संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। मानसून के बीच संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश ने मेंहदावल तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के दाहिने तट पर स्थित करमैनी-बेलौली तटबंध का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को तटबंधों की सतत निगरानी रखने और हर परिस्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज खंड-2 के अंतर्गत संचालित नई बाढ़ परियोजनाओं एवं बाढ़ पूर्व तैयारियों का अवलोकन किया गया। एडीएम ने नवगों, बढ़या ठाठर और बेलौली स्थित बाढ़ चौकियों के स्टोर का निरीक्षण किया। यहां खाली सीमेंट की बोरियां, नायलॉन क्रेट, ईंट रोड़ा, गिट्टी, मोरंग तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण मिला।
उन्होंने अधिशासी अभियंता अजय कुमार, सहायक अभियंता मनीष राय एवं जूनियर इंजीनियरों से तटबंध पर चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि बाढ़ की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी मेंहदावल अरुण कुमार सहित सिंचाई एवं राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
