एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, हर नागरिक से एक पौधा लगाने की अपील
गोरखपुर(राष्ट्र की परम्परा)l “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को पुलिस लाइन्स, गोरखपुर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम करने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया। साथ ही जैव विविधता के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संतुलन और हरित वातावरण के निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान की भावनात्मक अपील को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी है, बल्कि मातृ सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें।
कार्यक्रम में मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पौधारोपण कर हरित गोरखपुर के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जागरूकता भी फैलाई गई, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ा जा सके।
