Friday, July 17, 2026
HomeNewsbeatबीबीएयू में वृक्षारोपण अभियान, हरित परिसर के निर्माण का लिया संकल्प

बीबीएयू में वृक्षारोपण अभियान, हरित परिसर के निर्माण का लिया संकल्प

रोटरी क्लब के सहयोग से छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने किया पौधरोपण, कुलपति ने पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान

लखनऊ (राष्ट्र की परम्परा)। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में शुक्रवार को रोटरी क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांस गोमती के संयुक्त तत्वावधान में सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के नेतृत्व में शिक्षकों, छात्राओं, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण तथा हरित परिसर के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। कार्यक्रम में संयोजक प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, रोटरी क्लब के अध्यक्ष पूर्वी मित्तल, सचिव विनोद सिंह और कोषाध्यक्ष इला गंभीर मौजूद रहीं। अभियान में एनसीसी की 20 यूपी गर्ल्स बटालियन और 67 यूपी बटालियन ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इससे हरित और स्वच्छ भारत के निर्माण का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।
उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार और समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बीबीएयू सतत विकास, हरित परिसर और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्ष प्राकृतिक संतुलन, जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण के आधार हैं, इसलिए पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी चाहिए।
अभियान में प्रभारी वनस्पति उद्यान डॉ. रवि शंकर वर्मा, रोटरी क्लब के सदस्य सुमित मित्तल, आलोक शुक्ला, रीता अहूजा, अतुल कपूरिया, विश्वविद्यालय के शिक्षक, छात्रावासों की वार्डन, गैर-शिक्षण अधिकारी एवं कर्मचारी, शोधार्थी तथा छात्राओं ने सहभागिता की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments