🪔 विशेष कविता | दीपावली संदेश 🪔
आओ, किसी के घर का भी दिया जलाएँ!
इस दीपावली खुशियाँ बाँटें, किसी के जीवन में उजियारा लाएँ
दीपावली केवल अपने घर को रोशन करने का पर्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का दीप जलाने का भी अवसर है। आइए, इस पावन पर्व पर प्रेम, करुणा और मानवता का संदेश फैलाएँ तथा उन चेहरों पर मुस्कान लाएँ, जिनकी आँखें आज भी छोटी-छोटी खुशियों की राह देख रही हैं।
आओ, इस दीपावली किसी के घर का भी दिया जलाएँ!
यह दीपावली का पर्व है, खुशियों का पैगाम लाएँ,
अपने घर के साथ, किसी का ‘घर’ भी जगमगाएँ।
मिट्टी के दीपक जलाकर, अंधियारे को दूर भगाएँ,
अभावों में जीते हैं, उनके जीवन में ‘उजास’ लाएँ।
किसी के घर में मिठाई हो, किसी के घर पकवान,
नए कपड़ों की खुशियाँ, कहीं खाली पड़े अरमान।
किसी के आँगन रौनक, किसी की आँखों में नमी,
आओ बाँटें प्यार का दीपक, मिट जाए हर बेबसी।
ये आवश्यक नहीं कि लाखों के हम उपहार खरीदें,
न महँगी झालरें लाएँ, न सोने-चाँदी से भवन भरें।
एक दीप व थोड़ी मिठाई, कुछ कपड़ों का उपहार,
किसी जरूरतमंद के चेहरे पर ला सकता है बहार।
✍️ रचनाकार: संजय एम. तराणेकर
कवि, लेखक एवं समीक्षक
📍 इन्दौर – 452011, मध्य प्रदेश
संदेश: इस दीपावली एक संकल्प लें—अपने घर में दीप जलाने के साथ किसी जरूरतमंद के घर में भी खुशियों का उजाला पहुँचाएँ। क्योंकि सच्ची दीपावली वही है, जिसकी रोशनी किसी दूसरे के जीवन तक भी पहुँचे।