शाहजहांपुर(राष्ट्र की परम्परा)
जनपद में मोबाइल टावरों से लीथियम बैटरियों की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में जनपदीय SOG, सर्विलांस सेल व थाना रोजा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 18 लीथियम बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है, एक ईको कार तथा मोबाइल फोन व नकदी बरामद की है। गिरफ्तारी 19 जनवरी 2026 को मुकरमपुर से उदियापुर जाने वाले मार्ग पर नेकनामपुर नहर के पास से की गई।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जनपद शाहजहांपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी की थीं। आरोपियों ने रोजा, जलालाबाद, पुवायां, अल्हागंज, तिलहर व अन्य क्षेत्रों में कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर विधिक कार्यवाही प्रचलित है तथा अन्य घटनाओं के संबंध में भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से मोबाइल टावर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
