प्रथम उपविजेता के साथ ‘बेस्ट मेमोरियल’ पुरस्कार भी जीता
लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के विधि विभाग, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रथम जस्टिस डी.पी. गुप्ता मूट कोर्ट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम उपविजेता (फर्स्ट रनर-अप) का स्थान हासिल किया। बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के प्रमुख विधि संस्थानों की टीमों के बीच बीबीएयू की टीम ने प्रभावशाली मौखिक बहस, गहन विधिक शोध और सशक्त न्यायिक विश्लेषण के दम पर अपनी अलग पहचान बनाई।
विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व स्पीकर-1 अविरल द्विवेदी, स्पीकर-2 संकल्प भट्ट और रिसर्चर अनुष्का शर्मा ने किया। टीम ने सभी चरणों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई और प्रथम उपविजेता बनने के साथ ₹31 हजार की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
टीम ने प्रतियोगिता का प्रतिष्ठित ‘बेस्ट मेमोरियल’ पुरस्कार भी अपने नाम किया। उत्कृष्ट लिखित तर्क, विधिक शोध और मेमोरियल लेखन के लिए दिए गए इस सम्मान के साथ टीम को ₹5,100 की अतिरिक्त पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता का फाइनल मद्रास उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति शमीम अहमद तथा इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की पीठ के समक्ष आयोजित हुआ। समापन समारोह में पूर्व सर्वोच्च न्यायालय न्यायाधीश एवं 23वें विधि आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी तथा पूर्व मुख्य न्यायाधीश, मद्रास उच्च न्यायालय न्यायमूर्ति एम.एन. भंडारी ने विजेता टीमों को सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने टीम को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। वहीं विधि विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. सुदर्शन वर्मा सहित विभाग के शिक्षकों ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
