बलिया(राष्ट्र की परम्परा )

प्राकृतिक आपदाओं से फसल क्षति का सामना कर रहे किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश सरकार ने कृषि निवेश अनुदान के तहत ₹493 करोड़ की सहायता राशि जारी की है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के नौ लाख से अधिक प्रभावित किसानों के खातों में डीबीटी के जरिए धनराशि हस्तांतरित की। इसके तहत बलिया के करीब 4,600 किसानों के लिए ₹3.10 करोड़ की सहायता निर्धारित की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार सहित जिले की विभिन्न तहसीलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की उपस्थिति में 100 किसानों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। इस दौरान किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष मिलने वाली आर्थिक सहायता की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं से जिले के 100 गांवों में लगभग 1,500 हेक्टेयर कृषि भूमि पर फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे प्रभावित करीब 4,600 किसानों को राहत देने के लिए कुल ₹310 लाख की सहायता राशि निर्धारित की गई है। यह धनराशि पात्र किसानों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जा रही है। निर्धारित सहायता राशि में चक्रवात से प्रभावित लगभग 300 किसानों के लिए ₹30 लाख और बाढ़ से प्रभावित करीब 4,300 किसानों के लिए ₹280 लाख शामिल हैं। इस प्रकार दोनों श्रेणियों के किसानों को कुल ₹3.10 करोड़ की सहायता दी जानी है। फसल क्षति के बाद किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना इस सहायता का उद्देश्य है। किसान संघ ने की पहल की सराहना कार्यक्रम में मौजूद किसान संघ के अखिलेश सिंह ने प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान होने पर समय से आर्थिक सहायता मिलना किसानों के लिए राहतकारी है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिल कुमार, उपजिलाधिकारी सदर गोपेश तिवारी, तहसीलदार अभिषेक कुमार, कृषि विशेषज्ञ पीयूष कुमार सिंह, नायब तहसीलदार प्रदीप यादव सहित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और नागरिक सुरक्षा विभाग के सदस्य मौजूद रहे।

You missed