Friday, December 26, 2025
HomeUncategorizedमुख्यमंत्री ने आयुष विश्वविद्यालय का किया स्थलीय निरीक्षण, राष्ट्रपति के आगमन की...

मुख्यमंत्री ने आयुष विश्वविद्यालय का किया स्थलीय निरीक्षण, राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों का लिया जायजा

गोरखपुर (राष्ट्र की परम्परा)देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित गोरखपुर दौरे के मद्देनज़र शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर का गहन भ्रमण कर चल रही तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता की व्यवस्थाओं पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन प्रदेश के लिए गौरव की बात है और ऐसे में किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन और जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को समय रहते अंतिम रूप दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने परिसर में बनाए जा रहे आयुष चिकित्सकीय अनुसंधान केंद्र, योग भवन, औषधीय पौधों की नर्सरी, छात्रावास व प्रशासनिक भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने की बात कही।

इस दौरान उन्होंने कहा कि महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय न केवल पूर्वांचल बल्कि पूरे देश के लिए आयुष चिकित्सा और शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राष्ट्रपति को विश्वविद्यालय के विकास और आयुष चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे कार्यों की प्रभावी प्रस्तुति दी जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, विश्वविद्यालय के कुलपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments