Thursday, March 5, 2026
HomeNewsbeatतेज रफ्तार का कहर: कार-बुलेट की भीषण टक्कर, दो युवक गंभीर

तेज रफ्तार का कहर: कार-बुलेट की भीषण टक्कर, दो युवक गंभीर

टक्कर के बाद कार नहर में गिरी, जेसीबी से निकाली गई तथा घायलों को गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर

महराजगंज (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर तेज रफ्तार कार और बुलेट मोटर साईकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नहर में जा गिरी।
गनीमत यह रही कि उस समय नहर में पानी नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि नहर में पानी भरा होता तो कार सवारों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आस-पास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे बड़वार नहर पुलिया के पास स्थित तिराहे पर हुआ। नेवास पोखरा परसहवां टोला निवासी दयाशंकर और विजय बुलेट मोटर साईकिल से पनियरा बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पनियरा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटर साईकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटर साईकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आस- पास के दुकानदार और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायल युवकों को उठाकर सड़क किनारे लाया। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए बिना देर किए दोनों घायलों को पनियरा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में भी चिंता का माहौल बन गया और वे तुरंत अस्पताल के लिए रवाना हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक पवन और कार में सवार अमरचंद, जो ग्राम पंचायत नरकटहां के निवासी बताए जा रहे हैं, को इस दुर्घटना में मामूली चोटें आई हैं। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही पनियरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य कराया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जेसीबी मशीन की सहायता से नहर से बाहर निकलवाया। बाद में कार को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया।
इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। नहर में गिरी कार को जेसीबी की मदद से बाहर निकाल लिया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments