बरहज/देवरिया(राष्ट्र की परम्परा)
बरहज टाउन की बिजली व्यवस्था लोगो के लिए नासूर बन गई है। सोमवार की सुबह से नगर की विद्युत सप्लाई बाधित है। लगभग 20 घंटे से सप्लाई न आने से 15 से 20 हजार की आबादी प्रभावित है। पीने के पानी के साथ सारी व्यवस्था ठप पड़ गया है।
इस भीषण गर्मी और तेज धुप के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। व्यापारियों का व्यापार चौपट हो गया है। इन्वर्टर तथा जनरेटर भी जवाब दे चुकी हैं।
नगर के डॉ अजय मिश्रा, प्रदीप जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अजीत जायसवाल, तारकेश्वर वर्मा, विजय जायसवाल सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि कटौती से जनता परेशान हैं। इस विकट समस्या के समाधान को लेकर लोग बार-बार विद्युत विभाग का चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उनकी सुनता कौन है और समस्या बरकरार है ।
जनता और व्यापारियों का कहना है कि बिजली सप्लाई बाधित होने से रोजगार और कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो चूका है। गर्मी और अंधेरे से बड़े बुजुर्गों और बच्चों को काफ़ी दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह गौतम ने बताया कि विद्युत व्यवस्था में कोई बड़ी खराबी नहीं है। सुबह पेड़ों की डालियों की छंटाई के कारण बिजली कुछ समय के लिए बाधित की गई थी। यदि कहीं कोई समस्या है तो लाइनमैन भेजकर उसे तत्काल ठीक करा दिया जा रहा है।
