सुखपुरा /बलिया (राष्ट्र की परम्परा)
जनपद के सुखपुरा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर जबरन विवाह का दबाव बनाने और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से पीड़िता और उसका परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुखपुरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया है कि गांव शेरखा भला निवासी पंकज भारती नामक युवक पिछले कुछ समय से उस पर प्रेम संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था। युवती के अनुसार, उसने कई बार इस प्रस्ताव को ठुकराया, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़िता का कहना है कि 5 अप्रैल की रात लगभग 1 बजे आरोपी युवक उसके घर में घुस आया और उसे जबरदस्ती पकड़कर विवाह करने का प्रयास करने लगा। इस दौरान युवती ने किसी तरह स्वयं को बचाया और शोर मचाया, जिससे परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। परिवार के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी लगातार उसे धमकी दे रहा है कि यदि उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह उसे और उसके परिवार को बदनाम कर देगा तथा जबरन विवाह करेगा। इन धमकियों के कारण पीड़िता और उसका परिवार मानसिक तनाव में है।घटना के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने से परिजन असंतुष्ट हैं।पीड़िता ने थाना सुखपुरा में लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग इस प्रकार की घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।फिलहाल पीड़िता न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रही वही जब उसकी सुनवाई नही हुई तो युवती टावर पर चढ़ कर जान देने की मन बना लिया और गाव पर स्थित टावर पर चढ़ गयी समाचार लिखे जाने तक वह टावर पर थी
