
शामली (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। गायक की सरेआम गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि शामली में अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या किए जाने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। उन्होंने मृतक की मां द्वारा बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर शोक जताने को हृदयविदारक बताया।
जाट समुदाय में आक्रोश का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जाट समाज ने सड़क पर अपनी आवाज बुलंद की है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का जाट समुदाय इस हत्याकांड को अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है। साथ ही उन्होंने मामले की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के एंगल से भी किए जाने की मांग की।
जिम से निकलते समय मारी गई गोली
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान शामली कोतवाली क्षेत्र स्थित एक जिम में एक्सरसाइज करने गए थे। जिम से बाहर निकलते समय 3-4 अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो बाइक से आए थे हमलावर
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को चार युवकों ने अंजाम दिया और वे दो बाइक पर सवार होकर आए थे। घटनास्थल से पुलिस को 2-3 खोखे मिले हैं। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
