देवरिया में 30 अक्टूबर को होगा एनपीएस संचय जागरूकता कार्यक्रम, 125 से अधिक किसान, एफपीओ सदस्य और सूक्ष्म उद्यमी होंगे शामिल
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। किसानों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा के लिए पेंशन योजना से जोड़ने के उद्देश्य से 30 अक्टूबर को देवरिया में एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) और अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस कार्यक्रम में स्वरोजगार और असंगठित क्षेत्र से जुड़े लोगों को पेंशन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम भाटवलिया चौराहे के पास पुरवा मोड़ स्थित कामना रेजिडेंसी में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। इसमें पीएफआरडीए के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) के प्रतिनिधि तथा भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख शामिल होकर मार्गदर्शन देंगे। कार्यक्रम में जिले के 125 से अधिक किसान, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के सदस्य, दुग्ध सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, कारीगर और सूक्ष्म उद्यमी हिस्सा लेंगे।
खेती-किसानी, पशुपालन, छोटे कारोबार और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की आय अक्सर बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करती है। ऐसे में नियमित पेंशन की व्यवस्था नहीं होने से वृद्धावस्था में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। एनपीएस संचय के माध्यम से ऐसे लोगों को लंबी अवधि की बचत और सेवानिवृत्ति के बाद आय की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी जाएगी।
योजना के तहत नियमित निवेश से लंबी अवधि में कोष बनाने और सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन प्राप्त करने का प्रावधान है। इसमें निवेश से मिलने वाला लाभ बाजार के प्रदर्शन और निवेश विकल्पों पर निर्भर करता है। इसलिए निवेश से पहले योजना की शर्तों, जोखिम और पेंशन संबंधी प्रावधानों को समझना जरूरी है।
