Saturday, April 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा...

राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा) डॉ अन्जू बाला सदस्य राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के कल्याणार्थ केन्द्र व राज्य सरकार से सहायता प्राप्त विभिन्न योजनाओं आदि के संदर्भ में संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक एस0एस0बी0 कैम्प ( 22 बटालियन) में की गयी।बैठक में सदस्य ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, सामाजिक योजनाओं सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने जनपद में अनुसूचित जाति की महिलाओं के विरुद्ध दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जिन मामलों में अनुसूचित जाति की महिला के विरुद्ध यौन उत्पीड़न के मामले दर्ज हुए हैं, उनमें तत्काल निर्धारित मुआवजा दिलाया जाना सुनिश्चित किया जाय। ऐसे मामलों में अगर ‘फाइनल रिपोर्ट’ (एफआर) लग चुके हैं, तो उनकी समीक्षा कर रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत करें। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि विभिन्न ऋण योजनाओं के संदर्भ में बैंक व योजनावार विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को विभिन्न ऋण योजनाओं का प्रभावी लाभ दिलाया जा सके । मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास की समीक्षा करते हुए उन्होंने उक्त योजनाओं में अनुसूचित जाति के जरूरतमंद लोगों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। तथा कहा कि इस वर्ग के लोगों को विशेष सहायता की आवश्यकता है, जिसको दृष्टिगत रखने की आवश्यकता है। उन्होंने अनुसूचित जाति के छात्र/छात्राओं के हॉस्टल के रिमोट क्षेत्रों में स्थापित होने पर असन्तोष व्यक्त करते हुए, उन्हें उपयुक्त स्थान पर स्थान्तरित करने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्देश दिया। इसी प्रकार उन्होंने अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग एक संवैधानिक संस्था है जो सुनिश्चित करता है कि अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के संवैधानिक अधिकार सुरक्षित रहें , उनको विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त हो और उनके विरुद्ध किसी प्रकार का भेदभाव न होने पाए। इसके लिए जरूरी है कि जमीनी स्तर पर अधिकारी आकस्मिक निरीक्षण करें और अधिनस्थों को निर्देशित करें कि आयोग की मंशा के अनुरूप सभी लोग कार्य करें। उन्होंने आयोग के पत्रों के समय बद्ध व उपयुक्त जवाब हेतु भी सभी को निर्देशित किया ।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी
राकेश कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ. नीना वर्मा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी शांत प्रकाश श्रीवास्तव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments