Wednesday, June 24, 2026
Home Blog Page 326

विजय प्रताप यादव ने बाबूजी स्व0 रामनगीना यादव जी की पुण्यतिथि पर उमड़े जनसैलाब का जताया आभार

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के उसरा बाजार स्थित वाई.डी. इंटर कॉलेज में पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार विजय प्रताप यादव द्वारा अपने पूज्य बाबूजी स्वर्गीय रामनगीना यादव की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सफल समापन के बाद विजय प्रताप यादव ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ जनों एवं क्षेत्रीय जनता के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विजय प्रताप यादव ने उनकी गरिमामयी उपस्थिति को कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने वाला बताते हुए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों का भावनात्मक जुड़ाव के साथ इस कार्यक्रम में सम्मिलित होना, बाबूजी के प्रति जनता के अपार स्नेह और सम्मान को दर्शाता है।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्रवासियों का यही प्रेम और समर्थन उन्हें बाबूजी द्वारा बताए गए सामाजिक आदर्शों, मूल्यों और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। विजय प्रताप यादव ने कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों, साथियों और आम जनता का कोटि-कोटि धन्यवाद करते हुए स्वर्गीय रामनगीना यादव जी की स्मृतियों को सदैव मार्गदर्शक बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

पुर्वोत्तर रेलवे यात्रियों के सुविधा के लिए निरंतर प्रयासरत

वाराणसी(राष्ट्र की परम्परा) यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं आरामदायक सफर को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर सेवाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है ।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 15111/15112 छपरा-वाराणसी सिटी-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस को 28 दिसम्बर 2025 से पारंपरिक आई.सी.एफ (ICF) कोच को आधुनिक एल.एच.बी (LHB) रेक से चलाया जा रहा है। यह एल.एच.बी कोच आधुनिक तकनीकी से निर्मित है, जो पारंपरिक कोचों की तुलना में अधिक सुरक्षित,आरामदायक, टिकाऊ एवं तेज गति चलने में सक्षम है। इन कोचों में बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम,कम कंपन, अग्नि-रोध संरचना तथा आधुनिक सुविधा उपलब्ध है । जिससे यात्रियों की सुरक्षा और आरामदायक सफर बढ़ा है। इसके साथ ही इस गाड़ी मे कोच की संख्या 12 से बढ़ाकर 17 कर दिया गया है । नई रेक संरचना के अनुसार इस गाड़ी में साधारण द्वतीय क्ष्रेणी के 08, साधारण द्वतीय क्ष्रेणी कुर्सीयान के 06, वातानुकूलित कुर्सीयान का 01, जनरेटर सह लगेज यान का 01 तथा एल.एस.एल.आर.डी के 01 सहित कुल 17 आधुनिक एल.एच.बी.कोच लगाये जायेंगे।
इस बदलाव से ज्यादा से ज्यादा यात्रियों के लिए बैठने की क्षमता बढ़ी है। अब इस गाड़ी में एल.एच.बी (LHB) रेक से अपग्रेड होने से एसी रखरखाव के लिए एसी मकैनिक और आँनबोर्ड हाउसकीपिंग के लिए ओ.बी.एच.एस जैसी सुविधा शुरु की गई है। जिससे यात्रा के दौरान कोचों में उच्च कोटि की सफाई बनी रहेगी और रेल यात्रियों का अनुभव ज्यादा सुखद होगा। यात्रियों से अनुरोध है कि वे इस नई व्यवस्था का लाभ उठाएँ एवं यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें।

ऑपरेशन प्रहार के तहत सलेमपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई

देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अपराध और अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सलेमपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सलेमपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान 05 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में शराब तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो-रिक्शा भी बरामद कर सीज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 29 दिसंबर 2025 को मझौलीराज पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान एक बजाज मैक्सिमा ऑटो-रिक्शा संख्या UP52AT8015 को रोका गया। तलाशी के दौरान उसमें बिहार ले जाई जा रही 05 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
बरामद शराब में कुल 240 टेट्रा पैक पाए गए, प्रत्येक पेटी में 48 टेट्रा पैक तथा प्रत्येक पैक 180 एमएल का था। कुल मिलाकर 43.200 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मौके से तीन अभियुक्तों धर्मवीर सिंह निवासी देवरिया, ललिता देवी निवासी वैशाली (बिहार) और पूनम देवी निवासी पटना (बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
इस संबंध में थाना सलेमपुर पर मु0अ0सं0 397/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही, प्रयुक्त ऑटो-रिक्शा को धारा 72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत सीज कर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा है और आम जनता में पुलिस की सक्रियता का सकारात्मक संदेश गया है।

मछली उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक को बढ़ावा

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद की महिला मत्स्य पालकों और मछुआरा समुदाय की महिलाओं के लिए मछली उत्पादन बढ़ाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मत्स्य विभाग द्वारा सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम की स्थापना योजना में महिलाओं को सब्सिडी का लाभ देने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सहायक निदेशक मत्स्य, आगरा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य मछली पालन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उत्पादन में वृद्धि करना है। एयरेशन सिस्टम के माध्यम से तालाबों में ऑक्सीजन की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे मछलियों की वृद्धि बेहतर होती है और मृत्यु दर कम होती है।
योजना के अंतर्गत पात्र महिला मत्स्य पालक विभागीय पोर्टल fisheries.up.gov.in पर 29 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 07 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। पोर्टल पर परियोजना का पूरा विवरण, इकाई लागत, सब्सिडी की जानकारी, पात्रता शर्तें, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं।
मत्स्य विभाग के अनुसार, यह योजना विशेष रूप से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक महिलाएं सहायक निदेशक मत्स्य कार्यालय, कमरा संख्या-12, तृतीय तल, विकास भवन, संजय पैलेस, आगरा में संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा फोन नंबर 6306771748 पर भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

अटल स्मृति सम्मेलन में श्रद्धेय अटल जी को नमन, जनसेवा के पथ पर विचारधारा को बताया मार्गदर्शक

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर नगर पंचायत मगहर स्थित संत कबीर अकादमी के सभागार में जन विश्वास वर्ष 2024–25 के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन में श्रद्धेय अटल जी के विचारोंअटल स्मृति सम्मेलन और मूल्यों को जनसेवा का स्थायी मार्गदर्शक बताया गया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय ने कहा कि श्रद्धेय अटल जी की विचारधारा और मूल्य सदैव जनसेवा के पथ पर हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों को भारतीय राजनीति की महत्वपूर्ण धरोहर बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम, सम्मेलन के आयोजक खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष जगदंबा श्रीवास्तव, पूर्व जिला अध्यक्ष श्याम करन सिंह, राम ललित चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मंचासीन रहे।
सम्मेलन में अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान और व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष उपाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र मिश्र, अमर राय, डॉ सत्यापाल पाल, अनिरुद्ध निषाद, राकेश मिश्र, गौरव निषाद, अरुण गुप्ता, अत्रेश श्रीवास्तव, सुजीत गुप्ता समेत जनपद के समस्त जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में जनता जनार्दन उपस्थित रही। अंत में आयोजकों की ओर से सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

ऑनलाइन आवेदन और ई-लॉटरी से होगा लाभार्थियों का चयन

आगरा (राष्ट्र की परम्परा)l कृषि एवं कृषक हित में केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल (ऑयलसीड्स) योजना 2025-26 के अंतर्गत एफपीओ, सहकारी समितियों और किसानों को आयल एक्सट्रैक्शन यूनिट स्थापित करने का सुनहरा अवसर दिया गया है। उप कृषि निदेशक श्री मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के पोर्टल agridarshan.up.gov.in एवं upfposhaktiportal.up.gov.in पर पंजीकृत एफपीओ/सहकारी समितियों को 10 टन क्षमता की आयल एक्सट्रैक्शन यूनिट स्थापित करने पर परियोजना लागत का 33 प्रतिशत या अधिकतम 9.90 लाख रुपये तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर तेल प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
इसके साथ ही कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत कृषकों को मिनी आयल एक्सट्रैक्शन यूनिट लेने का भी अवसर दिया जा रहा है, जिस पर इकाई लागत का 50 प्रतिशत या अधिकतम 2 लाख रुपये तक अनुदान अनुमन्य है। इस योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 26 दिसंबर 2025 से 9 जनवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन जनपद स्तरीय समिति के समक्ष ऑनलाइन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने जनपद के सभी इच्छुक एफपीओ, सहकारी समितियों और किसानों से अपील की है कि वे समय रहते कृषि विभाग के पोर्टल पर आवेदन कर इस लाभकारी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और तिलहन आधारित उद्यम को बढ़ावा दें।

देवरिया में 11 दिन बंद रहेगा लार बाईपास, 30 दिसंबर से लागू होगा यातायात प्रतिबन्ध


देबरिया (राष्ट्र की परम्परा) सलेमपुर–लार मार्ग पर स्थित लार बाईपास से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क के सुदृढ़ीकरण और ऊँचीकरण कार्य के चलते लार बाईपास पर 30 दिसंबर 2025 से 10 जनवरी 2026 तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार शासनादेश 20 नवंबर 2024 के तहत सलेमपुर–लार मार्ग और लार बाईपास के सुदृढ़ीकरण कार्यों को प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में लार बाईपास के चैनेज 7.300 किलोमीटर से 9.300 किलोमीटर तक सड़क को डिस्मेंटल कर ऊँचीकरण और मजबूतीकरण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य का उद्देश्य सड़क की गुणवत्ता में सुधार कर भविष्य में यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।
निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनों और तकनीकी गतिविधियों के चलते सुरक्षा कारणों से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि कार्य निर्धारित समय में सुरक्षित ढंग से पूरा किया जा सके।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है। वाहन चालक रामजानकी मार्ग, लार टाउन मार्ग और शहीद कैप्टन आयुष्मान सिंह मार्ग के माध्यम से अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वैकल्पिक मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
लोक निर्माण विभाग ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि में लार बाईपास का प्रयोग न करें और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचा जा सके।

राशन कार्ड से वंचित परिवारों के लिए बड़ी राहत

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा)।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी परिवारों को एकीकृत पहचान देने के उद्देश्य से फैमिली आईडी (एक परिवार–एक पहचान योजना) लागू की जा रही है। इस योजना के माध्यम से उन परिवारों को भी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जो अभी तक किसी भी जनकल्याणकारी योजना से वंचित हैं। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में लगभग 3.5 करोड़ परिवार निवासरत हैं, जबकि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत लगभग 14.92 करोड़ लोग ही आच्छादित हैं।
सीडीओ ने बताया कि जो परिवार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना या राशन कार्ड के दायरे में नहीं आते, उनके लिए फैमिली आईडी बनवाना अत्यंत लाभकारी होगा। फैमिली आईडी के जरिए भविष्य में पेंशन, छात्रवृत्ति, आवास, रोजगार और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के आधार पर आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा।
फैमिली आईडी के लिए आवेदन familyid.up.gov.in पोर्टल पर स्वयं या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से किया जा सकता है। आवेदन के लिए परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अनिवार्य है, ताकि ओटीपी के जरिए सत्यापन हो सके। शहरी क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी और ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी द्वारा सत्यापन के बाद आवेदकों को प्रिंटेड एवं लैमिनेटेड फैमिली आईडी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
सीडीओ ने अपील की है कि जो परिवार अभी तक किसी योजना से लाभान्वित नहीं हैं, वे शीघ्र आवेदन कर इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाएं।

देवरिया को मिला नया सीडीओ, विकास योजनाओं में आएगी तेजी

देवरिया,(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद देवरिया को नया मुख्य विकास अधिकारी मिल गया है। नवागत सीडीओ राजेश कुमार सिंह (आईएएस) ने 26 दिसंबर को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
सीडीओ सिंह ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सतत निगरानी की जाएगी। मनरेगा, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय, जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सीडीओ ने यह भी कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी और योजनाओं की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि राजेश कुमार सिंह इससे पूर्व गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में सचिव के पद पर कार्यरत थे। शासन द्वारा किए गए हालिया प्रशासनिक फेरबदल में उन्हें देवरिया का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके प्रशासनिक अनुभव से जनपद में विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

डीएम ने किया जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण

महराजगंज(राष्ट्र की परम्परा)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा जिला महिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की ओपीडी, जनरल वार्ड, इमरजेंसी वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का गहनता से अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। मरीजों एवं परिजनों से उपचार की गुणवत्ता, चिकित्सकों एवं स्टाफ के व्यवहार तथा सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए अस्पताल प्रशासन और चिकित्सक शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करें और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से नवजात शिशुओं एवं गर्भवती महिलाओं की देख भाल पर जोर देते हुए ठंड के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वार्डों में पर्याप्त कंबल, हीटर, तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे माताओं और नवजातों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अस्पताल परिसर में बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु भी निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान ओपीडी में कुल 82 मरीजों को देखा गया। ओपीडी में डॉ. रूपाली, डॉ. अरुण, डॉ. ज्योत्सना एवं डॉ. शालिनी द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा था। चिकित्सकों को निर्देशित किया गया कि मरीजों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार एवं समुचित परामर्श अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सक के यहां से मरीजों को बाहर से दवा लेने या जांच करवाने का दबाव बनाए जाने की शिकायत न प्राप्त हो। यदि किसी भी स्तर पर ऐसा पाया जाता है तो कठोर कार्यवाही की जाएगी।
इसके पश्चात उन्होंने अस्पताल के पांचवें तल पर निर्माणाधीन आईपीएचएल लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को निर्देशित किया कि लैब का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो। आईपीएचएल लैब की निर्माण लागत 99.99 लाख रुपये है।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सीएमएस को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित कराई जाएं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। ठंड के दृष्टिगत अतरिक्त इंतजाम कर मरीजों और उनके परिजनों को राहत प्रदान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमएस डॉ ए.के. द्विवेदी, डॉ ए.बी. त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

वेयरहाउसिंग नीति से कुशीनगर में बढ़ेगा औद्योगिक निवेश

कुशीनगर। (राष्ट्र की परम्परा)उत्तर प्रदेश सरकार की वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक्स नीति–2022 जनपद कुशीनगर में औद्योगिक निवेश को नई गति देने में अहम भूमिका निभा रही है। इस नीति के तहत लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्यमियों को आकर्षक अनुदान, कर छूट एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में जिला प्रशासन निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्योग उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र के उपायुक्त श्री अभय कुमार सुमन ने बताया कि इस नीति का मुख्य उद्देश्य आधुनिक लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम विकसित करना, परिवहन लागत में कमी लाना, आपूर्ति श्रृंखला को सुदृढ़ करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। इससे कुशीनगर को पूर्वांचल क्षेत्र में एक प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा।नीति के अंतर्गत वेयरहाउसिंग परियोजनाओं पर अधिकतम 5 करोड़ रुपये तक तथा लॉजिस्टिक्स पार्क पर 25 करोड़ रुपये तक की पूंजीगत सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। पूर्वांचल क्षेत्र में निवेश करने पर 100 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क छूट, भूमि उपयोग परिवर्तन एवं विकास शुल्क में 75 प्रतिशत तक की राहत और 10 वर्षों तक विद्युत शुल्क में पूर्ण छूट दी जा रही है।इसके अतिरिक्त लॉजिस्टिक्स पार्क एवं ड्राई पोर्ट (ICD/CFS) परियोजनाओं को स्टाम्प शुल्क में पूर्ण छूट दी जाएगी। रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए प्रति श्रमिक 6 माह तक 1000 रुपये प्रतिमाह प्रशिक्षण अनुदान भी उपलब्ध कराया जाएगा।नीति के अनुसार लॉजिस्टिक्स पार्क के लिए न्यूनतम 500 करोड़ रुपये निवेश और 25 एकड़ भूमि, वेयरहाउसिंग के लिए 20 करोड़, कोल्ड स्टोरेज के लिए 15 करोड़ तथा ड्राई पोर्ट के लिए 50 करोड़ रुपये निवेश एवं 10 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है।इच्छुक निवेशक निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने उद्यमियों से अपील की है कि वे इस नीति का लाभ उठाकर कुशीनगर में निवेश करें और औद्योगिक विकास के साथ रोजगार सृजन में सहभागी बनें।

चितबड़ागांव में हिंदू सम्मेलन का आयोजन, एकता और अखंडता का दिया गया संदेश

बलिया(राष्ट्र की परम्परा)

चितबड़ागांव कस्बा अंतर्गत धर्मशाला परिसर में हिंदू समाज की ओर से एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य समाज को संगठित कर कार्यक्रम को सफल बनाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा। सम्मेलन को सफल बनाने में लोक कलाकार गोपाल राय और हरि हलचल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों कलाकारों ने अपने ओजपूर्ण और भावनात्मक गीतों के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतों की प्रस्तुति से पूरा परिसर हिंदुत्वमय वातावरण में डूब गया और उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रांत प्रचारक सुरजीत जी ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदुत्व की वास्तविक आधारशिला एकता, अखंडता और पारस्परिक संबंधों में निहित है। उन्होंने कहा कि मानवता का समावेशन ही हिंदुत्व का मूल तत्व है और समाज को इसी भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूफी संत परंपरा के सिद्धपीठ भुड़कुड़ा मठ के महंत शत्रुघ्न दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में हिंदुत्व को एकता के सूत्र में पिरोने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सद्भाव और समरसता से ही समाज मजबूत बनता है। इस अवसर पर अमरजीत सिंह, शशिकला तिवारी, पूनम उपाध्याय सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉक्टर धर्मात्मानंद गुप्ता ने की, जबकि संचालन अंजनी कुमार उपाध्याय ने किया। सम्मेलन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कुशीनगर विकास योजनाओं की समीक्षा, जल जीवन मिशन और मनरेगा पर विशेष जोर

कुशीनगर।(राष्ट्र की परम्परा)
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता माननीय सांसद कुशीनगर श्री विजय कुमार दुबे ने की। बैठक में जनपद के समग्र विकास से जुड़ी केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। इसके बाद कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, पेयजल, आवास, रोजगार, सड़क निर्माण और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं पर संबंधित विभागों ने अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम कृषि सिंचाई योजना, फसल बीमा योजना, मिड-डे मील, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं डिजिटल इंडिया जैसे कार्यक्रमों की प्रगति पर विशेष फोकस किया गया।
माननीय सांसद ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित वाटर टैंकों की संचालन स्थिति पर नाराजगी जताते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को बिल राहत योजना से वंचित उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं, पीडब्ल्यूडी एवं एनएच विभाग को सड़कों के किनारे अतिक्रमण हटाने तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनप्रतिनिधियों ने पेंशन, आवास, रोजगार एवं शिक्षा से जुड़े लंबित मामलों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। बेसिक शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार की शिकायत पर जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पंचायत निर्वाचन सूची में नाम कटने की शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाया गया।
माननीय सांसद ने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य योजनाओं को कागज से निकालकर जमीन पर उतारना है। कुशीनगर में सड़क नेटवर्क, मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं जिले को नई पहचान दे रही हैं। जिलाधिकारी ने सभी निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का भरोसा दिलाया।

गंगा में नावों से असुरक्षित सफर: बच्चों को नहीं मिल रहे लाइफ जैकेट, पर्यटकों से मनमाना किराया वसूली

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुरक्षा गंगा में नाव संचालन के दौरान गंभीर खतरे में दिखाई दे रही है। नाव मालिक जहां एक ओर पर्यटकों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं, वहीं सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। हालात यह हैं कि करीब 35 से 40 प्रतिशत पर्यटकों को लाइफ जैकेट तक नहीं दिए जा रहे, जबकि बच्चों के लिए किसी भी नाव पर अलग साइज की लाइफ जैकेट की व्यवस्था नहीं है।

नए साल से पहले वाराणसी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है और अधिकांश पर्यटक गंगा घाटों पर नाव की सैर कर रहे हैं। इसी क्रम में अस्सी, नमो, ललिता, दशाश्वमेध और पंचगंगा घाटों पर की गई पड़ताल में सुरक्षा और व्यवस्था की कई गंभीर खामियां सामने आईं।

क्षमता से अधिक सवारियां, सुरक्षा से समझौता

ज्यादातर घाटों से चलने वाली नावों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जा रहा है। कई जगहों पर पर्यटकों को सीढ़ियों से हाथ पकड़कर नाव तक पहुंचाया गया, जिससे फिसलने और हादसे का खतरा बना रहा।

लाइफ जैकेट की गुणवत्ता पर सवाल

पंचगंगा घाट सहित कई स्थानों पर नावों में रखे गए लाइफ जैकेट फटे, बेहद पुराने और खराब हालत में पाए गए। कई जैकेट के बेल्ट टूटे हुए हैं और उनमें रिफ्लेक्टिव टेप भी नहीं लगे हैं। कोहरे के मौसम में नावों पर रेडियम पट्टी न होने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।

ये भी पढ़ें – बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म: नकाबपोश युवक पर आरोप, दो घंटे जंगल में बेहोश पड़ी रही पीड़िता

बच्चों के लिए कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं

राम घाट और अन्य घाटों पर साफ देखा गया कि बच्चों के लिए अलग साइज की लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं हैं। कुछ नाविकों ने तो यात्रियों को बिना लाइफ जैकेट के ही नाव में बैठा लिया।

किराया वसूली में भी मनमानी

नाव किराए को लेकर भी अनियमितताएं सामने आईं।

• दशाश्वमेध घाट पर प्रति यात्री 300 से 500 रुपये वसूले गए।

• नमो घाट से अस्सी घाट तक प्रति व्यक्ति 500 रुपये लिए गए, जबकि

• नगर निगम द्वारा तय किराया 375 रुपये है।

• नाव बुकिंग में भी मनमानी दरें वसूली जा रही हैं।

हादसे का बना हुआ है खतरा

कोहरे, ओवरलोडिंग, खराब लाइफ जैकेट और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते गंगा में नाव संचालन किसी बड़े हादसे को दावत देता नजर आ रहा है। ऐसे में प्रशासनिक निगरानी और सख्त कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

ये भी पढ़ें – http://पंचायत मतदाता सूची में जीवित मतदाताओं को किया साजिश के तहत विलोपित – राकेश सिंह

बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म: नकाबपोश युवक पर आरोप, दो घंटे जंगल में बेहोश पड़ी रही पीड़िता

फतेहपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। थरियांव थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार रात शौच के लिए निकली 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और करीब दो घंटे तक जंगल में पड़ी रही। होश आने पर वह घायल अवस्था में किसी तरह घर पहुंची और पड़ोसियों को पूरी घटना की जानकारी दी।

पीड़िता की आपबीती सुनते ही पड़ोसी महिला ने उसके बेटे को सूचना दी। इसके बाद रविवार सुबह डायल 112 पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जंगल में पुलिया के पास हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला गांव में अकेली रहती है। उसके तीन बेटे हैं, जिनमें से एक बाहर रहता है, जबकि दो बेटे किशनपुर क्षेत्र में ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करते हैं। महिला शनिवार रात करीब 9 बजे शौच के लिए गांव से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की ओर पुलिया के पास गई थी।

पीड़िता के अनुसार, उसी दौरान एक नकाबपोश युवक ने उसे पकड़ लिया और दुष्कर्म किया, जिससे वह बेहोश हो गई। करीब दो घंटे बाद रात 11 बजे महिला घायल हालत में घर पहुंची और पड़ोसी को घटना बताई।

मेडिकल जांच, फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए

पीड़िता को तत्काल थरियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून से सने कपड़े और मिट्टी को साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें – इटही गांव निवासी गुड़गांव में कार्यरत गार्ड की सड़क हादसे में मौतशव गांव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम

सामूहिक दुष्कर्म की आशंका

ग्रामीणों ने मामले में सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई है। उनका कहना है कि पीड़िता बेहोशी की हालत में पूरी जानकारी नहीं दे पा रही थी और खून के निशान घर तक फैले मिले, जिससे कई लोगों की संलिप्तता की आशंका है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पीड़िता ने बयान में बेहोश होने से पहले केवल एक ही युवक को देखा था।

पुलिस का बयान

अपराध निरीक्षक सुरजीत कुमार ने बताया कि पीड़िता के बेटे की तहरीर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें – SPICE-1000 बम से लेकर पिनाका और MRSAM तक: भारत करेगा 79,000 करोड़ की बड़ी रक्षा खरीद, तीनों सेनाओं की ताकत होगी दोगुनी