया गया कि बाजरे की फसल काटकर कुर्क की गई भूमि पर गेहूं की बुवाई कर दी गई है। ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि उपेंद्र सिंह नवादा और श्रीपाल, निवासी खिरिया लालपुर उर्फ बड़ागांव, ने मिलकर सरकारी बोर्ड हटाकर खेत की जुताई कर गेहूं बो दिया।

लेखपाल की शिकायत पर बुधवार शाम पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क भूमि पर अवैध रूप से बोई गई गेहूं की फसल को ट्रैक्टर से जुतवाकर नष्ट करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

ये भी पढ़ें – कृषक गोष्ठी में किसानों को दी गई जैविक व वैज्ञानिक खेती की जानकारी

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को पुराने मामले में परेशान कर रही सरकार: अजय राय का आरोप

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा डेस्क)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने गुरुवार को देवरिया जिला जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार पुराने मामलों में फंसाकर एक ईमानदार अधिकारी को जानबूझकर परेशान कर रही है।

जेल के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि अमिताभ ठाकुर ने कोडीन कफ सिरप घोटाले का मामला प्रमुखता से उठाया था। जांच में भाजपा नेताओं और सत्ता से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बाद से ही उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है।

ये भी पढ़ें – गौ तस्करों की तेज रफ्तार गाड़ी ने ली दो युवकों की जान, एक हफ्ते बाद दूसरे घायल की भी मौत, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

अजय राय ने कहा कि पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को 10 दिसंबर को देवरिया में वर्ष 1999 के एक औद्योगिक भूखंड आवंटन से जुड़े कथित धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में सितंबर माह में लखनऊ के तालकटोरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली जाते समय अमिताभ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया और तब से वे देवरिया जिला जेल में बंद हैं। जेल में हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने ठाकुर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया।

अजय राय ने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कथित अन्याय के खिलाफ लगातार लड़ाई लड़ती रहेगी और सरकार की दमनकारी नीतियों को उजागर करती रहेगी।

ये भी पढ़ें – शीतलहर से बचाव हेतु रैन बसेरा, अलाव, कंबल वितरण आदि आवश्यक कार्यवाही करने के दिए निर्देश,एडीएम

कृषक गोष्ठी में किसानों को दी गई जैविक व वैज्ञानिक खेती की जानकारी

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। विकास खंड घुघली में कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय रबी कृषि निवेश मेला एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
मुख्य अतिथि ओमप्रकाश जायसवाल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसान वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर खेती करें, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़े और उन्हें अधिक लाभ प्राप्त हो। उन्होंने किसानों से मौसम के अनुसार खेती करने, नई तकनीकों को अपनाने और पारंपरिक तरीकों में सुधार लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि खंड विकास अधिकारी राजकुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि कृषि निवेश मेलों के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक खेती के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो और वे खुशहाल जीवन व्यतीत कर सकें। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विज्ञान केंद्र बसूली के वैज्ञानिक त्रिवेणी त्रिपाठी ने किसानों को जैविक एवं संतुलित खेती की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुवाई से पूर्व मिट्टी की जांच कराना आवश्यक है, जिससे मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी को खाद के माध्यम से पूरा किया जा सके। उन्होंने बीज उपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उपचारित बीज से जमाव अच्छा होता है और उत्पादन में वृद्धि होती है। गेहूं की खेती के संबंध में उन्होंने बताया कि बुवाई के 22 से 25 दिन के भीतर पहली सिंचाई अवश्य करें तथा खरपतवार नियंत्रण के लिए समय पर दवा का छिड़काव करें।
उन्होंने अत्यधिक रासायनिक खाद के प्रयोग से बचने और उसके स्थान पर कम्पोस्ट व जैविक खाद के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने पराली न जलाने, उसे खेत में सड़ाकर खाद बनाने और पशुपालन को खेती के साथ जोड़ने पर भी जोर दिया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।कार्यक्रम का संचालन अरविंद चतुर्वेदी ने किया तथा उन्होंने उपस्थित प्रगतिशील किसानों व आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी केदारनाथ दुबे, सहायक विकास अधिकारी कृषि वशिष्ठ कुशवाहा सहित कृषि व पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहें।

गौ तस्करों की तेज रफ्तार गाड़ी ने ली दो युवकों की जान, एक हफ्ते बाद दूसरे घायल की भी मौत, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

सलेमपुर/देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)
11 दिसंबर की रात गौ तस्करी में संलिप्त तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो की टक्कर से हुए दर्दनाक सड़क हादसे में अब दूसरा युवक भी जिंदगी की जंग हार गया है। हादसे में घायल आशुतोष पाण्डेय की गुरुवार को गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले दुर्घटना के तुरंत बाद सौरभ चौबे की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस दोहरी मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर की रात एक तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो कार ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सौरभ चौबे पुत्र स्व. संजय चौबे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक आशुतोष पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे इलाज के लिए गोरखपुर के एक निजी अस्पताल ले गए थे, जहां एक सप्ताह तक चले इलाज के बाद गुरुवार को उसने भी दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो वाहन का पीछा किया तो चालक गाड़ी खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। जब ग्रामीणों ने वाहन की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। गाड़ी में दो गाय और चार बछड़े ठूंस-ठूंस कर लदे हुए थे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि वाहन गौ तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा था।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर गहरा असंतोष है। हादसे को एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सलेमपुर पुलिस अब तक गौ तस्करों और फरार चालक तक पहुंचने में असफल रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो अपराधियों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते।

दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। लोगों ने मांग की है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए और गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सोलर पंप योजना से जुड़ी जानकारी के लिए कहां करें संपर्क

देवरिया।(राष्ट्र की परम्परा)पीएम कुसुम सोलर पंप योजना के अंतर्गत सोलर पंप बुक कराने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। योजना के तहत जिन किसानों ने समय से आवेदन कर बुकिंग पूरी की थी, उनके टोकन अब कन्फर्म कर दिए गए हैं। उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने जनपद के सभी कृषकों को सूचित करते हुए बताया कि चयनित किसानों के लिए कृषक अंश (किसान अंशदान) जमा करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि किसान अपना अंश कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल agriculture.up.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से अथवा चालान के जरिए जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर धनराशि जमा न करने की स्थिति में योजना का लाभ प्रभावित हो सकता है, इसलिए किसान समय रहते प्रक्रिया पूरी करें।

इस बीच कृषि विभाग ने किसानों को एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी जारी की है। उप निदेशक कृषि ने बताया कि पीएम कुसुम सोलर पंप योजना के तहत पंजीकृत कई किसानों के मोबाइल नंबर पर अनजान और फर्जी कॉल आ रही हैं। ऐसे कॉल करने वाले स्वयं को योजना से जुड़ा अधिकारी बताकर व्यक्तिगत जानकारी या धनराशि की मांग कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसान किसी भी अनधिकृत कॉल, संदेश या लिंक पर विश्वास न करें और न ही अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करें।

योजना से जुड़ी सही और अधिकृत जानकारी प्राप्त करने के लिए किसानों को अपने नजदीकी विकास खंड स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क करने की सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर उप कृषि निदेशक कार्यालय में भी किसान मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शीतलहर से बचाव हेतु रैन बसेरा, अलाव, कंबल वितरण आदि आवश्यक कार्यवाही करने के दिए निर्देश,एडीएम

मऊ( राष्ट्र की परम्परा)अपर जिलाधिकारी /प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में जनपद के समस्त नगर निकायों में कराए गए कार्यों की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई।
बैठक के दौरान समस्त निकायों द्वारा कराए गए कार्यों का सत्यापन समस्त अधिशासी अधिकारीगण की उपस्थिति में अपर जिलाधिकारी द्वारा की गई।
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी ने समस्त अधिशासी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि समस्त अधिशासी अधिकारी शासन की समस्त योजनाओं को शत प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। निकायों द्वारा कर एवं करेत्तर देयों की वसूली शत प्रतिशत पूर्ण करें। इसके अलावा 15वां वित्त एवं अवस्थापना निधि से स्वीकृत कार्यों को ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिए। वंदन योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, पंडित दीनदयाल नगर विकास योजना एवं आकांक्षी योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के प्रगति की समीक्षा की गई। कूड़ा निस्तारण हेतु समस्त अधिशासी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी दशा में कूड़ा एवं साफ-सफाई मे लापरवाही न हो अन्यथा की स्थिति में संबंधित अधिशासी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। निराश्रित गोवंश के लिए गौशाला में भूसा-चारा आदि के प्रबंध हेतु समस्त अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 एवं पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा की गई। सभी निकायों में पालीथिन जब्ती एवं जागरूकता अभियान चलाएं। शीतलहर से बचाव हेतु रैन बसेरा, अलाव, कंबल वितरण आदि आवश्यक कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया।
बैठक के दौरान समस्त अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।

पेंशनर दिवस पर पेंशनरों का सम्मान, समस्याओं के त्वरित समाधान का एडीएम ने दिया आश्वासन

मऊ (राष्ट्र की परम्परा)। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मंत्रीगण, विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त पेंशनर तथा जनपद के विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पेंशनर दिवस के दौरान पेंशनर संघ के पदाधिकारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अपर जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ कोषाधिकारी के समक्ष रखीं। अपर जिलाधिकारी ने पेंशनरों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का आश्वासन देते हुए कहा कि पेंशन से जुड़े मामलों का समाधान समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाएगा।

ये भी पढ़ें – सब जूनियर कबड्डी बालक वर्ग में जमालपुर की टीम चैंपियन, बैरिया विधायक खेल स्पर्धा का भव्य समापन

मेडिकल प्रतिपूर्ति और आयुष्मान कार्ड पर जोर

कार्यक्रम के दौरान पेंशनरों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अपर जिलाधिकारी ने मेडिकल प्रतिपूर्ति से संबंधित दावों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने 70 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों से आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने की अपील की, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ कोषाधिकारी संजय कुमार गुप्ता, वित्त एवं लेखाधिकारी नीरज कुमार द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

ये भी पढ़ें – पेंशनर दिवस में जिलाधिकारी के सख्त निर्देश, पेंशनरों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर

आराजी करियापार में पुण्यतिथि पर शाल वितरण, सैकड़ों ग्रामीण रहे मौजूद

सिकंदरपुर/बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा आराजी करियापार में कन्हैया प्रसाद की पूज्य माता जी की पुण्यतिथि के अवसर पर शाल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष व बुजुर्ग शामिल हुए। मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मंत्री राजधारी सिंह ने शाल वितरण का शुभारंभ करते हुए कहा कि पुण्यतिथि जैसे आयोजन समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों व बुजुर्गों को शाल वितरण सच्ची श्रद्धांजलि है।
पूर्व मंत्री ने कन्हैया प्रसाद व उनके परिवार की सराहना करते हुए इसग सेवा कार्य को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं व बुजुर्गों को क्रमबद्ध रूप से शाल वितरित की गई, जिससे लाभार्थियों में खुशी देखने को मिली। कार्यक्रम में भोला सिंह, ओमप्रकाश राय (अध्यापक), सुरेश सिंह, योगेंद्र यादव (अध्यापक) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों व ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सब जूनियर कबड्डी बालक वर्ग में जमालपुर की टीम चैंपियन, बैरिया विधायक खेल स्पर्धा का भव्य समापन

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। युवा कल्याण विभाग बलिया द्वारा आयोजित बैरिया विधानसभा स्तरीय मा. विधायक खेल स्पर्धा का भव्य समापन हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

एथलेटिक्स और कबड्डी में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि एथलेटिक्स की 100 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में आदित्य और बालिका वर्ग में नैंसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जूनियर 200 मीटर बालक वर्ग में दीपक यादव विजेता बने, जबकि सीनियर 1500 मीटर बालक वर्ग में आशुतोष वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया।

कबड्डी प्रतियोगिता में सब जूनियर बालिका वर्ग में रामनगर की टीम विजेता बनी, वहीं सब जूनियर बालक वर्ग में जमालपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह

कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पंचायत बैरिया के अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार वर्मा द्वारा किया गया। समापन अवसर पर बैरिया के मा. विधायक जय प्रकाश अंचल के प्रतिनिधि सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी ने अतिथियों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। निर्णायक मंडल में श्री रामेश्वर उपाध्याय (ब्लॉक व्यायाम प्रशिक्षक बेसिक), संजय सिंह, पंकज गुप्ता, सुबेक सिंह सहित अन्य सहयोगियों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कबीर मगहर महोत्सव-2026 की तैयारी बैठक, भव्य आयोजन पर मंथन

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कबीर मगहर महोत्सव-2026 के आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ तैयारी बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जय प्रकाश तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
बैठक में कबीर मगहर महोत्सव-2026 के सफल आयोजन से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। महोत्सव के शुभारंभ, अवधि, कार्यक्रमों की रूपरेखा, संचालन व्यवस्था, व्यय एवं धन की उपलब्धता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने आयोजन को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए समिति सदस्यों को सुझाव दिए और आवश्यकतानुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी उप समितियों का गठन कर कार्यक्रमानुसार आयोजकों एवं सदस्यों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित की जाएं, जिससे सभी कार्य सुचारू और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हों। उन्होंने महोत्सव के सफल, व्यवस्थित एवं आकर्षक संचालन पर बल देते हुए कहा कि संत कबीर दास की पवित्र धरती पर आयोजित यह महोत्सव जनसामान्य तक स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का संदेश पहुंचाए और लोगों को कबीर दास के विचारों से प्रेरणा मिले।
बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अजय श्रीवास्तव, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, एसडीएम खलीलाबाद अरुण कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी त्रिभुवन लाल, महोत्सव समिति सदस्य शिवकुमार गुप्ता, पवन कुमार श्रीवास्तव, अवधेश सिंह, सुभाष चंद्र शुक्ला, नगर पंचायत मगहर अध्यक्ष प्रतिनिधि नुरुज्जमा अंसारी, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

पेंशनर दिवस में जिलाधिकारी के सख्त निर्देश, पेंशनरों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर

बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को गंगा बहुउद्देशीय सभागार में पेंशनर दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया, जबकि जिलाधिकारी ने भी पेंशनरों का शॉल एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पेंशन से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पेंशनरों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

पेंशनर दिवस के दौरान दो पेंशनरों ने अपनी-अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी पेंशनर दिवस की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके।

ये भी पढ़ें – रूह कंपा देने वाली वारदात, किरायेदार दंपती ने मकान मालकिन की हत्या कर बेड में छिपाया शव

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि पेंशन मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया गया और प्रशासन की ओर से सकारात्मक एवं भरोसेमंद आश्वासन दिया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारी आनंद दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ।

ये भी पढ़ें – विषम सेमेस्टर परीक्षाएं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न

विषम सेमेस्टर परीक्षाएं सुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न

संत कबीर नगर(राष्ट्र की परम्परा)। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर द्वारा आयोजित विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं जिले भर में चल रही हैं। इसीक्रम में स्थानीय प्रभा देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खलीलाबाद में गुरुवार को परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुईं।
प्राप्त विवरण के अनुसार प्रातः पाली में बीए प्रथम सेमेस्टर राजनीति विज्ञान (अंकसुधार) तथा बीएससी पंचम सेमेस्टर वनस्पति विज्ञान एवं गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। प्रातः पाली में कुल पंजीकृत 73 परीक्षार्थियों में 71 ने परीक्षा दी, जबकि 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
सायं पाली में बीएससी तृतीय सेमेस्टर वनस्पति विज्ञान विषय की विश्वविद्यालयी परीक्षा सम्पन्न हुई। सायं पाली में कुल पंजीकृत 94 परीक्षार्थियों में सभी उपस्थित रहे और कोई भी अनुपस्थित नहीं रहा।
प्राप्त विवरण के अनुसार दोनों पालियों में कुल पंजीकृत 165 परीक्षार्थियों में से 160 ने परीक्षा में सहभाग किया, जबकि 5 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित नहीं हुए।
केंद्राध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्णतया पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही है। महाविद्यालय के आंतरिक सचल दल द्वारा मुख्य द्वार से लेकर समय-समय पर परीक्षा कक्षों तक निगरानी की गई, जिससे परीक्षा की शुचिता बनी रही।
परीक्षा व्यवस्था में डॉ. अमरनाथ पाण्डेय, रितेश त्रिपाठी, पूनम उपाध्याय, शालिनी मिश्रा, सीमा पाण्डेय, मायादेवी, सुनीता गौतम, शाहिदा खातून, बबिता चौरसिया, प्रिया श्रीवास्तव, जिज्ञासा पाण्डेय, मुस्कान गुप्ता सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी संलग्न रहे।

रूह कंपा देने वाली वारदात, किरायेदार दंपती ने मकान मालकिन की हत्या कर बेड में छिपाया शव

​गाजियाबाद (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक किरायेदार दंपती ने अपनी ही मकान मालकिन की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एक लाल रंग के सूटकेस (ट्रॉली बैग) में भरकर बेड के अंदर छिपा दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने बिना किसी पछतावे के अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

​घटना राजनगर एक्सटेंशन की ओरा सुमेरा सोसाइटी की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक महिला की पहचान दीपशिखा शर्मा (निवासी फ्लैट नंबर M-105) के रूप में हुई है। दीपशिखा गुरुवार को उसी सोसाइटी में स्थित अपने दूसरे फ्लैट पर किरायेदार अजय गुप्ता और उसकी पत्नी आकृति से किराया लेने गई थीं।

​जब दीपशिखा देर रात तक घर नहीं लौटीं, तो उनकी मेड को शक हुआ। फ्लैट की तलाशी लेने पर एक लाल बैग के अंदर दीपशिखा का लहूलुहान शव बरामद हुआ।

झगड़े के बाद चुन्नी से घोटा गला, कुकर से किया वार

​शुरुआती जांच और आरोपियों के कबूलनामे से पता चला है कि किराया मांगने के दौरान दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बहस इतनी बढ़ गई कि दीपशिखा ने अजय के हाथ पर काट लिया। गुस्से में आकर:

  • ​पत्नी आकृति ने चुन्नी से दीपशिखा का गला घोंट दिया।
  • ​पति अजय ने पास रखे प्रेशर कुकर के ढक्कन से सिर पर हमला किया।
  • ​मौत सुनिश्चित करने के बाद दोनों ने शव को कपड़े में लपेटकर बैग में भरा और बेड के बॉक्स में छिपा दिया।

ये भी पढ़ें – भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौता: 98% भारतीय निर्यात को ओमान में मिलेगा ड्यूटी-फ्री प्रवेश

बिना किसी पछतावे के कबूला जुर्म

​सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आरोपी दंपती बड़े ही शांत भाव से अपना अपराध स्वीकार कर रहे हैं। अजय का कहना है कि मकान मालकिन उन्हें परेशान करती थी और उनके आने-जाने पर पाबंदी लगा रखी थी। चौंकाने वाली बात यह रही कि अजय ने जब सारा दोष अपने सिर लेने की कोशिश की, तो पत्नी आकृति ने कहा, “हम साथ थे, आप अकेले मत लो, हमने साथ मिलकर गला घोंटा है।”

पुलिस की कार्रवाई

​एसीपी नंदग्राम ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अजय गुप्ता और आकृति गुप्ता पुलिस हिरासत में हैं और परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें – शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय, 17 स्थानों पर अलाव जलाने व 1000 कंबल वितरण के निर्देश

भारत-ओमान मुक्त व्यापार समझौता: 98% भारतीय निर्यात को ओमान में मिलेगा ड्यूटी-फ्री प्रवेश

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा)। भारत और ओमान के बीच गुरुवार को मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत भारत के 98 प्रतिशत निर्यात को ओमान के बाजार में शुल्क-मुक्त (Duty-Free Access) प्रवेश मिलेगा। इस ऐतिहासिक समझौते से भारत के कपड़ा, कृषि उत्पाद और चमड़ा उद्योग को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

समझौते के तहत भारत भी ओमान से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर आयात शुल्क में कटौती करेगा। इनमें खजूर, मार्बल और पेट्रोकेमिकल उत्पाद शामिल हैं। यह FTA अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही से लागू होने की संभावना है।

अमेरिका में ऊंचे टैरिफ के बीच अहम करार

यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब भारत को अपने सबसे बड़े निर्यात बाजार अमेरिका में 50 प्रतिशत तक के ऊंचे शुल्क का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में ओमान जैसे खाड़ी देश के साथ यह करार भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पीयूष गोयल-कैस अल यूसुफ की अहम बैठक

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ओमान के वाणिज्य, उद्योग और निवेश प्रोत्साहन मंत्री कैस बिन मोहम्मद अल यूसुफ से मुलाकात की। बैठक में भारत-ओमान आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। गोयल ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

पीएम मोदी को ओमान के सुल्तान का निमंत्रण

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर तीन देशों के चार दिवसीय दौरे के अंतिम चरण में ओमान पहुंचे। इस दौरान दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी और आर्थिक सहयोग विस्तार पर चर्चा करेंगे।

70 साल पुराने रिश्तों में नया अध्याय

भारत-ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह समझौता दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देता है। इससे पहले सुल्तान हैथम बिन तारिक दिसंबर 2023 में भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे।

ये भी पढ़ें – शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय, 17 स्थानों पर अलाव जलाने व 1000 कंबल वितरण के निर्देश

व्यापार और निवेश के मजबूत आंकड़े

वित्त वर्ष 2023-24 में द्विपक्षीय व्यापार 8.947 अरब डॉलर रहा, जो 2024-25 में बढ़कर 10.613 अरब डॉलर हो गया। ओमान में 6,000 से अधिक भारत-ओमान संयुक्त उद्यम संचालित हो रहे हैं।
भारत से ओमान में 675 मिलियन डॉलर का प्रत्यक्ष निवेश है, जबकि ओमान से भारत में 610.08 मिलियन डॉलर का FDI आया है। हालांकि व्यापार संतुलन फिलहाल ओमान के पक्ष में बना हुआ है।

जीटीआरआई की रिपोर्ट में बड़ा दावा

GTRI की रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) से भारत के औद्योगिक निर्यात को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। शुल्क में कटौती या समाप्ति से ओमान के बाजार में भारतीय उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मकता में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें – विकास और जनकल्याण को लेकर विधायक का भरोसा

शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन सक्रिय, 17 स्थानों पर अलाव जलाने व 1000 कंबल वितरण के निर्देश

सिकंदरपुर/बलिया (राष्ट्र की परम्परा)। शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए तहसील प्रशासन ने जनहित में व्यापक राहत व्यवस्था शुरू की है। उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार के निर्देश पर तहसील क्षेत्र के कुल 17 प्रमुख स्थानों पर नियमित रूप से अलाव जलवाए जा रहे हैं, जिससे ठंड से जूझ रहे राहगीरों, मजदूरों एवं जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि कड़ाके की ठंड का सबसे अधिक असर गरीब, असहाय, वृद्ध एवं दिव्यांग व्यक्तियों पर पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा 1000 कंबलों की व्यवस्था की गई है। इन कंबलों का वितरण पात्र व्यक्तियों के बीच किया जा रहा है, ताकि कोई भी जरूरतमंद ठंड के कारण असहाय न रहे।

ये भी पढ़ें – मरीजों से सम्मानजनक व्यवहार और रेफरल मामलों में कमी के निर्देश

कंबल वितरण की जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों को सौंपी गई है, जो ग्राम स्तर पर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें कंबल उपलब्ध करा रहे हैं। प्रशासन द्वारा राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है और जहां भी आवश्यकता होगी, वहां अतिरिक्त अलाव एवं कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे।

उपजिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी स्थान पर अलाव की व्यवस्था नहीं दिखे या कोई असहाय व्यक्ति ठंड से परेशान नजर आए, तो इसकी सूचना तत्काल तहसील प्रशासन को दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके। तहसील प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में संतोष का माहौल है और जरूरतमंदों को शीतलहर से राहत मिल रही है।

ये भी पढ़ें – सुरक्षा, संस्कृति और समन्वय पर प्रशासन का विशेष फोकस