
कुशीनगर(राष्ट्र की परम्परा)
तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाराजापाकड़ के बहुरिया टोला में वसीयत करने से नाराज पुत्र ने अपने पिता की लाठी डंडे व लात घूसों से पिटाई कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में ले लिया,शव का पंचनामा बनवा पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक की पुत्री की तहरीर पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्यवाही में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक उक्त गांव के बहुरिया टोला निवासी बादशाह राय पुत्र ब्रह्मा राय उम्र 65 वर्ष लगभग छह माह से बीमार थे और बिस्तर थे। उनका इकलौता पुत्र अभिमन्यु सिंह नशेबाज है व अक्सर रुपये पैसे के लिए प्रताड़ित करता था। इससे आजिज आकर बादशाह राय ने अपनी संपूर्ण संपति पतोहु प्रतिमा व पौत्रगणों के नाम से वसीयत कर दी। इससे खुन्नस खाया अभिमन्यु अपने पिता को हमेशा प्रताड़ित करता व मारपीट करता रहता था। शनिवार की रात करीब नौ बजे अभिमन्यु ने अपने पिता को बिस्तर से गिराकर लात घूंसो व लाठी डंडे से बुरी तरह मारा, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रविवार को मृतक की पुत्री दीपू सिंह ने पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने आरोपी पुत्र के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया। सीओ उमेश कुमार भट्ट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसएचओ आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
More Stories
रामलीला मैदान में एनजीओ संयोजक पर हमला, जान से मारने की धमकी; दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर
महन्थ पर जानलेवा हमला, नगरपालिका अध्यक्ष पर आरोप
युवती का संदिग्ध हालात में शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस