जागरूकता शिविर में 14 पेंशनरों ने लिया हिस्सा, तीन का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जारी

वाराणसी (राष्ट्र की परम्परा)। पेंशनरों को डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक करने और डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र (डीएलसी) बनवाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को वाराणसी मंडल रेल कार्यालय में प्रशिक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के तहत आयोजित इस शिविर में 14 पेंशनरों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से तीन पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जारी किया गया।मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार के नेतृत्व में मंडल के लेखा विभाग की ओर से आयोजित शिविर में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण देकर डिजिटल माध्यम से प्रमाण-पत्र जमा करने के तरीके समझाए गए।पेंशनरों की सुविधा के लिए इस प्रक्रिया से संबंधित जानकारीपूर्ण पम्पलेट भी व्हाट्सऐप के माध्यम से उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान पेंशनरों ने पेंशन से जुड़ी अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर उन्हें आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।रेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य पेंशनरों को डिजिटल सेवाओं का लाभ पहुंचाना, उन्हें तकनीकी रूप से जागरूक बनाना तथा जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, सुलभ और सुविधाजनक बनाना है।