Friday, June 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशGorakhpur Accident: निर्माणाधीन डिवाइडर पर सो रहे मजदूर पर डंपर ने पलटी...

Gorakhpur Accident: निर्माणाधीन डिवाइडर पर सो रहे मजदूर पर डंपर ने पलटी मिट्टी, दबकर दर्दनाक मौत

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में सड़क निर्माण कार्य के दौरान बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्माणाधीन फोरलेन सड़क के डिवाइडर पर सो रहे एक मजदूर की मिट्टी के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना गुलरिहा थाना क्षेत्र के भटहट कस्बे की है, जहां निर्माणाधीन फोरलेन सड़क पर डिवाइडर निर्माण का कार्य चल रहा था। गुरुवार सुबह जब मजदूर डिवाइडर पर डाली गई मिट्टी को समतल कर रहे थे, तभी मिट्टी के ढेर से एक व्यक्ति का पैर बाहर दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मिट्टी हटवाकर शव को बाहर निकाला।

डिवाइडर पर सो गया था मजदूर

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि मृतक मजदूर रात में निर्माणाधीन डिवाइडर के बीच सो गया था। देर रात डंपर से मिट्टी डाले जाने के दौरान वह मिट्टी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय मिंटू पुत्र जनार्दन निवासी देवरिया के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और पिछले कई वर्षों से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गुलरिहा क्षेत्र के तरकुलहा में रह रहा था।

शव के पास मिला सामान

पुलिस को शव के पास एक झोला भी मिला, जिसमें रोटी-सब्जी, हरी मिर्च, देसी शराब का पाउच, चिलम, मोबाइल चार्जर और एक शाल रखी हुई थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मिंटू रात में वहीं ठहरा हुआ था।

मृतक की पत्नी नीता देवी ने बताया कि मिंटू करीब 10 दिन पहले सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने गया था और उसके बाद घर नहीं लौटा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

गोरखपुर के एसपी सिटी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि मृतक निर्माणाधीन डिवाइडर पर सो रहा था और मिट्टी डालने के दौरान दबने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ठेकेदार और कार्यदायी संस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था और ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।

प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर रहा है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments