संत कबीर नगर (राष्ट्र की परम्परा)। जिले में मलोरना गांव के प्रस्तावित आवास विकास प्रोजेक्ट को लेकर किसानों ने कड़ा विरोध जताया। गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राम सागर चौधरी के नेतृत्व में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने इस परियोजना को निरस्त करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना था कि गांव की काफी कृषि भूमि पहले ही खलीलाबाद-बहराइच रेलवे लाइन के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है। अब प्रस्तावित आवास परियोजना के चलते बची हुई जमीन भी जाने का खतरा है, जिससे वे पूरी तरह भूमिहीन हो सकते हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि यदि यह योजना लागू होती है, तो उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ेगा और उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो जाएगा।
किसानों ने जिलाधिकारी से मांग की कि इस परियोजना को मलोरना गांव से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे व्यापक स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान जिला महासचिव रामाशंकर यादव, ब्लॉक अध्यक्ष गणेश चौधरी समेत कई किसान मौजूद रहे।
