सुधार नहीं होने पर पूरे माह का वेतन रोकने की चेतावनी, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
देवरिया (राष्ट्र की परम्परा), 12 अक्टूबर। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नगर निकायों में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने रुद्रपुर, सलेमपुर, गौरी बाजार और भटनी के अधिशासी अधिकारियों को कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अधिशासी अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर पूरे माह का वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर निकायों के विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं, नामांतरण, आईजीआरएस और टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे कराए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने नामांतरण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराई जाए। ई-निविदा के तहत टेंडर खोलने की तिथि, कार्य पूर्ण करने की निर्धारित तिथि और भुगतान की स्थिति सहित सभी आवश्यक विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाएं, ताकि कार्यों की प्रगति और भुगतान व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।
ठेकेदारों की लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में ठेकेदारों की ओर से किसी भी प्रकार की शिथिलता बरते जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि परियोजनाएं निर्धारित समय पर पूरी हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका देवरिया संजय तिवारी, बरहज की अधिशासी अधिकारी निरुपमा राय सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
