Monday, April 27, 2026
Home Blog Page 2

देवरिया में युवक रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

भागलपुर/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। मईल थाना क्षेत्र के धरमेर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक अरमान अंसारी के रहस्यमय ढंग से लापता होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजनों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अरमान अंसारी 23 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे घर से किसी काम के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद से वापस नहीं लौटे। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई और अगले दिन उन्होंने रिश्तेदारों व आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने मईल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। युवक के लापता होने के समय उसने लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। इसी हुलिए के आधार पर बाजारों, चौराहों और अन्य स्थानों पर भी पूछताछ की गई, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
परिवार के अनुसार, अरमान मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ था और उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। ऐसे में उसका अचानक गायब होना कई सवाल खड़े कर रहा है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और युवक की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

साथ ही परिजनों ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को युवक के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।

देवरिया: मई माह का निःशुल्क राशन वितरण शुरू, 8 मई तक मिलेगा लाभ

देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में राशन कार्डधारकों के लिए मई माह का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण शुरू कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा, जिसमें 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम चावल शामिल है।

वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट (प्रति व्यक्ति) 5 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें 1 किलोग्राम गेहूं और 4 किलोग्राम चावल शामिल रहेगा।

यह वितरण 24 अप्रैल 2026 से 08 मई 2026 तक किया जाएगा। सभी कार्डधारकों से अपील की गई है कि वे अपने निकटतम उचित दर की दुकान से निर्धारित अवधि के भीतर राशन प्राप्त कर लें।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: राजनीतिक उठा-पटक और आक्रामक प्रचार का संग्राम

0

पश्चिम बंगाल का चुनाव भारतीय लोकतंत्र का एक अत्यंत जीवंत, संवेदनशील और संघर्षपूर्ण अध्याय माना जाता है। यहाँ की राजनीतिक उठा-पटक, तीखा और आक्रामक प्रचार, वैचारिक टकराव तथा जमीनी गतिविधियाँ इसे अन्य राज्यों के चुनावों से अलग पहचान देती हैं। बंगाल की राजनीति केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान, क्षेत्रीय अस्मिता और गहरे वैचारिक संघर्ष का प्रतीक भी है।

राजनीतिक परिदृश्य और प्रमुख दल

राज्य में मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (कांग्रेस) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीएम) प्रमुख भूमिका निभाते हैं।

ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है, जबकि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा लगातार अपने जनाधार को विस्तार देने में जुटी है।

चुनावी उठा-पटक और समीकरण

बंगाल की राजनीति में दल-बदल, गठबंधन और नए समीकरण बनना आम बात है। चुनाव के समय कई नेता पार्टियां बदलते हैं, जिससे राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल जाते हैं।

भाजपा ने पिछले चुनावों में टीएमसी से कई नेताओं को अपने साथ जोड़कर अपनी ताकत बढ़ाई, वहीं टीएमसी ने संगठन को मजबूत करने और बागियों को नियंत्रित करने पर ध्यान केंद्रित किया। कांग्रेस और वामपंथी दलों ने भी गठबंधन बनाकर अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश की है, लेकिन उन्हें अभी भी बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़े – संतकबीरनगर में गैस सिलिंडरों से भरी DCM दुर्घटनाग्रस्त, चालक की जान बची

आक्रामक प्रचार और रणनीति

बंगाल चुनाव में प्रचार बेहद आक्रामक, योजनाबद्ध और रचनात्मक होता है। विशाल जनसभाएँ, रोड शो, डिजिटल अभियान और घर-घर संपर्क इसकी प्रमुख विशेषताएँ हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल रैलियाँ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जोशीले रोड शो चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा देते हैं।
जहाँ टीएमसी “बंगाली अस्मिता” को केंद्र में रखती है, वहीं भाजपा “विकास”, “राष्ट्रवाद” और “सुशासन” जैसे मुद्दों को प्रमुखता देती है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे Facebook, WhatsApp और Twitter (अब X) पर भी डिजिटल चुनावी जंग देखने को मिलती है।

मुद्दे और मतदाताओं की प्राथमिकताएँ

बंगाल चुनाव में बेरोजगारी, विकास, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे प्रमुख रहते हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाएँ और किसान-मजदूर वर्ग के मुद्दे प्रभावी होते हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में रोजगार, उद्योग और बुनियादी ढांचे पर ज्यादा फोकस रहता है।

युवा मतदाता अब अधिक जागरूक हैं और उनके मुद्दे चुनावी परिणामों को निर्णायक रूप से प्रभावित कर रहे हैं।

हिंसा और विवाद

पश्चिम बंगाल के चुनावों में समय-समय पर हिंसा और विवाद भी देखने को मिलते हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हैं। हालांकि भारत निर्वाचन आयोग और प्रशासन निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं।

मीडिया और जनमत की भूमिका

मीडिया चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। टीवी, अखबार और डिजिटल प्लेटफॉर्म जनता तक जानकारी पहुंचाने के साथ-साथ जनमत को भी प्रभावित करते हैं।

डिजिटल युग में सूचना की गति बढ़ने के साथ-साथ भ्रम फैलने का खतरा भी बढ़ा है, इसलिए मतदाताओं को सजग रहना आवश्यक है।

ये भी पढ़े – होमगार्ड भर्ती परीक्षा: महराजगंज में 3 दिन ट्रैफिक अलर्ट, भारी वाहनों की एंट्री बंद

होमगार्ड भर्ती परीक्षा: महराजगंज में 3 दिन ट्रैफिक अलर्ट, भारी वाहनों की एंट्री बंद

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को शांतिपूर्ण और जाममुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। 25 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक आयोजित परीक्षा को देखते हुए नगर क्षेत्र में कड़ी यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, परीक्षा के तीनों दिन सुबह 07:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक नगर में भारी और व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रक, बस, ट्रेलर समेत अन्य बड़े वाहनों को शहर में आने की अनुमति नहीं होगी, ताकि ट्रैफिक दबाव कम किया जा सके।

यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी को प्रमुख नो-एंट्री और डायवर्जन प्वाइंट बनाया गया है। इन स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

परीक्षा के दौरान ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि भीड़भाड़ और जाम की स्थिति न बने। जरूरत पड़ने पर मोबाइल टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ये सभी व्यवस्थाएं परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए की गई हैं, ताकि वे समय से अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे परीक्षा का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

मन को हल्का बनाएं, अपेक्षाओं से दूरी बढ़ाएं

0

— नवनीत मिश्र
मनुष्य का जीवन अपेक्षाओं के ताने-बाने से बुना हुआ है। हम हर दिन, हर संबंध और हर परिस्थिति से कुछ न कुछ उम्मीद रखते हैं। ये अपेक्षाएँ कभी प्रेरणा बनती हैं, तो कभी हमारे दुख और तनाव का कारण भी बन जाती हैं। सच तो यह है कि अनावश्यक अपेक्षाओं से दूरी बनाना ही मन की सच्ची शांति की शुरुआत है।

अपेक्षाओं का स्वभाव ऐसा होता है कि वे हमें बाहरी परिस्थितियों और लोगों के व्यवहार पर निर्भर बना देती हैं। जब चीजें हमारे अनुसार होती हैं, तो क्षणिक सुख मिलता है; लेकिन जैसे ही परिस्थितियाँ बदलती हैं या लोग हमारी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते, हम निराशा, क्रोध और असंतोष से भर जाते हैं। यही वह बिंदु है, जहाँ अपेक्षाएँ हमारे मानसिक संतुलन को प्रभावित करने लगती हैं।

जीवन को सरल और संतुलित बनाने के लिए यह समझना जरूरी है कि हर व्यक्ति अलग है—उसकी सोच, परिस्थितियाँ और व्यवहार भी भिन्न हैं। ऐसे में सभी से एक जैसी प्रतिक्रिया की अपेक्षा करना अव्यावहारिक है। जब हम लोगों को उनके स्वभाव सहित स्वीकार करना सीख लेते हैं, तो शिकायतों की जगह समझ और सहनशीलता विकसित होने लगती है।

इसके साथ ही, हमें उन चीजों से अपेक्षा कम करनी चाहिए जो हमारे नियंत्रण में नहीं हैं। जीवन में कई परिस्थितियाँ ऐसी होती हैं, जिन पर हमारा कोई वश नहीं चलता। उन्हें बदलने की जिद केवल तनाव को जन्म देती है, जबकि उन्हें स्वीकार कर आगे बढ़ना हमें मानसिक शांति प्रदान करता है।

कृतज्ञता का भाव भी अपेक्षाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब हम अपने पास मौजूद चीजों, रिश्तों और अवसरों के प्रति आभार व्यक्त करते हैं, तो हमारा ध्यान कमी पर नहीं, बल्कि उपलब्धियों पर केंद्रित होता है। इससे मन में संतोष की भावना बढ़ती है और अपेक्षाओं का बोझ स्वतः हल्का हो जाता है।

दरअसल, दुख का कारण अक्सर यह नहीं होता कि हमें कुछ नहीं मिला, बल्कि यह होता है कि हमने पहले से ही तय कर लिया होता है कि हमें क्या और कैसे मिलना चाहिए। जब यह पूर्वनिर्धारित सोच वास्तविकता से मेल नहीं खाती, तो निराशा उत्पन्न होती है। इसलिए, अपेक्षाओं को कम करके वर्तमान को स्वीकार करना ही संतुलित और सुखी जीवन का मूल मंत्र है।

अंततः, जितनी कम अपेक्षाएँ होंगी, उतना ही अधिक संतोष मिलेगा। और जहाँ संतोष है, वहीं स्थायी शांति का वास होता है। अनावश्यक अपेक्षाओं से दूरी बनाकर ही हम एक हल्का, सकारात्मक और सच्चे अर्थों में खुशहाल जीवन जी सकते हैं।

संतकबीरनगर में गैस सिलिंडरों से भरी DCM दुर्घटनाग्रस्त, चालक की जान बची

संतकबीरनगर (राष्ट्र की परम्परा)। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में सोनी होटल के पास गैस सिलिंडरों से लदी एक डीसीएम सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि वाहन का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था।

घटना के दौरान स्थानीय होटल मैनेजर नंदन पांडेय ने साहस का परिचय देते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया। समय पर मिली मदद से चालक की जान बच गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक संदीप मीणा ने नंदन पांडेय और पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।

चिकित्सकों के अनुसार घायल चालक की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

नेपाल सड़क हादसे के घायलों से मिले डीएम-एसपी, बेहतर इलाज के दिए निर्देश

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। नेपाल में हुए सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल-चाल लेने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर का संयुक्त रूप से भ्रमण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से वार्ता करते हुए घायलों के समुचित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने प्राचार्य से सभी आवश्यक दवाएं, जांच एवं चिकित्सकीय सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि घायलों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा बेहतर समन्वय और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह एवं फार्मासिस्ट धर्मेंद्र त्रिपाठी की ड्यूटी मेडिकल कॉलेज में लगाई गई है। ये दोनों अधिकारी घायलों और उनके परिजनों को हर संभव सहयोग प्रदान करते हुए प्रशासन और अस्पताल के बीच समन्वय स्थापित कर रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती घायलों में से 06 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। चिकित्सकीय टीम द्वारा सभी मरीजों की नियमित निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर डीएम और एसपी ने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

पहली बार सैनिक कल्याण भवन में ‘सैनिक बन्धु’ बैठक, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। नवनिर्मित सैनिक कल्याण भवन में पहली बार आयोजित ‘सैनिक बन्धु’ बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह ने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। बैठक में भूमि विवाद, शस्त्र लाइसेंस, चकबंदी और सोलर सिस्टम से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए, जिन पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के 45 पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों ने भाग लिया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने अपने संबोधन में कहा कि सेवारत एवं पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों की समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सैनिक सीधे उनके या जिलाधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीद वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित जनों ने शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल राम प्रकाश मिश्र (अ0प्रा0) ने बताया कि जिस सभागार में बैठक आयोजित हुई, उसका नामकरण अमर शहीद वीर चक्र सिपाही सत्यवान सिंह के नाम पर किया गया है। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों एवं वीर नारियों का स्वागत किया तथा 25 मार्च 2026 को हुई पिछली बैठक की प्रगति की समीक्षा प्रस्तुत की।
कर्नल मिश्र ने जानकारी दी कि जनपद में मोबाइल कैंटीन सेवा उपलब्ध कराने के लिए जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) सब एरिया से पत्राचार जारी है। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) के संचालन को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से भी समन्वय किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे अपने कैंटीन कार्ड का दुरुपयोग न होने दें और युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करें।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण अभियंत्रण विभाग), जिला दिव्यांग कार्यालय के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बीच चौराहे पर दबंगों का हमला, शादी का सामान लूटा, युवक गंभीर

संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मेहदावल स्थित मुहल्ला चौबेडिहवा के पास बीच सड़क पर दबंगों ने बहन की शादी का सामान खरीदने आए युवक और उसके साथी पर लोहे की पाइप व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हमलावर शादी का सामान सोने की सीकड़, अंगूठी, झाला और कपड़े लूटकर फरार हो गए।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए युवक को भी नहीं बख्शा गया और महिलाओं पर भी ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि दबंग पहले से घात लगाकर बैठे थे और मौके पर पहुंचते ही हमला कर दिया।
घायल युवक की बहन की शादी 7 मई को होनी है, जिससे परिवार में चिंता का माहौल है। परिजन थाने पहुंचकर रो-रोकर न्याय की गुहार लगाते रहे।
घायल के भाई इंद्रेश ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बृजेश सिंह ने धर्मपत्नी अन्नपूर्णा सिंह संग लिया बाबा धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद

प्रयागराज (राष्ट्र की परम्परा)l श्रीजगन्नाथ धाम अस्सी काशी के अध्यक्ष तथा पूर्व एमएलसी बृजेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी तथा वर्तमान एमएलसी अन्नपूर्णा सिंह के साथ प्रयागराज के अरैल में उदय प्रताप सिंह द्वारा आयोजित श्री हनुमंत कथा में सम्मिलित होकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज के श्रीमुख से दिव्य कथा का श्रवण किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए बृजेश सिंह ने कहा कि देश की संस्कृति और सभ्यता हमेशा से देवी देवताओं के चरणों में आश्रित रही है । भारत में रहने वाले सभी जाति धर्म के लोग देवी देवताओं में आस्था रखते हैं, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों के द्वारा देवी देवताओं के ऊपर अनर्गल टिप्पणी तथा कुछ नेताओं द्वारा देवी देवताओं को लेकर दुष्प्रचार कर भारत की संस्कृति को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है ,जो निंदनीय है। भारत की संस्कृति में सदैव श्री चरणों का वंदन हुआ है। देवी देवताओं को हम अपना ईश्वर मानते हैं ,देवी को माता मानते हैं। देश के सभी जाति धर्म के लोगों को भारत की संस्कृति के अनुरूप चलकर ईश्वर का वंदन करना ही मोक्ष की प्राप्ति है। इसलिए आस्था में विश्वास करें और देवी देवताओं का पूजा पाठ पद्धति प्रतिदिन नियति से करें। इससे घर में शांति परिवार में तरक्की समाज में भाईचारा पैदा होता है। बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री का आशीर्वाद लेने के बाद बृजेश सिंह का हनुमंत कथा के आयोजक समिति के तरफ से गदा भेंट कर सम्मानित किया गया।

दूसरे सेमीफाइनल में विद्युत विभाग ने रेल सुरक्षा बल को 6 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया

वाराणसी(राष्ट्र क़ी परम्परा)l मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश में एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बलेन्द्र पाल के नेतृत्व में वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल में चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल मैच विद्युत विभाग और रेल सुरक्षा बल के बीच खेला गया।
रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 187 रन बनाए । रेल सुरक्षा बल की तरफ से शाहनवाज ने 60 बॉल पर 12 चौके और दो छक्के की मदद से 89 रन, राम प्रवेश ने 24 बॉल पर तीन चौके एक छक्के की मदद से 28 रन और संतोष ने 14 बाल पर तीन चौक के और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाए। विद्युत विभाग की तरफ से भगवान यादव ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट लिए रमेश, नीरज और अनिल को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए विद्युत विभाग की टीम ने अनिल यादव के शानदार शतक और मुनि तथा संजय साहू की दमदार बैटिंग की बदौलत 19.4 ओवर में 188 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीता और फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका मुकाबला कल दोपहर 2:00 बजे परिचालन विभाग से होगा। विद्युत विभाग की तरफ से अनिल यादव ने 62 बाल पर 13 चौके और पांच छक्के की मदद से 108 रन मुनि ने 18 बॉल पर चार चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन तथा संजय साहू ने 25 बॉल पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। रेल सुरक्षा बल की तरफ से शाहनवाज ने चार ओवर में 22 रन देकर कर दो विकेट लिए जावेद और रामप्रवेश को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ। विद्युत विभाग की तरफ से 60 बाल पर शानदार 108 रन बनाने वाले अनिल यादव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी सुदेश कुमार के द्वारा दिया गया।

शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह के जयघोष के बीच खेला गया रोमांचक फाइनल

भागलपुर/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)l बरहज तहसील क्षेत्र के तेलिया कला में आयोजित मंडल स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन जोश और उत्साह के बीच हुआ। 15 अप्रैल से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सतराव और तेलिया कला की टीमों के बीच खेला गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह रहे। उन्होंने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में जहां युवा मोबाइल और कंप्यूटर गेम्स में व्यस्त हो रहे हैं, ऐसे में क्रिकेट जैसे खेलों का महत्व और बढ़ जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों से निकलकर ही कई युवा प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश की दिशा और दशा युवाओं के कंधों पर निर्भर करती है और खेल भावना व्यक्ति में अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास का विकास करती है। युवा ही देश की सबसे बड़ी धरोहर हैं।
इस दौरान पूरा मैदान “अमर शहीद कैप्टन अंशुमान सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा, जिससे युवाओं में देशभक्ति और उत्साह का संचार हुआ।
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान किया गया और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

जीवन का सत्य और आत्मबोध

चर्म औ अस्थि की देह को ही बनाया है घर।
तो अपनी आत्मा को इसका मेहमान मानिए।।

छल प्रपंचों में ही नित लगे हो सदा।
फिर भी मां औ पिता को वरदान मानिए।।

चंद सिक्कों के खातिर भटकते रहे।
ज्ञान को ही अपना सम्मान मानिए
।।

वक्त कितना है यह तुमको भी पता खूब है।
श्वांस जितनी है ईश्वर का गुणगान मानिए।।

भोगिए भोग्य जितना है आपके भाग्य में।
दुःख भरी जिंदगी को मुस्कान मानिए।।

प्राप्ति का लक्ष्य आराध्य को है समर्पित।
मिल रही असफलता को व्यवधान मानिए।

देश को अपने दे सके हो जो भी अब तलक।
बस उसे ही अपना खुद का अभिमान मानिए।।

देवार्चन रत सदा उनके सानिध्य में सर्वकृत।
जो मिला है उसे परमेश्वर का वरदान मानिए।।

छद्म व्यवहारयुक्त, स्वार्थी जो कुटिल नीच हैं।
उनकी बोली, भाषा औ गाली को ही ज्ञान मानिए।।

कलुषित, कुत्सित, कलंकित, व्यभिचारी जो है।
कर तिरस्कृत अपनी दृढ़ता को पहचान मानिए।

डॉक्टर प्रमोद कुमार त्रिपाठी

सोते समय दरवाजे से चोरो ने उड़ाई बाइक बाईक

बढ़ती वारदातों से ग्रामीणों में दहशत

बरहज/देवरिया(राष्ट्र क़ी परम्परा)l बरहज थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम मौनागढ़वा का है, जहां घर के बाहर सो रहे एक व्यक्ति की बाइक चोरों ने चुरा ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंगी राजभर पुत्र झेगट राजभर, निवासी ग्राम पोस्ट मौनागढ़वा, ने अपनी प्लैटिना बजाज बाइक (संख्या UP 52 BW 9976) घर के दरवाजे पर खड़ी की थी। वह उसी के पास खाट पर मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर मौके का फायदा उठाकर बाइक चोरी कर फरार हो गए।
सुबह उठने पर बाइक गायब देख पीड़ित के होश उड़ गए। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पीड़ित ने थाना बरहज में तहरीर देकर बाइक बरामदगी की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

बरहज में स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर बैठक, सफाई व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। नगर पालिका परिषद गौरा बरहज में आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने की, जिसमें सफाई प्रभारी और सफाई नायकों ने भाग लिया।

बैठक में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सोर्स सेग्रिगेशन (कचरे का पृथक्करण), वेस्ट-टू-वंडर पार्क, आर.आर.आर. (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर और सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान प्रोजेक्ट एनालिस्ट रत्नाकर तिवारी, अवर अभियंता अवनीश राय, मनोज गुप्ता, राजेश कुमार जायसवाल, रामसरन, सुनील कुमार, छेदी यादव सहित अन्य अधिकारी और सफाई नायक मौजूद रहे।

ये भी पढ़े – गोरखपुर में HP गैस एजेंसी पर फर्जी डिलीवरी का आरोप, बिना सिलेंडर ‘डिलीवर्ड’ दिखाया

बैठक में अध्यक्ष ने सभी संबंधित अधिकारियों और सफाई कर्मियों को निर्देशित किया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके।

नगर में स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए वॉल पेंटिंग, वॉल राइटिंग और स्वच्छता स्लोगनों के माध्यम से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी नगरवासियों से अपील की कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें और “बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ” संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में भागीदारी निभाएं।

ये भी पढ़े – महराजगंज में साइबर ठगी गैंग का पर्दाफाश, 7 लाख की धोखाधड़ी