शाहजहांपुर (राष्ट्र की परम्परा)। जैतीपुर क्षेत्र के बझेड़ा भगवानपुर गांव में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय गैस सिलेंडर का पाइप अचानक फट गया, जिससे आग लग गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बुधपाल शर्मा रात में अपनी पत्नी की गैर-मौजूदगी में घर पर खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस पाइप फटने से तेज आवाज हुई और आग फैल गई। आग बुझाने की कोशिश में बुधपाल का चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए।
शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद परिजनों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत अब खतरे से बाहर है।
गांव में इस घटना के बाद लोगों में दहशत फैल गई और गैस सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
