देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। देवरिया जिले के बनकटा थाना पुलिस ने गो-तस्करी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर बीती रात बनकटिया दूबे स्थित राजेन्द्र महाविद्यालय के पास से पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रामपुर बुजुर्ग गांव निवासी शबरुद्दीन उर्फ दलाल (40) पुत्र स्व. भरत के रूप में हुई है। पुलिस उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध बनकटा थाने में 8 सितंबर 2026 को गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में बनकटा पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।दो मुकदमे दर्जपुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बनकटा थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से संबंधित वर्ष 2026 के मुकदमे के अलावा वर्ष 2024 में भी इसी तरह का एक मुकदमा दर्ज है। वर्ष 2024 के मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2)(ए) भी शामिल है।

इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी

गिरफ्तारी करने वाली टीम में बनकटा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक संतोष कुमार मौर्य, उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार, आरक्षी अंकित उपाध्याय और आरक्षी शैलेन्द्र यादव शामिल रहे।