स्वीकृत धनराशि के बावजूद निर्माण शुरू नहीं, प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

बरहज/देवरिया (राष्ट्र की परम्परा)। परिषदीय प्राथमिक विद्यालय पुराना बरहज का जर्जर भवन ध्वस्त किए जाने के करीब दो वर्ष बाद भी नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय समानता दल और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को खंड शिक्षा अधिकारी बरहज के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर भवन निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर पालिका परिषद गौरा बरहज के प्रस्ताव पर विद्यालय के जर्जर भवन को ध्वस्त किया गया था। भवन निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने की जानकारी के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। करीब दो वर्ष बीत जाने के बाद भी विद्यालय भवन का निर्माण नहीं होना बच्चों की शिक्षा और उनके सुरक्षित शैक्षिक वातावरण को लेकर चिंता का विषय है।राष्ट्रीय समानता दल के प्रदेश अध्यक्ष संजयदीप कुशवाहा ने कहा कि दो वर्ष से बच्चों को विद्यालय भवन उपलब्ध नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्वीकृत धनराशि के आधार पर तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।खेत मजदूर यूनियन के प्रदेश सचिव विनोद सिंह ने कहा कि गरीब और श्रमिक परिवारों के बच्चों को सुरक्षित विद्यालय उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। विद्यालय भवन निर्माण में हो रही देरी दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, भाकपा देवरिया के जिला सचिव अरविन्द कुशवाहा ने कहा कि जर्जर भवन ध्वस्त होने के बाद नए भवन का निर्माण समयबद्ध तरीके से कराया जाना चाहिए था।राष्ट्रीय समानता दल के जिला प्रवक्ता अभय कुमार पटेल ने बच्चों को सुरक्षित और उचित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संगठन के जिला सचिव अभय कुमार ने कहा कि टेंडर और वर्क ऑर्डर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाना चाहिए।प्रतिनिधिमंडल ने मानसून और आगामी शीत ऋतु को देखते हुए विद्यालय भवन निर्माण में तेजी लाने की मांग की। साथ ही संबंधित अधिकारियों से मामले में आवश्यक कार्रवाई कर बच्चों की पढ़ाई के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।