डॉ. अरविंद राजभर के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए डाक बंगले में हुई मासिक बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
बलिया (राष्ट्र की परम्परा )
सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 25 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर के प्रस्तावित संगठन विस्तार समीक्षा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार को विधानसभा स्थित डाक बंगले में मासिक बैठक आयोजित की गई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के साथ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में पार्टी ने 25 अक्टूबर के आयोजन के माध्यम से सिकंदरपुर विधानसभा क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक मजबूती और एकजुटता प्रदर्शित करने की रणनीति बनाई। पार्टी का उद्देश्य इस कार्यक्रम के जरिए क्षेत्र में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत को प्रभावी बनाना है।
सिकंदरपुर विधानसभा प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रजनीश श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 25 अक्टूबर का कार्यक्रम केवल संगठन की समीक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से पार्टी की ताकत और कार्यकर्ताओं की एकजुटता भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जुटने और कार्यक्रम में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही राजनीतिक गतिविधियों को प्रभावी दिशा देता है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता से करना होगा। बैठक में आयोजन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और विधानसभा क्षेत्र में संगठन की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अनिल राजभर ने की, जबकि संचालन युवा नेता राजू विद्यार्थी ने किया। इस दौरान विनोद तिवारी, सुनील सिंह, सतीश चंद्र राजभर, विपिन राजभर, हरिंदर यादव, अनोखा देवी, चंद्रकला देवी, ललिता यादव, श्रीनिवास राजभर, दिलीप राजभर, देवनाथ राजभर, प्रकाश सिंह, रवि प्रताप सिंह, आनंद गोंड और राजू यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
