Thursday, March 5, 2026
HomeUncategorizedप्रधानमंत्री मोदी 17 अगस्त को करेंगे दिल्ली में 11,000 करोड़ की राष्ट्रीय...

प्रधानमंत्री मोदी 17 अगस्त को करेंगे दिल्ली में 11,000 करोड़ की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

नई दिल्ली (राष्ट्र की परम्परा )प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 अगस्त 2025 को दोपहर लगभग 12:30 बजे दिल्ली के रोहिणी में करीब 11,000 करोड़ रुपये की संयुक्त लागत वाली दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

ये दोनों परियोजनाएँ — द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II) — राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में ट्रैफिक जाम को कम करने और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के केंद्र सरकार के व्यापक विज़न का हिस्सा हैं। इसके तहत यात्रा समय घटाने, निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने और औद्योगिक व वाणिज्यिक संपर्क को बढ़ावा देने का लक्ष्य है।

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड
पीएमओ के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे के 10.1 किलोमीटर लंबे दिल्ली खंड का निर्माण लगभग 5,360 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह खंड यशोभूमि, डीएमआरसी ब्लू व ऑरेंज मेट्रो लाइन, प्रस्तावित बिजवासन रेलवे स्टेशन और द्वारका क्लस्टर बस डिपो को मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।

इस खंड के अंतर्गत —पैकेज-I: शिव मूर्ति चौराहे से द्वारका सेक्टर-21 स्थित रोड अंडर ब्रिज (RUB) तक 5.9 किमी।पैकेज-II: द्वारका सेक्टर-21 RUB से दिल्ली-हरियाणा सीमा तक 4.2 किमी, जो शहरी विस्तार सड़क-II से सीधी कनेक्टिविटी देगा।गौरतलब है कि द्वारका एक्सप्रेसवे के 19 किलोमीटर लंबे हरियाणा खंड का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने मार्च 2024 में किया था।

शहरी विस्तार सड़क-II (UER-II)
प्रधानमंत्री मोदी अलीपुर से दिचाओं कलां खंड का भी उद्घाटन करेंगे, जिसका निर्माण लगभग 5,580 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस परियोजना में बहादुरगढ़ और सोनीपत को जोड़ने वाले नए संपर्क मार्ग भी शामिल हैं।

UER-II के चालू होने से दिल्ली के आंतरिक व बाहरी रिंग रोड, मुकरबा चौक, धौला कुआँ और NH-09 जैसे व्यस्त मार्गों पर यातायात का दबाव घटेगा। साथ ही, बहादुरगढ़ और सोनीपत तक सीधी पहुँच, औद्योगिक क्षेत्रों के लिए बेहतर संपर्क, और मालवाहन वाहनों के लिए NCR में आवाजाही सुगम होगी।

विकास का विज़न
पीएमओ ने कहा कि ये पहल प्रधानमंत्री मोदी के विश्व स्तरीय बुनियादी ढाँचे के निर्माण के दृष्टिकोण को दर्शाती हैं, जिनका उद्देश्य लोगों की जिंदगी आसान बनाना, यात्रा का समय बचाना और निर्बाध गतिशीलता सुनिश्चित करना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments