
बहराइच (राष्ट्र की परम्परा)। सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय आश्रम पद्धति बालिका इंटर कॉलेज रिसिया में शुक्रवार को कैरियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस सत्र में छात्राओं को करियर चयन और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला सेवायोजन अधिकारी संजय कुमार ने छात्राओं को सेवायोजन विभाग के रोजगार संगम एवं सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकरण कराने से छात्राओं को देश के साथ-साथ विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने में मदद मिल सकती है।उन्होंने बताया कि कैरियर काउंसिलिंग विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुरूप सही विषय, पाठ्यक्रम एवं करियर क्षेत्र का चयन करने में सहायता करती है। सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने भविष्य की बेहतर योजना बना सकते हैं और रोजगार की संभावनाओं को बढ़ा सकते हैं।इस दौरान विषय विशेषज्ञ अभिषेक सिंह गौतम ने तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध करियर एवं रोजगार के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रधानाचार्य ने कैरियर काउंसिलिंग सत्र की सराहना की। उन्होंने छात्राओं से रोजगार संगम एवं सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे रोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त करने और अवसरों का लाभ उठाने में आसानी होगी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
