संतकबीरनगर (राष्ट्र की परम्परा)। जनपद में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 225 किलोग्राम महुआ लहन नष्ट किया गया तथा छह लीटर कच्ची शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 खलीलाबाद एवं क्षेत्र-2 मेंहदावल ने अपनी टीम के साथ ग्राम अशरफपुर, ग्राम अमाहवा तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 225 किलोग्राम महुआ लहन को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
छापेमारी के दौरान छह लीटर कच्ची शराब भी बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
