आमने-सामने की टक्कर से मचा हड़कंप, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। गढ़िया रंगीन-हजरतपुर रोड पर रामपुर गांव के पास शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे युवक के चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना गढ़िया रंगीन पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर भिजवाया।
घायलों की पहचान निखिल शर्मा पुत्र हरिओम शर्मा निवासी गढ़ी, थाना ढोलना (कासगंज) तथा संतराम श्रीवास्तव पुत्र महेंद्र पाल निवासी रामपुर, थाना गढ़िया रंगीन (शाहजहांपुर) के रूप में हुई है।
उपनिरीक्षक विवेक कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
